LIVE

आज की ताजा खबर, 28 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: हिमाचल प्रदेश के चंबा में कार नदी में गिरने से 4 की मौत, अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या तीन हुई

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज ईरान यूएस युद्ध, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिका ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। वहीं, भारत में मौसम विभाग ने 16 राज्यों में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर, वेनेजुएला में आए भूकंप से भारी तबाही हुई है और मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

Monu JhaUpdated Jun 28, 2026, 19:52 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 28 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: हिमाचल प्रदेश के चंबा में कार नदी में गिरने से 4 की मौत, अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या तीन हुई

आज की ताजा खबर, 28 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: हिमाचल प्रदेश के चंबा में कार नदी में गिरने से 4 की मौत, अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या तीन हुई

  • आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज ईरान यूएस युद्ध, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE:
  • पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। दोनों देशों के बीच युद्धविराम लागू होने के बावजूद सैन्य कार्रवाई जारी है। अमेरिका ने शनिवार को ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए।
  • अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, ईरान की ओर से 'एम/टी किकू' नाम के पनामा-ध्वज वाले तेल टैंकर पर आत्मघाती ड्रोन से हमला किया गया। इसके बाद अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरान के ठिकानों को निशाना बनाया।
  • अमेरिका का कहना है कि उसने पहले ईरान को युद्धविराम का पालन करने का मौका दिया था, लेकिन तेल टैंकर पर हमले के बाद जवाब देना जरूरी हो गया। इस घटना के बाद पश्चिम एशिया में एक बार फिर बड़े संघर्ष की आशंका बढ़ गई है।
  • इधर, वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। मृतकों की संख्या 1,430 तक पहुंच गई है, जबकि 3,000 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव दल अब भी मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
  • भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 16 राज्यों में आंधी, तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
  • भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। वहीं, 27 से 29 जून के बीच पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।

JUN 28, 2026 19:51 IST

हिमाचल प्रदेश के चंबा में कार नदी में गिरने से चार लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में नकरोड़-हिमगिरी मार्ग पर एक कार बैरा सिउल नदी में गिर गई, जिससे उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि यह घटना नदी पर बने एक बांध के पास हुई। पुलिस के अनुसार, चुराह उपमंडल में शनिवार देर रात हुए इस हादसे में कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना की जानकारी रविवार सुबह मिली, जिसके बाद तिस्सा पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंचीं। तिस्सा थाना प्रभारी तथा अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद है। नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन (एनएचपीसी) द्वारा संचालित बैरा सिउल बांध चुराह क्षेत्र में स्थित 180 मेगावाट क्षमता की रन-ऑफ-द-रिवर जलविद्युत परियोजना है। बताया जा रहा है कि मारे गए चारों लोग चुराह उपमंडल की टिकरीगढ़ ग्राम पंचायत के निवासी थे। हालांकि, उनकी पहचान और वाहन के मालिक की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
JUN 28, 2026 19:50 IST

मिर्जापुर में खड़े ट्रक से टकराने से कार सवार दंपति की मौत, चार अन्‍य घायल

मिर्जापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-135 पर खड़े एक ट्रक से कार के टकरा जाने के कारण दंपति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमर बहादुर सिंह ने बताया कि घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब दो बजे ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र की है जब मध्यप्रदेश में पंजीकृत एक कार राजमार्ग पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। उन्होंने बताया कि हादसे में कार सवार दपंति की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही निवासी विकास (35) और उनकी पत्नी सोनम ताम्रकार (31) के रूप में हुई है। सीओ ने बताया कि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लालगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि कार में सवार दो छोटे बच्चे शिवांश (चार) और रुद्र (एक) सुरक्षित बच गए। सिंह ने कहा कि पुलिस ने कार और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक की पहचान कर उसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद से चालक फरार है। उन्होंने कहा कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
JUN 28, 2026 17:25 IST

अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या तीन हुई

अरुणाचल प्रदेश के केयी पान्योर जिले में बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ के बाद जारी तलाशी और बचाव अभियान के बीच पड़ोसी पापुम पारे जिले में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। इसके साथ ही बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव दानी सुलु ने बताया कि सौरभ कुमार खारवार का शव केयी पान्योर जिले के बाढ़ प्रभावित पूसा क्षेत्र से लगभग 35 किलोमीटर दूर हवा कैंप के पास मिला। शव को वापस लाने के लिए एक बचाव दल रवाना किया गया है। सुलु के अनुसार, बुधवार सुबह लगातार हुई बारिश के कारण केयी पान्योर जिले में आई बाढ़ के बाद पांच लोग लापता हो गए। उन्होंने बताया कि सौरभ का शव बरामद होने के साथ ही मृतकों की संख्या तीन हो गई है, जबकि दो अन्य अब भी लापता हैं। इससे पहले दो महिलाओं के शव बरामद किए गए थे। बाढ़ के बाद से जारी तलाशी और बचाव अभियान रविवार को पांचवें दिन में प्रवेश कर गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 23 अतिरिक्त जवान रविवार को केयी पान्योर जिले के लिए रवाना किए गए। उन्होंने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती के लिए कोई नया अनुरोध नहीं मिला है और केयी पान्योर में वह अब भी तैनात है। दूसरी ओर, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार सुबह तक अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर राज्य सरकार ने अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
JUN 28, 2026 15:41 IST

लखनऊ में कोल्ड स्टोरेज में लगी आग, कोई हताहत नहीं

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में रविवार सुबह एक कोल्ड स्टोरेज इकाई में आग लग गई। पुलिस ने बताया कि बड़े पैमाने पर चलाए गए अभियान के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां और दो हाइड्रोलिक मशीन मौके पर पहुंच गईं। लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर बने इस कोल्ड स्टोरेज में स्थानीय पुलिस की मदद से दमकलकर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया। कोल्ड स्टोरेज के टिन शेड के ऊपर से आग की लपटें उठती काफी दूर से ही दिख रही थीं। धुएं के गुबार भी नजर आ रहे थे। चिनहट थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।
उन्होंने कहा, "हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है और न ही कोई घायल है। अग्निशमन दल की टीमें मौके पर हैं और स्थानीय पुलिस उनकी मदद कर रही है।" पुलिस के मुताबिक, हाइड्रोलिक उपकरणों की मदद से आग बुझाई गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि परिसर के अंदर कोई फंसा न हो। आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। चिनहट पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
JUN 28, 2026 15:40 IST

बलिया में गो तस्करों से सांठगांठ के आरोप में छह पुलिसकर्मी निलंबित

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गो तस्करी के मामले में तस्करों से मिलीभगत के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। बलिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने बताया कि बलिया शहर कोतवाली में तैनात आरक्षी मुकेश कुमार, रिंकू गुप्ता व अमन सिंह तथा दुबहर थाने के मुख्य आरक्षी मनोज कुमार, दिनेश विश्वकर्मा एवं आरक्षी आलोक सिंह को गो तस्करों से संलिप्तता के आरोप में शनिवार को निलंबित किया गया है। प्रारंभिक जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।
JUN 28, 2026 15:29 IST

सिक्किम में भारी बारिश से पुल बहा, सड़क संपर्क बाधित

उत्तरी सिक्किम के जोंगू में रातभर हुई भारी बारिश के कारण एक पुल बह गया, जिससे क्षेत्र में सड़क संपर्क बाधित हो गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार रात लगातार हुई बारिश के बाद फी खोला पर बना पुल बह गया, जिससे फिदांग से सांकलांग खंड पर आवाजाही प्रभावित हुई है। मंगन के अनुमंडल अधिकारी (एसडीएम) और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों सहित वरिष्ठ अधिकारी नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर पहुंचे हैं। एक अधिकारी के अनुसार, घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश से दक्षिण सिक्किम के लिंगी इलाके के अपर काव खोला क्षेत्र में भी भारी नुकसान हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के बुलेटिन के अनुसार, रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में सिक्किम में एक से दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई, जबकि हिमालयी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी के घायल होने या मौत की कोई सूचना नहीं है।
JUN 28, 2026 14:32 IST

अहमदाबाद में देर रात हिट एंड रन: तेज रफ्तार कार ने ट्रिपल राइडिंग कर रही बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत; बिना लाइसेंस मिला कार चालक

अहमदाबाद के व्यासवाड़ी चार रास्ता के पास शनिवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार सफेद कार ने तीन सवारियों वाली बाइक को टक्कर मार दी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पुलिस के मुताबिक, हादसा 28 जून की रात करीब 2:15 बजे हुआ। तीन युवक बाइक पर सवार होकर अखबारनगर से सुभाष ब्रिज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भीमजीपुरा की तरफ से आ रही एक सफेद कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे, जबकि तीसरा भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य दो का उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान उसकी पहचान नरेंद्र वाघेला के रूप में हुई। जांच में यह भी सामने आया कि उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।
JUN 28, 2026 11:59 IST

चंबा में नदी में गिरी कार, 4 की मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। नकरोड़-हिमगिरि रोड पर डैम साइट के पास एक ऑल्टो कार बेकाबू होकर नदी में गिर गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही तीसा पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक चुराह उपमंडल की टिकरीगढ़ ग्राम पंचायत के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों और वाहन की आधिकारिक पहचान की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
JUN 28, 2026 11:15 IST

भरत तिवारी एनकाउंटर केस में घटना में इस्तेमाल पिस्टल जब्त

भोजपुर के भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुई तीनों पिस्टल जब्त कर ली हैं। सभी हथियारों को जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तत्कालीन शाहपुर थाना प्रभारी राजेश मालाकार की पिस्टल से हवाई फायरिंग हुई थी। वहीं एसटीएफ जवान अक्षय कुमार की पिस्टल से भरत भूषण तिवारी को गोली लगने की बात सामने आई है। तिवारी की पिस्टल से चली एक गोली पुलिस वाहन के बैनर पर भी लगी थी। अब फॉरेंसिक रिपोर्ट से पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
JUN 28, 2026 09:56 IST

दिल्ली सरकार की एसीबी ने करोड़ों रुपये के खरीद घोटाले में पूर्व डीजीएचएस को गिरफ्तार किया

दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने दवाओं, शल्य चिकित्सा संबंधी सामग्री और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में कथित करोड़ों रुपये के घोटाले के सिलसिले में स्वास्थ्य सेवाओं की पूर्व महानिदेशक (डीजीएचएस) डॉ. वत्सला अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

शनिवार को हुई डॉ. अग्रवाल की गिरफ्तारी, इसी मामले में कुछ दिन पहले डॉ. विजय कुमार रंगा की गिरफ्तारी के बाद हुई है। बाद में दिल्ली की एक अदालत ने रंगा को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था।

एसीबी के अनुसार, यह मामला डीजीएचएस के अधीन कार्यरत केंद्रीय खरीद एजेंसी (सीपीए) द्वारा करोड़ों रुपये की खरीद में कथित बड़े पैमाने पर आर्थिक अनियमितताओं से जुड़ा है। जांच की शुरुआत सतर्कता निदेशालय द्वारा संदिग्ध लेन-देन और संभावित प्रक्रियागत उल्लंघनों की ओर ध्यान दिलाए जाने के बाद की गई।

जांचकर्ताओं का आरोप है कि पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों, बेडशीट और लिनेन, सी-आर्म रेडियोलॉजिकल उपकरणों, एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन, ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ओआरएस), शल्य चिकित्सा में उपयोग होने वाली सामग्री तथा दवाओं की खरीद में निविदा प्रक्रिया में हेरफेर कर अत्यधिक बढ़ी हुई कीमतों पर खरीदारी की गई।
JUN 28, 2026 09:54 IST

फरीदाबाद में 20 लोग गिरफ्तार, पुलिस थाने से गायब हुए 32 लाइसेंसी हथियार बरामद

हरियाणा के फरीदाबाद में सेक्टर-आठ थाने के मालखाने से कथित तौर पर चोरी किए गए 32 लाइसेंसी हथियार बरामद कर इस मामले में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यह शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, हथियारों की चोरी कथित तौर पर मालखाने से जुड़े एक आईटीआई प्रशिक्षु ने की थी।

पुलिस के अनुसार, प्रशिक्षु पर पिछले सात महीनों के दौरान चोरी किए गए हथियारों की हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आपूर्ति करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मोनू आईटीआई में कंप्यूटर डिप्लोमा का छात्र है। वह प्रशिक्षु के रूप में पुलिस विभाग से जुड़ा था और थाना परिसर में कंप्यूटर संबंधी कार्य करता था।
JUN 28, 2026 09:54 IST

जापान के उत्तर-पूर्वी तट पर 6.1 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी नहीं

जापान के उत्तर-पूर्वी हिस्से में रविवार तड़के 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने यह जानकारी दी। भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और जान-माल के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है लेकिन तूफानी मौसम के दौरान लगातार आ रहे भूकंपों ने भूस्खलन की आशंका बढ़ा दी है।

इवाते प्रांत के तट के पास रविवार को स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजकर 25 मिनट पर भूकंप आया। इसका केंद्र करीब 40 किलोमीटर (25 मील) की गहराई में था। भूकंप के झटके आओमोरी प्रांत और आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी महसूस किए गए।
JUN 28, 2026 06:42 IST

कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमले, एयर डिफेंस सिस्टम ने कई हमलों को किया नाकाम

कुवैत की वायु रक्षा प्रणाली इस समय दुश्मन के मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रही है। सेना के जनरल स्टाफ ने बताया कि यदि लोगों को विस्फोटों की आवाज सुनाई दे रही है, तो वह एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा इन हमलों को हवा में ही नष्ट किए जाने की वजह से है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और संबंधित एजेंसियों द्वारा जारी सुरक्षा और सावधानी संबंधी निर्देशों का पालन करें।
JUN 28, 2026 06:41 IST

ईरान पर अमेरिकी हमलों के बाद बहरीन में धमाके की खबर, पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव

दक्षिणी ईरान में अमेरिका द्वारा कई ठिकानों पर हवाई हमले किए जाने के बाद बहरीन में भी विस्फोट की खबर सामने आई है। इस घटना के बाद पूरे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है और क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है।