महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के एक पत्र का जवाब देते हुए, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने गुरुवार को कहा कि बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हुए उपमुख्यमंत्री अजित पवार को ले जा रहे दुर्भाग्यपूर्ण जेट का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है और उसे कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने फडणवीस को यह भी बताया कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है, जिसमें विमान में सवार चार अन्य लोगों की भी मौत हो गई थी।
नायडू ने पत्र में फडणवीस को यह भी बताया, 'एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट एंड इंसिडेंट नियमों के अनुसार, जांच शुरू हो गई है और इसे पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।'
'सभी संबंधित सबूतों की जांच की जा रही है'
पत्र में आगे कहा गया है, 'घटनाओं के क्रम का पता लगाने और इसमें योगदान देने वाले कारणों को निर्धारित करने के लिए तकनीकी रिकॉर्ड, ऑपरेशनल डिटेल्स और साइट पर मिली चीज़ों सहित सभी संबंधित सबूतों की जांच की जा रही है।' केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने फडणवीस को यह भी भरोसा दिलाया कि उनका मंत्रालय दोबारा ऐसी घटना न हो, इसके लिए उचित कदम उठाने के उनके अनुरोध पर ध्यान दे रहा है।
'महाराष्ट्र सरकार के सहयोग की जरूरत होगी'
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा, 'मंत्रालय ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के आपके अनुरोध पर ध्यान दिया है, और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।' केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, महाराष्ट्र सरकार के सहयोग और स्थानीय प्रशासन की मदद की ज़रूरत होगी।
पायलट ने हादसे पहले आखिरी बार क्या कहा था?
अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर चार्टर प्लेन की क्रैश लैडिंग की जांच भी की जा रही है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया है कि प्लेन का ब्लैक बॉक्स और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर बरामद कर लिया गया है। ऐसे में अब ब्लैक बॉक्स की जांच से हादसे की मुख्य वजह का भी पता लगाया जाएगा। वहीं, फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर से यह भी पता चला है कि अजित पवार का प्लेन उड़ा रहे पायलट ने हादसे पहले आखिरी बार क्या कहा था।
‘लियरजेट 45' का ब्लैक बॉक्स बरामद
नागर विमानन मंत्रालय ने कहा कि बुधवार को बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए ‘लियरजेट 45’ विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। ब्लैक बॉक्स एक छोटा उपकरण होता है जो विमान की उड़ान के दौरान सभी तकनीकी और उड़ान संबंधी जानकारी रिकॉर्ड करता है। यह विमान दुर्घटनाओं की जांच में अहम भूमिका निभाता है।
