अखिलेश का Mission 2024: समाजवादी पार्टी ने जिस तरह से अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया है, उससे साफ हो गया कि अखिलेश यादव-मुस्लिम के अलावा पिछड़ों की राजनीति पर फोकस करनने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी लिस्ट से अब ब्राह्मण और ठाकुर गायब हो चुके हैं।
किसे मिली जगह
समाजवादी पार्टी ने रविवार को अपनी 62 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की। पार्टी ने इसमें ओबीसी और दलित नेताओं को जगह दी, जबकि ब्राह्मण और ठाकुर इस सूची में लगभग न के बराबर हैं। समाजवादी पार्टी ने अपनी 62 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की और अपने ट्विटर हैंडल पर सूची जारी की।
शिवपाल को भतीजे ने दिया बड़ा पद
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के बाद से ही यह कयास लगाया जा रहा था कि अखिलेश यादव अपने चाचा शिवपाल यादव को कोई बड़ा पद दे सकते हैं। इस सूची में यह कयास खत्म हो गया है। अखिलेश ने अपने चाचा शिवपाल यादव को राष्ट्रीय महासचिव बनाया है।
मौर्य का कद बढ़ा
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा में आए स्वामी प्रसाद मौर्य का कद भी अखिलेश यादव ने बढ़ा दिया है। स्वामी प्रसाद मौर्य को भी राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। मौर्य हाल में रामचरितमानस पर अपनी विवादित टिप्पणी को लेकर विवादों में रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी अखिलेश के पास
अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी अपने पास ही रखी है। वहीं किरणमय नंदा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और रामगोपाल यादव राष्ट्रीय प्रधान महासचिव बने रहेंगे। अन्य राष्ट्रीय महासचिव रवि प्रकाश वर्मा, बलराम यादव, विश्वंभर प्रसाद निषाद, अवधेश प्रसाद, इंद्रजीत सरोज, रामजीलाल सुमन, लालजी वर्मा, राम अचल राजभर, जे एंटनी, हरेंद्र मलिक और नीरज चौधरी हैं। सुदीप रंजन सेन पार्टी के कोषाध्यक्ष होंगे, जबकि मधु गुप्ता, कमल अख्तर, राजेंद्र चौधरी, राजीव राय और अभिषेक मिश्रा सहित 19 राष्ट्रीय सचिव होंगे। जया बच्चन, अबू आसिम आजमी, राम गोविंद चौधरी, पवन पांडे, लीलावती कुशवाहा, उज्ज्वल रमन सिंह, अक्षय यादव, तेज प्रताप यादव, धर्मेंद्र यादव और राज कुमार मिश्रा पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों में शामिल हैं।
