LIVE

रेलवे ने अग्रिम ट्रेन आरक्षण की समय सीमा घटाकर 60 दिन की, नायब सिंह सैनी ने ली सीएम पद की शपथ, झारखंड और महाराष्ट्र में चुनावी तैयारियां तेज

नायब सिंह सैनी एक बार फिर हरियाणा के मुख्यमंत्री बन चुके हैं। सैनी को राज्यपाल ने आज मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गज शामिल रहे। वहीं महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी उठापटक का दौर तेज हो चुका है, सभी सियासी पार्टियां अपनी-अपनी ताकत झोंकने में जुटे हुए हैं। इस बीच कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बुधवार को स्वीकार किया कि जब उन्होंने पिछले साल खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार के एजेंटों की संलिप्तता का आरोप लगाया था, तब उनके पास केवल खुफिया जानकारी थी और कोई ‘‘ठोस सबूत’’ नहीं था। इसके अलावा महाराष्ट्र के लातूर जिले में जेल से पैरोल पर बाहर आए एक हत्या के मामले में दोषी व्यक्ति ने उदगीर में अपनी पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। घटना के बाद से आरोपी अमित नटकारे उर्फ ​​सोनू फरार है।

आयुष सिन्हाUpdated Oct 17, 2024, 21:22 IST
Follow on Google News
 रेलवे ने अग्रिम ट्रेन आरक्षण की समय सीमा घटाकर 60 दिन की, नायब सिंह सैनी ने ली सीएम पद की शपथ, झारखंड और महाराष्ट्र में चुनावी तैयारियां तेज

रेलवे ने अग्रिम ट्रेन आरक्षण की समय सीमा घटाकर 60 दिन की, नायब सिंह सैनी ने ली सीएम पद की शपथ, झारखंड और महाराष्ट्र में चुनावी तैयारियां तेज

यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 17 अक्टूबर 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए आज की बड़ी खबरों पर हर अपडेट।

आज की अहम और बड़ी खबरें पढें लाइव

  • दोबारा हरियाणा के मुख्यमंत्री बने नायब सिंह सैनी, राज्यपाल ने दिलाई शपथ
  • नई सरकार के बनने पर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने प्रशासनिक परिषद के अधिकार वापस लिए
  • निज्जर हत्या: ट्रूडो ने माना कि भारत पर आरोप लगाते वक्त उनके पास ठोस सबूत नहीं थे
  • छत्तीसगढ़: ईडी ने डीएमएफ घोटाले में एक अधिकारी को गिरफ्तार किया
  • बाबा सिद्दीकी हत्या मामला: हमलावरों ने यूट्यूब वीडियो से पिस्तौल चलाना सीखा
  • विकसित भारत के लक्ष्य के लिए प्रवासियों की भूमिका महत्वपूर्ण : राष्ट्रपति मुर्मू

OCT 17, 2024 16:46 IST

रेलवे ने अग्रिम ट्रेन आरक्षण की समय सीमा घटाकर 60 दिन की

रेलवे बोर्ड ने सीटों की अग्रिम आरक्षण अवधि को मौजूदा 120 दिनों से घटाकर 60 दिन कर दिया है। नयी व्यवस्था एक नवंबर, 2024 से प्रभावी होगी। रेलवे बोर्ड के 16 अक्टूबर, 2024 के परिपत्र में कहा गया है, “यह निर्णय लिया गया है कि एक नवंबर 2024 से ट्रेनों द्वारा अग्रिम आरक्षण की मौजूदा समय सीमा 120 दिनों से घटाकर 60 दिन (यात्रा की तारीख को छोड़कर) कर दी जाएगी।
OCT 17, 2024 16:45 IST

इन्फोसिस का सितंबर तिमाही का शुद्ध लाभ 4.7 प्रतिशत बढ़कर 6,506 करोड़ रुपये

सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी इन्फोसिस लिमिटेड का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 4.7 प्रतिशत बढ़कर 6,506 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने व्यापक वृद्धि के बाद आमदनी लक्ष्य बढ़ा दिया है। बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 6,212 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही आधार पर कंपनी के शुद्ध लाभ में 2.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इन्फोसिस लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि तिमाही के दौरान उसकी आमदनी 4.2 प्रतिशत बढ़कर 40,986 करोड़ रुपये हो गई।
OCT 17, 2024 15:26 IST

नांदेड़ लोकसभा सीट उपचुनाव: कांग्रेस ने रवींद्र चव्हाण को बनाया उम्मीदवार

कांग्रेस ने महाराष्ट्र के नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को रवींद्र चव्हाण को अपना उम्मीदवार घोषित किया। रवींद्र चव्हाण इस सीट से सांसद रहे दिवंगत वसंतराव चव्हाण के पुत्र हैं। वसंतराव चव्हाण का इसी साल अगस्त में निधन हो गया था। इस वजह से नांदेड़ में उपचुनाव हो रहा है।
OCT 17, 2024 14:37 IST

कोटा में नीट-यूजी की तैयारी कर रहे UP के छात्र ने की आत्महत्या

राजस्थान के कोटा में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा- स्नातक (नीट यूजी) की तैयारी कर रहे उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय छात्र ने अपने पीजी कमरे में बुधवार रात पंखे से लटक कर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और छात्र के आत्महत्या करने का कारण भी पता नहीं चल पाया है। दादाबाड़ी थाने के निरीक्षक नरेश मीना ने बृहस्पतिवार को सुबह बताया कि बुधवार रात को जब युवक ने दरवाजा खटखटाने और परिवार के सदस्यों के बुलाने पर भी कोई जवाब नहीं दिया तो देखभालकर्ता ने पुलिस को फोन किया। दरवाजा तोड़ने पर युवक छत के पंखे से लटका हुआ मिला। मीना ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी आशुतोष चौरसिया के रूप में हुई है। वह अपने चचेरे भाई के साथ पिछले छह महीने से यहां नीट-यूजी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उन्होंने बताया कि पता चला है कि युवक मानसिक बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था। इस साल कोटा में कोचिंग छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने का यह 15वां मामला है, जबकि पिछले वर्ष ऐसे 26 मामले सामने आए थे।
OCT 17, 2024 13:42 IST

नोएडा में आरएलडी नेता के घर पर फायरिंग, पुलिस जांच में जुटी

नोएडा में बीती रात सेक्टर-20 थाना इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान हवाई फायरिंग हुई। जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हवाई फायरिंग की थी। पीड़ित पक्ष आरएलडी पार्टी से भी जुड़ा है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के निठारी गांव में बीती देर रात दो पक्षों में केबल छत से निकालने और इसके लेनदेन के विवाद को लेकर फायरिंग हुई। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी चेक कर रही है। एसीपी प्रथम नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 20 थाना पुलिस को निठारी गांव में झगड़ा होने की सूचना मिली थी। तत्काल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि अमित अवाना का छत से केबल निकालने को लेकर संजय अवाना से विवाद हो गया। आरोप है कि संजय केबल गुजरने के लेकर रुपये की मांग कर रहा था, लेकिन पीड़ित पक्ष ने रुपये देने से इनकार कर दिया था। आरोपी देर रात घर पर आए और मारपीट करते हुए घर मे तोड़फोड़ करते हुए धमकी दी। आशंका है कि फायरिंग भी की गई थी। पुलिस ने गोली चलने से इनकार किया है। पुलिस ने अमित की ओर से मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने की शिकायत मिलने की बात बताई है। पुलिस ने देर रात कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
OCT 17, 2024 13:33 IST

कोलकाता में बंद पड़ी फैक्टरी में आग लगी

पूर्वी कोलकाता के बेलियाघाटा इलाके में बृहस्पतिवार को एक बंद पड़ी फैक्टरी में आग लग गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना में अब तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना पूर्वाह्न 11 बजे मिली थी जिस पर एक घंटे बाद काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए दो दमकल गाड़ियों को भेजा गया था। उन्होंने बताया कि जांच के बाद आग लगने के कारणों का पता चल पाएगा।
OCT 17, 2024 13:31 IST

नायब सिंह सैनी ने ली हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ

अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के नेता नायब सिंह सैनी आज यानी बृहस्पतिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व के अलावा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य दलों के नेता भी शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह के लिए भाजपा द्वारा आज का दिन चुना जाना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इस दिन वाल्मीकि जयंती है। ऋषि वाल्मीकि हिंदू महाकाव्य रामायण के रचयिता हैं और दलितों के बीच विशेष रूप से पूजनीय हैं। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने सैनी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। इस दौरान सैनी के मंत्रिमंडल के सदस्यों को भी शपथ दिलाई गई। अनिल विज, कृष्णा पंवार समेत कई दिग्गजों ने मंत्री पद की शपथ ली। पंचकूला में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और राजीव रंजन सिंह समारोह में शामिल होने पहुंचे। भाजपा शासित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल होने पहुंचे। समारोह से कुछ घंटे पहले सैनी वाल्मीकि भवन गए और उन्होंने पंचकूला स्थित गुरुद्वारे एवं मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
OCT 17, 2024 13:24 IST

महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे की पत्नी कार दुर्घटना में बाल-बाल बचीं

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री धनंजय मुंडे की पत्नी की कार बृहस्पतिवार सुबह सोलापुर-पुणे रोड पर एक निजी बस से टकरा गई। हालांकि इस हादसे में वह बाल-बाल बच गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उरुली कंचन पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सोलापुर-पुणे राजमार्ग पर सोरतापवाड़ी के पास सुबह करीब पांच बजे यह दुर्घटना हुई। अधिकारी ने बताया, ‘‘जैसे ही निजी बस की गति कम हुई तो पीछे से कार उससे टकरा गई, जिससे मामूली दुर्घटना हो गई। इस हादसे में राजश्री मुंडे सुरक्षित बच गईं।’’ अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता धनंजय मुंडे राज्य कृषि विभाग का प्रभार संभाल रहे हैं।
OCT 17, 2024 12:59 IST

आरजी कर मामला : कनिष्ठ चिकित्सकों का अनशन 13वें दिन भी जारी

पश्चिम बंगाल में आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला चिकित्सक के साथ कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में पीड़ित को न्याय दिलाने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर कनिष्ठ चिकित्सकों का आमरण अनशन बृहस्पतिवार को लगातार 13वें दिन भी जारी है। डॉ. सुवेन्दु मलिक ने बताया कि अब तक छह अनशनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों को स्वास्थ्य में गंभीर गिरावट के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। उन्होंने बताया कि कोलकाता के मध्य में स्थित एस्प्लेनेड में धरना स्थल पर वर्तमान में आठ चिकित्सक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। प्रदर्शनकारी चिकित्सक आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मृत पाई गई महिला चिकित्सक के लिए न्याय और राज्य के स्वास्थ्य सचिव एन. एस. निगम को तत्काल पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। उनकी अन्य मांगों में राज्य के सभी अस्पतालों एवं चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए केंद्रीकृत रेफरल प्रणाली की स्थापना करना, बिस्तर रिक्ति निगरानी प्रणाली का कार्यान्वयन और कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना, ‘ऑन-कॉल रूम’ तथा शौचालय आदि के लिए आवश्यक प्रावधान सुनिश्चित करने के वास्ते कार्यबल का गठन शामिल हैं।
OCT 17, 2024 12:59 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जन्मदिन की बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को उनके जन्मदिन पर बधाई दी तथा उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। ईश्वर आपको लंबा और स्वस्थ जीवन दें।’’ भगवंत मान आम आदमी पार्टी के नेता हैं और वह बृहस्पतिवार को 51 वर्ष के हो गए। हास्य कलाकार से नेता बने भगवंत मान का जन्म 17 अक्टूबर 1973 में पंजाब के संगरूर जिले के सतोज गांव में हुआ था।
OCT 17, 2024 11:11 IST

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को करेंगे वाराणसी का दौरा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का रविवार को दौरा करेंगे और 1,300 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री यहां दो जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की काशी इकाई के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि संभावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी रविवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बाबतपुर हवाई अड्डा पहुंचेंगे। इसके बाद वह रिंग रोड स्थित शंकरा नेत्र अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री अस्पताल का निरीक्षण करेंगे और करीब 1,000 लोगों को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से सिगरा स्थित ‘सम्पूर्णनानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम’ पहुंच कर ‘स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स’ का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री यहां कई अन्य परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री शाम करीब छह बजे दिल्ली प्रस्थान करेंगे। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री रिंग रोड स्थित शंकरा नेत्र अस्पताल का उद्घाटन करेंगे जिसका फायदा वाराणसी सहित पूर्वांचल और बिहार के लोगों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री वाराणसी दौरे पर बाबतपुर हवाई अड्डा टर्मिनल और अन्य हवाई अड्डा परियोजनाओं सहित करीब 1,300 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां जारी हैं और ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि इस दौरान आम जनता को कोई तकलीफ ना हो। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के लिए पुख्ता योजना बनाई गई है। इस दौरान 5,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही ड्रोन से चप्पे-चप्पे की निगरानी की जाएगी। इस दौरान यातायात के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
OCT 17, 2024 11:10 IST

जम्मू-कश्मीर में पुंछ जिले के सुदूर गांव में तलाशी अभियान जारी

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के एक दूरस्थ के गांव में आतंकवादियों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कुछ आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद गुरसाई टॉप इलाके के मोहरी शाहस्तर में पुलिस और सेना ने बुधवार देर रात संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने जंगल की ओर बढ़ रहे आतंकवादियों को ललकारा, जिसके बाद उनके बीच कुछ देर तक गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की तलाश के लिए अतिरिक्त बल भेजा गया है और व्यापक तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों का पता लगाने के लिए ड्रोन और खोजी कुत्तों को तैनात किया है। आज सुबह एक हेलीकॉप्टर भी वन क्षेत्र के ऊपर मंडराता देखा गया।
OCT 17, 2024 11:09 IST

दिल्ली में वायु गुणवत्ता लगातार चौथे दिन सुबह 'खराब'

दिल्ली की वायु गुणवत्ता बृहस्पतिवार को लगातार चौथे दिन सुबह ‘खराब’ श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने यह जानकारी दी। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 277 दर्ज किया गया। शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ तथा 401 और 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से एक डिग्री अधिक है। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह सापेक्ष आर्द्रता का स्तर 91 प्रतिशत दर्ज की गयी। दिल्ली में आसमान साफ ​​रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
OCT 17, 2024 10:11 IST

ईडी ने जीएसटी धोखाधड़ी मामले में गुजरात में छापे मारे

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को माल एवं सेवा कर (जीएसटी) ‘‘धोखाधड़ी’’ से जुड़े धन शोधन के एक मामले में गुजरात में कई शहरों में छापेमारी की जिसमें राज्य पुलिस ने हाल में एक पत्रकार सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किए जाने के बाद संघीय एजेंसी ने राजकोट, जूनागढ़, अहमदाबाद, भावनगर और वेरावल शहरों में करीब 23 परिसरों पर छापेमारी की। मामले में गिरफ्तार पत्रकार महेश लांगा एक प्रमुख अखबार में काम करते हैं जिनके परिसरों पर भी छापेमारी की जा रही है। धन शोधन का यह मामला अहमदाबाद पुलिस अपराध शाखा की प्राथमिकी से संबंधित है। अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ने फर्जी ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ (आईटीसी)और धोखाधड़ी वाले लेनदेन के जरिए सरकार को धोखा देने के इरादे से स्थापित मुखौटा कंपनियों से जुड़े एक कथित घोटाले को लेकर केंद्रीय जीएसटी से शिकायत मिलने के बाद कई व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। लांगा को सात अन्य लोगों के साथ तब गिरफ्तार किया गया जब केंद्रीय जीएसटी ने जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उनकी पत्नी और पिता के नाम पर बनाई गई फर्जी कंपनियों में कुछ संदिग्ध लेनदेन पाए। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अपराध शाखा और गुजरात की आर्थिक अपराध शाखा ने अहमदाबाद, जूनागढ़, सूरत, खेड़ा और भावनगर सहित राज्य भर में 14 स्थानों पर छापे मारे। अपराध शाखा के अनुसार, देशभर में 200 से अधिक फर्जी कंपनियां संगठित तरीके से फर्जी ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ के जरिए सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा रही थीं और इन कंपनियों को बनाने के लिए जाली दस्तावेजों और पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया गया था।
OCT 17, 2024 10:00 IST

दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बनेंगे नायब सिंह सैनी, आज लेंगे शपथ

​पंचकूला में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मोदी व शाह के अलावा राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा (भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष) सहित कई केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। हरियाणा में पांच अक्टूबर को हुए चुनावों में भाजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट जीतकर राज्य में ऐतिहासिक तीसरा कार्यकाल हासिल किया। वहीं कांग्रेस ने 37 सीट पर जीत दर्ज की। पढ़ें पूरी ​खबर
OCT 17, 2024 09:29 IST

बिहार: सारण के ब्राहिमपुर गांव में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत

OCT 17, 2024 09:21 IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वाल्मीकि मंदिर में पूजा की

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को वाल्मीकि जयंती के अवसर पर यहां वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना की। कांग्रेस ने बताया कि राहुल गांधी मंदिर मार्ग स्थित वाल्मीकि मंदिर सुबह पहुंचे और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। पार्टी ने मंदिर में पूजा कर रहे राहुल गांधी की तस्वीरें साझा करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ लिखा, ‘‘नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भगवान वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।’’ महर्षि वाल्मीकि हिंदू महाकाव्य रामायण के रचयिता हैं और विशेष रूप से दलितों के बीच पूजनीय हैं।
OCT 17, 2024 09:20 IST

बहराइच: महसी के महराजगंज में स्थिति सामान्य, इंटरनेट सेवा बहाल

बहराइच में महसी के महराजगंज क्षेत्र में स्थिति अब सामान्य हो गई है। गुरुवार को पांचवें दिन इंटरनेट सेवाएं फिर से बहाल कर दी गई हैं। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह अफवाहों से दूर रहें और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक पोस्टों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति गलत जानकारी फैलाता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक पवित्र मोहन त्रिपाठी ने कहा कि 13 अक्टूबर को जनपद बहराइच में घटित घटना में एक हिंदू व्यक्ति की हत्या को लेकर सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने के उद्देश्य से भ्रामक सूचना फैलाई जा रही है। इसमें मृतक को करंट लगने, तलवार संभालने और उसके नाखून उखाड़ने जैसी बातें शामिल हैं, जो पूरी तरह से गलत हैं। उन्होंने आगे कहा कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि उसकी मृत्यु गोली लगने से हुई है। इस घटना में केवल एक ही व्यक्ति की मृत्यु हुई है, न कि कोई अन्य व्यक्ति। सभी से अनुरोध है कि वे सांप्रदायिक स्वार्थ को बढ़ावा देने वाली भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें और सचेत रहें।
OCT 17, 2024 09:09 IST

भारतीय जांच समिति के साथ बैठक सार्थक रही: अमेरिका

अमेरिका ने एक अमेरिकी सिख अलगाववादी नेता की हत्या की साजिश में भारतीय अधिकारी की संलिप्तता के आरोपों की जांच के लिए गठित भारतीय जांच समिति के देश के दौरे के दौरान हुई बैठक को ‘‘सार्थक’’ बताते हुए कहा कि वे भारत की ओर से मिले सहयोग से संतुष्ट हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम भारत से मिल रहे सहयोग से संतुष्ट हैं। यह एक सतत प्रक्रिया है। हम इस पर उनके साथ काम करना जारी रखेंगे, जैसे हम उन्हें अपनी जांच के बारे में अद्यतन करते रहे हैं, उसी तरह हम उनकी जांच के संदर्भ में हमें लगातार जानकारी मुहैया करने की भी सराहना करते हैं।’’ अमेरिका ने अमेरिकी सिख अलगाववादी नेता की हत्या की साजिश में एक भारतीय अधिकारी की संलिप्तता के आरोप लगाए हैं। मिलर इन आरोपों की जांच कर रही भारतीय जांच समिति के अधिकारियों के दौरे के बारे में पूछे गए प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। मिलर ने कहा, ‘‘कल हुई बैठक में हमने जांच समिति के सदस्यों को अमेरिका द्वारा की जा रही जांच के बारे में जानकारी दी। हमें इस संदर्भ में उनकी जांच के बारे में भी जानकारी मिली है। यह एक सार्थक बैठक थी।’’ उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा, ‘‘उन्होंने हमें बताया कि न्याय विभाग के अभियोग में नामित व्यक्ति अब भारत सरकार का कर्मचारी नहीं है।’’
OCT 17, 2024 07:30 IST

पुरी के जगन्नाथ मंदिर में प्रवेश पर कार्तिक मास के दौरान कुछ पाबंदी लगाई गई

कार्तिक माह के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने बुधवार को 18 अक्टूबर से मंदिर में प्रवेश पर कुछ पाबंदी लगाने की घोषणा की। उस दिन से भक्तों को केवल सिंह द्वार और पश्चिमी द्वार से ही प्रवेश की अनुमति होगी। वर्तमान में, भक्त मंदिर के सभी चार द्वारों से मंदिर में प्रवेश करते हैं। यह प्रतिबंध मंदिर के सेवादारों और उनके परिवार के सदस्यों पर लागू नहीं होगा। मंदिर प्रशासन ने सभी से इन नियमों का पालन करने का आग्रह किया है ताकि दर्शन सुचारु और व्यवस्थित हो सके। पुलिस ने कार्तिक महीने के लिए व्यापक व्यवस्था की है। इस महीने के लिए शहर में पुलिस बल की 20 प्लाटून (एक प्लाटून में 30 जवान होते हैं) तैनात की गई हैं।