LIVE

आज की ताजा खबर, 17 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: BJP की नई नेशनल टीम की पहली इंट्रोडक्टरी मीटिंग 22 अगस्त को; दिल्ली में ई-रिक्शा की बैटरी में विस्फोट के बाद गोदाम में आग लगी, मामा-भांजे की मौत

आज की ताजा खबर लाइव, 17 अगस्त 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [मंदिर भगदड़], [जनगणना 2027], [भारतीय राजनीति अपडेट्स] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास एक होटल में आग लगने से कम से कम 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। इसके अलावा बिहार में भी लखीसराय जिले में स्थित अशोक धाम मंदिर में भगदड़ मचने से सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। वहीं, जिम्बाब्वे में नौका हादसे के बाद और शव बरामद किए गए हैं, जहां हादसे में मृतकों की संख्या 84 हो गई है। इसके अलावा, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन को दक्षिण कोरिया के साथ होने वाले प्रस्तावित संयुक्त सैन्य अभ्यासों में कटौती करने का आदेश दिया। आइए पढ़े- देश और दुनिया की हर खबर यहां

Nitin AroraUpdated Aug 17, 2026, 23:45 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 17 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: BJP की नई नेशनल टीम की पहली इंट्रोडक्टरी मीटिंग 22 अगस्त को; दिल्ली में ई-रिक्शा की बैटरी में विस्फोट के बाद गोदाम में आग लगी, मामा-भांजे की मौत

आज की ताजा खबर, 17 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: BJP की नई नेशनल टीम की पहली इंट्रोडक्टरी मीटिंग 22 अगस्त को; दिल्ली में ई-रिक्शा की बैटरी में विस्फोट के बाद गोदाम में आग लगी, मामा-भांजे की मौत

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [मंदिर भगदड़], [जनगणना 2027], [भारतीय राजनीति अपडेट्स] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक होटल में लगी भीषण आग में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 4 बजे हुई। घटना की सूचना मिलने पर, दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग बुझाने की कोशिशें शुरू की गईं। आग लगने का कारण तुरंत पता नहीं चल सका। इसके अलावा सोमवार को बिहार के लखीसराय जिले में स्थित अशोक धाम मंदिर में भगदड़ मचने से सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बिजली का तार टूटने से भीड़ में अफरा-तफरी मच गई थी। यह घटना सुबह करीब 6.45 बजे हुई, जब पवित्र श्रावण महीने के तीसरे सोमवार को पूजा-अर्चना करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिव मंदिर में जमा हुए थे। उधर, भारत की ऐतिहासिक 16वीं जनगणना का जनसंख्या गणना चरण सोमवार, 17 अगस्त से औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। भीषण सर्दियों और बर्फबारी के कारण संपर्क से कट जाने वाले केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख तथा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के दूरदराज पर्वतीय क्षेत्रों में समय से पहले यह अभ्यास आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा बांग्लादेश ने PM तारिक रहमान की भारत यात्रा के लिए शेख हसीना के प्रत्यर्पण की शर्त रखी है।

AUG 17, 2026 23:44 IST

दिल्ली में ई-रिक्शा की बैटरी में विस्फोट के बाद गोदाम में आग लगी, मामा-भांजे की मौत

पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर में सोमवार तड़के ई-रिक्शा बैटरी में संदिग्ध विस्फोट के कारण एक गोदाम में भीषण आग लग गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने यह जानकारी दी। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि ख्याला थाने के रघुबीर नगर में गुरुद्वारा रोड स्थित एक इमारत में आग लगने की सूचना तड़के 4:42 बजे मिली। उनके अनुसार, आग इमारत की पहली मंजिल पर लगी। उन्होंने बताया कि ई-रिक्शा की बैटरी में संदिग्ध विस्फोट के बाद वहां रखे घरेलू सामान में आग लग गई। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम भी मौके पर पहुंची, जहां दो व्यक्ति बिहार में भागलपुर निवासी मोहम्मद सुफैद (17) और उसके मामा समद (38) घायल मिले। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में दोनों झुलस गए थे और उन्हें रघुबीर नगर के गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि सुफैद अपने पिता मोहम्मद नसीब और अपने मामा मोहम्मद समद के साथ किराये के मकान में रहता था। तीनों ई-रिक्शा चालक थे और संबंधित परिसर में ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज करते थे। उनके परिवार के अन्य सदस्य बिहार के भागलपुर में रहते हैं। डीएफएस अधिकारी ने बताया कि सुबह पांच बजकर 25 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारी ने बताया कि यह इमारत भूतल और चार मंजिला है। सुबह करीब छह बजे घटना की जानकारी होने पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि सुफैद और समद मदद के लिए चिल्लाए, लेकिन कोई उन्हें बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। समद के भाई मोहम्मद रहमान ने कहा कि पीड़ित उसी स्थान पर सोते थे जहां आग लगी थी। रहमान ने कहा, ’’जब आग लगी तो समद और सुफैद मदद के लिए बहुत चिल्लाए। लेकिन कोई उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया। आग में दोनों की मौत हो गई।’’ हालांकि, एक प्रत्यक्षदर्शी संतोष ने दावा किया कि आग देखकर और मदद के लिए चीख-पुकार सुनकर वह मौके पर पहुंचा। संतोष ने कहा कि दोनों बुरी तरह झुलस गए थे और "जब मैंने उन्हें बाहर निकाला तो वे जीवित थे, लेकिन जल्द ही दोनों की मौत हो गई।’’ पुलिस ने बताया कि परिसर का निरीक्षण किया गया और आग के सटीक कारण एवं घटना की अन्य परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आगे की कार्यवाही कानून के मुताबिक की जा रही है।
AUG 17, 2026 23:43 IST

स्मृति ईरानी ने भाजपा महासचिव नियुक्त होने पर प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त होने पर, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने संगठन और राष्ट्र की सेवा करने का एक और मौका देने के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताया। ईरानी ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’एक साधारण भाजपा कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर सेवा करने की जिम्मेदारी मिलने तक का यह सफर बेहद विनम्रता से भरा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ’’मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी तथा संगठन और राष्ट्र की सेवा करने का एक और मौका दिया।’’ ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ’विकसित भारत’ बनाने का संकल्प सिर्फ भविष्य की एक सोच नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि इस संकल्प में योगदान देना जिम्मेदारी और सौभाग्य, दोनों है। ईरानी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के लिए संगठन में हर जिम्मेदारी ’’सबसे पहले’’ सेवा करने का एक अवसर होती है, जो ’’राष्ट्र प्रथम’’ के सिद्धांत से प्रेरित होती है। उन्होंने कहा, ’’इसी भावना और हमारे वरिष्ठ नेतृत्व के निरंतर मार्गदर्शन के साथ, मैं नयी प्रतिबद्धता के साथ यह जिम्मेदारी संभालने, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और राष्ट्र-निर्माण व मां भारती की सेवा के बड़े मिशन में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।’’ ईरानी ने कहा, ’’मैं देश भर में अपने सभी सहयोगियों और नवनियुक्त पदाधिकारियों को भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।’’
AUG 17, 2026 22:25 IST

'वंदे मातरम्' विवाद पर रंधावा ने भाजपा को घेरा, कहा-कांग्रेस को देशभक्ति के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं

कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने ’वंदे मातरम्’ विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि कांग्रेस को किसी से देशभक्ति का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उसके नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इस मुद्दे पर की गई टिप्पणी के जवाब में रंधावा ने कहा कि ब्रिटिश शासन के खिलाफ किसने लड़ाई लड़ी थी, इसका इतिहास सबके सामने है। रंधावा ने यहां राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, "कांग्रेस को अपनी देशभक्ति साबित करने के लिए किसी के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। देश की आजादी की लड़ाई में कांग्रेस परिवार ने अपना खून बहाया है।" उन्होंने भाजपा नेताओं से स्वतंत्रता आंदोलन में उनके नेताओं के योगदान को लेकर सवाल किया। उन्होंने कहा कि वे बताएं कि उनमें से कौन जेल गया था या स्वतंत्रता संग्राम के दौरान किसे फांसी दी गई थी। रंधावा ने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को कांग्रेस की देशभक्ति पर सवाल उठाने के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
AUG 17, 2026 20:33 IST

अजय ए. कुमार बने रिपब्लिक ऑफ इराक में भारत के अगले एम्बेसडर

अजय ए. कुमार, जो अभी मिनिस्ट्री में जॉइंट सेक्रेटरी हैं, उन्हें रिपब्लिक ऑफ इराक में भारत का अगला एम्बेसडर अपॉइंट किया गया है।
AUG 17, 2026 19:17 IST

22 अगस्त को होगी BJP की नई नेशनल टीम की पहली इंट्रोडक्टरी मीटिंग

अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में नई बनी BJP नेशनल टीम की पहली इंट्रोडक्टरी मीटिंग 22 अगस्त की सुबह होगी।
AUG 17, 2026 18:57 IST

झारखंड के चतरा में दो पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल माओवादियों को गिरफ्तार किया गया

प्रतिबंधित माओवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति (टीएसपीसी) के एक एरिया कमांडर को झारखंड के चतरा जिले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लक्ष्मण गंझू उर्फ मोच्छू (40) को रविवार को लावालौंग थाना क्षेत्र के परमातू स्थित उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया गया। वह श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए गांव आया था। चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने संवाददाताओं से कहा, ’’आरोपी को रविवार को उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया गया। वह टीएसपीसी से जुड़ा हुआ है और 2024 में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में वांछित था।’’ उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ चतरा जिले के दो थानों में कम से कम तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
AUG 17, 2026 18:57 IST

दीपके की ओर से खामियां उजागर करने के बाद उनके पैतृक गांव के सरकारी स्कूल में मरम्मत शुरू

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके की ओर से महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित अपने पैतृक गांव के सरकारी स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की कमी उजागर किए जाने के बाद मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। दीपके अपने संगठन के अभियान ’स्कूल ठीक करो’ की शुरुआत करने के लिए 15 अगस्त को संतुक पिंपरी गांव स्थित जिला परिषद द्वारा संचालित स्कूल पहुंचे थे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पैतृक गांव के स्कूल में ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के बाद कॉजपा के संस्थापक ने स्कूल परिसर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं की टूटी खिड़कियों के शीशों की ओर ध्यान दिलाया और वहां अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी को भी उजागर किया। दीपके के दौरे के तुरंत बाद स्थानीय ग्राम पंचायत हरकत में आई और सरकारी स्कूल में आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। संतुक पिंपरी के सरपंच विजय पुरी ने संवाददाताओं से कहा, "अभिजीत दीपके स्कूल आए थे और उन्होंने यहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिन बुनियादी सुविधाओं की कमियों की ओर ध्यान दिलाया था, उन्हें दूर करने का काम हमने शुरू कर दिया है। क्षतिग्रस्त खिड़कियों को बदला जा रहा है और खराब सीसीटीवी कैमरों की जगह नए कैमरे लगाए जा रहे हैं।" सरपंच ने बताया, "हम खिड़कियों के नए फ्रेम लगवा रहे हैं। शौचालयों में पानी की कमी की समस्या भी थी। अब हमने शौचालयों में चौबीसों घंटे पानी की आपूर्ति की व्यवस्था कर दी है।" राज्य के शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्कूल प्रबंधन को बुनियादी सुविधाओं की मरम्मत का काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। स्कूल के प्रधानाचार्य ने कहा, "हमें उच्च अधिकारियों से निर्देश मिले हैं और उनके निर्देशानुसार मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है।"
AUG 17, 2026 18:55 IST

अलीगढ़ में ट्रक ने खड़े लोगों को मारी टक्कर, पुलिस उपनिरीक्षक समेत तीन की मौत

अलीगढ़ में मडराक टाउनशिप में सोमवार को सड़क किनारे एक विक्रेता के पास खड़े लोगों को एक ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे एक पुलिस उप-निरीक्षक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना दोपहर में अलीगढ़ से लगभग 15 किलोमीटर दूर अलीगढ़-हाथरस रोड पर हुई, जब ट्रक चालक ने कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन से सड़क के किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, मारे गए लोगों में मडराक पुलिस थाने में तैनात उप-निरीक्षक श्रवण कुमार (55) और एक दंपति, वीरपाल (53) और रामकली (51) शामिल थे, जो सड़क किनारे एक विक्रेता से खरीदारी करने के लिए रुके थे। पुलिस ने बताया कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि सड़क किनारे खड़े अन्य लोग बाल-बाल बच गये। पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार ने कहा कि ट्रक चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। एसएसपी ने कहा कि पुलिस उन परिस्थितियों की जांच कर रही है जिसके कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। पुलिस ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
AUG 17, 2026 17:46 IST

पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने हल्दिया में बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया

AUG 17, 2026 17:45 IST

देहरादून शहर के कई हिस्सों में बारिश हुई

AUG 17, 2026 17:42 IST

झारखंड के रामगढ़ जिले में हाथियों के हमले मे दो महिलाओं की मौत

झारखंड के रामगढ़ ज़िले में सोमवार को हाथियों के झुंड ने दो महिलाओं को कुचल दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे रजरप्पा थानाक्षेत्र के बरकीपोना गांव में हुई, जब दोनों महिलाएं खेत में काम कर रही थीं। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सबीना खातून (60) और धानो देवी (37) के तौर पर हुई है तथा दोनों इसी गांव की रहने वाली थीं। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने ’पीटीआई-भाषा’ से कहा, ’’जब ये महिलाएं खेत में काम कर रही थीं तब जंगली हाथियों के झुंड ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खातून ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।’’ उन्होंने कहा कि दोनों महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। रामगढ़ के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) नीतीश कुमार ने बताया कि इलाके में 44 हाथियों का झुंड घूम रहा था जो जो दो समूहों में बंट गया। उन्होंने कहा कि वन विभाग और जिला प्रशासन ने गोला, चितरपुर और दुल्मी प्रखंडों के गांवों में हाथियों को लेकर अलर्ट जारी किया है। उन्होंने कहा कि हाथियों के दो समूहों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें घनी आबादी वाले इलाकों से दूर भगाने के लिए ढोल, पटाखे और मशालों के साथ एक ’त्वरित कार्रवाई दल’ तैनात किया गया है।
AUG 17, 2026 16:50 IST

यूपी ATS ने बिहार के पूर्णिया से मोहम्मद जफर को किया गिरफ्तार

यूपी ATS ने बिहार के पूर्णिया से मोहम्मद जफर को गिरफ्तार किया है। ATS के मुताबिक, जफर मदरसों के नाम पर डोनेशन इकट्ठा करता था और पैसे पाकिस्तान भेजता था। उस पर लोगों को जिहाद के लिए मोटिवेट करने के लिए मसूद अज़हर से जुड़े जैश-ए-मोहम्मद के मटीरियल का इस्तेमाल करने का भी आरोप है। आरोपी को 16 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। BNS और UAPA की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच चल रही है।
AUG 17, 2026 16:49 IST

सीएम हेमंत सोरेन की बैठक

सीएम हेमंत सोरेन मंत्रियों के साथ एक बैठक कर रहे है। इस मीटिंग का समय 04.30 बजे प्रोजेक्ट भवन में शुरू हुई है। इसके बाद स्टूडेंट्स से मीटिंग पर कोई अपडेट आएगा। फिलहाल स्टूडेंट्स को इंतजार करने के लिए कहा गया है।
AUG 17, 2026 16:47 IST

पंजाब में प्रशासनिक फेरबदल, 12 आईपीएस और 112 पीपीएस अधिकारियों का तबादला

पंजाब सरकार ने रविवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 12 और पंजाब पुलिस सेवा (पीपीएस) के 112 अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए। आदेश के मुताबिक, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वी. नीरजा को विशेष पुलिस महानिदेशक (एनआरआई) के पद पर तैनात किया गया है। वह आर.के. जायसवाल का स्थान लेंगी। जायसवाल को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर अपराध) का प्रभार दिया गया है। वह अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जेल) का प्रभार भी संभाल रहे हैं। आईपीएस अधिकारी नानक सिंह को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), आंतरिक सतर्कता प्रकोष्ठ के पद पर तैनात किया गया है। वह डीआईजी, रोपड़ रेंज का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। प्रज्ञा जैन को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी), मादक पदार्थ रोधी कार्य बल, लुधियाना रेंज के पद पर तैनात किया गया है। वह एआईजी, आंतरिक सुरक्षा, पंजाब का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी। आकर्षी जैन को अमृतसर में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के पद पर तैनात किया गया है, जबकि जसरूप कौर बाठ को जालंधर में डीसीपी (कानून-व्यवस्था) के पद पर तैनात किया गया है। आईपीएस अधिकारी जयंत पुरी को अमृतसर में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जांच) के पद पर तैनात किया गया है, जबकि अशोक मीणा को श्री मुक्तसर साहिब का पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया है। पीपीएस अधिकारियों में सूबा सिंह, परमजीत सिंह, भूपिंदर सिंह, आलम विजय सिंह, हरकमलप्रीत सिंह, जुगराज सिंह और गुरसेवक सिंह को भी नई तैनाती दी गई है।
AUG 17, 2026 16:41 IST

सीएम योगी ने थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चे के इलाज के लिए दिये कार्यवाही के निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में अपने सरकारी आवास पर आयोजित ’जनता दर्शन’ के दौरान अधिकारियों को थैलेसीमिया से पीड़ित एक बच्चे के इलाज के खर्च का अनुमान तैयार करने का निर्देश दिया। राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री के ’जनता दर्शन’ कार्यक्रम में सोमवार को सीतापुर की रहने वाली रोली नामक महिला भारी बारिश के बीच अपने बच्चे को लेकर ’जनता दर्शन’ में पहुंची और मुख्यमंत्री को बताया कि उसका बच्चा थैलेसीमिया से पीड़ित है और उसके इलाज के लिए आर्थिक मदद की जरूरत है। बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए अधिकारियों को जिला प्रशासन से उसके उपचार के खर्च का आकलन पत्र (एस्टीमेट) मंगवाकर आर्थिक सहायक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बयान के अनुसार ’जनता दर्शन’ में बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता का अनुरोध लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा देते हुए कहा कि इलाज में धन की कमी बाधक नहीं बनेगी, सरकार निरंतर आर्थिक सहायता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल के ’एस्टीमेट’ की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराकर शासन में भेजें और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए धनराशि दी जाएगी। बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिया कि सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराएंगे। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों के सुपुर्द करते हुए निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद होना चाहिए। पुलिस, राजस्व, चिकित्सा, जमीन कब्जा आदि से जुड़े प्रार्थना पत्रों पर भी उन्होंने समयबद्ध निस्तारण व कार्रवाई का निर्देश दिया।
AUG 17, 2026 16:16 IST

लखनऊ में खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय की इमारत में लगी आग; कोई हताहत नहीं

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय की इमारत में सोमवार सुबह आग लग गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, हजरतगंज पुलिस को पूर्वाह्न करीब साढ़े 10 बजे खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय की इमारत में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक उपकरणों से लैस दो दमकल गाड़ियां तुरंत इमारत के लिए रवाना कर दी गईं। बयान के अनुसार, दमकलकर्मियों और पुलिस ने तुरंत आग बुझाने और इमारत में फैले धुएं को बाहर निकालने का काम शुरू किया, जबकि यह सुनिश्चित करने के लिए तलाश अभियान भी चलाया गया कि अंदर कोई फंसा न हो।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
AUG 17, 2026 16:08 IST

महाराष्ट्र के पालघर में इस्पात संयंत्र में विस्फोट, एक मजदूर घायल

महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार को एक इस्पात विनिर्माण कंपनी में विस्फोट होने से एक कर्मचारी घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 10:45 बजे बोइसर के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित विराज प्रोफाइल्स प्राइवेट लिमिटेड की स्टील मेल्टिंग इकाई में लगे इंडक्शन फर्नेस में हुई। अधिकारी के अनुसार, घटना के दौरान 45 वर्षीय क्रेन ऑपरेटर को मामूली चोटें आईं। आपातकालीन प्रतिक्रिया दल ने मौके पर ही उसे तत्काल प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उपचार के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय आपातकालीन सेवाओं और औद्योगिक सुरक्षा अधिकारियों ने घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
AUG 17, 2026 16:07 IST

राम माधव, स्मृति ईरानी, बिप्लब देब भाजपा की नयी टीम में शामिल; पीयूष गोयल कोषाध्यक्ष बनाये गए

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नयी राष्ट्रीय टीम की घोषणा की जिसमें राम माधव, लोकसभा सदस्य डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत 13 उपाध्यक्ष नियुक्त किये गए। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार, पार्टी ने बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बनाए रखा है। वहीं, अपनी आठ राष्ट्रीय महासचिवों की टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को शामिल किया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल ही ऐसे दो राष्ट्रीय महासचिव हैं, जिन्हें पार्टी ने अपनी नयी टीम में बरकरार रखा है। भाजपा ने अलग-अलग राज्यों से 16 राष्ट्रीय सचिवों की अपनी टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नये चेहरों को शामिल किया है।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के अलावा वैजयंत जे. पांडा और रेखा वर्मा को भी उपाध्यक्ष बनाये रखा गया है।
AUG 17, 2026 13:57 IST

अयोध्या के श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी की स्वतंत्र जांच की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई

अयोध्या के श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी की स्वतंत्र जांच की मांग वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट मे सुनवाई शुरू हो गई है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच कर रही है सुनवाई।

सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिकाओं में CBI से स्वतंत्र जांच कराने, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन का CAG / फोरेंसिक ऑडिट करने, ट्रस्ट के सभी वित्तीय रिकॉर्ड सुरक्षित रखने, जांच पूरी होने तक उस पर बड़े वित्तीय फैसलों लेने से रोक लगाए जाने की मांग की गई है।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अब तक के जांच की स्टेटस रिपोर्ट कोर्ट में जमा की।

जांच के लिए बनी SIT के चेयरमैन भी कोर्ट में मौजूद हैं।
AUG 17, 2026 10:06 IST

मुंबई के कांदिवली में व्यावसायिक इमारत में लगी आग, 11 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

मुंबई के कांदिवली इलाके में सोमवार तड़के चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इमारत से कम से कम 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

अधिकारियों के अनुसार, कांदिवली स्टेशन रोड स्थित अभिराई होटल में सुबह चार बजकर 14 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। एक नगर निकाय अधिकारी ने बताया कि पूरी इमारत धुएं से भर गई थी। इसके बाद दमकलकर्मियों ने सीढ़ियों के रास्ते दूसरी मंजिल पर स्थित एक ’लॉजिंग हाउस’ से 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

उन्होंने बताया कि आग व्यावसायिक इमारत में बिजली के तारों और उपकरणों, लकड़ी के फर्नीचर, तिरपाल, बांस तथा एल्युमिनियम और प्लास्टिक की सजावटी चादरों तक सीमित रही। अधिकारी ने कहा, ’’आग की घटना में कोई घायल नहीं हुआ।’’

उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए कम से कम चार दमकल गाड़ियों और अन्य अग्निशमन वाहनों को लगाया गया था। आग पर सुबह छह बजकर सात मिनट तक काबू पा लिया गया।