LIVE

ताजा खबर, 22 दिसंबर 2023 : केजरीवाल को ED ने भेजा एक और समन, गुजरात में सरकार ने दी शराब पीने की मंजूरी!

आलोक कुमार रावUpdated Dec 22, 2023, 21:49 IST

ताजा खबर : Taza Khabar, 22 दिसंबर 2023 की बड़ी खबरें
ताजा खबर, 22 दिसंबर 2023 : केजरीवाल को ED ने भेजा एक और समन, गुजरात में सरकार ने दी शराब पीने की मंजूरी!

ताजा खबर (Taja Khabar), हिंदी न्यूज़ 22 दिसंबर 2023 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 22 दिसंबर (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब घोटाले में ईडी के चंगुल से बचते नहीं दिख रहे हैं। ईडी एक के बाद एक समन भेज रही है। केजरीवाल भले ही ईडी के समन को अनदेखा कर रहे हैं, लेकिन ईडी पूछताछ की पूरी तैयारी कर चुकी है। ईडी ने अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब घोटाले में तीसरा समन भेजा है। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को 3 जनवरी को एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। ईडी ने अपना पिछला समन 18 दिसंबर को जारी किया था, जिसमें केजरीवाल को 21 दिसंबर को पेश होने के लिए कहा गया था। वहीं अब गुजरात में शराब पीने की छूट मिल गई है, राज्य सरकार ने लंबे असरे बाद ये ढ़ील दी है। गुजरात सरकार ने गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (GIFT) में "वाइन एंड डाइन" की पेशकश करने वाले होटलों/रेस्तरां/क्लबों में शराब पीने की अनुमति देने की घोषणा की है।

DEC 22, 2023 21:49 IST

राहुल और पवार की मुलाकात, महाराष्ट्र में सीट बंटवारे पर चर्चा

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को महाराष्ट्र में सीट बंटवारे पर चर्चा की। जंतर-मंतर पर संयुक्त विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी, पवार के साथ उनके 6 जनपथ स्थित आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच कुछ समय के लिए बातचीत हुई। सूत्रों ने बताया कि दोनों ने लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र विकास आघाड़ी के सहयोगियों शिव सेना (यूबीटी), कांग्रेस और राकांपा के बीच सीट बंटवारे पर चर्चा की। पवार विपक्षी गठबंधन में वाम दलों, पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी और वंचित बहुजन आघाड़ी जैसे छोटे दलों को शामिल करने के इच्छुक हैं। राकांपा के दिग्गज नेता महाराष्ट्र में सीट बंटवारे को जल्द अंतिम रूप देना चाहते हैं ताकि लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए गठबंधन की संयुक्त सभाएं आयोजित की जा सकें।
DEC 22, 2023 21:48 IST

क्या लोकसभा चुनाव लड़ेंगे बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक?

आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में क्या साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे? ये सवाल इसलिए उठ रहे हैं, क्योंकि दोनों पहलवानों की कांग्रेस नेताओं से लगातार नजदीकियां बढ़ रही हैं। खुद प्रियंका गांधी, दीपेंद्र हुड्डा ने साक्षी मलिक के घर पहुंचकर मलिक और पूनिया से मुलाकात की। पढ़ें पूरी खबर
DEC 22, 2023 20:57 IST

शराब घोटाले में केजरीवाल को ED से मिला एक और समन

अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब घोटाले में ईडी के चंगुल से बचते नहीं दिख रहे हैं। ईडी एक के बाद एक समन भेज रही है। केजरीवाल भले ही ईडी के समन को अनदेखा कर रहे हैं, लेकिन ईडी पूछताछ की पूरी तैयारी कर चुकी है। ईडी ने अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब घोटाले में तीसरा समन भेजा है। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को 3 जनवरी को एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। ईडी ने अपना पिछला समन 18 दिसंबर को जारी किया था, जिसमें केजरीवाल को 21 दिसंबर को पेश होने के लिए कहा गया था।
DEC 22, 2023 20:52 IST

अब गुजरात में सरकार ने दी शराब पीने की मंजूरी

अब गुजरात में शराब पीने की छूट मिल गई है, राज्य सरकार ने लंबे असरे बाद ये ढ़ील दी है। गुजरात सरकार ने गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (GIFT) में "वाइन एंड डाइन" की पेशकश करने वाले होटलों/रेस्तरां/क्लबों में शराब पीने की अनुमति देने की घोषणा की है। पढ़ें पूरी खबर
DEC 22, 2023 19:38 IST

दिल्ली-NCR में किन वाहनों और क्या-क्या करने पर लगा प्रतिबंध?

केंद्र ने दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में खराब होती वायु गुणवत्ता के बीच गैर जरूरी निर्माण कार्यों और बीएस-तीन पेट्रोल एवं बीएस-चार डीजल चालित चार पहिया वाहनों पर प्रतिबंध लगाने का शुक्रवार को आदेश दिया। क्षेत्र में प्रदूषण से निपटने की रणनीति बनाने वाले वैधानिक निकाय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने एक आदेश जारी कर कहा कि हवा की कम गति के साथ कोहरे और धुंध सहित मौसम संबंधी प्रतिकूल स्थितियां दिल्ली के दैनिक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में अचानक वृद्धि का प्रमुख कारण हैं। पढ़ें पूरी खबर
DEC 22, 2023 19:04 IST

निजी स्कूल की बस पलटी, दो छात्राओं की मौत, 10 अन्य छात्र घायल

जिले में सिकरीगंज थाना क्षेत्र के खजनी तहसील में शुक्रवार सुबह एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकराकर पलट गई, जिससे दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई और 10 से अधिक अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसके मुताबिक जान गंवाने वाले विद्यार्थियों की पहचान साक्षी विश्वकर्मा (10) और प्रतिभा (14) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों बच्चे सिकरीगंज इलाके के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना स्कूल से कुछ ही दूरी पर हुई और दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस की मदद से घायल बच्चों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि सिकरीगंज इलाके में सुबह करीब नौ बजे एक निजी स्कूल की बस पलट गई जिस में 21-22 बच्चे सवार थे। उसके अनुसार इस हादसे में 12 बच्चे घायल हो गये। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) आशुतोष दुबे ने कहा कि मामूली चोट वाले बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद माता-पिता को सौंप दिया गया, जबकि गंभीर चोटों वाले बच्चों को जिला अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि उन्हीं में से दो बच्चों की रास्ते में मौत हो गई।
DEC 22, 2023 16:11 IST

कांग्रेस की असम इकाई ने सांसदों के निलंबन के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन

कांग्रेस की असम इकाई ने सांसदों के निलंबन के खिलाफ शुक्रवार को यहां अपने राज्य मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। राज्य इकाई के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने जोर देकर कहा कि जब तक निलंबन आदेश वापस नहीं लिया जाता तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। बोरा सहित पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के तहत धरने में हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि भाजपा अलोकतांत्रिक तरीके से कार्रवाई कर रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। बोरा ने कहा, 'भाजपा के एक सांसद की मदद से दो लोगों के पास जारी हुए, जिन्होंने संसद के भीतर 'केन' के जरिए धुआं फैलाया। विपक्षी सांसद सिर्फ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बयान की मांग कर रहे थे कि यह घटना कैसे हुई और भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।'
DEC 22, 2023 16:10 IST

चिट फंड घोटाला मामले में ईडी ने जादूगर पी सी सरकार से पूछताछ की

प्रसिद्ध जादूगर पीसी सरकार (जूनियर) से शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित चिट फंड घोटाले की चल रही जांच के संबंध में पूछताछ की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस घोटाले में निवेशकों के 790 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी डूबी थी। उन्होंने कहा कि सरकार के शुक्रवार दोपहर को साल्ट लेक स्थित ईडी कार्यालय पहुंचने के तुरंत बाद ईडी अधिकारियों ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी। केंद्रीय एजेंसियों के मुताबिक, यह घोटाला कथित तौर पर पिनकॉन ग्रुप और टॉवर इन्फोटेक लिमिटेड के रूप में पहचानी गई दो कंपनियों से संबंधित है। ईडी अधिकारी ने बताया, 'हम चिटफंड मामले के संबंध में सरकार से पूछताछ कर रहे हैं। हमें यह पता लगाना होगा कि वह किसी भी तरह से इसमें शामिल थे या नहीं।' अधिकारी ने बताया कि कुछ दिन पहले ईडी ने ‘टावर ग्रुप’ के एक वरिष्ठ अधिकारी को हिरासत में लिया था और उनसे पूछताछ के दौरान सरकार का नाम सामने आया था। सीबीआई ने 2021 में इसी मामले के सिलसिले में जादूगर के बालीगंज स्थित आवास की तलाशी ली थी।
DEC 22, 2023 16:09 IST

विपक्षी सांसदों ने ही की थी खुद के निलंबन की मांग

संसद से 146 सांसदों के निलंबन के खिलाफ विपक्षी गठबंधन INDIA का जंतर-मंतर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन देखा गया। सवाल ये उठ रहे हैं कि आखिर ऐसा क्या हो गया तो संसद की इतिहास में पहली बार इतने अधिक सदस्यों को निलंबन करना पड़ गया। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियां इसे मोदी सरकार की तानाशाही करार दे रही हैं, तो वहीं केंद्र सरकार ने ये दावा किया है कि इन सांसदों ने ही खुद को निलंबन करने की मांग की थी। पढ़ें पूरी खबर
DEC 22, 2023 14:57 IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की प्रधानमंत्री से मुलाकात

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और राज्य के विकास और जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के बारे में उनसे चर्चा की। इस मुलाकात के दौरान मध्य प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेन्द्र शुक्ला भी मौजूद थे। यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'नई दिल्ली में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट कर मध्यप्रदेश के विकास, प्रगति और जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया।' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से मध्‍यप्रदेश विकास के क्षेत्र में नित नए कीर्तिमान रचे, इसके लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। यादव ने इस मुलाकात की तस्वीरें भी साझा की। यह मुलाकात प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास सात, लोक कल्याण मार्ग पर हुई।
DEC 22, 2023 14:55 IST

आतंकवाद के खिलाफ भारत एकजुट, बोले मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी में हुए आतंकी हमले में पांच सैनिकों की शहादत पर दुख जताते हुए शुक्रवार को कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बृहस्पतिवार को हथियारों से लैस आतंकवादियों द्वारा सेना के दो वाहनों पर घात लगाकर किए गए हमले में पांच सैनिक शहीद हो गए और दो अन्य घायल हो गए। खड़गे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'जम्मू-कश्मीर में सेना के वाहनों पर हुए आतंकवादी हमले में सैन्यकर्मियों की शहादत से गहरा दुख हुआ। सर्वोच्च बलिदान देने वाले नायक बीरेंद्र सिंह, नायक करण कुमार, राइफलमैन चंदन कुमार, राइफलमैन गौतम कुमार को उनके अदम्य और दृढ़ साहस के लिए सलाम।' उन्होंने कहा, 'दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं। हम घायल सैनिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।' कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'हम राजौरी और पीर पंजाल रेंज के इलाकों में हो रहे इन जघन्य आतंकी हमलों की निंदा करते हैं। भारत आतंकवाद के संकट के खिलाफ एकजुट है।'
DEC 22, 2023 14:53 IST

भाजपा विधायकों ने हिप्र विधानसभा परिसर में सरकार विरोधी नारे लगाएं

हिमाचल प्रदेश में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने शुक्रवार को धर्मशाला के तपोवन में विधानसभा परिसर में डिग्रियां दिखाते हुए सरकार विरोधी नारे लगाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार राज्य के 10 लाख बेरोजगार युवाओं के साथ धोखाधड़ी कर रही है। शीतकालीन सत्र के चौथे दिन भाजपा विधायकों ने कहा कि पांच लाख युवाओं को नौकरियां देना गत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा दी गयी मुख्य गारंटी में से एक था। उन्होंने सांकेतिक प्रदर्शन के तौर पर डिग्रियां (जो ऑरिजिनल नहीं थी) फाड़ी और जलायी। ठाकुर ने कहा कि आज स्थिति इतनी खराब हो गयी है कि हताश बेरोजगार युवा अपनी डिग्रियां जलाने के बारे में सोच रहे हैं और हमने उनकी पीड़ा को एक सांकेतिक अभिव्यक्ति दी है।
DEC 22, 2023 14:53 IST

संसद सुरक्षा चूक मामले में पांच जनवरी तक बढ़ाई गई 'मुख्य साजिशकर्ता'' की हिरासत

दिल्ली की एक अदालत ने संसद सुरक्षा चूक मामले में एक आरोपी की हिरासत पांच जनवरी तक के लिए बढ़ा दी। विशेष न्यायाधीश हरदीप कौर ने दिल्ली पुलिस की अर्जी पर आरोपी ललित झा की हिरासत अवधि बढ़ा दी। पुलिस ने अदालत को बताया कि झा पूरी घटना का मुख्य साजिशकर्ता है और पूरी साजिश का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जरूरत है। दिल्ली की एक अदालत ने संसद की सुरक्षा में सेंध मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों मनोरंजन डी, सागर शर्मा, अमोल धनराज शिंदे और नीलम देवी की पुलिस हिरासत की अवधि बृहस्पतिवार को पांच जनवरी तक बढ़ा दी थी। संसद पर 2001 में हुए आतंकवादी हमले की बरसी के दिन गत 13 दिसंबर को सुरक्षा में चूक की बड़ी घटना उस वक्त सामने आई थी जब लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से सागर शर्मा और मनोरंजन डी सदन के भीतर कूद गए थे और उन्होंने नारेबाजी करते हुए ‘केन’ के जरिये पीले रंग का धुआं फैला दिया था। घटना के तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया था। ठीक इसी वक्त पीले और लाल रंग का धुआं छोड़ने वाली 'केन' लेकर संसद भवन के बाहर प्रदर्शन करने वाले दो अन्य लोगों अमोल शिंदे और नीलम देवी को गिरफ्तार कर लिया गया था। इन लोगों ने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ और कुछ अन्य नारे लगाये थे।
DEC 22, 2023 14:25 IST

आज की ताजा खबर : उपराष्ट्रपति धनखड़ ने खरगे को लिखा पत्र

Jagdeep Dhankhar: राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे एक पत्र में कहा है कि आसन से स्वीकार न की जा सकने वाली मांग करके सदन को पंगु बना देना दुर्भाग्यपूर्ण और जनहित के खिलाफ है। सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि धनखड़ ने खरगे को पत्र लिखकर कहा है कि संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस नेता का उनसे मिलने से इनकार करना संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
DEC 22, 2023 13:54 IST

Aaj Ki Taza Khabar : जंतर-मंतर से राहुल का सरकार पर हमला

संसद से 146 सांसदों के निलंबन के खिलाफ 'इंडिया' ब्लाक के नेताओं ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि बेरोजगारी और संसद की सुरक्षा में सेंध पर गृह मंत्री अमित शाह से सवाल पूछने पर 150 सांसदों को संसद से बाहर कर दिया गया। राहुल ने कहा कि संसद की सुरक्षा में सेंध कैसे लगी, यह तो सवाल है लेकिन दूसरा सवाल बेरोजगारी का भी है। कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि मीडिया ने बेरोजगारी का मुद्दा नहीं उठाया।
DEC 22, 2023 12:10 IST

आज की ताजा खबर : दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज

राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह मौसम के इस समय के लिए सामान्य तापमान है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में दिन के वक्त हल्की बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे शहर की सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत रही तथा वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 397 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी के अंतर्गत आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। आईएमडी ने दिन में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना व्यक्त की है।
DEC 22, 2023 11:23 IST

केरल में कोविड-19 के 265 नए मामले, एक की मौत

केरल में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 265 नए मामले सामने आये। वहीं, एक मरीज की संक्रमण से मौत हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, शुक्रवार सुबह आठ बजे तक देश भर में कोविड-19 के कुल 328 मामले सामने आए जिनमें से 265 मामले केरल से हैं। मंत्रालय के मुताबिक राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 2,606 हो गई है। केरल में गत 24 घंटे के दौरान कोविड-19 से एक मरीज की मौत हुई। इसी के साथ बीते तीन वर्षों में कोरोना वायरस संक्रमण से राज्य में मरने वालों की संख्या बढ़कर 72,060 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक गत 24 घंटे के दौरान 275 मरीज संक्रमण मुक्त हुए या राज्य से बाहर चले गए। अब तक कुल 68,37,689 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
DEC 22, 2023 11:22 IST

Aak ki Taza Khabar: 20,000 से अधिक फलस्तीनियों की मौत

हमास शासित गाजा पट्टी में स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि इजराइल और हमास के बीच युद्ध में 20,000 से अधिक फलस्तीनियों की मौत हो गयी है। यह संख्या दिखाती है कि लोगों को युद्ध का कितना खमियाजा उठाना पड़ रहा है। महज 10 हफ्तों से अधिक समय पहले शुरू हुई लड़ाई में गाजा के 80 फीसदी से अधिक लोग विस्थापित हो गए और एक बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है। मृतकों की यह संख्या क्षेत्र की युद्ध से पहले की आबादी का एक प्रतिशत है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि उसने लड़ाई में 20,057 लोगों की मौत दर्ज की है। इसमें लड़ाकों और नागरिकों की मौत के आंकड़े अलग-अलग नहीं हैं। उसने पहले बताया था कि तकरीबन दो तिहाई मृतकों में महिलाएं या नाबालिग शामिल हैं।
DEC 22, 2023 09:49 IST

आज की ताजा खबर : गणतंत्र दिवस पर मैंक्रो होंगे मेहमान

Emmanuel Macron : इस बार गणतंत्र दिवस के मेहमान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रो होंगे। सूत्रों का कहना है कि समारोह में शामिल होने के लिए भारत सरकार की ओर से उन्हें न्योता भेजा गया है। यह छठवां मौका है जब फ्रांस का कोई राष्ट्रपति छठवीं बार गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होगा। बता दें कि मैंक्रो से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाने की तैयारी थी लेकिन उन्होंने देश की अंदरूनी राजनति एवं अपने खिलाफ महाभियोग जांच की मंजूरी को देखते हुए अपना भारत दौरा स्थगित कर दिया।
DEC 22, 2023 08:43 IST

जंतर-मंतर तक मार्च

'इंडिया' ब्लाक के नेता शुक्रवार को संसद से जंतर-मंतर तक मार्च करेंगे। इस मार्च में गठबंधन के सभी बड़े नेता शामिल होंगे तो वहीं देश भर में भी इस ब्लाक के नेता अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि संसद की कार्यवाही में बाधा खड़ी करने एवं अमर्यादित आचरण करने को लेकर विपक्ष के कुल 146 सांसद निलंबित हुए हैं। गुरुवार को कांग्रेस के तीन और सांसदों को निलंबित किया गया। एक सत्र में निलंबित होने वाले यह सांसदों की सर्वाधिक संख्या है। 'इंडिया' ब्लाक के नेताओं के सुबह 11 बजे के बाद जंतर-मंतर पहुंचने की उम्मीद है।