देश

अजित पवार के प्लेन क्रैश का CCTV फुटेज आया सामने, जमीन से टकराने के बाद आग के गोले में बदल गया विमान, Video

‘फ्लाइट रडार’ के अनुसार, विमान ने मुंबई से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी और सुबह करीब आठ बजकर 45 मिनट पर यह रडार की पहुंच से गायब हो गया। विमान के नीचे गिरने का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान के नीचे गिरने से एक बड़ा विस्फोट हुआ और इसके बाद प्लेन आग के गोले में तब्दील हो गया।

Image

प्लेन हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की हुई मौत। तस्वीर-टाइम्स नाउ नवभारत

Ajit Pawar Plane Crash Video : महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार को हुए एक भीषण विमान हादसे में राज्य के डिप्टी सीएम एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त जब उनका विमान बारामती के पास एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था। बताया गया कि इससे पहले कि विमान रनवे पर उतर पाता, वह हादसे का शिकार हो गया।‘फ्लाइट रडार’ के अनुसार, विमान ने मुंबई से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी और सुबह करीब आठ बजकर 45 मिनट पर यह रडार की पहुंच से गायब हो गया। विमान के नीचे गिरने का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान के नीचे गिरने से एक बड़ा विस्फोट हुआ और इसके बाद प्लेन आग के गोले में तब्दील हो गया।

लगातार चार से पांच विस्फोट हुए-प्रत्यक्षदर्शी

रिपोर्टों के मुताबिक विमान दुर्घटना की गवाह रही एक महिला ने बताया कि बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती के पास उतरते समय ‘विमान हवा में थोड़ा अस्थिर प्रतीत’ हो रहा था और दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद इसमें विस्फोट हुआ था। घटना के प्रत्यक्षदर्शी रहे एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई, जिसके बाद लगातार चार से पांच विस्फोट हुए। अधिकारियों के अनुसार, पवार (66) और चार अन्य लोगों को लेकर जा रहा विमान सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई।

महिला ने प्लेन को हवाई अड्डे के ऊपर चक्कर लगाते देखा

महिला ने बताया कि उसने सुबह विमान को बारामती हवाई अड्डे के ऊपर चक्कर लगाते हुए देखा था। महिला ने एक समाचार चैनल को बताया, ‘हवा में एक चक्कर लगाने के बाद विमान थोड़ा अस्थिर लग रहा था और जैसे ही यह उतरने के लिए हवाई पट्टी के पास पहुंचा यह जमीन से जोर से टकराया और उसमें विस्फोट हो गया। एक जोरदार आवाज हुई जो हमारे घर तक सुनाई दी।’ उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद विमान के कई हिस्से हवा में उछले। मलबे का कुछ हिस्सा उनके घर के पास भी गिरा। उन्होंने कहा, ‘विमान नीचे गिरने से पहले एक तरफ झुक गया था। हमने विस्फोट देखा और यह बहुत भयावह था।’ एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने भी कहा कि ऐसा लग रहा था कि उतरते समय विमान का नियंत्रण बिगड़ गया था।

मुंबई से बारामती जा रहे थे पवार

उन्होंने पत्रकारों को बताया, ‘विमान जिस तरह से नीचे आ रहा था, हमें लग गया था कि वह दुर्घटनाग्रस्त हो जाएगा। वह हवाई पट्टी से लगभग 100 फुट ऊपर था। जैसे ही हम विमान की ओर दौड़े, हमने आग की लपटें देखीं जिसके बाद लगातार चार से पांच धमाके हुए, जिससे हमें विमान के पास नहीं गए।’उन्होंने कहा, ‘आग बहुत भीषण थी। बाद में हमें पता चला कि पवार विमान में सवार थे। यह हमारे लिए चौंकाने वाली बात थी।’पवार राज्य में पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के प्रचार अभियान के तहत जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article