आज की ताजा खबर, 24 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: गणतंत्र दिवस से पहले खालिस्तानी चरमपंथी गुरपतवंत पन्नू के खिलाफ पुलिस केस, IMD ने कोहरे और ठंड को लेकर जारी किया अलर्ट
आज की ताजा खबर लाइव, 24 जनवरी 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [गुरपतवंत पन्नू], [कोहरा ठंड], [डोनाल्ड ट्रंप] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: शनिवार सुबह दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में आसमान साफ रहा। आगे का मौसम कैसा रहेगा नीचे पढें। वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ FIR दर्ज की है। उधर मुंबई में आवासीय इमारत पर गोलीबारी के आरोप में अभिनेता कमाल आर. खान गिरफ्तार किए गए हैं।
आज की ताजा खबर, 24 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: गणतंत्र दिवस से पहले खालिस्तानी चरमपंथी गुरपतवंत पन्नू के खिलाफ पुलिस केस, IMD ने कोहरे और ठंड को लेकर जारी किया अलर्ट
-दिल्ली-NCR का मौसम
-गणतंत्र दिवस से पहले पुलिस अलर्ट
-अभिनेता कमाल आर. खान गिरफ्तार
हैदराबाद के नामपल्ली में एक फर्नीचर गोदाम में लगी आग
यूनेस्को की संभावित सूची में तीन बौद्ध स्थलों को शामिल किया
परिदा राज्य के पर्यटन विभाग की प्रभारी मंत्री भी हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “रत्नागिरि, उदयगिरि और ललितगिरि को यूनेस्को की संभावित सूची में शामिल किया गया है।” परिदा ने कहा कि यूनेस्को की संभावित सूची में राज्य के तीन बौद्ध स्थलों को जगह दिया जाना विरासत, संरक्षण और सतत पर्यटन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पार्टी लाइन का कभी उल्लंघन नहीं किया, ऑपरेशन सिंदूर पर अपने रुख पर खेद नहीं: शशि थरूर
थरूर ने यहां केरल साहित्य महोत्सव के एक सत्र के दौरान सवालों का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने उस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया था और उन्हें इसका ‘‘खेद नहीं’’ है।
उनका यह बयान इन हालिया खबरों के बीच आया है जिनमें ‘‘थरूर के पार्टी नेतृत्व से मतभेद’’ की बात कही गई है। ऐसी अटकलें हैं कि थरूर इस बात से ‘‘आहत’’ हैं कि राहुल गांधी ने हाल में कोच्चि में एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर उनके मौजूद होने के बावजूद उनके नाम का उल्लेख नहीं किया और राज्य के नेताओं द्वारा बार-बार उन्हें ‘‘दरकिनार’’ करने की कोशिश की जा रही है।
थरूर ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि एक पर्यवेक्षक और लेखक के रूप में उन्होंने पहलगाम घटना के बाद एक अखबार में स्तंभ लिखा था जिसमें उन्होंने कहा था कि इसकी सजा मिलनी चाहिए और ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, ऐसे में उसे पाकिस्तान के साथ लंबे टकराव में नहीं पड़ना चाहिए और कोई भी कार्रवाई आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाने तक सीमित होनी चाहिए।
सनी देओल की ‘बॉर्डर 2' ने पहले दिन 32.10 करोड़ रुपये की कमाई की
यह फिल्म शुक्रवार को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। ‘बॉर्डर 2’, सनी देओल की वर्ष 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ की अगली कड़ी है।
‘बॉर्डर’ का निर्देशन जेपी दत्ता ने किया था जबकि इसकी अगली कड़ी यानी ‘बॉर्डर 2’ का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। इसे टी-सीरीज और जेपी फिल्म्स के सहयोग से तैयार किया गया है। इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए।
दीपक जायसवाल बने संभल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट
सीजेएम संभल के पद पर आदित्य सिंह का स्थानांतरण तीन दिन पूर्व कर दिया गया था, लेकिन नयी अधिसूचना के तहत अब उनका स्थानांतरण वापस सिविल जज (सीनियर डिवीजन), संभल के पद पर कर दिया गया है।
इससे पूर्व, संभल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विभांशु सुधीर का स्थानांतरण सिविल जज (सीनियर डिवीजन), सुल्तानपुर के तौर पर कर दिया गया।
इस प्रकार से, तीन दिनों में दूसरी बार संभल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को बदला गया है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने सिविल जज, सीनियर डिवीजन/मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट और सिविल जज, जूनियर डिवीजन/न्यायिक मजिस्ट्रेट के पदों पर काम कर रहे करीब 633 न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं।
उल्लेखनीय है कि संभल के सीजेएम के तौर पर काम करते हुए विभांशु सुधीर ने नवंबर, 2024 में संभल में हुई हिंसा के मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए थे। उनके स्थानांतरण को लेकर जिला अदालत के वकीलों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया था और स्थानांतरण रोके जाने की मांग की थी।
अमेरिका में ठंड का कहर, तूफान, बर्फबारी एवं बिजली कटौती की आशंका
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जिन इलाकों में भारी बर्फ जमने की स्थिति बनी है और वहां गंभीर नुकसान हो सकता है।
तापमान में गिरावट के बीच टेक्सास के लब्बॉक शहर में दोपहर में बारिश हुई, जिससे सड़कें फिसलन भरी हो गईं।
यह शीतकालीन तूफान दक्षिणी इलाकों से गुजरने के बाद उत्तर-पूर्वी हिस्सों की ओर बढ़ सकता है।
दिल्ली में बारिश के बाद रात के तापमान में गिरावट, वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार सफदरजंग स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के सामान्य तापमान से 0.1 डिग्री अधिक है। तापमान में यह कमी शुक्रवार के 13.7 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान से काफी कम है, जो पिछले चार वर्षों में सबसे अधिक था।
अन्य प्रमुख स्टेशनों में पालम और लोधी रोड दोनों में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि रिज में 6.6 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में छह डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सबसे ठंडा स्थान रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार शनिवार सुबह वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार देखा गया और औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शुक्रवार के 293 के मुकाबले 256 पर रहा जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
वहीं, 29 स्टेशन पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई जबकि चार स्टेशन पर यह ‘बहुत खराब’ थी। इस रिपोर्ट को लिखते समय तीन स्टेशन के एक्यूआई आंकड़े उपलब्ध नहीं थे। इन स्टेशन में द्वारका में सबसे कम एक्यूआई 113 दर्ज किया गया।
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने दिल्ली की वायु गुणवत्ता अगले दो दिनों तक ‘खराब’ श्रेणी में रहने का पूर्वानुमान जताया है। इसके बाद के छह दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, वायु गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है।
युवाओं के लिए नए अवसर खोल रहे व्यापार समझौते: प्रधानमंत्री मोदी
मोदी ने यह बात 18वें रोजगार मेले में कही जहां उन्होंने विभिन्न सरकारी नौकरियों के 61,000 नियुक्ति पत्र इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से सौंपे।
मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देश भर के 45 स्थानों पर रोजगार मेलों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भारत कई देशों के साथ व्यापार और आवागमन संबंधी समझौते कर रहा है। ये व्यापार समझौते देश के युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आ रहे हैं।’’
मोदी ने कहा कि दुनिया में युवाओं की सबसे अधिक संख्या भारत में है और उनकी सरकार देश के भीतर और विदेश में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के प्रयास कर रही है।
ट्रंप ने ‘शांति बोर्ड' में शामिल होने का कनाडा को दिया निमंत्रण वापस लिया
कार्नी उन देशों के नेता के रूप में तेजी से उभर रहे हैं जो अमेरिका का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने के तरीके खोज रहे हैं। कार्नी ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच के दौरान कहा, ‘‘मध्यम शक्ति वाले देशों को मिलकर कदम उठाना होगा, क्योंकि अगर आप बातचीत की मेज पर नहीं हैं, तो आप दांव पर हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘महाशक्तियों की प्रतिद्वंद्विता के दौर से गुजर रही दुनिया में, मध्यम शक्ति वाले देशों के पास एक विकल्प है- या तो वे कृपा पाने के लिए एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करें या फिर एक प्रभावशाली तीसरा मार्ग बनाने के लिए एकजुट हों।’’ कार्नी ने कहा, ‘‘हमें कठोर शक्तियों के उदय के बीच इस तथ्य को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए कि वैधता, ईमानदारी और नियमों की शक्ति मजबूत बनी रहेगी, यदि हम इसे मिलकर इस्तेमाल करने का फैसला करें।’’ ट्रंप ने इन टिप्पणियों को लेकर दावोस में धमकी भरे लहजे में प्रतिक्रिया दी और कनाडा को दिया ‘शांति बोर्ड’ का निमंत्रण वापस ले लिया।
ओडिशा का नवरंगपुर जिला ‘नक्सल-मुक्त' घोषित
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली नवरंगपुर और छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सक्रिय थे। पुलिस ने एक बयान में कहा, 'उनके आत्मसमर्पण के साथ ही नवरंगपुर जिला नक्सली गतिविधियों से मुक्त हो गया है।'
मोदी का केरल दौरा: फ्लेक्स बोर्ड को लेकर मामला दर्ज, भाजपा शासित नगर निकाय का पार्टी पर जुर्माना
तिरुवनंतपुरम नगर निगम सचिव द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर छावनी पुलिस ने शुक्रवार देर रात भाजपा की जिला इकाई के अध्यक्ष करमना जयन के खिलाफ एक मामला दर्ज किया।
प्राथमिकी के अनुसार केरल उच्च न्यायालय के कई आदेशों और स्थानीय स्वशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन करते हुए भाजपा जिला समिति ने प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान फुटपाथों पर फ्लेक्स बोर्ड लगाए जिससे पालयम जंक्शन से पुलिमूडु जंक्शन तक लोगों को असुविधा हुई।
इसमें कहा गया है कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 (लोक सेवक द्वारा विधिवत रूप से जारी किए गए आदेशों की अवज्ञा) और 285 (सार्वजनिक मार्गों में खतरा, बाधा और जोखिम पैदा करना) तथा केरल पुलिस अधिनियम की धारा 120(बी) (जनता को बाधा, असुविधा और खतरा पैदा करना) के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जांच शुरू की जाएगी।
नोएडा के एक छात्रावास की चौथी मंजिल से कूदकर छात्र ने की आत्महत्या
कुमार ने बताया कि वह अपने मित्रों के साथ शराब पीकर देर रात छात्रावास में आया था जिसके कारण छात्रावास प्रबंधन ने उसे फटकार लगाई और उसका वीडियो बनाकर उसके पिता विजय सोनी को भेज दिया। उन्होंने बताया कि वीडियो मिलने पर विजय ने अपने बेटे को डांटा और इस घटना से क्षुब्ध होकर उदित छात्रावास की चौथी मंजिल से नीचे कूद गया। कुमार ने बताया कि छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। कुमार ने बताया कि इस घटना के बाद छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने बताया कि मृतक छात्र के परिजन को घटना की सूचना दे दी गई है।
विश्वास है कि उत्तर प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा: राष्ट्रपति मुर्मू
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। मैं इस राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।’’ उत्तर प्रदेश को पहले ‘यूनाइटेड प्रोविंस’ (संयुक्त प्रांत) के नाम से जाना जाता था। इसे 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश के रूप में मान्यता मिली।
भागवत रांची में आदिवासी समूहों से बातचीत करेंगे
संगठन के एक पदाधिकारी ने कहा, ‘‘वह विभिन्न आदिवासी समूहों के प्रतिनिधियों के साथ बंद कमरे में ‘जनजातीय संवाद’ नामक बैठक करेंगे। कार्यक्रम में आरएसएस नेताओं सहित करीब 500 लोग मौजूद रहेंगे।’’ उन्होंने बताया कि पांच घंटे का यह कार्यक्रम पूर्वाह्न 10.30 बजे शुरू होगा। भागवत के शाम को पटना रवाना होने का कार्यक्रम है।
नोएडा में चलती कार में लगी आग, दो लोगों ने कूदकर बचाई जान
मणिपुर में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद
बरामद हथियारों में मैगजीन सहित एक .303 राइफल, एक एसएलआर, आठ सिंगल बैरल ब्रीच लोडिंग (एसबीबीएल) राइफल, एक रिवॉल्वर और मैगजीन सहित .22 बोर की पिस्तौल शामिल थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत रत्न से सम्मानित जननायक कर्पूरी ठाकुर को उनकी जयंती पर सादर नमन।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अपनी सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण भाव को लेकर वह सदैव स्मरणीय एवं अनुकरणीय रहेंगे।’’ ‘जननायक’ के नाम से लोकप्रिय ठाकुर को 2024 में मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। कर्पूरी ठाकुर का जन्म बिहार के समस्तीपुर जिले के एक गांव में 24 जनवरी 1924 को हुआ था।
मुंबई में आवासीय इमारत पर गोलीबारी के आरोप में अभिनेता कमाल आर. खान गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी को अंधेरी के ओशिवारा इलाके स्थित नालंदा सोसाइटी पर दो गोलियां चलाई गईं। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सोसाइटी परिसर पर दो गोलियां चलाये जाने की बात सामने आयी।पुलिस ने बताया कि एक गोली दूसरी मंजिल पर जबकि दूसरी चौथी मंजिल पर लगी थी। उन्होंने बताया कि जहां ये गोलियां लगी थीं उनमें से एक फ्लैट एक लेखक-निर्देशक का है, जबकि दूसरा फ्लैट एक मॉडल का है।
अधिकारी ने बताया कि शुरू में पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली क्योंकि सीसीटीवी फुटेज में उन्हें कुछ भी नहीं मिला। उन्होंने बताया कि हालांकि, एक फोरेंसिक विश्लेषण से संकेत मिला कि हो सकता है कि गोलियां पास में स्थित खान के बंगले से चलाई गई हों।
उन्होंने कहा कि गोलीबारी का वास्तविक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि अभिनेता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
'स्लीपर सेल' के दावे, PM को 'गाली': गणतंत्र दिवस से पहले खालिस्तानी चरमपंथी के खिलाफ पुलिस केस
यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 (दुश्मनी को बढ़ावा देना), 197 (राष्ट्रीय एकता के लिए नुकसानदायक आरोप), 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले काम) और 61 (आपराधिक साज़िश) के तहत दर्ज किया गया है।
मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी के अनुसार, अमेरिका में रहने वाले पन्नू ने हाल ही में सोशल मीडिया पर यह वीडियो जारी किया था, हालांकि, पुलिस को बताई गई जगहों पर ऐसे कोई पोस्टर नहीं मिले। वीडियो में, उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक नारे भी लगाए। हालांकि, Times Now Navbharat ऐसे किसी भी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
अधिकारियों ने बताया कि 26 जनवरी को प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय झंडा फहराने से रोकने की धमकी और पंजाब में रेलवे ट्रैक पर खालिस्तान के झंडे लगाने जैसे कामों के लिए 111,000 अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित किया है।
दिल्ली-NCR का मौसम
इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने कहा कि शनिवार को दिल्ली-NCR में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने की उम्मीद है, सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध रहेगी और सतह पर 10-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
हालांकि, शहर के लिए दिन में बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए दिल्ली के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
मौसम अधिकारियों ने अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 5-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान लगाया है, जिसके बाद धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा। IMD ने कहा कि शनिवार और सोमवार के बीच ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की उम्मीद है, जिससे रातें ठंडी होंगी।
