देश

BJP की हार के बाद 'अयोध्यावासियों' को गाली देने वाले यूट्यूबर गिरफ्तार, एक ने कन्हैया को मारा था थप्पड़

BJP Ayodhya Defeat: गाजियाबाद पुलिस ने अयोध्या में बीजेपी प्रत्याशी की हार के बाद अयोध्यावासियों पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोपी दक्ष और अन्नू चौधरी को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक युवक दक्ष चौधरी का नाम पहले भी विवादों में रहा है। वह कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारने के मामले में चर्चा में आ चुका है।

Image

अयोध्यावसियों को गाली देने वाला यूट्यूबर दक्ष चौधरी

Photo : Twitter

BJP Ayodhya Defeat: लोकसभा चुनाव के नतीजों में सबसे ज्यादा चर्चा अयोध्या से बीजेपी प्रत्याशी की हार पर हो रही है। इसको लेकर लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। ट्विटर और फेसबुक पर अयोध्यावासियों के बारे में काफी भला-बुरा कहा जा रहा है। इस बीच एक कंटेंट क्रिएटर का वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह बीजेपी प्रत्याशी की हार का जिम्मा अयोध्यावासियों पर मढ़ते हुए उन्हें गालियां दे रहा था। पुलिस ने अब इस मामले में एक्शन लिया है।

जानकारी के मुताबिक, यूपी की गाजियाबाद पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की हार के बाद अयोध्या के लोगों को गालियां देते हुए एक वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप है। पुलिस ने 6 जून की देर रात उन्हें हिरासत में ले लिया। इनमें से एक युवक दक्ष चौधरी का नाम पहले भी विवादों में रहा है। वह कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारने के मामले में चर्चा में आ चुका है।

दक्ष औ अन्नू चौधरी की हुई गिरफ्तारी

गाजियाबाद की थाना टीला मोड़ पुलिस ने अभद्र टिप्पणी करने के आरोपी दक्ष और अन्नू चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लोकसभा चुनाव में फैजाबाद सीट से भाजपा की हार पर एक वीडियो बनाकर वायरल किया था, जिसमें उन्होंने मतदाताओं को गालियां दीं। सहायक पुलिस आयुक्त, शालीमार गार्डन, सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि 6 जून को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के बारे में जानकारी मिली थी, जिसमें मतदाताओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने की नीयत से अभद्र टिप्पणी की गई है। इसका तत्काल संज्ञान लेकर थाना टीला मोड़ पर केस दर्ज कर दोनों नामजद अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया गया है। गाजियाबाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 295ए और 504 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी दक्ष चौधरी हिंदू रक्षा दल (एचआरडी) से भी जुड़ा हुआ है। वह गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ इलाके का रहने वाला है। इससे पहले वह नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारकर चर्चा में आया था।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article