LIVE

आज की ताजा खबर 22 जुलाई 2024: योगी सरकार को झटका, नेमप्लेट लगाने के सरकारी आदेश पर SC ने लगाई अंतरिम रोक; आज से संसद का मानसून सत्र शुरू

अमित कुमार मंडलUpdated Jul 22, 2024, 20:24 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर 22 जुलाई 2024: योगी सरकार को झटका, नेमप्लेट लगाने के सरकारी आदेश पर SC ने लगाई अंतरिम रोक; आज से संसद का मानसून सत्र शुरू

आज की ताजा खबर 22 जुलाई 2024: योगी सरकार को झटका, नेमप्लेट लगाने के सरकारी आदेश पर SC ने लगाई अंतरिम रोक; आज से संसद का मानसून सत्र शुरू

आज की ताजा खबर 12 जुलाई 2024, हिंदी न्यूज़ और बड़ी खबरें: सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा आदेश जारी करते हुए ढाबे पर नेम प्लेट लगाने के सरकारी आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है। अदालत का कहना है कि दुकान मालिकों, उनके कर्मचारियों के नाम प्रदर्शित करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। संसद का बजट सत्र आज 22 जुलाई से शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को विपक्षी दलों पर अपनी राजनीतिक विफलताओं को ढकने के लिए संसद का ‘दुरुपयोग’ करने का आरोप लगाया और सभी राजनीतिक दलों से देश के प्रति समर्पित होकर संसद का उपयोग करने का आह्वान किया। संसद के मानसून सत्र से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि मंगलवार को संसद में पेश किया जाने वाला बजट सरकार के पांच साल के कार्य की दिशा तय करेगा। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के इस दूसरे संसद सत्र के 12 अगस्त तक चलने की संभावना है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने विवादों में घिरी मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी 2024’ से जुड़ी याचिकाओं पर सोमवार को सुनवाई शुरू की। नीट-यूजी अभ्यर्थियों की ओर से पेश एक वकील ने शीर्ष अदालत को बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने प्रश्नपत्र लीक होने और लीक हुए प्रश्नपत्र को व्हाट्सएप के माध्यम से साझा किए जाने की बात स्वीकार की है। वहीं, जो बाइडन ने यूएस राष्ट्रपति पद का आगामी चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के नाम का अनुमोदन किया है। जानिए क्या हैं आज की बड़ी और अहम खबरें।

  • कांवड़ यात्रा के मार्ग पर पड़ने वाली दुकानों पर नेम प्लेट लगाने के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम रोक लगाई।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के मानसून सत्र से पहले कहा, विपक्षी दलों ने राजनीतिक विफलताओं को ढकने के लिए संसद का 'दुरुपयोग' किया।
  • संसद का बजट सत्र आज 22 जुलाई से शुरू हो गया है। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के इस दूसरे संसद सत्र के 12 अगस्त तक चलने की संभावना है।
  • सुप्रीम कोर्ट ने विवादों में घिरी मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी 2024’ से जुड़ी याचिकाओं पर सोमवार को सुनवाई शुरू की।
  • जो बाइडन ने यूएस राष्ट्रपति पद का आगामी चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के नाम का अनुमोदन किया है।

JUL 22, 2024 18:47 IST

राहत फतेह अली खान दुबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार



मशहूर पाकिस्तानी गायक राहत फतेह अली खान को दुबई एयरपोर्ट से हिरासत में ले लिया गया है।
JUL 22, 2024 18:19 IST

दिल्ली से अबू धाबी जा रही इंडिया फ्लाइट तकनीकी समस्या के कारण डायवर्ट

इंडिगो की ओर से बताया गया है कि अबू धाबी से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 1406 को तकनीकी समस्या के कारण मस्कट की ओर मोड़ दिया गया। आवश्यक रखरखाव के बाद विमान को फिर से चालू कर दिया जाएगा। ग्राहकों को मस्कट में होटल में ठहरने की सुविधा दी गई है और गंतव्य तक उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।
JUL 22, 2024 18:18 IST

किसानों ने किया 15 अगस्त को ट्रैक्टर मार्च का ऐलान

तीन नए क्रिमिनल लॉ के खिलाफ किसानों ने 15 अगस्त को ट्रैक्टर मार्च का ऐलान किया है। किसान दिल्ली की तरफ कूच करेंगे।
JUL 22, 2024 18:17 IST

कोलकाता-ढाका के बीच मैत्री एक्सप्रेस सेवा मंगलवार तक स्थगित

कोलकाता को बांग्लादेश की राजधानी ढाका से जोड़ने वाली 'मैत्री एक्सप्रेस' की सेवाओं को परिचालन संबंधी कारणों से मंगलवार तक स्थगित किया गया है।
JUL 22, 2024 16:54 IST

वाल्मीकि निगम घोटाला : पूर्व मंत्री नागेंद्र को 14 दिन की न्यायिक हिरासत

बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने ‘कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम लिमिटेड’ में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में पूर्व मंत्री बी. नागेंद्र को सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बेल्लारी ग्रामीण से कांग्रेस विधायक नाग्रेंद्र को आज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया गया। संघीय जांच एजेंसी ने आगे की हिरासत का अनुरोध नहीं किया।
JUL 22, 2024 15:21 IST

यूपी: सपा नेता लालबिहारी यादव विधानपरिषद में नेता विपक्ष



समाजवादी पार्टी ने लालबिहारी यादव को विधानपरिषद में नेता विपक्ष बनाया।
JUL 22, 2024 15:19 IST

झारखंड : धनबाद में हाथियों ने एक व्यक्ति को कुचला

झारखंड के धनबाद जिले में हाथियों ने एक व्यक्ति को कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। एक वन अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना राज्य की राजधानी रांची से करीब 200 किलोमीटर दूर गत मध्य रात्रि तोपचाची इलाके के कर्मतांड गांव में तब हुई जब करीब 30 हाथियों का झुंड गांव में दाखिल हो गया।
JUL 22, 2024 13:25 IST

ढाबे पर नेम प्लेट लगाने के सरकारी आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई अंतरिम रोक

उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के रूट पर दुकानों के मालिकों के नेम प्लेट लगाने के मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया। इस मामले में अगली सुनवाई शुक्रवार को होगी। कोर्ट ने बड़ा आदेश जारी करते हुए ढाबे पर नेम प्लेट लगाने के सरकारी आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है। अदालत का कहना है कि दुकान मालिकों, उनके कर्मचारियों के नाम प्रदर्शित करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
JUL 22, 2024 12:41 IST

अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत

पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा को साल 2021 के लखीमपुर-खीरी हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। अदालत ने टेनी के बेटे को जमानत देते हुए दिल्ली या लखनऊ में ही रहने का निर्देश दिया। आपको बता दें, हिंसा की इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई थी। पढ़ें पूरी खबर
JUL 22, 2024 12:03 IST

सुप्रीम कोर्ट ने 'नीट-यूजी' परीक्षा से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई शुरू की

सुप्रीम कोर्ट ने विवादों में घिरी मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी 2024’ से जुड़ी याचिकाओं पर सोमवार को सुनवाई शुरू की। नीट-यूजी अभ्यर्थियों की ओर से पेश एक वकील ने शीर्ष अदालत को बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने प्रश्नपत्र लीक होने और लीक हुए प्रश्नपत्र को व्हाट्सएप के माध्यम से साझा किए जाने की बात स्वीकार की है। सुनवाई शुरू होने पर भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) डी वाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने पक्षकारों के वकीलों से पूछा कि परीक्षा के केंद्रवार और शहरवार परिणाम घोषित करने से क्या सामने आया है। मामले की सुनवाई जारी है। नीट परिणाम के आंकड़ों का विश्लेषण करने से शनिवार को यह पता चला था कि प्रश्नपत्र लीक होने और अन्य अनियमितताओं से कथित रूप से लाभान्वित हुए अभ्यर्थियों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, लेकिन कुछ केंद्रों पर कई छात्रों ने परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया है। नीट-यूजी के परिणाम पांच जून को घोषित किए गए थे, लेकिन उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद इन्हें इस प्रारूप में प्रकाशित किया गया है। राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) में कथित अनियमितताओं के लिए जांच के दायरे में आए केंद्रों पर परीक्षा देने वाले अभ्यार्थियों का प्रदर्शन तुलनात्मक रूप से काफी खराब था। इन केंद्रों में झारखंड के हजारीबाग का ओएसिस स्कूल, हरियाणा के झज्जर का हरदयाल पब्लिक स्कूल और गुजरात के गोधरा का जय जलाराम इंटरनेशनल स्कूल शामिल है।
JUL 22, 2024 11:59 IST

कांवड़ यात्रा में नेमप्लेट वाले विवाद चर्चा की मांग वाले विपक्ष के नोटिस खारिज

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को विपक्षी सदस्यों के वे नोटिस नियमों का हवाला देते हुए खारिज कर दिए जिनमें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कांवड़ यात्रा के मार्ग पर दुकानों को उनके मालिकों और कर्मचारियों के नाम प्रदर्शित करने के संबंध में दिए गए निर्देश को लेकर नियत कामकाज स्थगित कर चर्चा की मांग की गई थी। विपक्षी सांसदों ने नियम 267 के तहत नोटिस दिये थे जिनमें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कांवड़ यात्रा के मार्ग पर दुकानों को उनके मालिकों और कर्मचारियों के नाम प्रदर्शित करने के संबंध में दिए गए निर्देश को लेकर आज का नियत कामकाज स्थगित कर चर्चा की मांग की गई थी। धनखड़ ने कहा कि ये नोटिस 'न तो नियम 267 की आवश्यकताओं के अनुरूप हैं और न ही आसन की ओर से दिए गए निर्देशों के अनुरूप हैं... इसलिए इन्हें अस्वीकार स्वीकार किया जाता है।'
JUL 22, 2024 11:53 IST

अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए जम्मू से 3,281 तीर्थयात्रियों का 25वां जत्था रवाना

जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से 3,281 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार तड़के रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि 111 वाहनों में सवार 3,281 तीर्थयात्रियों के 25वें जत्थे ने तड़के 2 बज कर 55 मिनट पर भगवती नगर आधार शिविर से आगे की यात्रा शुरू की। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने जत्थे को सुरक्षा मुहैया कराई। अधिकारियों के मुताबिक, जत्थे में शामिल 1,979 तीर्थयात्री अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे मार्ग से अमरनाथ गुफा मंदिर जाने के लिए पहलगाम पहुंचेंगे, जबकि बाकी 1,302 तीर्थयात्रियों ने गांदेरबल जिले में 14 किलोमीटर के अपेक्षाकृत छोटे, लेकिन कठिन बालटाल मार्ग को यात्रा के लिए चुना है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 29 जून को अमरनाथ यात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई थी। अब तक 3.80 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। अमरनाथ यात्रा 19 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन श्रावण पूर्णिमा पर समाप्त होगी। पिछले साल, 4.5 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे।
JUL 22, 2024 11:49 IST

राजनीतिक विफलताओं को ढकने के लिए संसद का 'दुरुपयोग' किया: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को विपक्षी दलों पर अपनी राजनीतिक विफलताओं को ढकने के लिए संसद का ‘दुरुपयोग’ करने का आरोप लगाया और सभी राजनीतिक दलों से देश के प्रति समर्पित होकर संसद का उपयोग करने का आह्वान किया। संसद के मानसून सत्र से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि मंगलवार को संसद में पेश किया जाने वाला बजट सरकार के पांच साल के कार्य की दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा, 'कल हम जो बजट पेश करेंगे, वह अमृतकाल का महत्वपूर्ण बजट है। हमें पांच साल का जो अवसर मिला है, यह बजट ​हमारे उन पांच साल की दिशा तय करेगा। यह बजट 2047 के विकसित भारत के सपने को मजबूती देने वाला होगा। उस सपने को पूरा करने की एक मजबूत नींव वाला बजट लेकर हम कल देश के सामने आएंगे।' प्रधानमंत्री ने कहा कि हर देशवासी के लिए यह बड़े गर्व की बात है कि भारत बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देशों में सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाला देश है। उन्होंने कहा कि गत तीन वर्षों से लगातार आठ प्रतिशत की वृद्धि के साथ देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अत्यंत गर्व का विषय है कि करीब 60 साल के बाद कोई सरकार तीसरी बार सत्ता में वापस आई है और तीसरी पारी का पहला बजट उसे रखने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।
JUL 22, 2024 11:44 IST

व्यावसायिक परिसर में आग लगने से चार दुकानें जलीं, कोई हताहत नहीं

महाराष्ट्र में पालघर जिले के वाडा कस्बे में एक व्यावसायिक परिसर में आग लगने से चार दुकानें और एक गोदाम जलकर खाक हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। रविवार को सुबह हुई घटना में कोई घायल नहीं हुआ। एक दुकान में सो रहे कर्मचारियों को आग लगने की सूचना दी गई और तत्काल वे बाहर निकल आए जिससे बड़ा हादसा टल गया। ‘शॉपिंग कॉम्प्लेक्स’ के आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को भी एहतियात के तौर पर बाहर निकाला गया। एक अधिकारी ने बताया, 'आग व्यावसायिक परिसर की एक दुकान में लगी और आस-पास के प्रतिष्ठानों तक फैल गई, जिससे एक होटल, कपड़े की एक दुकान और हार्डवेयर की एक दुकान भी जलकर खाक हो गई।' उन्होंने बताया कि पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
JUL 22, 2024 11:44 IST

गंभीर ने कहा, कोहली के साथ मेरा रिश्ता टीआरपी के लिए नहीं है

भारत के नवनियुक्त मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सोमवार को घोषणा की कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के साथ उनका बहुचर्चित रिश्ता उन दोनों के बीच है और यह टीआरपी के लिए नहीं है। गंभीर और कोहली अच्छे दोस्त नहीं रहे और यह आईपीएल में दोनों के बीच कई बार टकराव से स्पष्ट है। हालांकि अब यह जोड़ी 27 जुलाई से श्रीलंका के टी20 और एकदिवसीय दौरे से एक साथ काम करेगी। गंभीर ने संवाददाताओं से कहा, 'विराट कोहली के साथ मेरा रिश्ता हम दोनों के बीच है और यह टीआरपी के लिए नहीं है।' कोहली के संदर्भ में उन्होंने कहा, 'हमने बहुत चर्चा की है और हर किसी के पास अपनी जर्सी के लिए लड़ने का अधिकार है।' गंभीर ने कहा कि सीनियर खिलाड़ियों रोहित शर्मा और कोहली के टी20 अंतरराष्ट्रीय से जाने के बाद जसप्रीत बुमराह जैसे किसी खिलाड़ी का कार्यभार प्रबंधन अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है। रोहित और कोहली दोनों ने पिछले महीने टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के बाद सबसे छोटे प्रारूप से संन्यास की घोषणा की थी। गंभीर ने कहा, 'जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी के लिए कार्यभार महत्वपूर्ण है। अब जब रोहित शर्मा और विराट कोहली केवल दो प्रारूप खेलेंगे तो मुझे उम्मीद है कि वे अधिकांश मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे।'
JUL 22, 2024 11:42 IST

टीएम सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली

मशहूर अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने सोमवार को लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली। मानसून सत्र के पहले दिन की कार्यवाही आरंभ होने के बाद सिन्हा ने शपथ ग्रहण की। वह संसद के पिछले सत्र में शपथ नहीं ले सके थे। सिन्हा पिछले दिनों संपन्न लोकसभा चुनाव में एक बार फिर पश्चिम बंगाल के आसनसोल संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने पिछली लोकसभा में भी इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
JUL 22, 2024 11:41 IST

नौसेना के डॉकयार्ड में स्वदेशी फ्रिगेट पोत में लगी आग पर काबू पाया गया

मुंबई में नौसेना के डॉकयार्ड में मरम्मत के दौरान एक स्वदेशी फ्रिगेट पोत में आग लग गई, जिस पर जल्द ही काबू पा लिया गया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार शाम की है और इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। भारतीय नौसेना ने एक बयान में कहा कि आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं। जहाज में ड्यूटी कर रहे कर्मी को मरम्मत कार्य के दौरान आग लगने का पता चला। नौसेना ने कहा, 'मुंबई के नौसैन्य डॉकयार्ड में 21 जुलाई की शाम को एक भारतीय नौसैन्य पोत की मरम्मत के दौरान उसमें आग लग गई।' अभी यह पता नहीं चला है कि आग के कारण जहाज को कितना नुकसान पहुंचा है। नौसेना ने कहा, 'जहाज के अग्निशमन दल ने तुरंत आग बुझाने की कवायद शुरू की। इस बाबत मुंबई के नौसैन्य डॉकयार्ड और इलाके की अन्य इकाइयों से दमकल कर्मियों की मदद ली गई। आग पर काबू पा लिया गया है और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।'
JUL 22, 2024 11:40 IST

दिल्ली में आज का मौसम: दिल्ली में सुबह उमस भरा मौसम, दिन में हल्की बारिश के आसार

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह उमस भरा मौसम रहा और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 84 प्रतिशत रहा। विभाग ने दिन में दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। आईएमडी के मुताबिक, शहर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। विभाग ने कहा कि पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोई बारिश दर्ज नहीं की गई।
JUL 22, 2024 11:38 IST

Japan Earthquake Today: भूकंप के झटकों से दहला जापान का इबाराकी प्रांत, रिक्टर स्केल पर 4.8 रही तीव्रता

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: जापान की राजधानी टोक्यो के उत्तर-पूर्व में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। जापानी मौसम विभाग ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह 10:07 बजे भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 4.8 दर्ज की गई। हालांकि, भूकंप के कारण जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। लेकिन, झटकों के बाद लोग सहम गए और घरों से निकल कर सड़क पर आ गए। शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, "भूकंप की गहराई का केंद्र 90 किलोमीटर था। जो उत्तरी इबाराकी प्रांत के 36.8 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 140.8 डिग्री पूर्वी देशांतर के करीब आया।" भूकंप के झटके मध्य टोक्यो तक महसूस किए गए, लेकिन मौसम विभाग की ओर से सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। बता दें कि जून 2024 में भी जापान में भूकंप के झटके लगे थे। जापान के फुकुशिमा में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई।
JUL 22, 2024 11:37 IST

NEET विवाद: 10 दिनों की CBI रिमांड पर भेजे गए दो सॉलवर समेत तीन आरोपी

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: बिहार की राजधानी पटना से नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को सीबीआई ने 10 दिनों की रिमांड पर ले लिया है। सीबीआई ने एक दिन पहले ही दो सॉल्वर और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया था। जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने नीट पेपर लीक मामले में सॉल्वर दीपेंद्र शर्मा और कुमार मंगलम विश्नोई और सेटर शशिकांत पासवान को गिरफ्तार किया था। सॉल्वर दीपेंद्र शर्मा और कुमार मंगलम विश्नोई भरतपुर मेडिकल कॉलेज के छात्र हैं, जबकि तीसरा शख्स शशिकांत पासवान, पटना का रहने वाला है। सीबीआई ने तीनों आरोपियों को 10 दिनों की रिमांड पर लिया है। जांच एजेंसी नीट पेपर लीक मामले में उनसे पूछताछ करेगी। सीबीआई को पेपर लीक केस में बड़े सुराग हाथ लगने की उम्मीद है। इससे पहले सीबीआई ने सॉल्वर गैंग से जुड़े पटना एम्स के चार मेडिकल छात्रों को गिरफ्तार किया था। साथ ही रांची स्थित मेडिकल कॉलेज रिम्स की फर्स्ट ईयर की छात्रा सुरभि कुमारी को हिरासत में लिया गया था। छात्रा इस सॉल्वर गैंग की सदस्य बताई जा रही है। नीट यूजी पेपर लीक मामले का मास्टरमाइंड राकेश रंजन उर्फ रॉकी है। बताया जा रहा है कि उसका पटना और रांची के कई एमबीबीएस छात्रों और डॉक्टरों से संबंध है। बता दें कि नीट-यूजी परीक्षा रद्द करने की याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। भारत के मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली खंडपीठ मामले की सुनवाई करेगी। खंडपीठ में न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और मनोज मिश्रा भी शामिल हैं।

संबंधित खबरें

आज की ताजा खबर, 25 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: ईरान ने अमेरिका के नए प्रतिबंधों को मानने से इनकार किया, बेरोजगारी और महंगाई के बीच BJP जमीनी स्तर पर उतारेगी अपने नेता...दिल्ली में भारी बारिश से सड़कों पर पानी भरा, 16 उड़ानें रद्द

आज की ताजा खबर, 25 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: ईरान ने अमेरिका के नए प्रतिबंधों को मानने से इनकार किया, बेरोजगारी और महंगाई के बीच BJP जमीनी स्तर पर उतारेगी अपने नेता...दिल्ली में भारी बारिश से सड़कों पर पानी भरा, 16 उड़ानें रद्द

कर्नाटक की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 1.07 करोड़ नाम हटे, अब राज्य में 4.46 करोड़ मतदाता, 43 लाख को मिलेंगे नोटिस

कर्नाटक की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 1.07 करोड़ नाम हटे, अब राज्य में 4.46 करोड़ मतदाता, 43 लाख को मिलेंगे नोटिस

हरियाणा के रोहतक से बड़ी खबर, राम रहीम फिर आया जेल से बाहर, 21 दिनों की पैरोल मिली

हरियाणा के रोहतक से बड़ी खबर, राम रहीम फिर आया जेल से बाहर, 21 दिनों की पैरोल मिली

'पित्तृसत्ता खत्म' करने वाले बयान पर रिजिजू का सवाल, पूछा-'केवल हिंदुओं को टारगेट क्यों करते हैं राहुल गांधी?'

'पित्तृसत्ता खत्म' करने वाले बयान पर रिजिजू का सवाल, पूछा-'केवल हिंदुओं को टारगेट क्यों करते हैं राहुल गांधी?'

पश्चिम बंगाल में TMC की कलह के बीच बड़ा यू-टर्न, बागी विधायक कासेम सिद्दीकी ने फिर थामा ममता का हाथ

पश्चिम बंगाल में TMC की कलह के बीच बड़ा यू-टर्न, बागी विधायक कासेम सिद्दीकी ने फिर थामा ममता का हाथ