देश

Manipur Violence: गृह मंत्री अमित शाह बोले, सभी पक्ष रखें शांति, विवादों को सुलझाने के लिए जाऊंगा मणिपुर

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 25, 2023, 05:13 PM IST

अमित शाह ने गुवाहाटी में कहा कि मैं सभी विवादों को सुलझाने के लिए मणिपुर की यात्रा करूंगा, लेकिन सभी समूहों को शांति बनाए रखनी चाहिए।

Image

amit shah in guwahati

Photo : PTI

Amit Shah: गृह मंत्री अमित शाह ने आज मणिपुर हिंसा को लेकर सभी पक्षों से शांति की अपील करते हुए राज्य का दौरा करने की बात कही। गुवाहाटी में एक कार्यक्रम में पहुंचे शाह ने कहा कि मैं मणिपुर के लोगों से शांति और सभी विवादों को बातचीत से सुलझाने की अपील करता हूं। उन्होंने कहा कि मैं सभी विवादों को सुलझाने के लिए मणिपुर की यात्रा करूंगा, लेकिन सभी समूहों को शांति बनाए रखनी चाहिए।

पुलिस के वेब पोर्टल ‘सेवा सेतु’ का उद्घाटन कियाइससे पहले यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुवाहाटी में राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय के परिसर की आधारशिला रखी। अमित शाह ने असम पुलिस के वेब पोर्टल ‘सेवा सेतु’ का उद्घाटन किया, जहां लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शाह ने कहा कि जिन अपराधों में छह या इससे अधिक वर्ष की जेल का प्रावधान उनके लिए फोरेंसिक परीक्षण अनिवार्य किया जाएगा।

मणिपुर में फिर हिंसा, एक की मौत

मणिपुर के हिंसाग्रस्त सीमावर्ती जिलों बिष्णुपुर और चुराचांदपुर में संदिग्ध उग्रवादियों और लोगों के एक समूह के बीच हुई हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार को हुई हिंसा के दौरान संदिग्ध उग्रवादियों ने लोगों के समूह पर गोली चलाई, जिसमें 30 वर्षीय टोइजाम चंद्रमणि की मौत हो गई और 22 वर्षीय लीचोम्बम अबुंगनाओ घायल हो गया।

उन्होंने कहा कि लोगों के समूह में ज्यादातर वे लोग थे जो हाल में चुराचांदपुर में हुई जातीय हिंसा के दौरान विस्थापित हुए थे और बिष्णुपुर के मोइरांग में एक राहत शिविर में रह रहे थे। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मोइरांग शिविर में रहने वाले ग्रामीण और अन्य लोग अपने घरों को जलाए जाने से नाराज थे। जब इन लोगों को पता चला कि उग्रवादी बिष्णुपुर के थम्नापोकपी और चुराचांदपुर के कांगनथेई के पास एक इलाके में स्थित एक स्कूल में आग लगा सकते हैं, तो वे वहां पहुंच गए। जैसे ही वे वहां पहुंचे, उग्रवादियों ने उन पर गोलियां चला दीं, जिसमें दो लोग घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय एक घायल व्यक्ति की मौत हो गई।

इससे पहले, बुधवार को लोगों के एक समूह ने मणिपुर के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं भाजपा नेता कोंथोजाम गोविंददास के बिष्णुपुर जिले स्थित घर में तोड़फोड़ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हमलावरों का दावा था कि संघर्षग्रस्त राज्य में सरकार स्थानीय लोगों को दूसरे समुदाय के उग्रवादियों से बचाने के लिए पर्याप्त उपाय नहीं कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, भीड़ ने जब निंगथोखोंग क्षेत्र स्थित घर पर हमला किया तो मंत्री और उनके परिवार के सदस्य वहां मौजूद नहीं थे। हमलावर भीड़ में ज्यादातर महिलाएं थीं। उन्होंने कहा कि इस हमले में मकान का एक गेट, खिड़कियां, कुछ फर्नीचर और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article