Ajit Pawar Plane Crash Update: बारामती विमान हादसे से जुड़ी जांच और प्रक्रियाएं अब तेज हो गई हैं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की जान लेने वाले इस दर्दनाक हादसे के बाद, दोनों पायलटों का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है। साथ ही, हादसे की तह तक जाने के लिए उच्च स्तरीय जांच टीमों ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पायलटों का पोस्टमार्टम पूरा, परिजनों को सौंपे गए शव
बुधवार सुबह बारामती एयरपोर्ट पर क्रैश हुए चार्टर्ड विमान के पायलट कैप्टन सुमित कपूर और को-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है। यह प्रक्रिया बारामती स्थित 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर मेडिकल कॉलेज' में संपन्न हुई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों पायलटों के पार्थिव शरीर उनके शोकाकुल परिजनों को सौंप दिए गए हैं, जो उन्हें अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक निवास ले गए हैं।
IAF ने संभाला बारामती एयरपोर्ट का मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद महाराष्ट्र सरकार की आपातकालीन विनती पर भारतीय वायुसेना (IAF) ने तत्परता दिखाई। वायुसेना के लोहेगांव स्टेशन (पुणे) से एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) विशेषज्ञों की एक विशेष टीम तकनीकी उपकरणों के साथ बारामती एयरपोर्ट पहुँची। इस टीम ने वहां तत्काल 'इमरजेंसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेवाएं' और संचार व्यवस्था स्थापित की है, ताकि जांच के दौरान हवाई संचालन सुरक्षित और सुचारू रूप से चलता रहे।
जांच के घेरे में VSR वेंचर्स
हादसे की जांच कर रही विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की टीम ने चार्टर विमान का संचालन करने वाली कंपनी 'VSR वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' के दफ्तर पर दबिश दी। जांच अधिकारियों को वहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलों के बक्से ले जाते देखा गया। जांच टीम ने विमान के एयरफ्रेम और इंजन लॉगबुक, लॉगबुक, वर्क ऑर्डर और हालिया इंस्पेक्शन से जुड़े सभी ऑन-बोर्ड दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया है।
इन पहलुओं पर टिकी है जांच की सुई
जांच की दिशा अब ठोस सबूतों पर केंद्रित है, जहां AIB और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) विमान और क्रू से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रहे हैं। इसमें रडार डेटा और एटीसी रिकॉर्डिंग के जरिए विमान के अंतिम क्षणों में पायलट और एटीसी के बीच हुई बातचीत को समझा जाएगा, वहीं सीसीटीवी फुटेज से लैंडिंग के समय विमान की स्थिति और दुर्घटना का दृश्य सामने आएगा। इसके साथ ही हॉटलाइन कम्युनिकेशंस के माध्यम से ग्राउंड स्टाफ और एयरफील्ड के बीच हुए संवादों का विश्लेषण किया जाएगा, ताकि घटनाक्रम की सटीक तस्वीर उभर सके।
