देश

राज्य दर राज्य INDIA में टूट, गुजरात-एमपी के बाद अब हरियाणा में आप की अलग राह

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 22, 2023, 06:45 PM IST

INDIA Internal War: विपक्षी पार्टियां आगामी लोकसभा चुनाव के लिए एकजुटता दिखाने में जुटी हैं, वहीं INDI गठबंधन में सहयोगी आम आदमी पार्टी अपनी अलग राह बना रही है। इस बीच आप नेता अनुराग ढांडा ने ये दावा किया है कि आप 2024 का हरियाणा विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी।

Image

हरियाणा में AAP अपने दम पर सभी 90 सीट पर चुनाव लड़ेगी।

Congress Vs AAP: विपक्षी पार्टियों के गठबंधन INDIA में मनमुटाव है या नहीं इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस बनाम टीएमसी की जंग जारी है। इसी बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात के बाद अब हरियाणा में भी आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस की खिलाफत करने का मन बना लिया है। आम आदमी पार्टी (आप) की हरियाणा इकाई के उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी 2024 का राज्य विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी।

हरियाणा में AAP अपने दम पर सभी 90 सीट पर लड़ेगी चुनाव

आप नेता ने कहा कि पार्टी का एक पूर्ण संगठनात्मक ढांचा तैयार है और यह अगले महीने अपनी ग्राम स्तरीय समितियों की भी घोषणा करेगी। ढांडा ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों के बीच अब तक कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, 'विधानसभा चुनावों के लिए कोई समझौता या गठजोड़ नहीं होगा, और आप अपने दम पर सभी 90 सीट पर चुनाव लड़ेगी। लोकसभा चुनावों के लिए, हम पार्टी आलाकमान के आदेशों का पालन करेंगे।'

कांग्रेस हरियाणा की सभी 10 सीटों पर लड़ेगी लोकसभा चुनाव?

आप नेता से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के उस हालिया बयान के बारे में पूछा गया था कि उनकी पार्टी लोकसभा और विधानसभा चुनाव अपने दम पर जीतने में सक्षम है। हुड्डा ने यह भी कहा था कि कांग्रेस अगले साल होने वाले आम चुनावों में हरियाणा में लोकसभा की सभी 10 सीट पर चुनाव लड़ेगी।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि आप का राज्य में कोई जनाधार नहीं है। कई विपक्षी दलों ने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से 2024 के लोकसभा चुनावों में एकजुटता से मुकाबला करने के लिए ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेन्टल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का गठन किया है।

भूपेंद्र हुड्डा पर कांग्रेस छोड़ने की तैयारी करने का लगाया आरोप

ढांडा ने कहा कि हुड्डा को यह याद रखना चाहिए कि पिता-पुत्र (भूपेंद्र हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा) दोनों ही (2019 में) क्रमश: सोनीपत और रोहतक (लोकसभा) सीट हार गये थे। उन्होंने सवाल किया, 'फिर किस आधार पर वह इन सीट पर दावा कर रहे हैं?' ढांडा ने कहा, 'सीट बंटवारा करना है या नहीं, इस पर उन्हें निर्णय नहीं लेना है। वह ना तो समन्वय समिति के सदस्य हैं, ना ही कांग्रेस में ऐसे उच्च पद पर हैं कि वह अपनी पार्टी की प्रदेश इकाई को निर्देश दे सकें।' समन्वय समिति के पास ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे पर फैसला करने की शक्ति है। आप नेता ने दावा किया कि हुड्डा कांग्रेस छोड़ने और भाजपा में शामिल होने का आधार तैयार कर रहे हैं।

इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर कब होगी चर्चा?

उन्होंने कहा कि जहां तक लोकसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे की बात है, विपक्षी गठबंधन के घटक दल उपयुक्त समय पर फैसला लेंगे। ढांडा ने यह भी कहा कि आप ने हरियाणा में विधानसभा की सभी 90 सीट और लोकसभा की 10 सीट के लिए तैयारियां की हैं। इस बीच, पानीपत में अपने परिवार के सामने तीन महिलाओं के साथ चार अज्ञात लोगों द्वारा किये गये कथित बलात्कार की घटना के एक दिन बाद ढांडा ने कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर भाजपा नीत राज्य सरकार की आलोचना की। वहीं, एक अन्य घटना में, एक बीमार महिला की हत्या कर दी गई, जबकि उसके पति के साथ लूटपाट की गई। सामूहिक बलात्कार स्थल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर यह घटना बृहस्पतिवार तड़के हुई। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा अपराधियों का पनाहगाह बन गया है। उन्होंने भाजपा नीत राज्य सरकार पर भी प्रहार करते हुए कहा, 'यौन उत्पीड़न मामले में आरोपपत्र दाखिल होने के बाद भी संदीप सिंह मंत्री पद पर बरकरार हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें हटाया नहीं है। यह क्या संदेश देता है?'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article