LIVE
आज की ताजा खबर: सिल्क्यारा सुरंग से बाहर आए मजदूर, 17 दिन बाद देखी बाहर की दुनिया
आज की ताजा खबर: सिल्क्यारा सुरंग से बाहर आए मजदूर, 17 दिन बाद देखी बाहर की दुनिया
NOV 28, 2023 21:28 IST
सभी मजदूर आए बाहर, पीएम ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, उत्तरकाशी में हमारे श्रमिक भाइयों के रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता हर किसी को भावुक कर देने वाली है। टनल में जो साथी फंसे हुए थे, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि आपका साहस और धैर्य हर किसी को प्रेरित कर रहा है।
NOV 28, 2023 20:24 IST
सिल्क्यारा सुरंग से बाहर आने लगे मजदूर
उत्तरकाशी की सिल्कयारा सुंरग में चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है। मंगलवार को रेस्क्यू टीम को बड़ी सफलता मिली है और सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को बाहर निकालना भी शुरू कर दिया गया है।
NOV 28, 2023 18:46 IST
दिल्ली-NCR में GRAP 3 खत्म
दिल्ली-NCR में प्रदूषण की स्थिति में सुधार के साथ GRAP 3 तहत लागू होने वाले प्रतिबंध हटा लिए गए हैं।
NOV 28, 2023 18:10 IST
तेलंगाना में चुनाव प्रचार थमा
तेलंगाना में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आज शाम से रुक गया है। 30 नवंबर को यहां मतदान होना है।
NOV 28, 2023 17:15 IST
हैदराबाद में राहुल-प्रियंका को रोड शो
तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए हैदराबाद में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने रोड शो किया।
NOV 28, 2023 15:53 IST
राहुल गांधी फिर जाएंगे विदेश
कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी एक बार फिर से विदेश यात्रा पर जाने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव खत्म होते ही राहुल गांधी 9 दिसंबर को विदेश यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरान वह इंडोनेशिया, सिंगापुर, मलेशिया और वियतनाम की यात्रा करेंगे।
NOV 28, 2023 15:12 IST
राष्ट्रपति मुर्मू को मिला नया मतदाता पहचान पत्र
नयी दिल्ली, 28 नवंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मंगलवार को यहां राष्ट्रपति भवन में दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी कृष्णमूर्ति ने उनका नया मतदाता पहचान पत्र सौंपा।अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 10 नवंबर को कृष्णमूर्ति राष्ट्रपति भवन गए थे ताकि राष्ट्रपति मुर्मू के मतदाता पहचान पत्र में उनका पता बदला जा सके। पहले उनके मतदाता पहचान पत्र पर ओडिशा का पता था।
NOV 28, 2023 14:11 IST
सिल्क्यारा सुरंग में पहुंची एंबुलेंस
सिल्क्यारा सुरंग में फंसे मजदूर किसी भी वक्त बाहर आ सकते हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन अपने अंतिम चरण में है। सुरंग में एंबुलेंस लाई गई हैं।
NOV 28, 2023 13:22 IST
एसएंडपी ने भारत की जीडीपी ग्रोथ का अनुमान बढ़ाया
एसएंडपी रेटिंग्स ने चालू वित्त वर्ष के दौरान भारत की जीडीपी वृद्धि का अनुमान पहले के 6 फीसदी से बढ़ाकर 6.4 फीसदी कर दिया है। एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स के एशिया-प्रशांत के मुख्य अर्थशास्त्री लुइस कुइज़ ने एक शोध नोट में कहा, हमने इस वित्तीय वर्ष के लिए अपने अनुमान को संशोधित किया है। मजबूत घरेलू मांग ने उच्च खाद्य मुद्रास्फीति और कमजोर निर्यात से होने वाली बाधाओं को दूर कर दिया है। हालांकि, रेटिंग एजेंसी ने अगले वित्तीय वर्ष (2024-25) में विकास के लिए अपने दृष्टिकोण को पहले के 6.9 प्रतिशत से घटाकर 6.4 प्रतिशत कर दिया है। चालू वित्तीय वर्ष (2023-24) के लिए एसएंडपी का अनुमान अन्य एजेंसियों की तरह ही है, लेकिन फिर भी सरकार और आरबीआई के 6.5 प्रतिशत के अनुमान से कम है। आईएमएफ, विश्व बैंक, एडीबी और फिच को लगता है कि चालू वित्त वर्ष में भारत की जीडीपी ग्रोथ 6.3 प्रतिशत रहेगी।
NOV 28, 2023 12:56 IST
कर्नाटक: महिला का शिकार करने वाला बाघ कैद में आया
कर्नाटक के बांदीपुर बाघ अभयारण्य में 50 वर्षीय महिला का शिकार करने वाले बाघ को पकड़कर मैसुरू के पास कूर्गल्ली पुनर्वास केंद्र में भेज दिया गया। एक वन अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बाघ ने 24 नवंबर को महिला पर हमला कर दिया था जिसमें उसकी मौत हो गई थी। प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुभाष मालखेड़े ने बताया, बाघ की स्थिति ठीक है। उसे बेहोश कर दिया गया है और मैसुरू बचाव केंद्र लाया गया है। चिकित्सक बाघ की देखभाल कर रहे हैं। उसकी स्वास्थ्य जांच भी की जा रही है।उन्होंने कहा कि बाघ को पूरी तरह से ठीक होने में कम से कम एक दिन का समय लगेगा।
NOV 28, 2023 12:38 IST
सुरंग के मलबे में अब तक 52 मीटर पाइप डाला गया : मुख्यमंत्री धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कहा कि सभी बचावकर्मी सुरंग में फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए पूरी शिद्दत एवं मेहनत के साथ काम में जुटे हुए हैं और अब तक मलबे के अंदर कुल 52 मीटर पाइप डाला जा चुका है। सिलक्यारा पहुंचकर सुरंग में पिछले 16 दिनों से फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए जारी बचाव अभियान का जायज़ा लेने के बाद मीडिया से बातचीत में धामी ने कहा कि अब तक कुल 52 मीटर पाइप को अंदर डाल दिया गया है। उन्होंने बताया अंदर फंसे से सभी श्रमिक सकुशल हैं और स्वस्थ हैं। धामी ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य में जुटे श्रमिक, इंजीनियर, अधिकारी तथा विशेषज्ञ, सभी लोग पूरी ऊर्जा और सकारात्मक भाव के साथ कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री घटनास्थल के निकट स्थित मातली में बनाए गए अस्थाई कैंप कार्यालय से बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। सुबह वह मातली से श्रमिकों का कुशलक्षेम से जानने सिलक्यारा सुरंग में पहुंचे।
NOV 28, 2023 12:54 IST
मुंबई में नौसेना छात्रावास में महिला ने की आत्महत्या
अग्निवीर प्रशिक्षण ले रही एक 20 वर्षीय महिला ने मुंबई में नौसेना छात्रावास में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मुंबई पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान अपर्णा नायर के रूप में हुई है। समाचार एजेंसी एएनआई ने एक अधिकारी के हवाले से कहा कि अपर्णा भारतीय नौसेना जहाज (आईएनएस) अटैक पर प्रशिक्षण ले रही थी। सूचना मिलने के तुरंत बाद महिला की जांच के लिए नेवी के डॉक्टरों को बुलाया गया। पुलिस ने बताया कि महिला की जांच करने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएनआई ने बताया कि मुंबई की मालवानी पुलिस ने एडीआर के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।
NOV 28, 2023 12:32 IST
यूपी के गांव से अगवा 13 वर्षीय किशोरी हैदराबाद में मिली, आरोपी ने हफ्ते भर किया बलात्कार
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक गांव से कथित रूप से अगवा कर हैदराबाद ले जाई गई 13 वर्षीय किशोरी से आरोपी व्यक्ति ने करीब एक सप्ताह तक बलात्कार किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किशोरी को बलिया में मनियार थाना अंतर्गत एक इलाके से 25 नवंबर को मुक्त कराया गया जबकि आरोपी (19) को 27 नवंबर को स्थानीय बस अड्डे से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी व्यक्ति किशोरी के पड़ोस में रहता था। उन्होंने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मनियार के थाना प्रभारी (एसएचओ) मंतोष सिंह ने कहा कि 18 नवंबर को किशोरी का अपहरण किया गया था और उसके पिता की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया। एसएचओ ने बताया कि अपने बयान में किशोरी ने कहा कि व्यक्ति ने उसका अपहरण किया और उसे हैदराबाद ले गया जहां उसने करीब एक सप्ताह तक उससे बलात्कार किया।
NOV 28, 2023 12:30 IST
यूक्रेन में भयंकर बर्फ़ीले तूफ़ान के चलते 5 की मौत
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने पुष्टि की है कि देश के दक्षिणी क्षेत्र ओडेसा में भीषण तूफान के चलते कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है और 19 घायल हो गए हैं। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन में सोमवार की रात भयंकर बर्फीला तूफान आया, जिससे 17 क्षेत्रों में यातायात बाधित हुआ और बिजली गुल हो गई। देश के ऊर्जा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर कहा कि तेज हवाओं के कारण पावर ग्रिड डैमेज होने से कम से कम 2,019 गांवों और कस्बों में बिजली नहीं है। मंत्रालय ने कहा, दक्षिणी ओडेसा, मायकोलाइव, मध्य निप्रॉपेट्रोस और उत्तरी कीव क्षेत्र बर्फ़ीले तूफ़ान से सबसे अधिक प्रभावित हुए। अन्य प्रभावित क्षेत्र डोनेट्स्क, लुहान्स्क, खेरसॉन, ज़ापोरिज़िया और क्रीमिया हैं, जहां फिलहाल 14 मार्गों पर यातायात रुका हुआ है। क्रीमिया की कई नगर पालिकाओं में अब आपातकाल की स्थिति लागू है।
NOV 28, 2023 11:50 IST
29-30 नवंबर को जम्मू-कश्मीर में व्यापक बारिश, बर्फबारी की संभावना
मौसम कार्यालय ने 29-30 नवंबर को खराब मौसम की भविष्यवाणी करते हुए जम्मू एवं कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के एक बयान में कहा गया है, 29-30 नवंबर तक जम्मू-कश्मीर में आम तौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे चले जाने से घाटी में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। सोमवार को श्रीनगर में अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस था, जबकि मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री था। गुलमर्ग और पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 और 1.2 रहा। जम्मू में 11.1 डिग्री, बनिहाल में 8.6 डिग्री, बटोटे में 7.9 डिग्री, कटरा में 11 डिग्री और भद्रवाह में 5.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
NOV 28, 2023 11:48 IST
बिहार में स्कूल छुट्टियों पर घमासान
Bihar School Holiday Politics: भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को हिंदू त्योहारों के दौरान बिहार के स्कूलों में छुट्टियों की संख्या कम करने और मुस्लिम त्योहारों के लिए इसे बढ़ाने के लिए नीतीश कुमार सरकार पर पुरजोर हमला बोला है। बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने नीतीश कुमार को सीधे निशाने पर लिया है। नीतीश कुमार को तुष्टिकरण की राजनीति का मास्टर बताते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विन चौबे ने दावा किया कि एक बार फिर जेडीयू-आरजेडी सरकार का हिंदू विरोधी चेहरा सामने आया है, उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार वोट बैंक के लिए सनातन से नफरत करती है।
NOV 28, 2023 11:18 IST
यूपी विधानमंडल के सत्र की शुरुआत आज से, आयेगा अनुपूरक बजट
विधानमंडल का शीतकालीन सत्र मंगलवार से शुरू होगा। वर्ष 2023 में यह विधानमंडल का तीसरा और अठारहवीं विधान सभा का छठवां सत्र होगा। इस सत्र में राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए अनुपूरक बजट प्रस्तुत करेगी। मानसून सत्र के पहले दिन विधान सभा की कार्यवाही पूर्व मंत्री व लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक आशुतोष टंडन ‘गोपाल’ व अन्य पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त करने के बाद स्थगित कर दी जाएगी। बुधवार दोपहर 12.20 बजे राज्य सरकार दोनों सदनों में वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए अनुपूरक बजट पेश करेगी। विभिन्न अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयकों समेत कुछ अन्य विधेयकों को पारित कराएगी। शीतकालीन सत्र हंगामेंदार होने के आसार हैं।
NOV 28, 2023 10:18 IST
इजराइल ने 33 और फ़िलिस्तीनी कैदियों को किया रिहा
अस्थायी युद्धविराम के चौथे दिन हमास द्वारा 11 अतिरिक्त बंधकों को मुक्त करने के बाद इजरायली जेल सेवा ने मंगलवार को 33 फिलिस्तीनी कैदियों की रिहाई की पुष्टि की। सीएनएन ने सेवा के हवाले से बताया कि 33 कैदियों को, जिनमें 30 बच्चे और तीन महिलाएं शामिल हैं, डेमन, मेगिद्दो, ओफ़र, कत्ज़ियोट, रेमन और नाफ़ा की जेलों से रिहा कर दिया गया। सोमवार की रिहाई के साथ, 24 नवंबर को संघर्ष विराम लागू होने के बाद से इज़राइल ने अब तक 150 फिलिस्तीनियों को जेल से रिहा कर दिया है, इनमें मुख्य रूप से महिलाएं और नाबालिग शामिल हैं। इनमें से कई कैदियों को हिरासत में लिया गया, लेकिन उन पर कभी आरोप नहीं लगाए गए। इस बीच, हमास ने अब तक 69 बंधकों को रिहा कर दिया है, इनमें मुख्य रूप से महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। सोमवार को, फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह ने गाजा में रखे गए 11 इजरायली बंधकों के चौथे बैच को मुक्त कर दिया।
NOV 28, 2023 10:06 IST
महाराष्ट्र: स्वादिष्ट खाना नहीं परोसने पर व्यक्ति ने मां की हत्या की
महाराष्ट्र में ठाणे जिले के एक व्यक्ति ने स्वादिष्ट भोजन न परोसने को लेकर अपनी 55 वर्षीय मां से झगड़ा होने के बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ठाणे ग्रामीण पुलिस नियंत्रण कक्ष के अधिकारी ने बताया कि यह घटना मुरबाद तालुका के वेलु गांव में रविवार शाम को हुई। मां और बेटे का घरेलू मामलों को लेकर अकसर झगड़ा होता रहता था। पुलिस ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि आरोपी का रविवार को अपनी मां से फिर झगड़ा हुआ था और उसकी शिकायत थी कि वह उसके लिए स्वादिष्ट खाना नहीं बनाती।
NOV 28, 2023 10:05 IST
बारिश के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार
राष्ट्रीय राजधानी और इससे सटे इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बारिश तथा हवा की अनुकूल गति की वजह से वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ। शहर के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने सोमवार रात साढ़े आठ बजे तक 7.2 मिमी बारिश दर्ज की। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा कि हवा की गति सुधरकर 20 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई, जिससे प्रदूषक तत्वों के बिखराव में मदद मिली। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार की सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 365 रहा, जो रविवार को शाम चार बजे 395 दर्ज किया गया था।
