Jalandhar School News: अमृतसर के बाद अब पंजाब के जालंधर में प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। जालंधर में 2 से 3 निजी स्कूलों, एक कॉलेज और एक रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की धमकी ईमेल के जरिए दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया।
धमकी भरे ईमेल की जानकारी स्कूल प्रबंधन ने जालंधर के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल को दी। इसके बाद डीसी और पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के निर्देश पर पुलिस टीमें तुरंत संबंधित स्कूलों में पहुंचीं। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू की गई।
छात्रों को सुरक्षित घर भेजा गया
जालंधर के आई-वर्ल्ड स्कूल समेत अन्य शिक्षण संस्थानों में बच्चों को पहले स्कूल के ग्राउंड में लाया गया, इसके बाद अभिभावकों के साथ सुरक्षित घर भेजा गया। जैसे ही धमकी की खबर फैली, बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंच गए। स्कूलों के बाहर तनाव और चिंता का माहौल देखने को मिला।
बच्चों को लेने पहुंचे अभिभावकों का कहना है कि उन्हें सोशल मीडिया और न्यूज के जरिए धमकी की जानकारी मिली, जिसके बाद वे तुरंत स्कूल पहुंचे। कई अभिभावकों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठाए और कहा कि स्कूल परिसर में प्रवेश और जांच की प्रक्रिया सख्त नहीं दिखी।
किसी भी तरह से घबराने की जरूरत नहीं: एसीपी पंकज शर्मा
इस मामले पर जालंधर कमिश्नरेट के एसीपी पंकज शर्मा ने बताया कि सभी स्कूलों में जांच जारी है और किसी भी तरह से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिलते ही पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता तैनात किया गया है। ईमेल की जांच की जा रही है और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
फिलहाल पुलिस साइबर टीम ईमेल की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी के पीछे कौन है। एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
