LIVE
आज की ताजा खबर: इजराइली दूतावास के पास धमाके की सूचना; विनेश फोगाट ने लौटाया 'खेल रत्न' और 'अर्जुन अवॉर्ड'
आज की ताजा खबर: इजराइली दूतावास के पास धमाके की सूचना; विनेश फोगाट ने लौटाया 'खेल रत्न' और 'अर्जुन अवॉर्ड'
DEC 26, 2023 23:13 IST
महात्मा गांधी का अपमान करने वाले छात्र पर मामला दर्ज
केरल पुलिस ने हाल ही में महात्मा गांधी की प्रतिमा के कथित अनादर को लेकर मंगलवार को विधि के अंतिम वर्ष के एक छात्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है।छात्र, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) का एक स्थानीय नेता भी है।
DEC 26, 2023 22:32 IST
हैदराबाद में कोविड-19 के आठ नए मामले
हैदराबाद में मंगलवार को कोविड-19 के आठ नए मामले दर्ज किए गए हालांकि तेलंगाना के अन्य जिलों में संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में बताया गया कि उपचाराधीन मामलों की कुल संख्या 59 हो गई है।बुलेटिन के मुताबिक, मंगलवार को कुल 1,333 नमूनों की जांच की गई, जिसमें से 30 की रिपोर्ट लंबित है।
DEC 26, 2023 22:24 IST
ग्रेटर नोएडा: घर खरीदारों की रजिस्ट्री का रास्ता साफ
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड ने मंगलवार को रियल एस्टेट परियोजनाओं के संबंध में अमिताभ कांत समिति की सिफारिशों को लागू करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश को लागू किया।इस कदम का मकसद खरीदारों को जल्द घर दिलाने और बिल्डरों की अटकी परियोजनाओं को पूरा करने में मदद करना है।अधिकारियों के मुताबिक इस फैसले से 117 समूह आवासीय परियोजनाओं और करीब 75,000 घर खरीदारों को लाभ मिलेगा।
DEC 26, 2023 21:21 IST
15 जनवरी से शुरू होगी मुंबई से अयोध्या तक सीधी फ्लाइट
अयोध्या से नई दिल्ली व अहमदाबाद की सीधी फ्लाइट के बाद अब इंडिगो ने 15 जनवरी से अयोध्या व मुंबई के बीच सीधी कनेक्टिविटी की घोषणा की है। बता दें कि 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शुभारंभ करेंगे।
DEC 26, 2023 20:11 IST
विनेश फोगाट ने लौटाया खेल रत्न
रेसलर बजरंग पुनिया के बाद अब विनेश फोगाट ने भी पदक लौटाने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने मंगलवार शाम घोषणा की कि वह अपना मेजर ध्यानचंद खेल खत्म और अर्जुन अवॉर्ड लौटा रही हैं। विनेश ने यह ऐलान सोशल मीडिया पर किया है।
DEC 26, 2023 20:10 IST
इजराइली दूतावास के पास धमाके की सूचना
नई दिल्ली स्थित इजराइली दूतावास के पास बम धमाके की सूचना है। बताया जा रहा है कि दूतावास के पीछे खाली पड़े प्लाट में यह धमाका हुआ है। इसकी सूचना एक व्यक्ति ने कॉल करके दी है, जिसके बाद मौके पर पुलिस दलबल के साथ पहुंच गई है।
DEC 26, 2023 18:39 IST
तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी ने पीएम मोदी से की मुलाकात
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की।
DEC 26, 2023 18:39 IST
चालू खाते का घाटा दूसरी तिमाही में घटकर 8.3 अरब डॉलर पर
देश के चालू खाते के घाटे (कैड) में कमी आई है। यह चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कम होकर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का एक प्रतिशत यानी 8.3 अरब डॉलर रहा है। मुख्य रूप से वस्तु व्यापार का घाटा कम होने तथा सेवा निर्यात बढ़ने से चालू खाते का घाटा कम हुआ है। चालू खाते का घाटा बीते वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में 3.8 प्रतिशत यानी 30.9 अरब डॉलर रहा था। कैड मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही अप्रैल-जून में 9.2 अरब डॉलर यानी जीडीपी का 1.1 प्रतिशत था।
DEC 26, 2023 17:21 IST
आंध्र प्रदेश में कोरोना से संक्रमित महिला की मौत
विशाखापत्तनम में कोरोना वायरस से संक्रमित 51 वर्षीय महिला की एक अस्पताल में मंगलवार को मौत हो गई। महिला को पहले से भी कुछ बीमारियां थी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि मृतक बी. सोमाकला को सांस संबंधी गंभीर समस्या, किडनी और विभिन्न अंगों के काम बंद करने के बाद यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
DEC 26, 2023 16:34 IST
यूट्यूब पर भी पीएम मोदी का जलवा
पीएम नरेंद्र मोदी दुनिया के पहले नेता बन गए हैं। जिनका यूट्यूब चैनल 2 करोड़ सब्सक्राइबर्स तक पहुंचा है। 4.5 अरब (450 करोड़) वीडियो व्यूज के साथ नरेंद्र मोदी चैनल सब्सक्राइबर्स, वीडियो व्यूज और राजनीतिक नेताओं द्वारा यूट्यूब पर पोस्ट किए जाने वाले वीडियो की गुणवत्ता के मामले में सबसे आगे है।
DEC 26, 2023 15:22 IST
नौसेना में शामिल हुआ आईएनएस इंफाल
विस्तारित दूरी की सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल दागने की क्षमता से लैस स्टेल्थ गाइडेड मिसाइल विध्वंसक ‘आईएनएस इंफाल’ को मंगलवार को मुंबई में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार युद्धपोत को औपचारिक रूप से नौसेना में शामिल करने के कार्यक्रम में उपस्थित थे। आईएनएस इंफाल नौसेना द्वारा स्वदेशी रूप से डिजाइन किए गए 'विशाखापत्तनम' श्रेणी के चार विध्वंसक युद्धपोतों में से तीसरा युद्धपोत है। इसे नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो ने डिजाइन किया है और यह सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम मझगांव डॉक लिमिटेड, मुंबई द्वारा निर्मित है।
DEC 26, 2023 14:41 IST
सिख गुरुओं ने भारतीयों को अपनी भूमि के गौरव के लिए जीना सिखाया: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को कहा कि सिख गुरुओं ने भारतीयों को अपनी भूमि के गौरव के लिए जीना सिखाया और देश को बेहतर व विकसित बनाने के लिए एक प्रेरणा के रूप में कार्य किया है। गुरु गोविंद सिंह के दो बेटों की शहादत की याद में आयोजित 'वीर बाल दिवस' कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि आज का भारत 'गुलामी की मानसिकता' से बाहर निकल रहा है और आज के भारत को अपने लोगों पर, अपने सामर्थ्य पर, अपनी प्रेरणाओं पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, जब तक हमने अपनी विरासत का सम्मान नहीं किया, तब तक दुनिया ने भी हमारी विरासत को भाव नहीं दिया। आज जब हम अपनी विरासत पर गर्व कर रहे हैं, तो दुनिया का भी नजरिया बदला है।
DEC 26, 2023 14:19 IST
भारत में कोरोना वायरस के उप-स्वरूप जेएन.1 के मामलों की संख्या बढ़कर 69 हुई: सूत्र
भारत में कोरोना वायरस के उप-स्वरूप जेएन.1 के छह और मामले सामने आए हैं जिससे देश में ऐसे मामलों की संख्या बढ़कर 69 हो गई है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकतर मरीज फिलहाल घर पर पृथक-वास में हैं और अस्पताल में भर्ती होने की दर में कोई वृद्धि नहीं हुई है। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वी के पॉल ने पिछले हफ्ते कहा था कि भारत में वैज्ञानिक समुदाय कोरोना वायरस के नए उप-स्वरूप की बारीकी से पड़ताल कर रहा है और राज्यों को परीक्षण बढ़ाने तथा अपनी निगरानी प्रणालियों को मजबूत करने की आवश्यकता है।
DEC 26, 2023 13:51 IST
कर्नाटक युवा निधि योजना
कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने इस वर्ष उत्तीर्ण स्नातकों, डिप्लोमा धारकों को बेरोजगारी सहायता की पेशकश करते हुए पांचवीं चुनावी गारंटी ‘युवा निधि’ की शुरुआत की।
DEC 26, 2023 13:39 IST
कर्नाटक : मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत ट्रेन का परीक्षण संचालन शुरू
मंगलुरु-मडगांव सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस का परीक्षण संचालन मंगलवार को मंगलुरु मध्य रेलवे स्टेशन से शुरू हो गया। मंगलुरु मध्य रेलवे स्टेशन पर जब मंगलुरु-मडगांव सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस के परीक्षण संचालन को हरी झंडी दिखाई गई तब दक्षिण कन्नड़ से सांसद नलिन कुमार कटील, स्थानीय धायक और रेलवे अधिकारी उपस्थित थे। मंगलुरु मध्य से सुबह साढ़े आठ बजे रवाना हुई ट्रेन दोपहर एक बजकर 15 मिनट पर मडगांव पहुंचेगी। वापसी में यह दोपहर एक बजकर 45 मिनट पर मडगांव से रवाना होगी और शाम साढ़े छह बजे मंगलुरु पहुंचेगी। ट्रेन उडुपी और करवार स्टेशनों पर रुकेगी।
DEC 26, 2023 13:14 IST
यूक्रेनी बलों के हवाई हमले में क्रीमिया में नौसेना का एक पोत क्षतिग्रस्त
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेनी बलों के हवाई हमले में क्रीमिया में नौसेना का एक पोत क्षतिग्रस्त हो गया।
DEC 26, 2023 13:18 IST
कोरोना के 116 नए मामले
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 116 नए मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में कोविड-19 मामलों की एक्टिव केस की संख्या 4170 तक पहुंच गई है।दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 3 मामले सामने आए हैं। दिल्ली में कोरोना के कुल 34 मामले एक्टिव हैं। केरल में सबसे ज्यादा कोरोना के मामले मिल रहे हैं। केरल में टोटल कोरोना के एक्टिव केस 3096 है। पिछले 24 घंटों में 3 मौतें हुई हैं।
DEC 26, 2023 12:50 IST
अमित शाह ने वीर बाल दिवस पर गुरु गोविंद सिंह, उनके बेटों को श्रद्धांजलि दी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को सिख गुरु गोविंद सिंह, उनके बेटों और पत्नी माता गुजरी को 'वीर बाल दिवस' पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी बेमिसाल वीरता भावी पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। सिख गुरु के उन सपूतों की शहादत को याद करने के लिए 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' के रूप में मनाया जाता है, जिन्होंने अपने धर्म की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी। शाह ने ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, 'वीर बाल दिवस पर मैं गुरु गोविंद सिंह जी के चार साहिबजादे और माता गुजरी जी को नमन करता हूं। सर्वोच्च साहस के साथ वे क्रूर मुगल शासन के खिलाफ खड़े हुए और धर्म परिवर्तन से इनकार करते हुए शहादत को चुना। उनकी बेजोड़ वीरता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
DEC 26, 2023 12:25 IST
वीर बाल दिवस पर पीएम मोदी की अपील
प्रधानमंत्री मोदी, वीर बाल दिवस भारतीयता की रक्षा के लिए कुछ भी कर गुजरने के संकल्प का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हुए कहा कि अगर वे फिट रहेंगे तो करियर और जीवन में सुपरहिट होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने आध्यात्मिक नेताओं, सामाजिक संगठनों से नशीली दवाओं के इस्तेमाल के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की अपील की।
DEC 26, 2023 12:14 IST
छत्तीसगढ़ : नक्सलियों द्वारा लगाए गए दो प्रेशर बम बरामद
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने दो प्रेशर बम बरामद किये हैं। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही सुरक्षा बलों ने इस साल, अब तक राज्य में नक्सलियों द्वारा बिछाई गईं कम से कम 180 बारूदी सुरंग का पता लगा कर उन्हें निष्क्रिय किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को पालनार-चेरपाल गांव की सड़क पर जिला रिजर्व गार्ड, जिला पुलिस और बम निरोधक दस्ते का एक संयुक्त दल गश्त के लिए निकला था। इसी दौरान दल को सड़क पर पांच किलोग्राम वजन वाले दो प्रेशर बम होने की जानकारी मिली।
