LIVE

आज की ताजा खबर, 16 जून 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: पीयूष गोयल ने की फ्रांस के नीस शहर में यूपीआई की शुरुआत, पूर्व मंत्री विजयभास्कर ने दिया तमिलनाडु विधानसभा से इस्तीफा

आज की ताजा खबर लाइव, 16 जून 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [ईरान अमेरिका युद्ध समाप्ति अपडेट], [भारतीय मानसून], [भारत-स्लोवाकिया ऐलान] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: अमेरिका और ईरान के बीच वर्चुअली शांति समझौता (MoU) साइन होने के बाद शुक्रवार से 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को पूरी तरह खोल दिया जाएगा। ईरान परमाणु हथियार न बनाने पर राजी हो गया है। वहीं, भारत और स्लोवाकिया आतंकवाद के खिलाफ एक नया 'वर्किंग ग्रुप' शुरू करेंगे। इसके अलावा देश में मानसून अगले 7 दिनों तक सुस्त रहेगा। हालांकि, 23 जून से यह एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा और बारिश का दौर शुरू होगा। इसके अलावा फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-जी मैच में ईरान और न्यूजीलैंड का रोमांचक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर ड्रॉ छूटा।

Nitin AroraUpdated Jun 16, 2026, 22:35 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 16 जून 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: पीयूष गोयल ने की फ्रांस के नीस शहर में यूपीआई की शुरुआत, पूर्व मंत्री विजयभास्कर ने दिया तमिलनाडु विधानसभा से इस्तीफा

आज की ताजा खबर, 16 जून 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: पीयूष गोयल ने की फ्रांस के नीस शहर में यूपीआई की शुरुआत, पूर्व मंत्री विजयभास्कर ने दिया तमिलनाडु विधानसभा से इस्तीफा

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [ईरान अमेरिका युद्ध समाप्ति अपडेट], [भारतीय मानसून], [भारत-स्लोवाकिया ऐलान] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: अमेरिका और ईरान के बीच एक ऐतिहासिक वर्चुअली समझौता (MoU) साइन हुआ है, जिसके तहत ईरान परमाणु हथियार न बनाने पर राजी हो गया है। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया है कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' (Strait of Hormuz) को आगामी शुक्रवार से वैश्विक व्यापार के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्लोवाकिया यात्रा के दौरान दोनों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ एक नया 'काउंटर-टेररिज्म वर्किंग ग्रुप' बनाने का फैसला किया है। उधर, देश भर में मानसून फिलहाल निष्क्रिय मोड में चला गया है, जिससे अगले 7 दिनों तक बारिश की रफ्तार धीमी रहेगी, लेकिन 23 जून से मानसून फिर से जोर पकड़ेगा।

JUN 16, 2026 22:35 IST

पीयूष गोयल ने फ्रांस के नीस शहर में यूपीआई की शुरुआत की

भारत ने मंगलवार को फ्रांस के नीस शहर में एक प्रतिष्ठित डिपार्टमेंटल स्टोर में एकीकृत भुगतान प्रणाली यूपीआई की शुरुआत की। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गैलेरी लाफायेत स्टोर में इस भुगतान सेवा की शुरुआत करते हुए कहा कि इससे भारत-फ्रांस के बीच आर्थिक एवं प्रौद्योगिकी सहयोग मजबूत होगा तथा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि दुनिया के प्रमुख खुदरा बिक्री केंद्रों में से एक पर यूपीआई की शुरुआत इसके वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गोयल ने कहा, ’’इस पहल में लायरा कलेक्ट और एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड की भागीदारी है, जो भारत की भरोसेमंद एवं सुगम डिजिटल भुगतान प्रणाली यूपीआई को वैश्विक स्तर पर पेश करती है।’’ गैलेरी लाफायेत का यह स्टोर नीस शहर के प्रमुख स्थल प्लेस मस्सेना के नजदीक स्थित है और यहां 600 से अधिक ब्रांड उपलब्ध हैं। इससे पहले 2024 में पेरिस स्थित एफिल टावर पर भी यूपीआई की शुरुआत की गई थी। वर्तमान में यूपीआई सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका और कंबोडिया सहित नौ देशों में स्वीकार किया जा रहा है। इसकी मदद से भारतीय यात्री विदेशों में भी आसानी से डिजिटल भुगतान कर सकते हैं।
JUN 16, 2026 22:34 IST

जामताड़ा में बिजली गिरने से एक लड़की की मौत, चार घायल

झारखंड के जामताड़ा जिले में मंगलवार को बिजली गिरने से एक लड़की की मौत हो गई और चार घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना कुंडहित थाना क्षेत्र के अंबा गांव में शाम करीब चार बजे हुई, जब सभी पीड़ित एक बगीचे में आम तोड़ रहे थे। कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बिजली गिरने से 13-वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई और चार घायल हो गए। चारों घायलों में से तीन की हालत खतरे से बाहर है, जबकि 16-वर्षीय एक लड़की झुलस गई और उसका सदर अस्पताल में इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि पीड़ित के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
JUN 16, 2026 18:10 IST

पूर्व मंत्री विजयभास्कर ने दिया तमिलनाडु विधानसभा से इस्तीफा

अन्नाद्रमुक के पूर्व मंत्री और बागी नेता सी. विजयभास्कर ने मंगलवार को तमिलनाडु विधानसभा के अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर को सदन की सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंप दिया। प्रभाकर ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि त्यागपत्र विजयभास्कर ने खुद हाथ से लिखा था तथा यह विधानसभा के नियमों के मुताबिक़ था, इसलिए इसे मंज़ूर कर लिया गया। विजयभास्कर पुडुकोट्टई जिले की विरालिमलाई विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। वह पिछली अन्नाद्रमुक सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे। विजयभास्कर उन बागी अन्नाद्रमुक नेताओं में थे जिन्होंने 13 मई को विधानसभा में विश्वास मत पर विभाजन में टीवीके सरकार के पक्ष में वोट दिया था। इससे पहले, अन्नाद्रमुक के चार अन्य विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफ़ा दे दिया था और बाद में वे सत्ताधारी टीवीके में शामिल हो गए थे। विधायक पद से इस्तीफ़ा देने से पहले, विजयभास्कर ने अन्नाद्रमुक प्रमुख एडप्पाडी के. पलानीस्वामी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नेतृत्व का मतलब सत्ता या अहंकार नहीं है, बल्कि सबको साथ लेकर चलने और पूरी निष्ठा के साथ काम करने से है। उन्होंने कहा, ’’कोई नेतृत्व लोगों का दिल कैसे जीत सकता है, जब वह पार्टी के लिए कड़ी मेहनत करने वाले अपने ही कार्यकर्ताओं का दिल नहीं जीत पाता?
JUN 16, 2026 18:09 IST

CREST फंड घोटाले में CBI की पहली चार्जशीट दाखिल

JUN 16, 2026 17:05 IST

राजस्थान में पानी की टंकी की दीवार गिरने से तीन मासूम बच्चों की मौत

राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन फैक्ट्री परिसर में दर्दनाक हादसा हो गया, जहां पानी की टंकी की दीवार गिरने से तीन बच्चों की मौत हो गई। यह घटना सोमवार दोपहर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ओल्ड समतल रोड पर निर्माणाधीन प्लांट में हुई।

पुलिस के अनुसार, हादसे में चार वर्षीय मीनू शर्मा की मौके पर ही जान चली गई, जबकि घायल हुए ज्योतिष शर्मा (8) और शिवम (12) को गंभीर हालत में दिल्ली के अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान सोमवार देर रात दोनों ने दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल हुए श्रीमणी (40), जीतू (25) और अरुणा (40) का भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। भिवाड़ी के उप पुलिस अधीक्षक प्रदीप नेहरा ने बताया कि सभी पीड़ित पानी की टंकी के पास मौजूद थे, तभी उसकी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित फैक्ट्री का निर्माण एक निजी बिल्डर द्वारा कराया जा रहा था।
JUN 16, 2026 16:58 IST

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में बारूदी सुरंग विस्फोट में चार जवान घायल

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास मंगलवार को दुर्घटनावश हुए एक धमाके में जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) समेत सेना के चार जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नौशेरा सेक्टर के अग्रिम कलाल इलाके में सेना के जवानों की क्षेत्र नियंत्रण गश्त के दौरान एक बारूदी सुरंग के अचानक सक्रिय हो जाने से यह धमाका हुआ। उन्होंने बताया कि धमाके में एक जेसीओ और तीन सैनिक घायल हो गए जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि घुसपैठ-रोधी अभियान के तहत अग्रिम इलाकों में बारूदी सुरंग बिछाई जाती हैं, जो कभी-कभी बारिश से प्रभावित हो जाती हैं, जिससे ऐसे हादसे होते हैं।
JUN 16, 2026 16:55 IST

G7 समिट के लिए फ्रांस के एवियन पहुंचे पीएम मोदी

JUN 16, 2026 12:39 IST

एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी पड़ी भारी, थार चालक पर 7 हजार का जुर्माना

बागपत। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी कर सोशल मीडिया पर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। थार गाड़ी की छत पर चढ़कर बनाई गई रील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन चालक पर सात हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दौड़ रही थार गाड़ी की छत पर चढ़कर स्टंट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए रील बनाता नजर आया। एक्सप्रेसवे जैसे हाई-स्पीड मार्ग पर इस तरह की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था। वीडियो वायरल होने के बाद बागपत पुलिस और यातायात विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के दौरान वाहन की पहचान कर चालक का पता लगाया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन और खतरनाक तरीके से वाहन संचालन करने के आरोप में थार चालक के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। बागपत की यातायात पुलिस ने वाहन चालक पर सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक्सप्रेसवे और हाईवे पर स्टंटबाजी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे चालक, यात्रियों और अन्य वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि रील और वीडियो बनाने के चक्कर में यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। सड़क पर की गई एक छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

रील का जुनून बन रहा खतरा.....

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में युवा लगातार खतरनाक स्टंट और नियमों के उल्लंघन वाले वीडियो बना रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में पहचान होने पर चालान के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। सड़क सुरक्षा से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
JUN 16, 2026 12:38 IST

मुरादाबाद एनकाउंटर: दिनदहाड़े हत्या के 36 घंटे के भीतर पुलिस के हत्थे चढ़ा 25 हजार का इनामी बदमाश; पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार!

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत मुरादाबाद पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। कुंदरकी थाना क्षेत्र में हुई एक युवक की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने घटना के महज 36 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश निखिल चौधरी को एक मुठभेड़ (Encounter) के बाद दबोच लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के घुटने में गोली लगी है।

रविवार की सुबह कुंदरकी के खानुपुरा निवासी अंकित की उसके घर के बाहर ही अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हमलावरों की तलाश शुरू की थी और मुख्य आरोपी निखिल चौधरी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस को देर रात सूचना मिली कि इनामी बदमाश निखिल चौधरी इलाके में मौजूद है। सूचना पर पहुंची कुंदरकी पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली निखिल के घुटने में जा लगी, जिससे वह लंगड़ा होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को इलाज के लिए आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी देते हुए एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया:

"कुंदरकी में दो दिन पूर्व हुई अंकित हत्याकांड के मुख्य आरोपी, जिस पर 25 हजार का इनाम घोषित था, को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।"
JUN 16, 2026 09:24 IST

अमेरिका-ईरान ऐतिहासिक शांति समझौता, स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज खुलेगा

शुक्रवार से पूरी तरह खुलेगा हॉर्मुज: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया है कि ईरान और अमेरिका के बीच वर्चुअली समझौता ज्ञापन (MoU) साइन होने के बाद आगामी शुक्रवार से 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' (Strait of Hormuz) को पूरी तरह से दोबारा खोल दिया जाएगा। इस फैसले से वैश्विक तेल बाजार और मिडिल ईस्ट को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

परमाणु हथियार न बनाने पर सहमति: डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, ईरान इस ऐतिहासिक शांति समझौते के तहत परमाणु हथियार (Nuclear Arms) न बनाने की शर्त पर राजी हो गया है। इसके साथ ही ट्रंप ने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया जिसमें कहा जा रहा था कि अमेरिका इसके बदले ईरान को 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर का भुगतान कर रहा है।
JUN 16, 2026 09:24 IST

भारत-स्लोवाकिया का बड़ा एलान; UNSC सुधार पर भारत का कड़ा रुख

काउंटर-टेररिज्म वर्किंग ग्रुप की शुरुआत: भारत और स्लोवाकिया मिलकर एक 'काउंटर-टेररिज्म वर्किंग ग्रुप' लॉन्च करने जा रहे हैं। स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत की स्थायी सदस्यता के दावे का खुला समर्थन किया है।

UN सुधार ड्राफ्ट पर भारत का कड़ा प्रहार: दूसरी तरफ, भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के विस्तार को लेकर लाए गए मौजूदा यूएन सुधार ड्राफ्ट को खारिज कर दिया है। भारत ने इसे निराशाजनक बताते हुए मांग की है कि अब बातचीत केवल घुमावदार बयानों पर नहीं, बल्कि 'टेक्स्ट-आधारित वार्ता' पर होनी चाहिए ताकि सुरक्षा परिषद में वास्तविक बदलाव आ सके।
JUN 16, 2026 09:24 IST

मानसून पर ब्रेक; अगले 7 दिन सुस्त रहेगा मौसम

23 जून से पकड़ेगा रफ्तार: भीषण गर्मी से राहत का इंतजार कर रहे लोगों के लिए मौसम विभाग से बड़ी अपडेट है। देश के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल मानसून निष्क्रिय (Inactive) मोड में चला गया है। अगले 7 दिनों तक बारिश की गतिविधियां बेहद धीमी रहेंगी, जिसके बाद 23 जून से मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा और झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा।
JUN 16, 2026 09:24 IST

फीफा वर्ल्ड कप 2026; ईरान और न्यूजीलैंड का मैच ड्रॉ

2-2 से बराबरी पर छूटा मुकाबला: फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के ग्रुप-जी (Group G) के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में ईरान और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने थीं। दोनों टीमों के बीच अंत तक कांटे की टक्कर देखने को मिली और यह मुकाबला 2-2 की बराबरी के साथ ड्रॉ पर समाप्त हुआ।