LIVE

आज की ताजा खबर, 15 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: उत्तर भारत में मौसम बदला, असम, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा...भारत में LPG सिलेंडर के लिए नई गाइडलाइन आई

आज की ताजा खबर लाइव, 15 मार्च 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [दिल्ली-NCR में बारिश], [भारत में LPG संकट], [US-ईरान युद्ध] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: दिल्ली-NCR में बारिश और आंधी-तूफान आ रहा है। IMD ने इसको लेकर 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं, बिजली की चमक और हवा में हल्की ठंडक भी थी, जिससे निवासियों को गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं, नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने 15 मार्च को दलित प्रेरणा स्थल के पास ट्रैफिक डायवर्जन के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसके अलावा कोई रीफिल नहीं, नए कनेक्शन नहीं मिलेंगे...सरकार ने पाइप वाली गैस (PNG) वाले घरों से LPG छोड़ने को कहा है। उधर ईरान से अमेरिका का युद्ध जारी है तो आइए जानते हैं कि मिडिल ईस्ट के अब क्या हालात हैं और इसके अलावा देश और दुनिया में क्या चल रहा है। यहां जानें

Nitin AroraUpdated Mar 15, 2026, 13:55 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 15 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: उत्तर भारत में मौसम बदला, असम, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा...भारत में LPG सिलेंडर के लिए नई गाइडलाइन आई

आज की ताजा खबर, 15 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: उत्तर भारत में मौसम बदला, असम, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा...भारत में LPG सिलेंडर के लिए नई गाइडलाइन आई

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [दिल्ली-NCR में बारिश], [भारत में LPG संकट], [US-ईरान युद्ध] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: पश्चिम एशिया में युद्ध और गहरा गया है, क्योंकि अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता मारे गए हैं। इससे क्षेत्रीय जवाबी कार्रवाई शुरू हो गई है और एक बड़े टकराव शुरू हो गया है, जो ऊर्जा बाजारों और वैश्विक सुरक्षा को अस्थिर कर रहा है। इसके अलावा नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने दलित प्रेरणा स्थल पर कांशी राम की जयंती कार्यक्रम के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यातायात मार्ग में बदलाव (डायवर्जन) लागू किए हैं। वहीं, दिल्ली-NCR के लोग रविवार को हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ उठे, जिससे राष्ट्रीय राजधानी और आस-पास के इलाकों में तेज गर्मी से राहत मिली।

- दिल्ली NCR में बिगड़ा मौसम

-अमेरिका और इजरायल के साथ ईरान का युद्ध जारी

-नोएडा में रूट डायवर्जन

-भारत में LPG संकट पर अपडेट

MAR 15, 2026 13:55 IST

पश्चिम एशिया के हालात, कच्चे तेल की कीमतों से तय होगी शेयर बाजार की चाल: विश्लेषक

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव इस सप्ताह शेयर बाजार की दिशा तय करने वाले प्रमुख कारक होंगे। विश्लेषकों ने कहा कि इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर के फैसले और मुद्रास्फीति के आंकड़े भी बाजार को प्रभावित करेंगे।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के शोध उपाध्यक्ष अजित मिश्रा ने कहा कि यह सप्ताह घरेलू और वैश्विक स्तर पर कई महत्वपूर्ण घटनाक्रमों और आंकड़ों से भरा है। उन्होंने बताया कि भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर विशेष नजर रहेगी, क्योंकि कच्चे तेल की कीमतों पर उनका प्रभाव बाजार की समग्र दिशा को प्रभावित कर सकता है। घरेलू मोर्चे पर, बाजार थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) आधारित मुद्रास्फीति, व्यापार संतुलन के आंकड़े और विदेशी मुद्रा भंडार जैसे प्रमुख व्यापक आर्थिक संकेतकों पर नजर रखेंगे।

लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक और शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने बताया कि वैश्विक जोखिम धारणा बिगड़ने, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार बिकवाली के कारण भारतीय बाजार पिछले सप्ताह भारी दबाव में रहे।

पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 4,354.98 अंक या 5.51 प्रतिशत टूट गया, जबकि एनएसई निफ्टी में 1,299.35 अंक या 5.31 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। पिछले महीने 27 फरवरी से अब तक सेंसेक्स 6,723.27 अंक या 8.27 प्रतिशत नीचे आ चुका है।

विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी गतिरोध वैश्विक कच्चे तेल आपूर्ति को सख्त बना सकता है, जिससे एशिया में मुद्रास्फीति बढ़ सकती हैं।
MAR 15, 2026 13:53 IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बारिश से फसलों को हुए नुकसान के आकलन का निर्देश दिया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित अधिकारियों को रविवार सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई वर्षा से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया है।

राज्य सरकार द्वारा यहां जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने वर्षा से प्रभावित जिलों में जिलाधिकारी समेत सभी अधिकारियों को क्षेत्र में रहकर किसानों से संवाद करने और उनकी फसलों के नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि राहत आयुक्त क्षेत्र में मौजूद अधिकारियों से सीधा समन्वय रखें और फसलों को होने वाली क्षति का आकलन प्राप्त कर समय से मुआवजे के वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

इस बीच, मौसम विभाग ने राज्य के अनेक पश्चिमी जिलों और कुछ पूर्वी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर जिलों के कुछ हिस्सों और आसपास के इलाकों में बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
MAR 15, 2026 13:30 IST

निर्वाचन आयोग आज शाम चार राज्यों, एक केंद्रशासित प्रदेश में चुनावों की तारीखों की घोषणा करेगा

निर्वाचन आयोग रविवार शाम को असम, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा करेगा।
निर्वाचन आयोग ने कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए शाम चार बजे संवाददाता सम्मेलन बुलाया है।

इन विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है।

मतदाताओं की सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की अंतिम मतदाता सूचियां प्रकाशित कर दी गई हैं।
MAR 15, 2026 13:29 IST

एलपीजी की कमी के बीच वैकल्पिक रास्ता अपना रहे रेस्तरां, ऑर्डर में हो रहा है सुधार: मैजिकपिन सीईओ

खाने-पीने के सामान की ऑनलाइन ऑर्डर पर डिलिवरी करने वाले मंच मैजिकपिन ने कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की वजह से वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कमी से प्रभावित रेस्तरांओं के ऑर्डर में अब सुधार देखने को मिल रहा है।

मैजिकपिन के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अंशू शर्मा ने कहा कि रेस्तरांओं ने अपने ’मेन्यू’ में समायोजन किया है और साथ ही वे खाना पकाने के वैकल्पिक तरीके अपना रहे हैं। शर्मा ने कहा कि एलपीजी आपूर्ति में संकट का ज्यादातर असर छोटे रेस्तरांओं पर पड़ा है जो खाना पकाने के लिए सिलेंडर पर बहुत ज्यादा निर्भर हैं और जिनके पास वित्तीय संसाधनों की कमी है।

शर्मा ने कहा कि खाना पकाने के लिए एलपीजी पर काफी ज्यादा निर्भर रेस्तरांओं के ऑर्डर में शुरुआत में पांच-10 प्रतिशत की गिरावट आई थी, लेकिन अब मांग में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि रेस्तरांओं ने एलपीजी की आपूर्ति की दिक्कतों के बीच अपने मेन्यू में कुछ बदलाव किया है और इंडक्शन, लकड़ी से जलने वाले चूल्हों और इलेक्ट्रिक ओवन जैसे दूसरे तरीके अपनाएं हैं।

शर्मा ने कहा कि मैजिकपिन अगले कुछ दिन में सबसे प्रभावित लगभग 10,000 रेस्तरां भागीदारों को इंडक्शन कुकिंग स्टोव बांटने की योजना बना रही है ताकि उन्हें अपना कारोबारी परिचालन जारी रखने में मदद मिल सके।

उन्होंने कहा कि रेस्तरां क्षेत्र ने इन व्यवधानों के दौरान मजबूती दिखाई है, और उद्योग पर मौजूदा संकट थोड़े समय के लिए ही रहने की उम्मीद है।
रेस्तरां मालिकों का कहना है कि वे इस संकट से निपटने के लिए इलेक्ट्रिक ओवन और इंडक्शन कुकर जैसे विकल्प अपना रहे हैं, साथ ही उन व्यंजनों को प्राथमिकता दे रहे हैं जिन्हें पकने में कम समय लगता है।
MAR 15, 2026 13:28 IST

ईरान ने जवाबी कार्रवाई की धमकी दी, ट्रंप ने अमेरिकी सहयोगियों से होर्मुज जलडमरूमध्य में युद्धपोत भेजने का आग्रह किया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को ’’बंद करने’’ के ईरान के प्रयास से प्रभावित देशों से आग्रह किया है कि वे वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण इस संकरे समुद्री मार्ग को सुरक्षित करने के लिए पोत भेजें।

ईरान ने अमेरिका और इजराइल के साथ उसके युद्ध के समाप्त होने के कोई आसान नजर नहीं आने के बीच, लोगों से संयुक्त अरब अमीरात के तीन बंदरगाहों को खाली करने का आग्रह किया।

ईरान ने पश्चिम एशिया के सबसे व्यस्त बंदरगाह और संयुक्त अरब अमीरात के दो अन्य बंदरगाहों को खाली करने का आह्वान किया है। यह पहली बार है जब ईरान ने किसी पड़ोसी देश की गैर-अमेरिकी परिसंपत्तियों पर हमले की खुले तौर पर धमकी दी है।

ईरान ने कोई साक्ष्य दिए बिना कहा कि अमेरिका ने ईरान के तेल निर्यात के मुख्य टर्मिनल वाले खार्ग द्वीप पर हमला करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात में ’’बंदरगाहों, गोदियों और ठिकानों’’ का इस्तेमाल किया। उसने लोगों से उन इलाकों को छोड़ने का आग्रह किया, जहां उसके अनुसार अमेरिकी बलों ने शरण ली है।

इस बीच, लेबनान का मानवीय संकट और गहरा गया है। इजराइल ने ईरान समर्थित हिज्बुल्ला चरमपंथियों के खिलाफ कई हमले किए जिनमें 800 से अधिक लोग मारे गए हैं और 8,50,000 लोग विस्थापित हुए हैं।

ट्रंप ने ’ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन और अन्य देशों से होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाज भेजने का आग्रह किया तथा कहा कि अमेरिका तटरेखा पर बमबारी जारी रखेगा और ईरानी पोतों एवं नौकाओं को निशाना बनाएगा।

अमेरिका एवं इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर एक बड़ा संयुक्त हमला शुरू किया था और ईरान की जवाबी कार्रवाई के साथ यह युद्ध पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैल गया।

ईरानी हमलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री यातायात को प्रभावित किया है जो कच्चे तेल की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के लिए महत्वपूर्ण है।

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच शनिवार को इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास परिसर के अंदर एक हेलीपैड पर मिसाइल से हमला हुआ जबकि संयुक्त अरब अमीरात में ईरान की रोकी गई मिसाइल का मलबा तेल संयंत्र पर गिर गया।

’एसोसिएटेड प्रेस’ की तस्वीरों में बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास से धुआं उठता दिखा। इसके अलावा यूएई में फुजैरा बंदरगाह में आग लगती हुई दिखी जहां अधिकारियों के अनुसार एक ड्रोन को मार गिराया गया है।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका ने खार्ग द्वीप और अबू मूसा द्वीप पर संयुक्त अरब अमीरात के दो स्थानों- रस अल खैमाह और दुबई के ’’बेहद करीब’’ एक जगह से हमला किया।

उन्होंने इसे खतरनाक बताते हुए कहा कि ईरान ’’वहां आबादी वाले किसी भी क्षेत्र पर हमला नहीं करने के लिए सावधानी बरतने की कोशिश करेगा।’’
MAR 15, 2026 13:27 IST

नेपाल में भारतीय तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त होने से सात लोगों की मौत

नेपाल के मध्य क्षेत्र में भारतीय तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से सात लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना शनिवार को नेपाल के गंडकी प्रांत में हुई।

पुलिस के अनुसार, तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस मनकामना मंदिर से लौट रही थी तभी गोरखा जिले में सड़क से नीचे गिर गई।

गोरखा जिले के जिला यातायात पुलिस कार्यालय के प्रमुख सूरज आर्यल ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं और ये सभी भारतीय नागरिक हैं।

जिला पुलिस कार्यालय प्रमुख भरत बहादुर बीके के अनुसार, पीड़ितों की पहचान मुथु कुमार (58), अनामलिक (58), मीनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयल (57), मीना (58) और तमिलारसी (60) के रूप में की गई है।
MAR 15, 2026 13:27 IST

मोदी के खिलाफ कभी जातिवादी टिप्पणी नहीं की: मणिशंकर अय्यर

पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जातिवादी टिप्पणी करने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनकी टिप्पणियां मोदी के चरित्र को लेकर थीं, न कि उनकी जाति को लेकर।

नौकरशाह से नेता बने अय्यर ने कहा कि उन्हें अंग्रेजी बोलने के कारण ’’मैकॉले की औलाद’’ कहा जाता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री मोदी तमिल जानते हैं।

अय्यर ने अपने कथित पुराने बयानों संबंधी विवाद पर कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को कभी ’’नीची जाति’’ का नहीं कहा।

उन्होंने शनिवार शाम जयपुर में एक कार्यक्रम में कहा, ’’मैंने उन्हें कभी ’नीची जाति’ का व्यक्ति नहीं कहा। मैंने उनके चरित्र के संदर्भ में उन्हें ’नीच किस्म के व्यक्ति’ कहा था। यह पूरी तरह अलग बात है।’’

अय्यर ने कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया और ऐसा दिखाया गया कि मानो वह मोदी की जाति पर टिप्पणी कर रहे हों।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने इसे जातिगत अपमान के रूप में प्रचारित किया क्योंकि अय्यर ब्राह्मण हैं।

पूर्व मंत्री ने अपनी इस कथित टिप्पणी पर विवाद का भी जिक्र किया कि "चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री नहीं बन सकता।" अय्यर ने इसे भी गलत ठहराते हुए कहा कि उन्होंने कभी ऐसा बयान नहीं दिया।

उन्होंने कहा, ’’मैंने कभी नहीं कहा कि क्योंकि वह चाय बेचते थे, इसलिए प्रधानमंत्री नहीं बन सकते।" अय्यर ने कहा कि उन्होंने ’’इतिहास के बारे में ज्ञान की कमी" को लेकर मोदी की आलोचना की थी।

अय्यर के अनुसार, उन्होंने सवाल उठाया था कि उनकी नजर में जो व्यक्ति ऐतिहासिक तथ्यों को नहीं जानता, वह उस भूमिका में (प्रधानमंत्री) कैसे हो सकता है, जिसमें जवाहरलाल नेहरू रहे थे।

उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसे ऐतिहासिक बिंदुओं का जिक्र किया था, जैसे सिकंदर कभी पाटलिपुत्र तक नहीं पहुंचा और नालंदा भारत में है, जबकि तक्षशिला अब पाकिस्तान में है।
MAR 15, 2026 13:26 IST

क्रिकेटर कुलदीप यादव मसूरी में विवाह बंधन में बंधे

उत्तराखंड की पर्यटक नगरी मसूरी में भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव अपनी मंगेतर वंशिका सिंह के साथ विवाह बंधन में बंध गए।
शनिवार रात तक चलीं विवाह से संबंधित सभी रस्में शहर के मशहूर होटल ’द सेवॉय’ में हुईं जिसे क्रिकेटर की शादी के लिए विशेष रूप से सजाया गया था।

विवाह में तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद कैफ, आरपी सिंह और सुरेश रैना जैसी क्रिकेट जगत की हस्तियां भी शामिल हुईं।

बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री भी विवाह समारोह में पहुंचे और उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।
MAR 15, 2026 09:55 IST

बारिश के बीच गैस सिलिंडर के लिए लंबी लंबी लाइन में लगे लोग

सिलिंडर किल्लत के बीच आज भी नोएडा के सेक्टर 5 में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। गैस सिलिंडर के साथ लोग पहुंच रहे हैं। इंतजार कर रहे हैं अपनी बारी का। एक तरफ बारिश हो रही है। दूसरी तरफ लोगों की लाइन लगी है, लोग बता रहे हैं कि चार दिनों से यही हालत है, घर में चूल्हा तक नहीं जला है। इन दिक्कत और समस्या के बीच सवाल ये है कि आखिर इन लोगों को सिलिंडर कब मिलेगा।
MAR 15, 2026 09:39 IST

मुरादाबाद में बस स्‍टेशन से नवविवाहिता अपने पति को चकमा देकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

मुरादाबाद जिले के बिलारी थाना क्षेत्र में पति को चकमा देकर एक नवविवाहिता बस स्टैंड से कथित तौर पर भाग गई, घटना के समय युवती का पति उसके लिए ’पकौड़े’ खरीदने गया था। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना नौ मार्च को मुरादाबाद जिले के बिलारी बस स्टैंड पर हुई, जब अमरोहा ज़िले के प्रीतम सिंह अपनी पत्नी रिमझिम को उसके मायके से वापस लाने गए थे। रिमझिम होली के लिए अपने मायके गई हुई थी। इस जोड़े की शादी पिछले साल दिसंबर में हुई थी।

पुलिस के मुताबिक यात्रा के दौरान, दोनों अपनी अगली बस का इंतज़ार करने के लिए बिलारी बस स्‍टेशन पर उतरे। तब रिमझिम (18) ने अपने पति प्रीतम से कहा कि उसे भूख लगी है और उससे एक स्टॉल से कुछ गरमागरम पकौड़े लाने को कहा। प्रीतम पकौड़े खरीदने चला गया, लेकिन जब वह कुछ मिनट बाद लौटा, तो उसे अपनी पत्नी कहीं नहीं मिली। पहले तो उसे लगा कि वह शायद आस-पास ही कहीं होगी, लेकिन उस इलाके में खोजने और आस-पास के लोगों से पूछने के बाद भी, उसे रिमझिम का कोई सुराग नहीं मिला।

बस स्टैंड पर किसी ने भी उसे वहां से जाते हुए नहीं देखा था। बिलारी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अशोक कुमार सिंह ने इस घटना की पुष्टि की और कहा कि इस संबंध में एक गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि लापता महिला का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
MAR 15, 2026 09:38 IST

वेनेजुएला में अमेरिकी दूतावास पर 2019 के बाद पहली बार अमेरिकी ध्वज फहराया गया

वेनेजुएला में अमेरिकी दूतावास पर शनिवार को 2019 के बाद पहली बार अमेरिकी ध्वज फहराया गया।

यह कदम जनवरी में वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिकी सैनिकों द्वारा पकड़े जाने के बाद से दोनों देशों के बीच संबंधों में आए हालिया बदलाव को दर्शाता है।

अमेरिकी दूतावास के खुलने का घटनाक्रम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा मादुरो की उत्तराधिकारी, कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के समर्थन में दिए गए कई बयानों के बाद हुआ है।

दूतावास की टीम ने सोशल मीडिया चैनलों पर एक बयान में कहा कि झंडा ’’उतारे जाने के ठीक सात साल बाद’’ इसे फिर से फहराया गया।
MAR 15, 2026 09:38 IST

उत्तर कोरिया के नेता किम ने अपनी बेटी के साथ रॉकेट प्रक्षेपण प्रणालियों का परीक्षण देखा

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अपनी बेटी के साथ बहु रॉकेट प्रक्षेपण प्रणालियों के परीक्षण का निरीक्षण किया। सरकारी मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।

इसे अमेरिका और दक्षिण कोरिया के जारी सैन्य प्रशिक्षण के संभावित जवाब के रूप में देखा जा रहा है।

उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यासों का जवाब देने की हाल में धमकी दी थी। अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच ’फ्रीडम शील्ड’ सैन्य अभ्यास जारी है। दोनों देश के संयुक्त सैन्य अभ्यासों को उत्तर कोरिया अपने ऊपर आक्रमण की तैयारी बताता रहा है।

सरकारी ’कोरियाई सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) ने बताया कि किम ने शनिवार को उत्तर कोरिया के पूर्वी तट के पास 12 अति-सटीक 600 मिमी कैलिबर के रॉकेट प्रक्षेपकों के परीक्षण को देखा।
दक्षिण कोरिया की सेना ने शनिवार को जानकारी दी थी कि उत्तर कोरिया ने शनिवार को पूर्वी सागर की ओर लगभग 10 बैलिस्टिक मिसाइल दागीं।

दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इन प्रक्षेपणों को ऐसा उकसावे वाला कदम बताया जो उत्तर कोरिया की किसी भी बैलिस्टिक गतिविधि पर रोक लगाने संबंधी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन करता है।

केसीएनए ने किम के हवाले से कहा कि यह अभ्यास 420 किलोमीटर (260 मील) की मारक क्षमता के भीतर आने वाले दुश्मनों को ’’बेचैन’’ कर देगा और उन्हें हमारे ’’सामरिक परमाणु हथियार की विनाशकारी शक्ति अच्छे से समझ’’ आ जाएगी। उनका इशारा संभवतः दक्षिण कोरिया और दक्षिण कोरिया में तैनात अमेरिकी सैनिकों की ओर था।
MAR 15, 2026 09:36 IST

यूएई में भ्रामक वीडियो क्लिप प्रसारित करने के आरोप में 10 लोगों पर मुकदमे दर्ज करने का आदेश

ईरान में युद्ध के कारण क्षेत्रीय तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने सोशल मीडिया मंच पर भ्रामक और मनगढ़ंत सामग्री वाले वीडियो क्लिप प्रसारित करने के आरोप में विभिन्न देशों के 10 नागरिकों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ तत्काल मुकदमा शुरू करने का आदेश दिया है।

देश की आधिकारिक समाचार एजेंसी ’अमीरात समाचार एजेंसी’ (डब्ल्यूएएम) द्वारा जारी एक बयान में यूएई के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमाद सैफ अल शम्सी ने कहा कि क्षेत्रीय घटनाक्रम के मद्देनजर डिजिटल मंचों की निरंतर निगरानी के बाद यह कार्रवाई की गई है। अटॉर्नी जनरल ने आरोपियों की राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया।

उन्होंने कहा, ’’ऐसी घटनाओं का फायदा उठाकर गलत सूचना फैलाई गई है, जिसका मकसद जनता को जानबूझकर गुमराह करना और राष्ट्रीय सुरक्षा, व्यवस्था एवं स्थिरता को कमजोर करना है।’’
MAR 15, 2026 08:00 IST

भारत में LPG संकट पर अपडेट

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शनिवार को एक अधिसूचना जारी करते हुए कहा कि जिन घरों में Piped Natural Gas (PNG) कनेक्शन और घरेलू Liquified Petroleum Gas (LPG) कनेक्शन, दोनों हैं, उन्हें LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा। साथ ही, उन्हें किसी भी सरकारी तेल कंपनी या उसके डिस्ट्रीब्यूटर से सिलेंडर रिफिल लेने से भी बचना होगा।

मध्य पूर्व में चल रहे संकट के कारण वैश्विक ईंधन आपूर्ति में आई बाधा के बीच जारी यह अधिसूचना, 'लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति और वितरण का विनियमन) आदेश' में एक संशोधन के रूप में आई है। संशोधित आदेश PNG उपयोगकर्ताओं को नया घरेलू LPG कनेक्शन लेने से भी प्रतिबंधित करता है।
MAR 15, 2026 07:59 IST

नोएडा में रूट डायवर्जन

ट्रैफ़िक पुलिस ने बताया कि नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है, जिसमें दलित प्रेरणा स्थल पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) के संस्थापक कांशी राम की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के चलते शहर के कुछ हिस्सों में ट्रैफिक डाइवर्जन की जानकारी दी गई है।

ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को एक बयान में कहा, 'दलित प्रेरणा स्थल के पास की स्थिति और ट्रैफ़िक के दबाव के आधार पर, कुछ हिस्सों पर ट्रैफिक को मोड़ा जाएगा।'अधिकारियों के अनुसार, ट्रैफिक डायवर्जन से भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा और कार्यक्रम के दौरान वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएगी।

एडवाइजरी के अनुसार, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर जाने वाले वाहनों को, यदि स्मारक के पास ट्रैफिक जाम बढ़ जाता है, तो दूसरे रास्ते पर मोड़ दिया जाएगा।

इस स्थिति में, वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर 37 की ओर मोड़ा जाएगा और उन्हें अट्टा पीर चौक, रजनीगंधा चौक तथा सेक्टर 15 गोलचक्कर के रास्ते से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।


एक और ट्रैफिक डाइवर्जन प्लान के तहत, अगर दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर 4 या 5 के पास ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है, तो ग्रेटर नोएडा से नोएडा की तरफ आने वाले वाहनों को फिल्म सिटी फ्लाईओवर से सेक्टर 18 की तरफ मोड़ दिया जाएगा।

एडवाइजरी के मुताबिक, वहां से वाहन चालक रजनीगंधा चौक, सेक्टर 15 गोलचक्कर से होते हुए या फिर सेक्टर 18 अंडरपास का इस्तेमाल करके एलिवेटेड रोड से होते हुए अपनी मंजिल तक पहुंच सकते हैं।

इसके अलावा, अगर DND-फिल्म सिटी फ्लाईओवर इलाके के पास ट्रैफिक जाम होता है, तो एक्सप्रेसवे पर नोएडा से ग्रेटर नोएडा की तरफ जाने वाले वाहनों को भी मोड़ा जा सकता है। ऐसे मामलों में, ट्रैफिक को सेक्टर 14A फ्लाईओवर से सेक्टर 15 गोलचक्कर की तरफ मोड़ दिया जाएगा।

इसके बाद वाहन चालक रजनीगंधा चौक, अट्टा पीर चौक और सेक्टर 37 की तरफ बढ़ते हुए अपनी मंजिल तक पहुंच सकते हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने कार्यक्रम में शामिल होने वालों के लिए पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था भी जारी की है। अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम के लिए आने वाली बसों की पार्किंग की व्यवस्था फिल्म सिटी के अंदर स्थित मल्टी-लेवल पार्किंग सुविधा में की जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि परी चौक, सेक्टर 37 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट से आने वाले हल्के वाहन दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर 1 के अंदर पार्क किए जाएंगे।
MAR 15, 2026 07:56 IST

अमेरिका और इजरायल के साथ ईरान का युद्ध जारी

अमेरिका द्वारा ईरान के तेल केंद्र खर्ग द्वीप पर हमला किए जाने के एक दिन बाद, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह इस द्वीप पर फिर से हमले कर सकता है। वहीं, रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के रक्षा विभाग ने उन छह एयरमैन की पहचान कर ली है, जिनकी कुछ दिन पहले इराक के ऊपर एक रीफ्यूलिंग विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।

इसके अलावा जैसे ही मध्य पूर्व में युद्ध तीसरे सप्ताह में प्रवेश किया, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि ईरान युद्ध समाप्त करने के लिए एक समझौते पर बातचीत करने को तैयार है, लेकिन वह अभी तक युद्धविराम पर सहमत होने के लिए तैयार नहीं हैं, क्योंकि प्रस्तावित शर्तें अपर्याप्त हैं।

ट्रंप ने NBC न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ये बातें कहीं और कहा कि इस समय वे तेहरान के साथ कोई समझौता करने को तैयार नहीं हैं, भले ही इस बात के संकेत मिल रहे हों कि ईरान देश बातचीत करना चाहता है। उन्होंने कहा, 'ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन मैं ऐसा नहीं करना चाहता, क्योंकि उनकी शर्तें अभी उतनी अच्छी नहीं हैं।' उन्होंने यह भी कहा कि शर्तें बहुत ठोस होनी चाहिए।
MAR 15, 2026 07:54 IST

दिल्ली NCR में बिगड़ा मौसम

दिल्ली-NCR के लोग रविवार को हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ उठे, जिससे राष्ट्रीय राजधानी और आस-पास के इलाकों में तेज गर्मी से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जिसमें मध्यम बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।