देश

मुझ पर लगाए सभी आरोप झूठे, मेरे खिलाफ सबूत मिले तो फांसी दे दो, बृज भूषण शरण सिंह का बड़ा बयान

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated May 31, 2023, 03:22 PM IST

Women Wrestlers Sexual Harassment Case: महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों पर भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान प्रमुख और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) ने कहा कि मुझपर लगाए सभी आरोप झूठ, मेरे खिलाफ सबूत मिले तो फांसी दे दो। आरोप लगाने वाले इमोशनल ड्रामा कर रहे हैं।

Women Wrestlers Sexual Harassment Case: भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान प्रमुख और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) पर कई महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पहलवान उनकी गिरफ्तारी को लेकर एक महीने से अधिक समय से प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच बृजभूषण शरण सिंह ने बुधवार को कहा कि मुझपर लगाए सभी आरोप झूठ, मेरे खिलाफ सबूत मिले तो फांसी दे दो। मैं अभी भी अपनी बात पर कायम हूं। आरोप लगाने वाले इमोशनल ड्रामा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी हमारे बच्चे के समान थे। 10 दिन पहले तक ये मुझे कुश्ती का भगवान कहते थे। मुझसे भगवान कुछ बड़ा करवाना चाहते हैं। मैं सोता था तब कुश्ती के बारे में सोचता था, जगता था तब कुश्ती के बारे में सोचता था। मैं इन खिलाड़ियों श्राप नहीं देना चाहता हूं। सबूत है तो पुलिस में जाकर दें। मेरी उम्र 65 साल है।

दिल्ली पुलिस ने पिछले महीने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की थी। पहली एफआईआर एक नाबालिग द्वारा लगाए गए आरोपों से संबंधित है, जो यौन शोषण से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के साथ-साथ भारतीय दंड संहिता की शील भंग करने से संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है। दूसरी एफआईआर शील भंग करने के मामले में व्यस्कों की शिकायत पर दर्ज की गई है।

हालांकि बताया जा रहा है कि आरोप लगाने वाली महिला पहलवान बालिग है। दिल्ली पुलिस की जांच में हुआ ये खुलासा हुआ है। लड़की ने अपनी उम्र कम बताई थी। इस खुलासे के बाद बृज भूषण पर पॉक्सो की धारा हट सकती है।

दिल्ली पुलिस ने 28 मई को पहलवानों के मार्च निकालने की कोशिश के दौरान मलिक के साथ विश्व चैंपियनशिप की कांस्य विजेता विनेश फोगाट और ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पुनिया को हिरासत में लिया था। बाद में कानून-व्यवस्था के उल्लंघन के लिए पहलवानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंह author

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल ... और देखें

End of Article