देश

अमित शाह ने मुझे निर्वाचन क्षेत्र में तेजी से काम करने को कहा, मंच पर हुए वाकये को लेकर सौंदरराजन की सफाई

तमिलिसाई ने यह स्पष्टीकरण ऐसे वक्त में दिया जब केंद्रीय गृह मंत्री के साथ उनकी बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया और मतभेद की खबरें तैरने लगीं।

Image

तमिलिसाई सौंदरराजन

Tamilisai Soundararajan: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कार्यक्रम के दौरान हुए एक वाकये को लेकर भारतीय जनता पार्टी की नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने सफाई दी है। तमिलिसाई सौंदरराजन ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने उन्हें राजनीतिक और निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े काम तेजी से करने को कहा। तमिलिसाई ने यह स्पष्टीकरण ऐसे वक्त में दिया जब केंद्रीय गृह मंत्री के साथ उनकी बातचीत का वाकया सार्वजनिक तौर पर सामने आया और बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ।

सख्ती की मुद्रा में दिखे अमित शाह

यह मामला तेलुगु देशम पार्टी के नेता चंद्रबाबू नायडू के आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से जुड़े कार्यक्रम से संबंधित हैं। दरअसल, इस दौरान नजर आया कि शाह, सौंदरराजन से बात करते वक्त सख्त मुद्रा में दिखाई दे रहे हैं और उनकी उंगली सौंदरराजन की ओर तनी हुई है। इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही बीजेपी में अंदरुनी मतभेद जैसी तरह-तरह की बातें की जा रही हैं। तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल सौंदरराजन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के बाद उन्होंने पहली बार शाह से मुलाकात की और दोनों के बीच चुनाव पश्चात के कामकाज के बारे में बातचीत हुई।

सौदरराजन ने बताई पूरी बात

उन्होंने कहा, 2024 के चुनाव के बाद कल मैंने पहली बार गृह मंत्री अमित शाह से आंध्र प्रदेश में मुलाकात की। उन्होंने मुझे बुलाया और चुनाव के बाद के कामकाज के बारे में और पेश आ रही चुनौतियों के बारे में पूछा। मैं उन्हें विस्तार से बता रही थी लेकिन वक्त की कमी थी इसलिए उन्होंने मुझे राजनीतिक और निर्वाचन क्षेत्र के काम को तेजी से करने की सलाह दी। यह सभी अनुचित अटकलों को स्पष्ट करने के लिए है।

दक्षिण चेन्नई से मिली हार

सौंदरराजन ने दक्षिण चेन्नई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था लेकिव वह द्रविड़ मुनेत्र कषगम के तमिझाची थंगापांडियन से हार गईं थीं। भाजपा की तमिलनाडु इकाई में अंदरूनी कलह की अफवाहों के मद्देनजर उनकी टिप्पणी महत्वपूर्ण है। बुधवार को चेन्नई लौटने पर जब पत्रकारों ने उनसे शाह के साथ उनकी बातचीत और पार्टी के भीतर कलह के दावों के बारे में पूछा तो सौंदरराजन ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!