AAP Rajya Sabha Candidates: आम आदमी पार्टी के तीनों राज्यसभा के उम्मीदवार निर्विरोध जीत गए हैं। आम आदमी पार्टी ने इस बार अपने पुराने सांसद संजय सिंह और एनडी गुप्ता को दोबारा से उम्मीदवार बनाया था, तीसरे उम्मीदवार के रूप में दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया था। आप के तीनों उम्मीदवार निर्विरोध जीत गए हैं।
किसी ने नहीं उतारे उम्मीदवार
इन चुनावों के लिए किसी भी अन्य पार्टी ने उम्मीदवार नहीं उतारे थे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के नव निर्वाचित राज्यसभा सदस्यों को बधाई दी। आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा- "राज्यसभा के लिए निर्वाचित आम आदमी पार्टी के तीनों नेताओं को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आप आम आदमी के मुद्दों को संसद में मज़बूती से उठाएंगे और दिल्ली की जनता के अधिकारों के लिए लड़ेंगे।"
मिल गया प्रमाण पत्र
दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई से कहा कि राज्यसभा के लिए नामित किये गए सभी तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं और आज प्रमाणपत्र भी जारी किये गये हैं। मालीवाल ने प्रमाणपत्र प्राप्त करने की ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा की और पोस्ट किया- "आज से एक नयी जिम्मेदारी शुरू हो रही है। उत्साह बढ़ाने के लिए आज हजारों महिलाएं आई हैं। मैं दिल्ली के सभी लोगों को आश्वस्त करती हूं कि मैं सच्चे समर्पण और ईमानदारी से आपकी सेवा करूंगी। माननीय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद।"
सुनील गुप्ता की जगह मालीवाल
आप ने मालीवाल को अपना राज्यसभा उम्मीदवार नामित किया था, और सिंह तथा गुप्ता को संसद के उच्च सदन में दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से नामित किया था। आप सांसद संजय सिंह, एन डी गुप्ता और सुशील कुमार गुप्ता का छह साल का कार्यकाल 27 जनवरी को समाप्त हो रहा था। पार्टी ने सुशील गुप्ता की जगह मालीवाल को नामित किया।
