Air India flight Engine fire: गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया जब बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एयर इंडिया (Bengaluru to Delhi Flight) की फ्लाइट एयर इंडिया की उड़ान AI2802 (Air India Flight AI2802) में इंजन से जुड़ा फायर अलर्ट मिलने के बाद फुल इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, विमान जब दिल्ली एयरपोर्ट के करीब पहुंच रहा था, तभी कॉकपिट क्रू को एक इंजन में फायर इंडिकेशन मिला। इस अलर्ट के बाद तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जानकारी दी गई और इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया। एयर इंडिया ने बताया कि पायलट ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सभी मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया।
लैंडिंग के बाद सभी यात्री सुरक्षित
इसके बाद विमान को सुरक्षित तरीके से दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एयरलाइन के अनुसार, इस घटना में किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को कोई चोट नहीं आई है। विमान में मौजूद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। एयर इंडिया के आधिकारिक बयान में कहा गया कि घटना की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित विमानन अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति की समीक्षा की जा रही है। एयरलाइन ने यह भी बताया कि फायर इंडिकेशन सही पाया गया, लेकिन समय रहते कार्रवाई करने से किसी भी बड़े खतरे को टाल दिया गया।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई सतर्कता
घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई थी, हालांकि स्थिति नियंत्रण में रहने के कारण सामान्य संचालन पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अलर्ट क्यों आया और क्या यह किसी तकनीकी खराबी का संकेत था या कोई सेंसर एरर। एयर इंडिया ने कहा है कि आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।
