देश

PM आवास में AAP नेताओं को नहीं मिली एंट्री, सौरभ भारद्वाज बोले-हम 'तेरा घर, मेरा घर' की बहस खत्म करने आए थे

Delhi CM Residence Row: भाजपा के तंज की प्रतिकिया में ‘आप’, भाजपा को प्रधानमंत्री आवास को मुद्दा बनाकर घेरने की कोशिश कर रही है। ‘आप’ का कहना है कि प्रधानमंत्री एक आलीशान जीवन जीते हैं और पार्टी ने उनके आधिकारिक आवास को ‘राज महल’करार दिया है। भाजपा, विधानसभा चुनाव के अपने प्रचार अभियान में ‘शीश महल’के मुद्दे पर ‘आप’को घेरने में लगी है।

Image

पीएम आवास में दाखिल होना चाहते थे आम आदमी पार्टी के दोनों नेता।

Delhi CM Residence Row: दिल्ली में पीएम और सीएम के सरकारी आवासों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच ठन गई है। आप नेता संजय सिंह और मंत्री सौरभ भारद्वाज बुधवार को प्रधानमंत्री आवास देखने के लिए 7, लोक कल्याण मार्ग पहुंचे लेकिन इन्हें आवास के अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई। इसके बाद दोनों नेता वहां से लौट गए। इसके बाद दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'हम यहां ये तेरा घर, ये मेरा घर की बहस खत्म करने आए थे। हमने कहा कि दिल्ली के सीएम और पीएम दोनों का आवास लोगों को दिखाना चाहिए।'

भाजपा बताए-सीएम आवास में कहां है 'गोल्डेन टॉयलेट'-संजय सिंह

वहीं, मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने जो आरोप लगाए हैं, उसे बताना चाहिए न कि सीएम आवास में कहां पर सोने का टॉयलेट, स्विमिंग पूल और मिनी बार है। हम पीएम आवास जाना चाहते थे लेकिन हमें जाने नहीं दिया। संजय सिंह ने दावा करते हुए कहा कि 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास 67 जोड़ी जूता और पांच हजार शूट हैं। वह 8 हजार 400 करोड़ रुपए की जहाज में चलते हैं। 12-12 करोड़ की छह गाड़ियां उनके साथ काफिले में चलती हैं। उनके पास 10-10 लाख रुपए के पेन हैं।' AAP नेता ने कहा कि राजमहल' में उन्हें जाने नहीं दिया, रोक दिया। हम वापस जा रहे हैं।

हमें रोकने का निर्देश किसने दिया?-भारद्वाज

भारद्वाज को एक अधिकारी से बोलते हुए सुना गया, ‘आपको हमें रोकने का निर्देश किसने दिया? मैं एक मंत्री हूं और मैं यहां मुआयना करने के लिए आया हूं। आप मुझे कैसे रोक सकते हैं और किसके आदेश पर? क्या आपको उपराज्यपाल से निर्देश मिले हैं?।’इससे पहले सिंह और भारद्वाज ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वे पत्रकारों को प्रधानमंत्री आवास पर भी ले जाएंगे, जिसे ‘आप’ ने ‘राज महल’करार दिया और दावा किया कि इसे 2,700 करोड़ की लागत से बनाया गया है।

'दोनों की जांच होनी चाहिए'

भारद्वाज ने कहा, ‘जैसा कि वादा किया था, हम सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास छह, फ्लैगस्टाफ रोड पर जाएंगे और भाजपा के दावे के अनुसार वहां ‘गोल्डन कमोड’, ‘स्विमिंग पूल’ और ‘मिनी बार’ खोजने की कोशिश करेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘इस बात पर गौर किया जाना चाहिए ये दोनों (मुख्यमंत्री आवास और प्रधानमंत्री आवास) संपत्तियां सरकारी आवास हैं। इन्हें करदाताओं के पैसे से बनाया गया है और कोविड महामारी के दौरान निर्माण हुआ। अगर धन के दुरुपयोग के आरोप हैं, तो दोनों की जांच होनी चाहिए।’

बंगले से कई कीमती सामान गायब हो गए हैं-सचदेवा

भाजपा के तंज की प्रतिकिया में ‘आप’, भाजपा को प्रधानमंत्री आवास को मुद्दा बनाकर घेरने की कोशिश कर रही है। ‘आप’ का कहना है कि प्रधानमंत्री एक आलीशान जीवन जीते हैं और पार्टी ने उनके आधिकारिक आवास को ‘राज महल’करार दिया है। भाजपा, विधानसभा चुनाव के अपने प्रचार अभियान में ‘शीश महल’के मुद्दे पर ‘आप’को घेरने में लगी है। भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया है कि केजरीवाल के बंगला खाली करने के बाद ‘गोल्डन कमोड’सहित कई कीमती सामान गायब हो गए हैं। मंगलवार को ‘आप’ ने भाजपा को चुनौती दी कि वह प्रधानमंत्री आवास को मीडिया के लिए खोलकर हकीकत दिखाए। साथ ही आप ने पत्रकारों को मुख्यमंत्री आवास का दौरा कराने की पेशकश भी की।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article