जिस कश्मीर में कभी आतंकियों के डर से सिनेमा हॉल बंद कर दिए गए थे, अब वहां सिनेमाई रौनक लौटने लगी है। दशकों बाद अब कश्मीर में सिनेमा हॉल फिर से खुलने लगे हैं। इसी क्रम में बारामूला में 100 सीटों वाला एक मल्टी परपस सिनेमा हॉल का उद्घाटन एलजी मनोज सिन्हा ने किया है।
पठान मूवी से शुरुआत
3 दशकों के बाद उत्तरी कश्मीर में सिनेमा की वापसी हुई है। एलजी मनोज सिन्हा ने बारामूला में बहुउद्देश्यीय सिनेमा हॉल का उद्घाटन किया है। 100 सीटों वाले इस सिनेमाघर में पहली मूवी के तौर पर पठान दिखाई गई।
ये भी है खास वजह
इस सिनेमा हॉल में जहां एक ओर फिल्म दिखाई जाएगी, वहीं दूसरी ओर इससे भटके हुए युवाओं को सही रास्ते पर लाने का काम भी किया जाएगा। इस बहुउद्देशीय सिनेमा हॉल का उपयोग प्रचार और गलत सूचना से लड़ने के लिए भी किया जाएगा।
कितने की होगी टिकट
इस सिनेमाहॉल का नाम जेके जादूज़ बारामूला होगा। जेके जादूज ने इसे बनाने में करीब 50 लाख रुपये का निवेश किया है। इसकी बैठने की क्षमता लगभग 100 है। टिकट की कीमत 150 रुपये से 200 रुपये प्रति व्यक्ति होगी
आतंकी घटनाओं के कारण बंद हुए थे सिनेमा हॉल
बारामूला एक समय मनोरंजन का जीवंत केंद्र रहा था, कश्मीर के लुभावने पहाड़ों के बीच बसा यह सुरम्य शहर जब 1990 के दशक में आतंकवाद की चपेट में आ गया। तब यहां के सिनेमाघर बंद करने पड़े थे। 'अल्लाह टाइगर्स' उस समय एक आतंकवादी संगठन था, जिसका लक्ष्य कश्मीर के बारामूला में सिनेमाघर बंद करना था। सरकार ने 1999 में घाटी में तीन सिनेमा हॉल फिर से खोलने का प्रयास किया था लेकिन प्रयास सफल नहीं हुआ था।
