LIVE
आज की ताजा खबर: उत्तर भारत में फिर ठंड और कोहरे की मार...वाई.एस. शर्मिला कांग्रेस में शामिल
आज की ताजा खबर: उत्तर भारत में फिर ठंड और कोहरे की मार...वाई.एस. शर्मिला कांग्रेस में शामिल
JAN 04, 2024 23:52 IST
सीट साझेदारी पर बातचीत के लिए कांग्रेस को और समय देंगे : टीएमसी सूत्र
पश्चिम बंगाल में सीट साझेदारी पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणियों से छिड़ी जुबानी जंग के बीच, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सूत्रों ने बृहस्पतिवार को कहा कि वे मुद्दों का हल करने के लिए सहयोगी दल कांग्रेस को और समय देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि टीएमसी विपक्षी गठबंधन के प्रति प्रतिबद्ध है।
JAN 04, 2024 22:19 IST
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़
जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले की पुलिस ने बीरवाह में सात आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार करके एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आतंकी सहयोगी बीरवाह इलाके और उसके आसपास भड़काऊ पोस्टर चस्पा कर राष्ट्र विरोधी प्रचार प्रसार में शामिल थे।
JAN 04, 2024 21:24 IST
अमेरिका: पेरी के हाई स्कूल में गोलीबारी
मेरिका में आयोवा के पेरी की पुलिस ने बृहस्पतिार को कहा कि शहर के एक हाई स्कूल में गोलीबारी की घटना हुई है। पेरी पुलिस की एक महिला ने फोन पर पेरी हाई स्कूल में गोलीबारी की घटना की पुष्टि की लेकिन इससे अधिक जानकारी नहीं दी।
JAN 04, 2024 19:26 IST
राज्यसभा के दिग्गज सांसदों को भी लोकसभा चुनाव लड़वाने की तैयारी में भाजपा
भाजपा राज्यसभा से आने वाले दिग्गज सांसदों, जिनमें से कई केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री भी हैं, को लोकसभा के चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। पार्टी ने इन नेताओं को एक बार फिर से यह स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी राज्यसभा में लगातार तीसरी बार किसी नेता को नहीं भेजने की नीति का कठोरता से पालन करेगी।
JAN 04, 2024 18:25 IST
तकनीकी खामी के कारण दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के एक हिस्से पर सेवाएं प्रभावित
दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के एक हिस्से पर बृहस्पतिवार को तकनीकी खामी के कारण सेवाएं प्रभावित हुईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। येलो लाइन दिल्ली के समयपुर बादली और गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर को जोड़ती है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन(डीएमआरसी) ने 'एक्स' पर यह जानकारी देते हुए कहा कि अन्य लाइन पर सेवाएं सामान्य हैं। डीएमआरसी ने 'एक्स' पर साझा एक पोस्ट में कहा, "येलो लाइन अपडेट। लोक कल्याण मार्ग से उद्योग भवन तक तकनीकी खामी के कारण परिचालन सेवाओं में विलंब हो रहा है। अन्य सभी लाइन पर सेवाएं सामान्य हैं।"
JAN 04, 2024 18:24 IST
पाकिस्तान में पिछले साल आतंकी हिंसा में 17 प्रतिशत वृद्धि हुई: रिपोर्ट
पाकिस्तान में 2023 में आतंकी हिंसा में 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और देश में कुल 306 आतंकवादी हमलों में 693 लोगों को जान गंवानी पड़ी। एक संस्था की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इनमें से 82 प्रतिशत लोगों की मौत पाकिस्तानी तालिबान, इस्लामिक स्टेट खुरासान और बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी जैसे प्रतिबंधित समूहों के हमलों में हुई।
JAN 04, 2024 17:39 IST
कांग्रेस ने भारत न्याय यात्रा का नाम बदला
Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा पार्ट निकालने की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस ने पहले दूसरे पार्ट की यात्रा का नाम भारत न्याय यात्रा रखा था, जिसे अब बदल दिया गया है। कांग्रेस ने अब भारत जोड़ो न्याय यात्रा इसका नाम रखा है। कांग्रेस ने गुरुवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा का रूट मैप भी जारी कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर
JAN 04, 2024 17:39 IST
अधीर रंजन ने दे दी TMC को खुली चुनौती
इंडिया गठबंधन में सीटों को लेकर अब लड़ाई खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस ने टीएमसी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि ममता बनर्जी को जीतने के लिए कांग्रेस की जरूरत है, कांग्रेस अपने दम पर जीतने की क्षमता रखती है। पढ़ें पूरी खबर
JAN 04, 2024 16:50 IST
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होंगी
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होंगी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. वी.पी. यादव व सचिव ज्योति मित्तल ने बताया कि 10वीं कक्षा की नियमित, मुक्त विद्यालय, ‘रि अपीयर’, अतिरिक्त विषय व ‘मर्सी चांस’ के अलावा अंक सुधार की परीक्षाएं 27 फरवरी से आरंभ होकर 26 मार्च तक चलेंगी। उन्होंने बताया कि इसी तरह 12वीं कक्षा की नियमित, मुक्त विद्यालय, ‘रि अपीयर’, अतिरिक्त, ‘मर्सी चांस’ व अंक सुधार की परीक्षाएं 27 फरवरी से आरंभ होकर दो अप्रैल तक चलेंगी।
JAN 04, 2024 15:56 IST
तेलंगाना में प्रजा पालन योजना के तहत 57 लाख आवेदन प्राप्त हुएॉ
तेलंगाना में अधिकारियों को राज्य भर में चल रहे प्रजा पालन कार्यक्रम के तहत लोगों से लगभग 57 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। अधिकांश आवेदन हाल के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी द्वारा वादा की गई छह गारंटियों के लिए हैं। गांवों और कस्बों में अधिकारियों को राशन कार्ड और अन्य जरूरतों के लिए लोगों से आवेदन भी मिल रहे हैं। कार्यक्रम समाप्त होने में सिर्फ दो दिन बचे हैं, गुरुवार को राज्य भर में काउंटरों पर लंबी कतारें देखी गईं।
JAN 04, 2024 15:42 IST
देहरादून में कड़ाके की ठंड जारी
उत्तराखंड में जारी कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया है। वहीं, प्रदेश में एक वर्ग ऐसा भी है, जिसके पास पर्याप्त खाना और गर्म कपड़े तक नहीं हैं। इनकी मदद के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने एक मुहिम शुरू की है। दरअसल, जो गरीब और मजबूर सर्दी में ठिठुर रहे हैं, उन्हें आप अपने पुराने गर्म कपड़े दे सकते हैं। देहरादून जिला प्रशासन ने वाहनों के साथ कई जगहों पर सेंटर बनाए हैं। आप टोल फ्री नंबर पर भी संपर्क करके कपड़े दान कर सकते हैं।
JAN 04, 2024 14:41 IST
रांची में कोयला कारोबारी को दिनदहाड़े गोलियों से भूना
रांची में अपराधियों ने गुरुवार दोपहर कोयला कारोबारी अभिषेक श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड से शहर में सनसनी फैल गई है। वारदात रांची के रातू थाना क्षेत्र स्थित आस्थापुरम कॉलोनी के पास हुई। अभिषेक इसी इलाके के पास रहते हैं।
JAN 04, 2024 14:31 IST
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का पार्टी के नेताओं को संदेश
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का पार्टी के नेताओं से आग्रह, लोकसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए अगले तीन महीने तक खुद को पार्टी के लिए समर्पित करें। कांग्रेस बैठक में खरगे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए मतभेदों में न उलझें, एक-दूसरे की आलोचना करने से बचें और मीडिया में पार्टी के अंदरूनी मुद्दे न उठाएं। खरगे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, दिन-रात काम कर हम लोकसभा चुनाव के बाद एक वैकल्पिक सरकार प्रदान करने में सफल होंगे।
JAN 04, 2024 14:29 IST
प्रधानमंत्री मोदी जयपुर में तीन दिवसीय डीजीपी सम्मेलन में शिरकत करेंगे
प्रधानमंत्री मोदी राजस्थान की राजधानी जयपुर में होने वाले पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) व महानिरीक्षकों (डीआईजी) के तीन दिवसीय अखिल भारतीय सम्मेलन में शिरकत करेंगे।प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। पांच से सात जनवरी को होने वाले तीन दिवसीय सम्मेलन में साइबर अपराध, पुलिस प्रणाली में प्रौद्योगिकी, आतंकवाद से निपटने, वामपंथी उग्रवाद, जेल सुधार सहित पुलिस प्रणाली और आंतरिक सुरक्षा के मुद्दों की एक विस्तृत शृंखला पर चर्चा की जाएगी।
JAN 04, 2024 14:01 IST
पवन खेड़ा खिलाफ मामला रद्द करने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ टिप्पणी: उच्चतम न्यायालय ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई रद्द करने से इनकार किया।
JAN 04, 2024 13:47 IST
आईसीसी ने स्टंपिंग, कन्कशन सब्स्टीट्यूट के नियमों में संशोधन किया
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने खेल की स्थितियों में उल्लेखनीय बदलाव किया है, जिसके अनुसार अंपायर अब निर्णय समीक्षा प्रणाली (डीआरएस) रेफरल के दौरान विकेट के पीछे कैच पर विचार किए बिना स्टंपिंग के लिए केवल ‘साइड ऑन रीप्ले’ का आकलन करेंगे। नियमों में यह संशोधन 12 दिसंबर 2023 से लागू हो गया है। इसके अनुसार यदि कोई टीम स्टंप आउट की जांच के दौरान विकेट के पीछे कैच के लिए भी रेफरल लेना चाहती है तो उसे अलग से डीआरएस का विकल्प चुनना होगा।
JAN 04, 2024 12:55 IST
महुआ मोइत्रा को सरकारी आवास मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का निर्देश
दिल्ली उच्च न्यायालय ने लोकसभा से निष्कासित तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा को सरकारी आवास पर कब्जा जारी रखने की अनुमति के लिए संपदा निदेशालय से संपर्क करने को कहा।अदालत ने महुआ मोइत्रा को लोकसभा से निष्कासन के बाद उनके सरकारी आवास को रद्द करने के खिलाफ याचिका को वापस लेने की अनुमति दी।
JAN 04, 2024 12:51 IST
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बोले
प्रवर्तन निदेशालय ने मुझे गलत समन भेजा, मेरी सबसे बड़ी ताकत, संपत्ति मेरी ईमानदारी है। मैंने ईडी को विस्तार से बताया है कि उनका समन अवैध क्यों है, उनके पास इसका कोई जवाब नहीं है। कोई आबकारी घोटाला नहीं हुआ है, भाजपा मुझे लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकना चाहती है। कानूनी तौर पर वैध समन भेजा जाए तो सहयोग करूंगा।
JAN 04, 2024 12:05 IST
दो दिवसीय दौरे पर नेपाल पहुंचे विदेश मंत्री जयशंकर
विदेश मंत्री एस. जयशंकर नेपाल के अपने समकक्ष के साथ सातवें नेपाल-भारत संयुक्त आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता के लिए दो दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को यहां पहुंचे। गुरुवार और शुक्रवार को होने वाली इस बैठक के दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों की समग्र स्थिति की समीक्षा करेंगे। वर्ष 2024 में जयशंकर की यह पहली विदेश यात्रा है। जयशंकर, नेपाल के अपने समकक्ष एन. पी. सउद के साथ भारत-नेपाल संयुक्त आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे।
JAN 04, 2024 11:54 IST
पन्नू मामले में निखिल गुप्ता के परिवार की याचिका खारिज
सुप्रीम कोर्ट ने अमेरिका में सिख अलगाववादी की हत्या की साजिश रचने के आरोपी भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता के परिवार की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें कंसुलर एक्सेस की मांग की गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने इसे संवेदनशील मुद्दा बताया और कहा कि उसे विदेशी अदालत के अधिकार क्षेत्र का सम्मान करना चाहिए।
