LIVE

आज की ताजा खबर, 25 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़: ईरान ने अमेरिका के नए प्रतिबंधों को मानने से इनकार किया, बेरोजगारी और महंगाई के बीच BJP जमीनी स्तर पर उतारेगी अपने नेता...दिल्ली में भारी बारिश से सड़कों पर पानी भरा, 16 उड़ानें रद्द

मंगलवार को दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया गया है क्योंकि सुबह शहर में भारी बारिश हुई और राष्ट्रीय राजधानी व आसपास के इलाकों में और बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। इसके अलावा, नौकरियों और कीमतों को लेकर हो रही आलोचना के बीच, BJP ने अपने सांसदों से जमीनी स्तर पर काम में तेजी लाने को कहा है। वहीं, ईरान ने अमेरिका के नए प्रतिबंधों को मानने से इनकार किया, कहा कि उनसे निपटने के लिए 'दो साल का प्लान' तैयार है। पढ़ें- देश और विदेश की अन्य सभी खबरें

nitin aroraUpdated Aug 25, 2026, 21:37 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 25 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़: ईरान ने अमेरिका के नए प्रतिबंधों को मानने से इनकार किया, बेरोजगारी और महंगाई के बीच BJP जमीनी स्तर पर उतारेगी अपने नेता...दिल्ली में भारी बारिश से सड़कों पर पानी भरा, 16 उड़ानें रद्द

आज की ताजा खबर, 25 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़: ईरान ने अमेरिका के नए प्रतिबंधों को मानने से इनकार किया, बेरोजगारी और महंगाई के बीच BJP जमीनी स्तर पर उतारेगी अपने नेता...दिल्ली में भारी बारिश से सड़कों पर पानी भरा, 16 उड़ानें रद्द

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की लीडरशिप ने अपने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने और चुने हुए प्रतिनिधियों से अपने चुनाव क्षेत्रों में ज्यादा समय बिताने को कहा है। इसके अलावा, दिल्ली में भारी बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है। इसके कारण 16 उड़ानें रद्द हो गई हैं और 132 उड़ानों में देरी दर्ज की जा रही है। दिल्ली ncr के कई हिस्सों में पिछले कई दिनों से मौसम बिगड़ता नजर आ रहा है। वहीं, ईरान के अर्थव्यवस्था मंत्री ने अमेरिका की एक और हार की भविष्यवाणी की और कहा कि वॉशिंगटन के नए प्रतिबंधों का मुकाबला करने के लिए इस्लामिक गणराज्य के पास दो साल की योजना है। पढ़ें- देश और विदेश की अन्य सभी खबरें

AUG 25, 2026 21:36 IST

दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में युवक ने लगाई छलांग, मौत

नई दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में 37 वर्षीय दिविज मारिया की चौथी मंजिल स्थित पूलसाइड क्षेत्र से कूदने के बाद मौत हो गई। घटना की सूचना दोपहर करीब 3 बजे के बाद पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने को मिली। पुलिस के अनुसार, दिविज मारिया ने करीब छह महीने पहले गुरुग्राम स्थित अपनी नौकरी छोड़ दी थी और पिछले कुछ महीनों से अवसाद का इलाज करा रहे थे। उन्हें तत्काल आरएमएल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया है, शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रख दिया गया है और बीएनएसएस की धारा 194 के तहत जांच की जा रही है।
AUG 25, 2026 18:34 IST

फिरोजपुर में बड़ी कार्रवाई, 44.5 किलो हेरोइन और 3 किलो आइस ड्रग बरामद

काउंटर इंटेलिजेंस (CI) फिरोजपुर और BSF ने संयुक्त अभियान में सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 44.5 किलो हेरोइन और 3 किलो आइस ड्रग बरामद की है। CI फिरोजपुर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर फिरोजपुर के गांव गजनीवाला के खेतों में घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें यह खेप बरामद हुई। मामले में फाजिल्का स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन्स सेल थाने में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। एजेंसियां तस्करी नेटवर्क के आगे-पीछे के लिंक खंगालने और सीमा पार के हैंडलर्स से जुड़े सभी लोगों की पहचान के लिए जांच कर रही हैं।
AUG 25, 2026 18:25 IST

स्कूल में हिजाब की अनुमति नहीं, हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ अदालत जाएगा मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड

ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के उस फैसले को चुनौती देने की तैयारी शुरू कर दी है, जिसमें प्रयागराज के एक निजी स्कूल की छात्रा को यूनिफॉर्म के साथ हिजाब पहनने की अनुमति देने संबंधी याचिका खारिज कर दी गई थी। हाईकोर्ट ने कहा था कि हिजाब इस्लाम की ऐसी अनिवार्य धार्मिक प्रथा साबित नहीं हुई है, जिसके बिना आस्था प्रभावित हो जाए। बोर्ड सदस्य मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने फैसले पर पुनर्विचार की जरूरत बताते हुए कहा कि हिजाब का उल्लेख कुरान और हदीस में है तथा इसे दुनिया भर की मुस्लिम महिलाएं अपनाती हैं। वहीं अदालत ने माना कि निजी स्कूल का ड्रेस कोड तय करना उसकी आंतरिक नीति का हिस्सा है और इससे धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लंघन नहीं होता।
AUG 25, 2026 11:28 IST

फतेहपुर में खाद्य विभाग की छापेमारी

रक्षाबंधन के पर्व को देख खाद्य विभाग की छापेमारी। 30 कुंतल मिलावटी मिठाई को बरामद कर करवाया नष्ट, 134 किलो मिलावटी रिफाइंड सीज। मिठाई के दुकानों से भरे गए मिल्क केक, बर्फी, छेना के सैंपल। खाद्य विभाग की टीम में खागा सहित विभिन्न जगहों में की छापेमारी। छापेमारी से मचा हड़कंप, जप्त की गई 30 कुन्तल मिठाई को किया नष्ट। खागा तहसील क्षेत्र का मामला।
AUG 25, 2026 11:27 IST

महाराष्ट्र के नए लोकायुक्त ने ली शपथ

न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) सुनील बालकृष्ण शुक्रे ने आज महाराष्ट्र के लोकायुक्त संस्थान के अध्यक्ष के रूप में शपथ ली।

मुंबई स्थित राजभवन में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने न्यायमूर्ति सुनील शुक्रे को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर भी मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस, उपमुख्यमंत्री शिंदे और विधानसभा अध्यक्ष नार्वेकर ने न्यायमूर्ति सुनील शुक्रे को महाराष्ट्र के लोकायुक्त संस्थान के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
AUG 25, 2026 11:02 IST

ओखला फेस-2 की कपड़ा फैक्ट्री में भीषण आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

लोकेशन-ओखला फेस 2
राजधानी दिल्ली के ओखला फेस-2 इलाके में अचानक उस वक्त हड़कंप मच गया जब मंगलवार सुबह एक कपड़ा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक फैक्ट्री में आग करीब सुबह 7 बजे लगी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल विभाग को सुबह 7:20 बजे आग की सूचना मिली, जिसके बाद पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।

आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों ने भी मदद के लिए मोर्चा संभाला और फैक्ट्री में मौजूद आग बुझाने के उपकरणों का इस्तेमाल करने की कोशिश की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और कई फायर सिलेंडर एक्सपायर हो चुके थे।

दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मौके पर एंबुलेंस भी पहुंची थी।
AUG 25, 2026 09:35 IST

अमेरिका के कॉलेजों में भारतीय छात्रों के आवेदनों में 15 प्रतिशत की गिरावट

आव्रजन नीतियों में सख्ती के बीच अमेरिका के कॉलेजों में दाखिले के इच्छुक भारतीय छात्रों की संख्या 2025-26 में उससे पिछले वर्ष की तुलना में 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। एक गैर-लाभकारी संगठन की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

एक हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाले ’कॉमन ऐप’ द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदनों की कुल संख्या में वृद्धि हुई है, लेकिन एक मार्च तक अंतरराष्ट्रीय आवेदकों की संख्या में 10 प्रतिशत की गिरावट आई है जो अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है।

रिपोर्ट में बताया गया कि भारत से आवेदन करने वाले छात्रों की संख्या में 15 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। अमेरिका में पढ़ाई के लिए आने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों में सबसे अधिक संख्या भारत से होती है।

इससे पहले, शिक्षाविदों के एक संगठन की रिपोर्ट में कहा गया था कि कड़े वीजा नियमों और नीतिगत अनिश्चितता के कारण 2026 के आगामी सत्र में अमेरिकी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के दाखिले में करीब 1.1 लाख की कमी आने की आशंका है।

’नाफ्सा’ (एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल एजुकेटर्स) और शोध संस्था ’जेबी इंटरनेशनल’ की रिपोर्ट के अनुसार, 2025-26 के शैक्षणिक सत्र में अंतरराष्ट्रीय छात्रों की संख्या अनुमानित 11.69 लाख थी। इस वर्ष यह संख्या घटकर 10.57 लाख रह जाने का अनुमान है।
AUG 25, 2026 09:34 IST

अमेरिका: अदालत ने ट्रंप के डाक से मतदान संबंधी आदेश को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ किया

अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने डाक से मतदान पर प्रतिबंध लगाने संबंधी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शासकीय आदेश को आगे बढ़ाने का रास्ता सोमवार को साफ कर दिया।

हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि नजदीक आ रहे मध्यावधि चुनावों से पहले उनका प्रशासन इस आदेश को किस हद तक लागू कर पाएगा।

इस फैसले को अदालत में चुनौती देने की गुंजाइश बनी हुई है, जो ट्रंप के आदेश के कार्यान्वयन में और देरी कर सकती हैं। अमेरिकी डाक सेवा ने पिछले सप्ताह बताया था कि वह इस आदेश को किस तरह लागू करेगी, लेकिन बड़े बदलाव लागू करने के लिए अब समय बहुत कम बचा है। कुछ राज्यों में मतदाताओं को डाक मतपत्र भेजने की प्रक्रिया कुछ ही हफ्तों में शुरू होने वाली है।

डाक से मतदान लंबे समय से ट्रंप के निशाने पर रहा है। ट्रंप का दावा रहा है कि इससे चुनाव में हेराफेरी को बढ़ावा मिलता है। हालांकि, इसके विपरीत ठोस प्रमाण मौजूद हैं और खुद ट्रंप भी इस मतदान पद्धति का इस्तेमाल कर चुके हैं।

अमेरिकी न्याय विभाग ने शीर्ष अदालत में आपात अपील दायर कर अनुरोध किया था कि मध्यावधि चुनाव से पहले बदलावों को लागू करने की प्रक्रिया पर काम करने की अनुमति दी जाए।

मार्च में हस्ताक्षरित ट्रंप के शासकीय आदेश में उनके प्रशासन से पात्र मतदाताओं की सूची तैयार करने को कहा गया है। साथ ही, अमेरिकी डाक सेवा को निर्देश दिया गया है कि वह डाक मतपत्र केवल उन्हीं लोगों को भेजे, जिनके नाम इन सूचियों में शामिल हों।

देश के 23 राज्यों और कोलंबिया जिले के डेमोक्रेटिक अधिकारियों ने इस आदेश को रोकने के लिए मुकदमा दायर किया। उनका तर्क था कि संविधान राज्यों और कांग्रेस को चुनाव संचालित करने का अधिकार देता है और ट्रंप के प्रस्तावित बदलावों से अराजकता और राजनीतिक पक्षपात का दुरुपयोग हो सकता है।

वहीं ट्रंप प्रशासन ने तर्क दिया कि राज्यों ने बहुत जल्द मुकदमा दायर कर दिया। प्रशासन ने वाशिंगटन से आए एक अन्य फैसले का भी हवाला दिया, जिसमें एक न्यायाधीश ने ट्रंप के आदेश को आगे बढ़ने की अनुमति दी थी। एक अपीलीय अदालत ने भी उस फैसले का समर्थन किया, हालांकि उसने भविष्य में बदलाव लागू किए जाने की स्थिति में आगे की अदालती कार्रवाई की गुंजाइश बरकरार रखी।
AUG 25, 2026 09:32 IST

गुरमीत राम रहीम को 21 दिन की फरलो मिली

अपनी दो शिष्याओं से दुष्कर्म के मामले में 20 साल की जेल की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को 21 दिन की फरलो दी गयी है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, इस अवधि के दौरान वह सिरसा स्थित अपने डेरा मुख्यालय में रहेगा।

अगस्त 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद यह 17वीं बार है, जब राम रहीम जेल से बाहर आएगा।
वह फिलहाल हरियाणा के रोहतक स्थित सुनारिया जेल में है।

मई में उसे 30 दिन की पैरोल दी गई थी। इससे पहले जनवरी में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी।
AUG 25, 2026 09:31 IST

चीन पर नया शुल्क लगाने की तैयारी में ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वैश्विक बाजार में अत्यधिक मात्रा में सस्ते सामान भेजने को लेकर दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन पर नया शुल्क लगाने की तैयारी कर रहे हैं। मामले के जानकार अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

आंतरिक विचार-विमर्श से जुड़े दो सूत्रों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप नए शुल्क की दर 7.5 प्रतिशत तय करने पर विचार कर रहे हैं।

प्रशासन के अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से अमेरिका और चीन के बीच पिछले करीब एक साल से व्यापार संबंधों में बनी स्थिरता की स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। साथ ही, सितंबर के अंत में ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच प्रस्तावित बैठक भी इससे प्रभावित नहीं होगी।

यदि इस फैसले को अंतिम मंजूरी मिल जाती है, तो इसे इस साल की शुरुआत में उच्चतम न्यायालय के एक फैसले के बाद ’व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) की ओर से उठाया गया एक सोचा-समझा कदम माना जाएगा। न्यायालय ने ट्रंप की सबसे व्यापक और ऊंची शुल्क दर वाली योजना को रद्द कर दिया था।

व्हाइट हाउस और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने इस विषय पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। वहीं, वाशिंगटन स्थित चीनी दूतावास ने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। यदि यह फैसला लागू होता है, तो नया शुल्क पिछले महीने घोषित 10 से 12.5 प्रतिशत शुल्क के अतिरिक्त होगा। ये शुल्क दुनिया के करीब 60 देशों पर लगाए गए थे।
AUG 25, 2026 09:08 IST

ईरान ने अमेरिका के नए प्रतिबंधों को मानने से इनकार किया, कहा- उनसे निपटने के लिए 'दो साल का प्लान' तैयार है

ईरान के अर्थव्यवस्था मंत्री अली मदानिजादेह ने सोमवार को अमेरिका की एक और हार की भविष्यवाणी की। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन के नए प्रतिबंधों का मुक़ाबला करने के लिए इस्लामिक रिपब्लिक के पास दो साल की योजना है।

मदानिजादेह ने सरकारी टेलीविजन से कहा, 'उन्होंने ईरानी लोगों और देश के अधिकारियों के संकल्प को परखने के लिए हर संभव कोशिश की है, लेकिन वे हर बार नाकाम रहे हैं। ऐसा लगता है कि वे एक और हार का सामना करना चाहते थे।'
AUG 25, 2026 09:07 IST

नौकरियों और महंगाई को लेकर हो रही आलोचना के बीच, BJP ने अपने सांसदों से जमीनी स्तर पर तेजी से काम करने को कहा

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की लीडरशिप ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे लोगों से संपर्क बढ़ाएं और चुने हुए प्रतिनिधि अपने चुनाव क्षेत्रों में ज्यादा समय दें। यह निर्देश ऐसे समय में आया है जब नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) सरकार की आलोचना हो रही है-वजहें हैं परीक्षाओं और रोजगार से जुड़ी गड़बड़ियां, खाने-पीने की चीजों, ट्रांसपोर्ट और बिजली-ईंधन के बिलों में महंगाई और अन्य मुद्दे। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने यह बात बताई।

यह निर्देश शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की BJP के नए पदाधिकारियों के साथ हुई लंबी बैठक के ठीक बाद आया है। माना जा रहा है कि बैठक में उन्होंने जमीनी स्तर पर तेजी से काम करने की जरूरत पर जोर दिया।

मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर के पदाधिकारियों के साथ खुलकर बातचीत की। उन्होंने लोगों में बढ़ती बेचैनी का जिक्र किया और टीम से लीक से हटकर सोचने को कहा।

मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया, 'उन्होंने कहा कि आज की समस्याओं के समाधान के लिए नए तरीकों की जरूरत है... नई टीम को नए विचारों के साथ काम करना होगा...'
AUG 25, 2026 09:05 IST

दिल्ली में भारी बारिश से सड़कों पर पानी भरा; 16 उड़ानें रद्द, 132 में देरी

मंगलवार सुबह दिल्ली और नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) के आस-पास के इलाकों में भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। इस बारिश की वजह से राजधानी के कई इलाकों में सड़कों पर भारी जलजमाव हो गया और आसमान में घने बादल छाए रहे।

एयरलाइन ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के अनुसार, दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 16 उड़ानें रद्द कर दी गईं और 132 उड़ानों में देरी हुई।