LIVE

आज की ताजा खबर: दिल्ली यूनिवर्सिटी के दो कॉलेजों को बम की धमकी, दिल्ली MCD उपचुनाव का रिजल्ट...पुतिन की यूक्रेन को समुद्र से अलग करने की धमकी

आज की ताजा खबर लाइव, 03 दिसंबर 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ एमसीडी इलेक्शन रिजल्ट 2025, दिल्ली प्रदुषण के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: दिल्ली एमसीडी के 12 वार्डों के उपचुनावों का परिणाम आज सामने आएगा। बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना हो रही है। जहां 51 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। रविवार 30 नवंबर को 12 वार्डों के लिए मतदान हुए थे। वोटों की गिनती के लिए 10 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। वहीं पिछले हफ्ते काला सागर में रूस के छाया बेड़े के दो टैंकरों पर कीव द्वारा किए गए पानी के नीचे के ड्रोन हमले के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन को समुद्र से अलग करने की धमकी दी है। रूस की प्रमुख समाचार एजेंसी TASS की रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन ने कहा कि इन कार्रवाइयों को रोकने का सबसे क्रांतिकारी तरीका यूक्रेन को समुद्र से अलग करना होगा। उधर मंगलवार को देश के कई एयरपोर्ट पर चेक-इन में असर पड़ा है। एयर इंडिया ने अपने एक बयान में कहा है कि ऐसा थर्ड पार्टी सिस्टम में तकनीकी खामी आने की वजह से हुआ है। वहीं केंद्र सरकार ने सीनियर वकील माधव खुराना को दिल्ली कार ब्लास्ट केस से जुड़े ट्रायल और दूसरे मामलों के लिए NIA स्पेशल कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की तरफ से स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त किया है। जानिए देश और दुनिया की अहम खबरें...

रवि वैश्यUpdated Dec 3, 2025, 18:09 IST
आज की ताजा खबर: दिल्ली यूनिवर्सिटी के दो कॉलेजों को बम की धमकी, दिल्ली MCD उपचुनाव का रिजल्ट...पुतिन की यूक्रेन को समुद्र से अलग करने की धमकी

आज की ताजा खबर: दिल्ली यूनिवर्सिटी के दो कॉलेजों को बम की धमकी, दिल्ली MCD उपचुनाव का रिजल्ट...पुतिन की यूक्रेन को समुद्र से अलग करने की धमकी

Aaj Ki Taza Khabar 3 December 2025: दिल्ली एमसीडी के 12 वार्डों के उपचुनावों का परिणाम आज सामने आएगा। बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना हो रही है। जहां 51 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। रविवार 30 नवंबर को 12 वार्डों के लिए मतदान हुए थे। वोटों की गिनती के लिए 10 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। वहीं पिछले हफ्ते काला सागर में रूस के छाया बेड़े के दो टैंकरों पर कीव द्वारा किए गए पानी के नीचे के ड्रोन हमले के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन को समुद्र से अलग करने की धमकी दी है। रूस की प्रमुख समाचार एजेंसी TASS की रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन ने कहा कि इन कार्रवाइयों को रोकने का सबसे क्रांतिकारी तरीका यूक्रेन को समुद्र से अलग करना होगा।

DEC 03, 2025 18:09 IST

बीजापुर के जंगलों में 12 खूंखार नक्सली ढेर

Bijapur Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराया तथा इस घटना में तीन जवान शहीद हो गए, जबकि दो अन्य जवान घायल हो गया। घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अभियान अब भी जारी है तथा इस संबंध में अधिक जानकारियां जुटायी जा रही हैं।
DEC 03, 2025 17:47 IST

दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ छात्रों और आम नागरिकों ने किया प्रदर्शन

राष्ट्रीय राजधानी में स्वच्छ हवा की मांग को लेकर बुधवार को जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और प्रदूषण की समस्या के खिलाफ प्रदर्शन किया। दिल्ली में लंबे समय से वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना हुआ है। दिल्ली विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) और जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्रों के साथ-साथ कांग्रेस समर्थित भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के सदस्य भी प्रदूषण के खिलाफ इस प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां ले रखीं थीं जिन पर लिखा था, “दिल्लीवासी 50 से कम एक्यूआई के हकदार हैं”, “स्वच्छ हवा एक मौलिक अधिकार है” और “सभी को सांस लेने का अधिकार है”।
DEC 03, 2025 17:44 IST

हवाई अड्डों पर ‘चेक-इन' प्रणालियों में दिक्कत आयी, उड़ानों में विलंब

तकनीकी खराबी के कारण बुधवार सुबह देश के विभिन्न हवाई अड्डों पर ‘चेक-इन’ प्रणालियों में समस्या आई, जिसके कारण कुछ उड़ानों में देरी हुयी। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। हालांकि, वाराणसी हवाई अड्डे पर यात्रियों के लिए जारी एक संदेश में माइक्रोसॉफ्ट विंडोज की सेवा बाधित होने की सूचना दी गयी थी, लेकिन टेक कंपनी 'माइक्रोसॉफ्ट' ने इस तरह की किसी भी समस्या से इनकार किया और इसे "तथ्यात्मक रूप से गलत" करार दिया। वाराणसी हवाई अड्डे पर यात्रियों के लिए जारी संदेश में कहा गया था, ‘‘माइक्रोसॉफ्ट विंडोज ने वैश्विक स्तर पर सेवा बाधित होने की सूचना दी है। हवाई अड्डों पर आईटी सेवाएं-चेक-इन प्रणालियां प्रभावित हुई हैं।’’
DEC 03, 2025 17:44 IST

बॉलीवुड अभिनेता धमेंद्र की अस्थियां गंगा में विसर्जित की गईं

बॉलीवुड के ‘ही मैन’ धर्मेंद्र की अस्थियां बुधवार को यहां गंगा में विसर्जित की गयीं। उनके पारिवारिक पुरोहित ने बताया कि अस्थि विसर्जन कर्म से मीडिया और आम लोगों को पूरी तरह से दूर रखा गया था। धर्मेंद्र (89) का पिछले माह 24 नवंबर को निधन हो गया था और मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। अभिनेता के पारिवारिक पुरोहित पंडित संदीप पाराशर श्रोत्रिय ने ‘भाषा’ को बताया कि हरकी पौड़ी पर धर्मेंद्र की अस्थियां विसर्जित की गयीं।
DEC 03, 2025 15:18 IST

अनंत सिंह को आज कोर्ट से नहीं मिली राहत

मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को आज कोर्ट से राहत नहीं मिली है। आज सुनवाई के बाद सरकारी वकील ने डायरी पढ़ने के लिए समय लिया। अदालत ने जमानत पर 10 दिसंबर को अगली सुनवाई का वक्त दिया। अनंत सिंह मोकामा में दुलारचंद यादव हत्या मामले में जेल में बंद हैं। जमानत के लिए उन्होंने पटना के सिविल कोर्ट के एमपी एमएलए कोर्ट में याचिका दी थी।
DEC 03, 2025 12:04 IST

बांग्लादेश भेजी गई गर्भवती महिला पर क्या बोला SC?

सुप्रीम कोर्ट ने मानवीय आधार पर बांग्लादेश भेजी गई गर्भवती महिला और उसके बच्चे को वापस लाने का निर्देश दिया। जबकि केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि वह बांग्लादेश डिपोर्ट की गई प्रेग्नेंट महिला सोनाली खातून को उसके 8 साल के बेटे के साथ वापस भारत लाएगा और उन्हें सर्विलांस में रखते हुए मेडिकल हेल्प दी जाएगी। SG तुषार मेहता ने कहा कि यह पूरी तरह से इंसानियत के आधार पर किया जा रहा है। वह महिला बांग्लादेशी है लेकिन भारत में वह बीरभूम मे रह रही थी।
DEC 03, 2025 11:46 IST

दिल्ली यूनिवर्सिटी के दो कॉलेजों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले, पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं

बुधवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के दो कॉलेजों में तब अफरा-तफरी मच गई जब ईमेल से बम की धमकी मिली। धमकियों में रामजस कॉलेज और देशबंधु कॉलेज को टारगेट किया गया था। बम स्क्वॉड और दिल्ली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। हालांकि, अभी तक कोई संदिग्ध चीज बरामद नहीं हुई है।
DEC 03, 2025 11:15 IST

दिल्ली में वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब', AQI 335 दर्ज

राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार सुबह वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने यह जानकारी दी।
सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली में एक्यूआई 335 दर्ज किया गया। इसी के साथ यहां लगातार दूसरे दिन भी वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी रही।
दिल्लीवासियों को विषाक्त हवा से रविवार (30 नवंबर) और सोमवार (एक दिसंबर) को थोड़ी राहत मिली थी। हालांकि, मंगलवार को वायु गुणवत्ता फिर से 'बेहद खराब' श्रेणी में पहुंच गई।
DEC 03, 2025 10:11 IST

एमसीडी उपचुनाव : भाजपा ने चांदनी चौक और शालीमार बाग बी वार्ड, कांग्रेस ने संगम विहार ए वार्ड जीता

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार सुमन कुमार गुप्ता ने चांदनी चौक वार्ड, अनीता जैन ने शालीमार बाग बी वार्ड और कांग्रेस उम्मीदवार ने संगम विहार ए वार्ड से जीत हासिल की।
एमसीडी के 12 वार्ड में हुए उपचुनाव के लिए सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 10 मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती शुरू हुई।
गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हर्ष शर्मा को 1,182 मतों के अंतर से हराया। जैन ने शालीमार बाग बी वार्ड से जीत हासिल की, जहां से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता निगम पार्षद थीं।
DEC 03, 2025 10:10 IST

रुपया शुरुआती कारोबार में छह पैसे टूटकर 90.02 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचने स्तर पर

रुपया बुधवार को पहली बार अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90 के स्तर को पार कर गया और शुरुआती कारोबार में छह पैसे टूटकर 90.02 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि बैंकों के उच्च स्तर पर अमेरिकी डॉलर की खरीद जारी रखने और विदेशी पूंजी की निकासी से रुपये पर दबाव बढ़ाया। हालांकि कमजोर डॉलर और वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने तीव्र गिरावट को कम किया।
DEC 03, 2025 08:28 IST

दिल्ली ब्लास्ट के गुनाहगारों को सजा दिलाने के लिए माधव खुराना बने स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ अधिवक्ता माधव खुराना को 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए कार विस्फोट से संबंधित मामले में 'मुकदमे की पैरवी करने और अन्य संबंधित कार्यों' के लिए मंगलवार को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त किया। एक शासकीय आदेश में यह जानकारी दी गई। इस विस्फोट में 15 लोगों की मौत हो गई थी।आदेश में कहा गया है कि खुराना को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) की विशेष अदालत एवं दिल्ली उच्च न्यायालय के समक्ष मुकदमे की पैरवी करने और अन्य न्यायिक कार्यों के लिए एनआईए की ओर से तीन साल के लिए विशेष लोक अभियोजक (SPP) नियुक्त किया गया है।
DEC 03, 2025 08:26 IST

जल्द ही वेनेजुएला के अंदर घुसकर हमला करेगा अमेरिका बोले ट्रंप

कैरिबियन में कथित वेनेजुएला के ड्रग तस्करों की नावों पर बार-बार अमेरिकी हवाई हमलों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका बहुत जल्द वेनेज़ुएला के अंदर रहने वाले बुरे लोगों पर हमला करना शुरू कर देगा। मंगलवार की कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप की टिप्पणियों से वाशिंगटन और कराकस के बीच तनाव और बढ़ने का संकेत मिलता है। ट्रंप ने कैबिनेट बैठक के दौरान कहा। हम जमीन पर भी ये हमले शुरू करने जा रहे हैं।
DEC 03, 2025 08:25 IST

आज दिल्ली एमसीडी उपचुनाव का रिजल्ट

दिल्ली एमसीडी के 12 वार्डों के उपचुनावों का परिणाम आज सामने आएगा। बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना होगी। जहां 51 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। रविवार 30 नवंबर को 12 वार्डों के लिए मतदान हुए थे। वोटों की गिनती के लिए 10 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। मतदान के नतीजे आज दोपहर तक घोषित होने की उम्मीद है।
DEC 03, 2025 08:24 IST

रूसी टैंकरों पर हमले से बिफरे पुतिन, करार दिया समुद्री डकैती

पिछले हफ्ते काला सागर में रूस के छाया बेड़े के दो टैंकरों पर कीव द्वारा किए गए पानी के नीचे के ड्रोन हमले के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन को समुद्र से अलग करने की धमकी दी है। रूस की प्रमुख समाचार एजेंसी TASS की रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन ने कहा कि इन कार्रवाइयों को रोकने का सबसे क्रांतिकारी तरीका यूक्रेन को समुद्र से अलग करना होगा। पुतिन ने यूक्रेनी हमलों को समुद्री डकैती करार दिया और कहा कि रूस उन देशों के जहाजों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई पर विचार करेगा जो यूक्रेन की समुद्री डकैती का समर्थन कर रहे हैं।
DEC 03, 2025 08:24 IST

क्या जंग का नया मोर्चा खोल देंगे युद्ध खत्म कराने का दावा करने वाले ट्रंप?

कैरेबियाई देश वेनेजुएला को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तेवर कड़े होते जा रहे हैं। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मदुरो का ताजा बयान ट्रंप को चिढ़ाने जैसा है। काराकास में लोगों को संबोधित करते हुए मुदरो ने कहा कि 'हमें गुलामों की शांति नहीं चाहिए और न ही हम उपनिवेश की शांति चाहते हैं।' दरअसल, वेनेजुएला में रि-जीम चेंज के लिए ट्रंप ने जितने भी कदम उठाए हैं, वे कारगर साबित नहीं हो रहे हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक यह देखते हुए ट्रंप ने सोमवार शाम ओवल ऑफिस में राष्ट्रीय सुरक्षा के वरिष्ठ अधिकारियों एवं अपने सहयोगियों के साथ बैठक की।
DEC 03, 2025 08:24 IST

देशदेश में कई एयरपोर्ट पर चेक-इन सिस्टम पर असर

देश के कई एयरपोर्ट पर चेक-इन में असर पड़ा है। एयर इंडिया ने अपने एक बयान में कहा है कि ऐसा थर्ड पार्टी सिस्टम में तकनीकी खामी आने की वजह से हुआ है। इसकी वजह से कई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया सहित अन्य विमान कंपनियों की उड़ान में देरी हो रही है। यात्रियों को चेक-इन में असुविधा न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए एयरपोर्ट पर टीमें लगातार काम कर रही हैं। जैसा कि सिस्टम धीरे-धीरे बहाल हो रहा है, ऐसे में कुछ विमानों के उड़ान में देरी हो सकती है। यह देरी हालात के पूरी तरह सामान्य होने तक जारी रह सकती है।