LIVE

आज की ताजा खबर, 21 फरवरी 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: ट्रंप ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी भारत के साथ ट्रेड डील बरकरार, बांग्लादेश के क्रिकेट खिलाड़ी मेंटल कोमा में पहुंचे...पढ़ें- देश विदेश की हर छोटी-बड़ी खबर

आज की ताजा खबर लाइव, 21 फरवरी 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [ट्रंप टैरिफ], [क्रिकेट वर्ल्ड कप], [बांग्लादेश क्रिकेट] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: ट्रंप ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी भारत के साथ ट्रेड डील बरकरार रहेगी। इसमें कुछ भी नहीं बदला है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप को झटका दिया है। हालांकि, ट्रंप ने इसके बाद सभी देशों पर 10 परसेंट टैरिफ लगा दिया है। उधर बांग्लादेश के कोच ने वर्ल्ड कप से बाहर होने के लिए यूनुस अधिकारी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी मेंटल कोमा में हैं। पढ़ें- देश विदेश की हर छोटी बड़ी खबर

Nitin AroraUpdated Feb 21, 2026, 14:31 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 21 फरवरी 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: ट्रंप ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी भारत के साथ ट्रेड डील बरकरार, बांग्लादेश के क्रिकेट खिलाड़ी मेंटल कोमा में पहुंचे...पढ़ें- देश  विदेश की हर छोटी-बड़ी खबर

आज की ताजा खबर, 21 फरवरी 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: ट्रंप ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी भारत के साथ ट्रेड डील बरकरार, बांग्लादेश के क्रिकेट खिलाड़ी मेंटल कोमा में पहुंचे...पढ़ें- देश विदेश की हर छोटी-बड़ी खबर

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [ट्रंप टैरिफ], [क्रिकेट वर्ल्ड कप], [बांग्लादेश क्रिकेट] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: बांग्लादेश के सीनियर असिस्टेंट कोच मोहम्मद सलाहुद्दीन ने पूर्व स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल पर आरोप लगाया कि उन्होंने साफ-साफ झूठे दावे किए और बांग्लादेश के T20 वर्ल्ड कप के बॉयकॉट के बाद युवा क्रिकेटरों के सपनों को तोड़ने के लिए उनकी आलोचना की। वहीं, सुप्रीम कोर्ट के उनके आपसी टैरिफ रद्द करने के बाद, ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार समझौते का बचाव किया, इसे सही बताया और दोहराया कि इस समझौते के तहत अमेरिका को ड्यूटी का सामना नहीं करना पड़ेगा। पढ़ें- देश दुनिया की हर छोटी बड़ी खबर नीचे

-ट्रंप का टैरिफ

FEB 21, 2026 14:31 IST

श्रीनगर में एक वाहन के नदी में गिरने से सीआरपीएफ के नौ जवान घायल

श्रीनगर में शनिवार को एक वाहन के नदी में गिरने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नौ जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह दुर्घटना श्रीनगर के बाहरी इलाके अहमदनगर में दगपोरा-उमरहैर मार्ग पर हुई।

अधिकारियों ने बताया कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिसके बाद वाहन पलट गया और पास की नदी में गिर गया।

उन्होंने कहा कि घायल सीआरपीएफ जवानों को एसकेआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
FEB 21, 2026 14:30 IST

एआई सम्मेलन स्थल पर कांग्रेस का प्रदर्शन देशद्रोह के समान : भाजपा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कांग्रेस और राहुल गांधी पर एक बार फिर हमला बोलते हुए विपक्षी पार्टी की युवा इकाई द्वारा यहां ’इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में किए गए विरोध प्रदर्शन को ’’देशद्रोह’’ बताया और आरोप लगाया कि ’’लश्कर-ए-राहुल के सिपाहियों’’ ने देश की छवि खराब करने की कोशिश की।

भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को एआई सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम के एक प्रदर्शनी हॉल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया गया।

विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ’’कांग्रेस ने जो किया है वह सिर्फ राजनीति नहीं है। इसे महज नकारात्मक राजनीति कहकर खारिज नहीं किया जा सकता, यह देशद्रोह के बराबर है।’’
FEB 21, 2026 14:30 IST

अगर पाकिस्तानी खिलाड़ी द हंड्रेड का हिस्सा नहीं बनते तो यह शर्मनाक होगा: ब्रूक

इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने शनिवार को यहां कहा कि अगर पाकिस्तानी क्रिकेटरों को ’द हंड्रेड’ से बाहर रखा जाता है तो यह ’शर्मनाक’ होगा।

कुछ रिपोर्ट के अनुसार ’द हंड्रेड’ में भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, एमआई लंदन, सदर्न ब्रेव और सनराइजर्स लीड्स भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के कारण भारत में संभावित राजनीतिक प्रतिक्रिया की आशंकाओं के चलते नीलामी में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेने से परहेज कर सकती हैं।

भारतीय स्वामित्व वाली सनराइजर्स लीड्स से अनुबंध हासिल करने वाले ब्रूक ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 विश्व कप के सुपर आठ मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, ’’अभी हमारा मुख्य ध्यान टी20 विश्व कप पर है। ईमानदारी से कहूं तो इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट इतिहास का महत्वपूर्ण देश रहा है। मुझे लगता है कि नीलामी में उसके लगभग 50-60 खिलाड़ी होंगे और उनमें से कुछ को वहां न देखना शर्मनाक होगा।’’

’द हंड्रेड’ की लंदन में होने वाली नीलामी के लिए पाकिस्तान के 67 पुरुष और महिला क्रिकेटरों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें पुरुष टी20 विश्व कप में खेल रहे उसके लगभग सभी खिलाड़ी शामिल हैं।

मोहम्मद आमिर, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान और हारिस रऊफ सहित कई पाकिस्तानी खिलाड़ी पहले ’द हंड्रेड’ में खेल चुके हैं।
पाकिस्तान का कोई भी खिलाड़ी नवंबर 2008 के आतंकी हमले के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में नहीं खेला है। एसए20 के 2023 में शुरू होने के बाद कोई भी पाकिस्तानी क्रिकेटर उसका हिस्सा नहीं रहा। इस टूर्नामेंट की सभी छह फ्रेंचाइजी का स्वामित्व भारतीयों के पास है।
FEB 21, 2026 11:43 IST

राहुल गांधी आरएसएस से संबंधित मानहानि मामले में भिवंडी की अदालत में पेश हुए

कांग्रेस नेता राहुल गांधी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यकर्ता द्वारा उनके खिलाफ दायर मानहानि के मामले में नया जमानतदार पेश करने के लिए शनिवार को महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक मजिस्ट्रेट की अदालत में पहुंचे।


भिवंडी मजिस्ट्रेट की अदालत ने राहुल को इस मामले में एक नया जमानतदार पेश करने के लिए कहा था क्योंकि पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का पिछले साल दिसंबर में निधन हो गया था, जो उनके जमानतदार थे।


राहुल इस मामले में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल को नए जमानतदार के रूप में पेश करेंगे।


उनके वकील ने पहले बताया था कि न्यायाधीश ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को नये जमानतदार से संबंधित औपचारिकताओं को पूरा कराने के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का विशेष रूप से निर्देश दिया था।
FEB 21, 2026 10:19 IST

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस, वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 2.4 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने दिन में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने तथा अधिकतम तापमान करीब 28.4 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है।

दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 91 प्रतिशत दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता ’मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 197 रहा।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच ’एक्यूआई’ को ’अच्छा’, 51 से 100 के बीच ’संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ’मध्यम’, 201 से 300 के बीच ’खराब’, 301 से 400 के बीच ’बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ’गंभीर’ माना जाता है।
FEB 21, 2026 09:13 IST

कुछ नहीं बदलेगा, भारत को शुल्क देना होगा: ट्रंप ने न्यायालय के फैसले के बाद कहा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने व्यापक शुल्कों के खिलाफ उच्चतम न्यायालय का फैसला आने पर कहा कि भारत के साथ व्यापार समझौते में ’’कुछ नहीं बदलेगा’’ और भारत को शुल्क देना होगा।

दरअसल अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने ट्रंप द्वारा कई देशों के खिलाफ लगाए गए व्यापक शुल्क वृद्धि के आदेशों को शुक्रवार को रद्द कर दिया जिसे ट्रंप ने निराशाजनक करार दिया। साथ ही उन्होंने अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद कहा कि वह वैश्विक स्तर पर 10 प्रतिशत शुल्क लागू करने के लिए एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे।

ट्रंप ने संवाददाता सम्मेलन में एक बार फिर अपना दावा दोहराया कि उन्होंने पिछले साल गर्मियों में भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष, शुल्क की धमकी देकर रुकवाया था। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने उनके अनुरोध पर रूसी तेल की खरीद में काफी कमी की है।

ट्रंप ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के फैसले का वाशिंगटन और नई दिल्ली द्वारा इस महीने की शुरुआत में घोषित व्यापार समझौते पर कोई असर नहीं पड़ेगा, साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अपने ’’अच्छे’’ संबंधों पर भी चर्चा की।

यह पूछे जाने पर कि उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद भारत के साथ व्यापार समझौते की रूपरेखा की स्थिति क्या होगी, इस पर ट्रंप ने कहा, ’’कुछ नहीं बदलेगा।’’

उन्होंने कहा "कोई बदलाव नहीं होगा। वे (भारत) शुल्क का भुगतान करेंगे और हम शुल्क नहीं देंगे। इसलिए भारत के साथ समझौता यही है कि वह शुल्क देगा यह पहले की स्थिति से उलट है। मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी सज्जन व्यक्ति हैं, लेकिन अमेरिका के संदर्भ में वह जिनके समकक्ष थे उनसे कहीं अधिक होशियार थे। वह हमें नुकसान पहुंचा रहे थे। इसलिए हमने भारत के साथ एक समझौता किया। अब यह एक निष्पक्ष समझौता है और हम उन्हें शुल्क नहीं दे रहे हैं, जबकि वे शुल्क दे रहे हैं। हमने थोड़ा बदलाव किया।’’

ट्रंप ने कहा, "भारत के साथ समझौता जारी है… सभी समझौते जारी हैं, हम बस इसे एक अलग तरीके से करेंगे।"

भारत के साथ अपने संबंधों पर एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि भारत के साथ मेरे संबंध शानदार हैं और हम भारत के साथ व्यापार कर रहे हैं। भारत रूस से अलग हो गया है। भारत अपना तेल रूस से ले रहा था और मेरे अनुरोध पर उसने इसमें काफी कमी की, क्योंकि हम उस भयानक युद्ध को समाप्त करना चाहते हैं, जिसमें हर महीने 25,000 लोग मारे जा रहे हैं।’’
FEB 21, 2026 09:09 IST

लेबनान में इजराइल के हमले में 12 लोगों की मौत

लेबनान के पूर्वी बेका घाटी में शुक्रवार को इजराइल के हमले में 12 लोग मारे गए और 24 व्यक्ति घायल हो गए, इनमें बच्चे भी शामिल हैं। इससे पहले दिन में एक फलस्तीनी शरणार्थी शिविर पर इजराइली हमले में दो और लोग मारे गए थे। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

इजराइल ने दावा किया कि उसने बेका घाटी में लेबनानी आतंकवादी समूह हिजबुल्ला के ’’कमान केंद्रों’’ पर हमला किया है,हालांकि हिजबुल्ला ने इस पर कोई बयान जारी नहीं किया।

स्थानीय टेलीविजन में एक घटनास्थल के वीडियो दिखाए गए। वीडियो से प्रतीत होता है कि निशाना बनाया गया स्थल एक इमारत है और आपातकालीन दल आग बुझाते एवं मलबे में जीवित बचे लोगों की तलाश करते दिखाई दिए।
FEB 21, 2026 09:09 IST

प्रधानमंत्री मोदी एक मार्च को पुडुचेरी का दौरा करेंगे: भाजपा नेता

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक मार्च को पुडुचेरी का दौरा करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता निर्मल कुमार सुराना ने यह जानकारी दी।
पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

भाजपा की पुडुचेरी इकाई के प्रभारी सुराना ने पत्रकारों को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल में कराईकल का दौरा किया था, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा नेता के इस दौरे से वहां के लोगों के बीच एक सकारात्मक संदेश गया है।

इस बीच आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और जनसभा पास के लॉस्पेट के हेलीपैड मैदान में आयोजित की जाएगी।

सुराना ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश की यात्रा के दौरान मोदी के भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
FEB 21, 2026 07:30 IST

ट्रंप ने न्यायालय के फैसले की आलोचना की, कहा: भारत-पाक युद्ध समाप्त कराने को टैरिफ का इस्तेमाल किया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को समाप्त कराने के लिए शुल्क का इस्तेमाल किया, साथ ही उन्होंने दुनिया भर के देशों पर लगाए गए अपने व्यापक टैरिफ को रद्द करने के अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के फैसले की कड़ी आलोचना की।

न्यायाधीशों ने छह-तीन के बहुमत से पाया कि अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक महाशक्ति अधिनियम (आईईईपीए) शुल्क लगाने का अधिकार नहीं देता है। न्यायमूर्ति क्लेरेंस थॉमस, न्यायमूर्ति सैमुअल ए एलिटो जूनियर और न्यायमूर्ति ब्रेट कावानॉ ने न्यायालय के निर्णय से असहमति जताई।

ट्रंप ने उच्चतम न्यायालय के फैसले के कुछ ही घंटों बाद एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मैंने जिन आठ युद्धों को समाप्त कराया, उनमें से पांच को समाप्त करने के लिए भी टैरिफ का इस्तेमाल किया गया। मैंने आठ युद्धों का निपटारा किया, चाहे आपको पसंद हो या न हो, जिनमें भारत, पाकिस्तान (का संघर्ष), बड़े युद्ध, या परमाणु युद्ध की आशंका वाले युद्ध शामिल हैं।"

भारत ने पाकिस्तान के साथ संघर्ष रुकने में किसी भी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से लगातार इनकार किया है।

ट्रंप ने कहा कि टैरिफ पर उच्चतम न्यायालय का फैसला "बेहद निराशाजनक" है और "मुझे अदालत के कुछ सदस्यों पर शर्म आती है, बिल्कुल शर्म आती है कि उनमें हमारे देश के लिए सही काम करने का साहस नहीं है।"

ट्रंप ने पिछले साल 10 मई के बाद से भारत-पाकिस्तान संघर्ष को रोकने का श्रेय 80 से अधिक बार लिया है।
FEB 21, 2026 07:30 IST

ट्रंप ने अपने कार्यकाल में शुल्क को मुख्य मुद्दा बनाया, फैल सकती है अराजकता

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शुल्क (टैरिफ) पर अकेले चलने की कीमत चुकानी पड़ी क्योंकि शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय ने फैसला सुनाया कि ट्रंप के पास आर्थिक आपातकाल घोषित करने और आयात पर बड़े पैमाने पर नए कर लगाने की शक्ति नहीं है।

ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों से पहले मतदाताओं को लुभाने के लिए अपने आर्थिक प्रस्तावों का आधार टैरिफ को बनाया था, यहां तक ​​कि उन्होंने टैरिफ को "शब्दकोश का अपना पसंदीदा शब्द" भी बताया था। उन्होंने वादा किया था कि कारखाने विदेशों से वापस आएंगे और अपने साथ नौकरियां लाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी थी कि टैरिफ हटाने से अमेरिका गहरी मंदी में डूब सकता है।

लेकिन शुक्रवार को दिए गए न्यायालय के फैसले से मध्यावधि चुनाव वाले वर्ष के दौरान अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर राजनीतिक और आर्थिक अराजकता के और भी लंबे समय तक बने रहने की आशंका है।
FEB 21, 2026 07:29 IST

अमेरिका ट्रंप शासकीय आदेश

अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह वैश्विक स्तर पर 10 प्रतिशत शुल्क लागू करने के लिए एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के उन न्यायाधीशों को लेकर "बेहद शर्मिंदा" हैं जिन्होंने शुल्क के संबंध में "अत्यंत निराशाजनक" फैसला दिया है।
FEB 21, 2026 07:28 IST

उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद ब्राजील और भारत को शुल्क की वापसी की उम्मीद

अमेरिका के प्रमुख व्यापार संगठन यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स ने शुक्रवार को कहा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शुल्क के फैसले को रद्द किए जाने के बाद ब्राजील और भारत से आयातित कुछ वस्तुओं पर लगाए गए शुल्क की राशि वापस मिलने की उम्मीद जगी है।
अमेरिका के सर्वोच्च न्यायालय ने शुक्रवार को राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा कई देशों के खिलाफ लगाए गए व्यापक शुल्क वृद्धि के आदेशों को रद्द कर दिया।

माना जा रहा है कि इससे ट्रंप के आर्थिक एजेंडे को बड़ा झटका लगा है।
न्यायालय द्वारा 6-3 के बहुमत से सुनाया गया यह फैसला आपातकालीन शक्तियों के कानून के तहत लगाए गए शुल्कों पर केंद्रित था, जिनमें लगभग हर दूसरे देश पर लगाए गए व्यापक ’पारस्परिक’ शुल्क भी शामिल हैं।

यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स ने उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए प्रशासन से कहा कि इसका उपयोग समग्र शुल्क नीति को पुन: निर्धारित करने और लोगों के लिए महंगाई कम करने के वास्ते किया जाना चाहिए।

चैंबर के कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य नीति अधिकारी नील ब्रैडली ने कहा, ’’उच्चतम न्यायालय का फैसला व्यवसायों और उपभोक्ताओं के लिए स्वागत योग्य है। पिछले एक साल में छोटे और मध्यम व्यवसायों ने इन शुल्क के कारण लागत में बढ़ोतरी और आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान झेला है।’’

चैंबर ने यह भी कहा कि अदालत के फैसले ने कई अमेरिकी छोटे व्यवसायों के लिए राशि वापस मिलने का रास्ता खोला है, लेकिन यह तय करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है कि कौन पात्र है और आगे क्या कदम उठाने हैं।
FEB 21, 2026 07:28 IST

राष्ट्र निर्माण केवल किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व : आरएसएस प्रमुख

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

शुक्रवार को शताब्दी नगर स्थित माधवकुंज में आयोजित संवाद कार्यक्रम में खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए डॉ. भागवत ने सामाजिक एकता बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में हर वर्ग, हर व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

भागवत ने कहा कि संघ किसी वर्ग विशेष के विरोध या स्पर्धा के लिए कार्य नहीं करता।

शताब्दीनगर स्थित माधवकुंज में मेरठ और ब्रज प्रांत के लगभग 950 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से संवाद करते हुए भागवत ने कहा कि भारत को मात्र भौगोलिक सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता, यह राष्ट्र भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, बुद्ध, महावीर, स्वामी विवेकानंद, स्वामी दयानंद और महात्मा गांधी की परंपराओं से प्रेरित है।

’हिंदू’ शब्द की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि हिंदू कोई जाति नहीं, बल्कि एक विशेषण है, जो विविधता में एकता के भाव को अभिव्यक्त करता है।

उन्होंने कहा, ’’पूजा पद्धतियां और देवी-देवता भिन्न हो सकते हैं, किंतु संस्कृति का आधार समरसता और एकता है। जब-जब समाज की एकता खंडित हुई, राष्ट्र पर संकट आया।’’

मेरठ को प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की धरती बताते हुए भागवत ने 1857 के आंदोलन का उल्लेख किया और कहा कि इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में डॉ. हेडगेवार ने 1925 में संघ की स्थापना की।
FEB 21, 2026 07:27 IST

भाषा सम्मेलन में भाग लेने के लिए शाह के त्रिपुरा दौरे का कांग्रेस ने किया विरोध

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के त्रिपुरा में आधिकारिक भाषाओं पर आयोजित सम्मेलन में भाग लेने के लिए यहां आने का विरोध करते हुए विपक्षी कांग्रेस ने शुक्रवार को अगरतला में प्रदर्शन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में पार्टी के राज्य मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

राज्य कांग्रेस के प्रवक्ता प्रबीर चक्रवर्ती ने कहा, "हमें संदेह है कि गृह मंत्री 21 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस से पहले एक गंभीर साजिश के तहत राज्य का दौरा कर रहे हैं। उन्हें प्रसन्न करने के लिए मुख्यमंत्री माणिक साहा ने हिंदी के लाभ, उपयोगिता और आवश्यकता की पुरजोर वकालत करते हुए एक बयान जारी किया है।"

उन्होंने कहा कि केवल हिंदी ही ’राजभाषा’ नहीं हो सकती क्योंकि देश में 22 आधिकारिक भाषाएं हैं।
FEB 21, 2026 07:27 IST

कांग्रेस छोड़ चुके भूपेन बोरा ने अमित शाह से मुलाकात की

भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा ने शुक्रवार रात यहां सरकारी अतिथि गृह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।

बोरा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा और लखीमपुर के विधायक मनाब डेका की मौजूदगी में शाह से मुलाकात की।

बैठक के बाद बोरा ने पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें शाह से मिलने के लिए कहा था, इसलिए वह उनसे शिष्टाचार भेंट करने आए थे।
उन्होंने दावा किया कि आठ मार्च तक आत्मसम्मान और राज्य के प्रति ’राष्ट्रवादी’ भावना रखने वाले लगभग 50 प्रतिशत कांग्रेस सदस्य भाजपा में शामिल हो जाएंगे।

बोरा सोमवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि पार्टी आला कमान ने इसे स्वीकार नहीं किया और वरिष्ठ नेता उनके आवास पर मिलने पहुंचे। राहुल गांधी ने भी उनसे फोन पर बात की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बोरा से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा था, लेकिन अगले दिन मुख्यमंत्री शर्मा उनके आवास पर पहुंचे और घोषणा की कि बोरा 22 फरवरी को भाजपा में शामिल होंगे।
FEB 21, 2026 07:25 IST

बांग्लादेश के क्रिकेट खिलाड़ी मेंटल कोमा में पहुंचे

बांग्लादेश के सीनियर असिस्टेंट कोच मोहम्मद सलाहुद्दीन ने पूर्व स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल की आलोचना करते हुए दावा किया है कि बांग्लादेश के T20 वर्ल्ड कप में नहीं खेलने के बाद दो क्रिकेटर मेंटल कोमा में चले गए। नजरुल, जो बांग्लादेश के पूर्व अंतरिम लीडर मुहम्मद यूनुस के अंडर काम कर चुके थे, वे सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारतीय धरती पर अपने मैच नहीं खेलने के देश के फैसले पर अड़े रहे थे।

आखिरकार स्कॉटलैंड ने ग्रुप C में बांग्लादेश की जगह ले ली, यह पहली बार था जब टीम पुरुषों के T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने से चूक गई। 23 फरवरी से शुरू होने वाली बांग्लादेश क्रिकेट लीग से पहले रिपोर्टर्स से बात करते हुए, सलाहुद्दीन ने युवा खिलाड़ियों के सपनों को तोड़ने के लिए नजरुल की आलोचना की।
FEB 21, 2026 07:24 IST

ट्रंप ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी भारत के साथ ट्रेड डील बरकरार

US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के उनके पहले के आपसी टैरिफ को रद्द करने के बावजूद भारत-US ट्रेड डील में कोई बदलाव नहीं होगा। जब ट्रंप से भारत के साथ फाइनल हो रहे एग्रीमेंट पर इस फैसले के असर के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'कुछ नहीं बदलेगा, वे टैरिफ देंगे, और हम टैरिफ नहीं देंगे।'