LIVE
Aaj Ki Taza Khabar: भारत-अमेरिका व्यापार समझौता जल्द... महाराष्ट्र में जनसुरक्षा विधेयक बिना विरोध के पारित
Aaj Ki Taza Khabar: भारत-अमेरिका व्यापार समझौता जल्द... महाराष्ट्र में जनसुरक्षा विधेयक बिना विरोध के पारित
JUL 17, 2025 18:12 IST
महाराष्ट्र में जनसुरक्षा विधेयक बिना विरोध के पारित
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ कड़े प्रावधानों वाले विशेष जन सुरक्षा विधेयक के पिछले हफ्ते राज्य विधानसभा में विपक्षी पार्टी के सदस्यों के विरोध के बिना पारित होने पर अपने विधायक दल के नेता से स्पष्टीकरण मांगा है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सोमवार को कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार को पत्र लिखकर यह बताने को कहा है कि विधेयक को कांग्रेस सदस्यों के विरोध के बिना ही पारित होने दिया गया, जो कि पूर्व में हुई एक बैठक में लिए गए निर्णय के विपरीत है। उन्होंने बताया कि सपकाल ने पार्टी आलाकमान के निर्देश पर वडेट्टीवार से स्पष्टीकरण मांगा है।
JUL 17, 2025 15:11 IST
छत्तीसगढ़ विधानसभा से 30 कांग्रेस सदस्य एक दिन के लिए निलंबित
छत्तीसगढ़ विधानसभा में बृहस्पतिवार को राज्य में खाद की कमी को लेकर हंगामा मचाने के कारण कांग्रेस सदस्यों को एक दिन के लिए निलंबित कर दिया गया। कांग्रेस सदस्यों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार डीएपी (डायमोनियम फॉस्फेट) उर्वरक की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रही है। इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान हुए हंगामे के बीच, अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी। प्रश्नकाल में यह मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक उमेश पटेल ने राज्य में डीएपी की मांग और आपूर्ति के बारे में पूछा। उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या डीएपी उर्वरक की उपलब्धता में कमी है। अपने जवाब में, राज्य के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि खरीफ फसल सीजन 2025 में, भारत सरकार द्वारा राज्य के लिए 3,10,000 मीट्रिक टन डीएपी का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय द्वारा अप्रैल से जून 2025 तक 2,19,100 मीट्रिक टन की आपूर्ति योजना जारी की गई है, जिसके विरुद्ध 30 जून तक 1,08,155 मीट्रिक टन की आपूर्ति की जा चुकी है।
JUL 17, 2025 14:46 IST
गुजरात में झील में डूबने से दो सगे भाइयों समेत तीन बच्चों की मौत
गुजरात के राजकोट जिले के एक गांव में बृहस्पतिवार को झील में डूबने से दो भाइयों समेत तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। जामकंडोरना थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना जामकंडोरना तालुका के गांव पडारिया में उस समय हुई जब बच्चे झील में नहाने गए थे। उन्होंने बताया कि बच्चे जैसे ही झील में उतरे तो अचानक गहरे पानी में जाने से वे डूब गए। स्थानीय गोताखोरों ने उनके शवों को बाहर निकाला। अधिकारी के अनुसार स्थानीय राजस्व अधिकारी और पुलिसकर्मियों सहित एक टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान भावेश डांगी (छह), उसके भाई हितेश (आठ) और नितेश मावी (सात) के रूप में हुई है।
JUL 17, 2025 14:36 IST
कांग्रेस के राज में ये देश आए दिन आतंकवादी हमलों से त्रस्त था, बोले अमित शाह
प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे बड़ा काम देश को सुरक्षित करने का किया है। कांग्रेस के राज में ये देश आए दिन आतंकवादी हमलों से त्रस्त था। आने वाले 100 साल सहकारिता के सौ साल हैं। हर गांव, हर गरीब, हर किसान तक सहकारिता को पहुंचाने के लक्ष्य के साथ केंद्र में स्वतंत्र सहकारिता मंत्रालय स्थापित किया है: केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने जयपुर में कहा।
JUL 17, 2025 14:34 IST
दिल्ली में दो दिन मॉक ड्रिल्स का आयोजन
राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को 10 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल्स यानी किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्वाभ्यास किया जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इन अभ्यासों में दिल्ली पुलिस समेत कई एजेंसियां हिस्सा लेंगी। इन मॉक ड्रिल्स का उद्देश्य किसी संभावित आतंकी हमले जैसी आपात स्थितियों में प्रतिक्रिया तंत्र का मूल्यांकन करना और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को सुदृढ़ बनाना है। एक अधिकारी ने बताया कि यह अभ्यास विभिन्न पक्षकारों की तैयारियों और समन्वय को परखने के लिए किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे मॉक ड्रिल्स के दौरान शांत रहें, सहयोग करें और अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। अधिकारी ने यह भी बताया कि इन मॉक ड्रिल्स की बारीकी से निगरानी की जाएगी ताकि परिचालन कुशलता सुनिश्चित की जा सके।
JUL 17, 2025 13:18 IST
इराक के वासित प्रांत में मॉल में भीषण आग, 50 लोगों की मौत
ईराक के पूर्वी वासित प्रांत में स्थित एक मॉल में बुधवार को लगी भीषण आग में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई। प्रांतीय गवर्नर मोहम्मद अल-मैय्येह ने यह जानकारी दी। गवर्नर ने इस त्रासदी पर तीन दिनों के शोक की घोषणा की है। यह आग बुधवार को कुत कस्बे में लगी थी। गवर्नर ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और मॉल तथा इमारत के मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि आरोप क्या लगाए गए हैं। अल-मैय्येह ने कहा, हम निर्दोष पीड़ितों के परिवारों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि इस हादसे के लिए प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
JUL 17, 2025 12:53 IST
केरल में भारी बारिश से भूस्खलन, जलभराव और नदियों का जलस्तर बढ़ा
केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कोझिकोड जिले में मामूली भूस्खलन की घटनाएं हुईं और कई घरों में पानी भर गया है, वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में निचले इलाकों में जलभराव और विभिन्न नदियों के जलस्तर में वृद्धि देखी गई है। कासरगोड जिले में उप्पला, मंजेश्वरम, माधूर और पुथिगे समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे स्थानीय प्रशासन ने नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। इसी तरह की चेतावनियां कोझिकोड में कोरापुझा और कुट्टियाडी, कन्नूर में पेरुम्बा और वायनाड में काबनी नदियों के आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी जारी की गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि छह अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
JUL 17, 2025 12:38 IST
स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर लगातार आठवीं बार पहले पायदान पर
केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर लगातार आठवीं बार सबसे स्वच्छ शहरों में शीर्ष स्थान पर रहा जबकि सूरत और नवी मुंबई क्रमश: दूसरे और तीसरे पायदान पर रहे। स्वच्छ सर्वेक्षण के नतीजे बृहस्पतिवार को घोषित किए गए। तीन से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में नोएडा पहले स्थान पर, चंडीगढ़ दूसरे स्थान पर और मैसूर तीसरे स्थान पर रहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
JUL 17, 2025 12:10 IST
राजस्थान के अजमेर जिले में सड़क हादसे में चार लोगों की मौत
राजस्थान के अजमेर जिले में भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा बुधवार आधी रात के बाद दो बजे अजमेर के मांगलियावास थाना क्षेत्र में अजमेर-जयपुर राजमार्ग पर उस समय हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। उसने बताया कि कार में पांच लोग सवार थे जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान डीडवाना जिले के चौसला गांव के निवासी सूरज, बजरंग, प्रेमचंद व कमलेश के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
JUL 17, 2025 11:51 IST
बेंगलुरु भगदड़ की रिपोर्ट सार्वजनिक, कर्नाटक सरकार ने RCB को ठहराया जिम्मेदार
बेंगलुरु भगदड़ पर कर्नाटक सरकार की रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी गई है जिसमें हादसे के लिए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को जिम्मेदार ठहराया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ट्रॉफी जीतने के बाद बिना अनुमति के विजय उत्सव मनाया। कर्नाटक हाई कोर्ट के निर्देश पर रिपोर्ट सार्वजनिक की गई। पीठ ने कहा कि रिपोर्ट को सील करना जरूरी नहीं है। आईपीएल 2025 में आरसीबी की जीत के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। 12 जून को सौंपी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि डीएनए एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और आरसीबी ने 3 जून को पुलिस को विजय परेड के बारे में सूचित किया था और इसमें विराट कोहली का भी जिक्र है। हालांकि, अधूरी जानकारी के कारण पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था। रिपोर्ट में कहा गया है, इसके बावजूद, आरसीबी ने जश्न मनाया। राज्य सरकार ने आरसीबी, डीएनए और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
JUL 17, 2025 11:08 IST
ओडिशा में छात्रा की मौत के मामले में कांग्रेस और अन्य दलों के बंद का आंशिक असर
ओडिशा में एक कॉलेज की छात्रा की मौत की घटना के विरोध में विपक्षी दल कांग्रेस और सात अन्य राजनीतिक दलों की ओर से आहूत 12 घंटे के बंद के दौरान बृहस्पतिवार को सामान्य जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित रहा। छात्रा ने कथित यौन उत्पीड़न की घटना में न्याय न मिलने पर खुद को आग लगा ली थी। भुवनेश्वर, कटक और राज्य के अन्य हिस्सों में सड़कें सुनसान रहीं, कुछ वाहनों की आवाजाही देखी गई और जटनी, पुरी व भद्रक स्टेशन जैसे कुछ स्थानों पर रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने बंद के समर्थन में सुबह छह बजे से ही प्रदर्शन शुरू कर दिया था। इस दौरान बाजार, स्कूल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। हालांकि आवश्यक सेवाओं के लिए आवाजाही में छूट दी गई है। प्रदर्शनकारियों ने राज्य की राजधानी में कई मुख्य सड़कों पर नाकाबंदी की, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ नारे लगाए और छात्रा के लिए न्याय की मांग की।
JUL 17, 2025 10:03 IST
महाराष्ट्र के नासिक में कार-मोटरसाइकिल की टक्कर में सात लोगों की मौत
महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना बुधवार देर रात जिले के डिंडोरी कस्बे के पास हुई। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को रात 11.57 बजे वाणी-डिंडोरी रोड पर एक नर्सरी के पास हुई इस घटना की सूचना मिली। अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो दोनों वाहन सड़क किनारे एक छोटी नहर में गिरे हुए पाए गए। पुलिस ने बताया कि सात लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद, पुलिस और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुँचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना बुधवार देर रात जिले के डिंडोरी कस्बे के पास हुई। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को रात 11.57 बजे वाणी-डिंडोरी रोड पर एक नर्सरी के पास हुई इस घटना की सूचना मिली। अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो दोनों वाहन सड़क किनारे एक छोटी नहर में गिरे हुए पाए गए। पुलिस ने बताया कि सात लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद, पुलिस और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुँचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
JUL 17, 2025 09:59 IST
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में खाड़ी देशों के नेताओं से की मुलाकात
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दो खाड़ी देशों के नेताओं से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब इजराइल और सीरिया के बीच हिंसा ने पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के ट्रंप के संकल्प पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रंप ने बुधवार को ओवल ऑफिस में बहरीन के युवराज सलमान बिन हमद अल खलीफा के साथ बैठक की और कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल सानी के साथ भोज किया। गाजा में जारी संघर्ष और क्षेत्र की अन्य ज्वलंत समस्याओं के बीच ट्रंप ने आर्थिक विकास के माध्यम से राजनयिक संबंधों को बढ़ावा देने पर अधिक ध्यान केंद्रित किया। बहरीन के युवराज सलमान बिन हमद अल खलीफा से मुलाकात के दौरान ओवल ऑफिस में ट्रंप ने कहा, उन्हें जो भी चाहिए था, (उसमें) हमने उनकी मदद की। और हमें जो भी चाहिए था, उन्होंने (उसमें) हमारी मदद की। बहरीन एक पुराना सहयोगी है जो पश्चिम एशिया में अमेरिकी पांचवें बेड़े की मेज़बानी करता है। इस बेड़े का मुख्य मिशन पश्चिम एशिया में समुद्री सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करना है।
JUL 17, 2025 09:30 IST
छांगुर बाबा पर कसा शिकंजा, ED ने मारे छापे
Changur Baba News: उत्तर प्रदेश में जबरन धर्मांतरण रैकेट के मास्टरमाइंड और स्वयंभू धर्मगुरु छांगुर बाबा उर्फ जमालुद्दीन पर अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) का शिकंजा भी तेज हो गया है। आज ईडी ने छांगुर के धर्मांतरण रैकेट मामले की जांच तेज करते हुए यूपी और मुंबई में कई जगहों पर छापेमारी की। वहीं, बुधवार को अपने खिलाफ लगे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए छांगुर बाबा ने दावा किया कि वह निर्दोष है और उसे कुछ नहीं पता है। छांगुर ने यह टिप्पणी उस समय की जब उसे उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ते द्वारा मेडिकल जांच के लिए ले जाया जा रहा था। अपनी सहयोगी नसरीन के साथ चलते हुए उसने एएनआई से कहा, 'मैं निर्दोष हूं, मुझे कुछ नहीं पता...'।
JUL 17, 2025 08:40 IST
अमेरिका में चोरी, हमले जैसे अपराध किए तो वीजा हो जाएगा रद्द, भारत में यूएस एम्बेसी ने चेताया
भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने एक चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अमेरिका में हमला, चोरी या सेंधमारी करने पर आरोपी का वीजा रद्द कर दिया जाएगा। चेतावनी में आगे कहा गया है कि ऐसा करने पर आरोपी शख्स को अमेरिका में दोबारा प्रवेश करने से भी रोक लगाई जा सकती है। X पर एक पोस्ट में दूतावास ने कहा, अमेरिका में हमला, चोरी या सेंधमारी करने पर न सिर्फ आपको कानूनी समस्याएं होंगी, बल्कि आपका वीजा रद्द भी हो सकता है और आप भविष्य में अमेरिकी वीजा के लिए अयोग्य हो सकते हैं। अमेरिका कानून और व्यवस्था को महत्व देता है और विदेशी मेहमाने से सभी अमेरिकी कानूनों का पालन करने की अपेक्षा करता है।
JUL 17, 2025 08:18 IST
खराब मौसम के कारण जम्मू से अमरनाथ यात्रा स्थगित
अधिकारियों ने बताया कि घाटी में पिछले 36 घंटों से हो रही भारी बारिश के कारण गुरुवार को अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। मौसम विभाग की एक चेतावनी में जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। यह चेतावनी गंदेरबल जिले में यात्रा के बालटाल मार्ग पर हुए भूस्खलन में एक महिला तीर्थयात्री की मौत और तीन अन्य के घायल होने के एक दिन बाद जारी की गई है। कश्मीर के संभागीय आयुक्त विजय कुमार भिदुरी ने कहा, पहलगाम और बालटाल दोनों आधार शिविरों से श्री अमरनाथजी यात्रा 17.07.2025 तक स्थगित कर दी गई है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण दोनों मार्गों पर पटरियों पर मरम्मत कार्य करना आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा, हालांकि, कल रात पंजतमी शिविर में रुके यात्रियों को बीआरओ और पर्वतीय बचाव दलों की पर्याप्त तैनाती के साथ बालटाल जाने की अनुमति दी जा रही है। भिदुरी ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने काम पूरा करने के लिए पटरियों पर भारी संख्या में लोगों और मशीनों की तैनाती की है ताकि बालटाल और पहलगाम दोनों आधार शिविरों से यात्रा फिर से शुरू की जा सके।
JUL 17, 2025 07:50 IST
पहलगाम हमले के आतंकवादियों की पहचान हुई, ज्यादा दिन जिंदा नहीं रहेंगे...बोले उपराज्यपाल मनोज सिन्हा
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को कहा कि पहलगाम हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें मार गिरा दिया जाएगा। मनोज सिन्हा ने गांधी स्मृति में ‘जम्मू-कश्मीर: शांति की ओर’ विषय पर व्याख्यान देते हुए जोर देकर कहा कि कश्मीर घाटी में शांति भंग करने की कोई भी कोशिश कामयाब नहीं होगी। उन्होंने कहा, पहलगाम हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए पाकिस्तान को कड़ी प्रतिक्रिया मिली। हमले को अंजाम देने वालों की पहचान कर ली गई है और मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि अब उनका जिंदा रहना मुश्किल है। अच्छी खबरें जरूर आएंगी, लेकिन कोई निश्चित तारीख बताना उचित नहीं होगा।
JUL 17, 2025 07:43 IST
न्यू जर्सी तीरंदाजी रेंज में बिजली गिरने से 1 व्यक्ति की मौत, 13 घायल
न्यू जर्सी के एक तीरंदाजी रेंज में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। जैक्सन टाउनशिप के पुलिस प्रमुख मैथ्यू कुंज ने एक बयान में कहा कि बुधवार शाम करीब 7:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ब्लैक नाइट बोबेंडर्स तीरंदाजी रेंज में कई लोग बिजली की चपेट में आ गए हैं और एक व्यक्ति को सीपीआर दिया जा रहा है। बयान में कहा गया है कि 61 वर्षीय एक व्यक्ति की चोटों के कारण मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति अस्थायी रूप से बेहोश हो गया। अन्य घायलों को जलन और अस्वस्थता की अस्पष्ट शिकायत थी। घायल हुए सबसे कम उम्र के बच्चे की उम्र 7 वर्ष थी। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। उनकी स्थिति के बारे में जानकारी नहीं दी गई।
JUL 17, 2025 07:29 IST
ऑपरेशन सिंदूर जारी रहना चाहिए: ओवैसी
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले का बदला लिया जाना चाहिए और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जारी रखा जाना चाहिए। वक्फ (संशोधन) अधिनियम के विरोध में बुधवार रात तेलंगाना के बोधन शहर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पहलगाम आतंकी हमला प्रधानमंत्री मोदी सरकार की सुरक्षा चूक का उदाहरण है। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा पहलगाम आतंकवादी हमले की सुरक्षा विफलता की जिम्मेदारी खुद लिए जाने संबंधी कथित टिप्पणी के लिए ओवैसी ने उन पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा, सिन्हा घटना के लगभग तीन महीने बाद ज़िम्मेदारी ले रहे हैं। अगर वह इसके लिए ज़िम्मेदार हैं तो उन्हें अपना पद छोड़ देना चाहिए।
JUL 17, 2025 07:29 IST
अलास्का में गुरुवार तड़के भूकंप के तगड़े झटके, भूकंप की तीव्रता 7.3
Earthquake in Alaska : अलास्का में गुरुवार तड़के भूकंप के तगड़े झटके लगे। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 7.3 मापी गई। राष्ट्रीय भूविज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक भूंकप का केंद्र जमीन के अंदर 36 किलोमीटर की गहराई पर था। इलाके में आने वाले समय में भूकंप के बाद के झटकों की आशंका जताई गई है। न्यूयॉर्ट टाइम्स की रिपोर्ट के बाद 7.3 तीव्रता वाले इस भूकंप के बाद अलास्का के तटवर्ती इलाकों में सूनामी की चेतावनी जारी की गई है।
