LIVE

आज की ताजा खबर, 25 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे 27 और 28 अप्रैल को सिक्किम का दौरा, अहमदाबाद में कल निकाय चुनाव के लिए मतदान करेंगे अमित शाह

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज बंगाल और तमिलनाडू चुनाव, ईरान अमेरिका युद्ध, इजराइल लेबनान युद्ध, आईपीएल में आज का मैच, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar): ईरान के विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान सीधी बातचीत की अटकलों को खारिज कर दिया है। विदेश मंत्री अब्बास अराघची पाकिस्तान दौरे पर हैं, जहां क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा पर चर्चा हो रही है। ईरान ने कहा कि अमेरिका के “आक्रामक कदमों” के खिलाफ शांति बहाली में पाकिस्तान की भूमिका अहम है। वहीं पर पाकिस्तान में महंगाई सातवें आसमान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर सीएम योगी आदित्यनाथ आज पश्चिम बंगाल में नदिया, पूर्व बर्धमान और उत्तर 24 परगना में जनसभाएं करेंगे। देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बाद मौसम में बदलाव और बारिश के आसार हैं। आईपीएल 2026 में आज दिल्ली-पंजाब और राजस्थान-हैदराबाद के बीच दो बड़े मुकाबले खेले जाएंगे।

Monu JhaUpdated Apr 25, 2026, 22:35 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 25 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे 27 और 28 अप्रैल को सिक्किम का दौरा, अहमदाबाद में कल निकाय चुनाव के लिए मतदान करेंगे अमित शाह

आज की ताजा खबर, 25 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे 27 और 28 अप्रैल को सिक्किम का दौरा, अहमदाबाद में कल निकाय चुनाव के लिए मतदान करेंगे अमित शाह

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज बंगाल और तमिलनाडू चुनाव, ईरान अमेरिका युद्ध, इजराइल लेबनान युद्ध, आईपीएल में आज का मैच, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar):

  • पाकिस्तान में एक बार फिर ईंधन की कीमतों में बड़ा उछाल देखने को मिला है। शहबाज शरीफ सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल दोनों की कीमतों में ₹26.77 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद पेट्रोल ₹393.35 और डीजल ₹380.19 प्रति लीटर हो गया है।
  • ईरान के विदेश मंत्रालय ने उन अटकलों पर विराम लगा दिया है जिनमें पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच सीधी बातचीत की संभावना जताई जा रही थी। विदेश मंत्री अब्बास अराघची के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल वर्तमान में पाकिस्तान के दौरे पर है, जहाँ क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को लेकर चर्चाएं जारी हैं।
  • ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने स्पष्ट किया कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची की इस्लामाबाद यात्रा का उद्देश्य पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ क्षेत्रीय शांति को बढ़ावा देना है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि अमेरिका द्वारा थोपे गए "आक्रामक युद्ध" को समाप्त करने और क्षेत्र में शांति बहाली के लिए पाकिस्तान की मध्यस्थता की भूमिका अहम है।
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को फिर पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में उतरते हुए तीन बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। शनिवार को नदिया और पूर्व बर्धमान के साथ उत्तर 24 परगना जिले में रैलियां करेंगे। पहली जनसभा नदिया जिले के नबद्वीप विधान सभा क्षेत्र में दोपहर 12:40 बजे आयोजित होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री 1:45 बजे पूर्व बर्धमान जिला के कटवा में जनसभा को संबोधित करेंगे। तीसरी व अंतिम रैली 3:10 बजे उत्तर 24 परगना जिला के बागदा में प्रस्तावित है।
  • उत्तर भारत में लगातार चढ़ते पारा से गर्मी और लू का सितम झेलना पड़ रहा है। कई राज्यों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे हीटवेव का अलर्ट घोषित किया गया है। हलाांकि, तपिश के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है, जिसमें अगले 24 से 36 घंटे के दौरान वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम में परिवर्तन होगा। इस दौरान हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही शुरू होगी और धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती हैं।
  • 26 से 1 मई के बीच यूपी, एमपी और बिहार समेत समूचे उत्तरी राज्यों में मेघ गर्जन के साथ आंधी, बारिश, आकाशीय बिजली और ओले गिरने की गतिविधियां हो सकती हैं। वहीं पहाड़ों पर 24 अप्रैल से एक नया विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसके प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ ऊंचे हिस्सों पर तेज हवाएं चलेंगी और बारिश के साथ बर्फ और ओले गिर सकते हैं।
  • आईपीएल 2026 में आज (25 अप्रैल, शनिवार) डबल हेडर का दिन है। चार टीमों के बीच दो बड़े मुकाबले आज खेले जाने हैं। इन दोनों ही मैचों में कई स्टार खिलाड़ी मैदान पर आमने-सामने होंगे और सभी चार टीमों में आईपीएल 2026 अंक तालिका में बढ़त लेने की होड़ लगी होगी। आज आईपीएल 2026 का पहला मैच दोपहर में खेला जाएगा। ये मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच होना है। डियन प्रीमियर लीग में आज शाम का मुकाबला दो आक्रामक टीमों के बीच होने वाला है।
  • ये टीमें हैं राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद। दोनों ही टीमें अपना-अपना पिछला मैच जीतकर आ रही हैं और दोनों के हौसले बुलंद होंगे। इस मैच में फैंस की नजरें राजस्थान रॉयल्स के ओपनर वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) पर टिकी होंगी। जबकि हैदराबाद की तरफ से पिछले मैच ताबड़तोड़ शतक लगाने वाले अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) से फिर से उनके फैंस को उम्मीदें रहेंगी।

APR 25, 2026 22:35 IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे 27 और 28 अप्रैल को सिक्किम का दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 और 28 अप्रैल 2026 को सिक्किम के दौरे पर जाएंगे, जहां राज्य के स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती समारोह मनाया जाएगा। इस दौरान वे गंगटोक में रोड शो करेंगे और पालजोर स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे, जिनमें कैलाश मानसरोवर यात्रा अनुकूलन केंद्र भी शामिल हैं।
APR 25, 2026 22:07 IST

अहमदाबाद में मतदान करेंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कल रहेगा अहम दौरा

केंद्रीय गृह अमित शाह कल अहमदाबाद दौरे पर रहेंगे, जहां वह स्थानीय निकाय चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
APR 25, 2026 21:57 IST

कर्नाटक में धार्मिक जुलूस के दौरान पैदल पुल टूटने से आठ श्रद्धालु घायल

दक्षिण कन्नड़ जिले में धार्मिक जुलूस के दौरान पैदल पुल के कथित तौर पर ढहने से आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना मूडबिद्री तालुक में होसाबेट्टू के निकट बावाडाबेल में शुक्रवार रात उस समय घटी जब श्रद्धालु धर्मनेमा अनुष्ठान की तैयारियों के तहत पवित्र प्रसाद से भरी पालकी पैदल पुल से ले जा रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, इस जुलूस में करीब 25 लोग शामिल थे। यह जुलूस सनडगुड्डे पाडिहोदिबेट्टू में एक मंदिर से शुरू हुआ और ताकोडे बरके में एक निवास की तरफ जा रहा था। जुलूस में पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाने वाले भी आगे चल रहे थे और दुर्घटना के समय वे संकरे पैदल पुल से गुजर रहे थे। प्रारंभिक खबरों से संकेत मिलता है कि जब समूह पुल के मध्य भाग पर पहुंचा तो सहायक बीम के टूटने से पुल ढह गया जिससे पालकी लिए हुए लोग और कई अन्य श्रद्धालु करीब 10 फुट गहरी खाई में गिर गए। इस धार्मिक जुलूस में शामिल लोगों में से एक हरीश के दोनों पैर टूट गए, जबकि मरूर के सुनील शेट्टी को गंभीर चोटें आई हैं। छह अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के उपरांत स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बचाने में मदद की। बाद में घायलों को इलाज के लिए मूडबिद्री में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने कहा कि इस पैदल पुल का निर्माण करीब पांच दशक पहले कराया गया था और यह कमजोर स्थिति में था।
APR 25, 2026 20:36 IST

प्रधानमंत्री मोदी 26 अप्रैल को करेंगे पश्चिम बंगाल के बोंगांव और आरामबाग में रैलियों को संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 अप्रैल, 2026 को पश्चिम बंगाल के बोंगांव और आरामबाग में रैलियों को संबोधित करने वाले हैं, जिसके बाद वे कोलकाता में एक रोड शो करेंगे, जिसमें वे दक्षिण कोलकाता के निर्वाचन क्षेत्रों जैसे भाबानीपुर, राशबेहारी और बालीगंज पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
APR 25, 2026 20:20 IST

जयपुर के मुहाना इलाके में बहुमंजिला इमारत में लगी आग

राजस्थान की राजधानी जयपुर के मुहाना इलाके में शनिवार को एक आवासीय बहुमंजिला इमारत की छठी मंजिल पर आग लग गई। आग की लपटों ने दो फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मुहाना थाना प्रभारी (एसएचओ) गुर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने के बाद इमारत में घना धुआं भर गया, जिससे कई लोग अंदर फंस गए थे। बचाव अभियान चलाकर करीब 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान एक व्यक्ति फ्लैट के अंदर अचेत अवस्था में मिला, जिसे एक हेड कांस्टेबल ने कंधे पर उठाकर बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। एसएचओ ने बताया कि आग लगने के तुरंत बाद इमारत की बिजली आपूर्ति काट दी गई थी। लगभग 20 मिनट के प्रयास के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
APR 25, 2026 20:16 IST

बिहार के भागलपुर जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गंगा नदी में डूबने से मौत

बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में से दो भाई-बहन थे। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार को नौगछिया थाना क्षेत्र के झल्लूदास टोला में एक घाट पर घटी। पुलिस के मुताबिक, मधेपुरा जिले के भाटगामा का यह परिवार मुंडन संस्कार के लिए भागलपुर के घाट पर आया था।
पुलिस का कहना है कि परिवार के सदस्य संस्कार के दौरान नदी में स्नान करने गए, उसी दौरान उनमें से तीन फिसल गये एवं कुछ ही क्षणों में गहरे पानी में बह गए। पुलिस के अनुसार, बाद में नदी से तीनों के शव निकाले गये। इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हर मृतक के लिए परिवार को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। उन्होंने एक बयान में कहा, ’’मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’
APR 25, 2026 20:05 IST

देश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ने पर IMD ने लू संबंधी परामर्श किया जारी

देश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ने पर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उष्ण लहर के संबंध में विस्तृत दिशानिर्देश और परामर्श जारी किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। विभाग के दिशानिर्देश एवं परामर्श में धूप में, खासकर दोपहर के समय देर तक बाहर न रहने, पर्याप्त पानी एवं तरल पेय पदार्थ पीने, हल्के एवं हवादार कपड़े पहनने, अधिक गर्मी के दौरान बाहर अधिक मेहनत वाले काम से परहेज करने जैसी बातें शामिल हैं। आईएमडी ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों के लिए विशेष देखभाल की सलाह दी है।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, "विभाग ने इस बात पर जोर दिया कि गर्मी से होने वाली बीमारियों जैसे थकान एवं लू लगने से बचने के लिए प्रारंभिक जागरूकता और निवारक उपाय महत्वपूर्ण हैं।" मौसम विभाग ने अपने नवीनतम आकलन में कहा है कि उत्तर-पश्चिमी, मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में फिलहाल अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस एवं 44 डिग्री सेल्सियस के बीच है तथा राजस्थान के श्री गंगानगर में तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक बढ़ गया है। अधिकारी ने कहा, "आईएमडी ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत के कुछ इलाकों में उष्ण लहर की प्रबल संभावना है।" तटीय और पूर्वी क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है, जबकि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में रातें गर्म रहने की संभावना है।
APR 25, 2026 18:56 IST

राजकोट में बस की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत

राजकोट के पारेवड़ी चौक पर 17 अप्रैल को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई। तेज रफ्तार एसटी वोल्वो बस ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी, जिसका पूरा घटनाक्रम पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। मृतका की पहचान हलबेन अब्दुलभाई चावड़ा के रूप में हुई है, जो जंगलश्वर के हुसैनी चौक की निवासी थीं और मोची बाजार में अपनी बहन के घर जा रही थीं। हादसे के बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में बी डिवीजन पुलिस स्टेशन ने बस चालक रणजीतसिंह वाघेला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
APR 25, 2026 16:57 IST

दिल्ली के ज्योति नगर में टेंट गोदाम में लगी आग

APR 25, 2026 16:22 IST

दिल्ली के रोहिणी में चार मंजिला इमारत में आग लगी

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-24 इलाके में स्थित चार मंजिला इमारत में आग लग गई, हालांकि इमारत में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, सेक्टर-24 के पॉकेट-20 में शुक्रवार रात आठ बज कर 54 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और दमकल कर्मियों ने रात करीब 11 बजे तक आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का अब पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, हालांकि गैस पाइपलाइन फटने की भी आशंका जताई गई है।
APR 25, 2026 16:21 IST

एमपी में खड़े ट्रक से टकराई मोटरसाइकिल, एक ही परिवार के दो लोगों की मौत, दो घायल

मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में शनिवार रात सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से मोटरसाइकिल के टकरा जाने के कारण एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने बताया कि यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर अमहा गांव के पास रात दो बजे हुई। मरावी ने बताया कि चारों लोग एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। थाना प्रभारी के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सनन बैगा (18) और अभिषेक बैगा (20) के रूप में हुई है, जो आपस में चचेरे भाई थे। घायल शिवम बैगा (10) और छोटू बैगा (25) को बेहतर इलाज के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, शहडोल ले जाया गया है। पुलिस के अनुसार, शिवम की हालत गंभीर बनी हुई है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
APR 25, 2026 15:07 IST

झांसी में एक व्‍यक्ति ने तीन वर्षीय बेटे की हत्‍या के बाद आत्महत्या की

झांसी जिले के रक्सा थानाक्षेत्र में एक ग्रामीण ने कथित तौर पर अपने तीन वर्षीय बेटे की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। झांसी सदर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रामवीर सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह ढिमररपुरा गांव से एक सूचना पर मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि प्रेम सिंह (40) अपने घर फांसी पर लटका है तथा उसके तीन वर्षीय पुत्र भरत का लहुलुहान शव भी पड़ा हुआ है।

सीओ ने कहा कि पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटना की जांच शुरू की तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
APR 25, 2026 15:06 IST

माली की राजधानी में स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास गोलीबारी की आवाज सुनी गई

माली की राजधानी बामाको में स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास शनिवार सुबह गोलीबारी की आवाज सुनी गई। स्थानीय निवासियों ने यह जानकारी दी। बामाको में मौजूद ’एसोसिएटेड प्रेस’ के एक पत्रकार ने सिटी सेंटर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित मोदिबो कीता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगातार गोलीबारी की आवाज सुनी, और साथ ही हवाई अड्डे के आसपास एक हेलीकॉप्टर को गश्त करते देखा।

यह हवाई अड्डा माली वायुसेना द्वारा उपयोग किए जाने वाले एक एयर बेस के निकट स्थित है। हवाई अड्डे के पास रहने वाले एक निवासी ने इलाके में गोलियां चलने की आवाज सुनाई देने की जानकारी दी।
APR 25, 2026 14:48 IST

यूक्रेन के निप्रो में रूसी हमलों में तीन लोग मारे गए, 20 से अधिक घायल

यूक्रेन के निप्रो शहर पर रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों में कम से कम तीन लोग मारे गए और 21 अन्य घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
निप्रॉपेत्रोवस्क के क्षेत्रीय प्रमुख अलेक्ज़ेंडर गैंज़ा ने कहा कि रात भर हुए हमलों में नष्ट हुए एक घर के मलबे में तीन शव मिले। उन्होंने कहा कि मलबे में और भी लोग दबे हो सकते हैं।
APR 25, 2026 14:47 IST

रोहिणी में चार मंजिला इमारत में आग लगी, कोई हताहत नहीं

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-24 इलाके में स्थित चार मंजिला इमारत में आग लग गई, हालांकि इमारत में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, सेक्टर-24 के पॉकेट-20 में शुक्रवार रात आठ बज कर 54 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी।

अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और दमकल कर्मियों ने रात करीब 11 बजे तक आग पर काबू पा लिया।
APR 25, 2026 14:47 IST

ईरान के विदेश मंत्री ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख से मुलाकात की

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शनिवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब इस्लामाबाद अमेरिका और ईरान के बीच संबंधों को सुगम बनाने के अपने प्रयासों को जारी रखे हुए है।

ईरानी दूतावास द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो के अनुसार, बैठक में ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई और ईरान के राजदूत रजा अमीरी मोघदम भी उपस्थित थे।
APR 25, 2026 14:45 IST

केजरीवाल ने ‘शीशमहल-2' पर निजी धन खर्च किया: भाजपा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोधी एस्टेट में आवंटित नए बंगले को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर शनिवार को निशाना साधा और इसे ’शीशमहल-2’ करार देते हुए आरोप लगाया कि इसमें सुविधाएं तैयार करने के लिए निजी धन खर्च किया गया। ’आप’ ने इस आरोप से इनकार करते हुए इसे गलत बताया है।

दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केजरीवाल ऐशो-आराम से रहने के आदी हो चुके हैं। वर्मा ने कहा, ’’दिल्ली के ’धुरंधर’ मतदाताओं ने जब उन्हें शीशमहल से बाहर कर दिया तो वह पंजाब चले गए जहां उन्होंने एक बंगले पर कब्जा कर लिया और अब उन्होंने लोधी एस्टेट में शीशमहल-2 तैयार कर लिया है।’’

मंत्री ने राष्ट्रीय पार्टी ’आप’ के प्रमुख के तौर पर केजरीवाल को केंद्र द्वारा आवंटित ’टाइप-7’ बंगले की तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) बंगलों पर इतना पैसा खर्च नहीं करता। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं तैयार करने के लिए ’’निजी धन’’ खर्च किया गया।
APR 25, 2026 14:42 IST

हरियाणा में गेहूं की खरीद सुचारू रूप से जारी, मंडियों में रिकॉर्ड आवक: सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कहा कि राज्य की मंडियों में रिकॉर्ड आवक के बीच गेहूं की खरीद सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार द्वारा शुरू की गई बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी नई व्यवस्थाओं को लेकर किसानों को परेशान किए जाने के आरोप निराधार हैं।

उन्होंने बताया कि रबी विपणन सत्र 2026-27 में अब तक फसलों की रिकॉर्ड आवक दर्ज की गई है, जिसने पिछले चार वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक मंडियों में 81 लाख टन से अधिक गेहूं की आवक हुई है, जिनमें से 70 लाख टन से अधिक की खरीद की जा चुकी है।
APR 25, 2026 14:11 IST

महिला लोको पायलट ने यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी मुख्य लोको निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

दक्षिण रेलवे के सेलम मंडल के मुख्य लोको निरीक्षक के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला सहायक लोको पायलट ने हाल में संबंधित अधिकारी के समक्ष एक नयी अपील दायर कर आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।महिला का आरोप है कि मुख्य लोको निरीक्षक ने उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उसका यौन उत्पीड़न किया।

यह घटना पिछले साल 13 सितंबर को एक परिचयात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम परीक्षा के दौरान हुई थी। महिला की प्रारंभिक शिकायत के आधार पर आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) ने आरोपी अधिकारी के केवल तबादले और चेतावनी जारी करने की सिफारिश की है।

समिति की इसी रिपोर्ट पर आपत्ति जताते हुए पीड़िता ने सेलम के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के समक्ष हाल में नयी अपील दायर की है और आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
APR 25, 2026 13:45 IST

महाराष्ट्र: ऑर्केस्ट्रा बार पर छापेमारी के बाद 13 महिलाओं को मुक्त कराया

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक ऑर्केस्ट्रा बार पर छापा मारकर एक नाबालिग सहित 13 महिलाओं को मुक्त कराया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोईफोडे ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने बृहस्पतिवार रात भायंदर पूर्व स्थित बार पर छापा मारा और वहां मंच पर महिलाओं को नृत्य करते पाया।

उन्होंने बताया, ’’बार प्रबंधन द्वारा अनुमति से अधिक महिलाओं को काम पर रखने और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए उन्हें अश्लील नृत्य करने पर मजबूर किए जाने की सूचना मिलने के बाद आधी रात के आसपास यह कार्रवाई की गई।’’

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि भवन की तलाशी के दौरान पुलिस टीम को अतिरिक्त महिलाओं को छिपाने के लिए बनाई गई एक संकरी गुप्त जगह मिली, जहां से छह महिलाओं और एक नाबालिग को मुक्त कराया गया।

संबंधित खबरें