भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आईएसएस से वापस लौटे, यमन में केरल की नर्स निमिषा प्रिया की फांसी टली, पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरें
- कांग्रेस संसदीय समिति की बैठक आज
- प्रधानमंत्री मोदी 18 जुलाई को पूर्वी चंपारण में रैली को संबोधित करेंगे
- स्पाइसजेट के दो यात्रियों ने कॉकपिट में जबरन घुसने की कोशिश की
- पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर ‘इन्फ्लुएंसर' को पीटा
- दिल्ली की यमुना नदी के किनारे नवंबर से क्रूज सेवा शुरू होगी: अधिकारी
भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आईएसएस से वापस लौटे
भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से पृथ्वी पर सकुशल लौट आए हैं। इस अवसर पर नासा की पूर्व वैज्ञानिक डॉ. मिला मित्रा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में इस मिशन के महत्व और चुनौतियों को रेखांकित किया। मिशन का महत्व बताते हुए मित्रा ने बताया कि एक्सिओम-4 मिशन भारत के लिए इसलिए खास है, क्योंकि यह पहली बार है, जब कोई भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (आईएसएस) पर गया और वहां 60 प्रयोगों में हिस्सा लिया। इनमें से 7 प्रयोग इसरो ने डिजाइन किए थे, जो सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण में किए गए। इन प्रयोगों में मूंग और मेथी जैसी फसलों का अंतरिक्ष में विकास, मानव शरीर पर शून्य गुरुत्वाकर्षण का प्रभाव, और मानव-कंप्यूटर इंटरफेस का अध्ययन शामिल था। ये प्रयोग भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों, जैसे गगनयान और लंबी अवधि के अंतरिक्ष स्टेशन मिशनों के लिए महत्वपूर्ण डेटा प्रदान करेंगे।
चौथे दिन गिरावट के बाद शेयर बाजार हरे निशान में बंद
लगातार चार दिनों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुआ। बाजार के बढ़ने की वजह मजबूत घरेलू संकेतकों को माना जा रहा है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 317.45 अंक या 0.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 82,570.91 और निफ्टी 113.50 अंक या 0.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,195.80 पर बंद हुआ। लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप में अधिक खरीदारी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 560.10 अंक या 0.95 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,612.65 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 163.50 अंक या 0.98 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,135.25 पर था। सेक्टोरल आधार पर ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा, एफएमसीजी, मेटल, रियल्टी, मीडिया और एनर्जी इंडेक्स समेत ज्यादातर इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए।छत्तीसगढ़ : बीजापुर में नक्सलियों ने की दो लोगों की हत्या
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में स्थित पिलूर गांव के जंगलों में मंगलवार को दो लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में से एक की पहचान विनोद माडे के रूप में हुई, जो एक स्थानीय शिक्षक (शिक्षा दूत) थे। खबरों के अनुसार, माओवादियों ने उन्हें सोमवार शाम को अगवा कर लिया था। विनोद का शव और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का शव फरसगढ़ पुलिस स्टेशन के पास मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस माओवादियों की तलाश में गांव पहुंच गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस मुखबिरी के संदेह में उनकी हत्याएं की गई हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।फौजा सिंह ने दुनियाभर में सिख समुदाय को गौरवान्वित किया : भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि अनुभवी मैराथन धावक फौजा सिंह ने अपनी लंबी दूरी की दौड़ से दुनिया भर के सिख समुदाय को गौरवान्वित किया। सिंह की सोमवार को जालंधर जिले में अपने पैतृक गांव में टहलने के दौरान एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मृत्यु हो गई थी। वह 114 वर्ष के थे। मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रसिद्ध पंजाबी सिख धावक फौजा सिंह जी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। दुनिया के सबसे बुजुर्ग धावक फौजा सिंह जी ने अपनी लंबी दूरी की दौड़ से दुनिया में सिख समुदाय को गौरवान्वित किया। उनकी जगह हमेशा हमारे दिलों में रहेगी। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’’ मंगलवार को जालंधर के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिंह को टक्कर मारने के बाद फरार हुए चालक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। उनके परिवार के एक सदस्य ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सिंह का अंतिम संस्कार कुछ दिन बाद होने की संभावना है।उन्होंने कहा, ‘‘हमारे कई रिश्तेदार ब्रिटेन और कनाडा सहित विदेशों में रहते हैं इसलिए, उनके यहां पहुंचने में कुछ समय लग सकता है।’’ वर्ष 1911 में एक किसान परिवार में जन्मे, सिंह चार भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। वे 100 वर्ष की आयु में मैराथन पूरी करने वाले पहले व्यक्ति बने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए उन्होंने कई रिकॉर्ड बनाए।
चीन के मामले पर संसद में चर्चा कराए और जवाब दे सरकार : कांग्रेस
कांग्रेस ने विदेश मंत्री एस जयशंकर के चीन के दौरे का हवाला देते हुए मंगलवार को कहा कि सरकार को इस पड़ोसी देश तथा दूसरी सुरक्षा चुनौतियों पर 21 जुलाई से आरंभ हो रहे संसद के मानसून सत्र में चर्चा करानी चाहिए तथा सवालों के जवाब देने चाहिए। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सवाल किया कि जब 1962 के युद्ध के समय संसद में खुली चर्चा हो सकती है तो फिर आज क्यों नहीं हो सकती? कांग्रेस ने विदेश मंत्री एस जयशंकर के चीन दौरे की पृष्ठभूमि में संसद में चर्चा की मांग दोहराई है।यमन में केरल की नर्स निमिषा प्रिया की फांसी टली
सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि यमन में मौत की सजा का सामना कर रही भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की फांसी यमनी अधिकारियों ने टाल दी है। पहले यह फांसी बुधवार 16 जुलाई को होनी थी। केरल के पलक्कड़ जिले के कोल्लेंगोडे की रहने वाली प्रिया को जुलाई 2017 में एक यमनी नागरिक की हत्या का दोषी पाया गया है। टाइम्स नाउ को शीर्ष सूत्रों ने बताया कि यमन के स्थानीय अधिकारियों ने 16 जुलाई को होने वाली फांसी की सजा टाल दी है। यहां पढ़ें पूरी खबरजम्मू कश्मीर के डोडा में एक वाहन के खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत, 17 घायल
जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को एक यात्री वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि वाहन में उसकी क्षमता से अधिक लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना डोडा शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर पोंडा के पास डोडा-भर्थ मार्ग पर हुई। अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे 'टेंपो ट्रैवलर' के चालक ने डोडा-भर्थ मार्ग के एक मोड़ पर वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हो गया।सुप्रीम कोर्ट ने AIMIM का रजिस्ट्रेशन रद्द करने वाली याचिका पर सुनवाई से किया इनकार
ओवैसी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलिमीन को भारत के चुनाव आयोग द्वारा राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत करने की मांग वाली याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया। बता दें, सर्वोच्च न्यायालय ने दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया जिसने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एआईएमआईएम को राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत करने के खिलाफ तिरुपति नरसिम्हा मुरारी द्वारा दायर याचिका को खारिज कर दिया था। यहां पढ़ें पूरी खबरभूकंप के झटकों से दहला फिलीपींस, रिक्टर स्केल पर 5.8 दर्ज की गई तीव्रता
फिलीपींस में मंगलवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.8 दर्ज की गई। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मंगलवार सुबह उत्तरी फिलीपींस के इलोकोस नॉर्ट प्रांत में 5.8 तीव्रता का एक भूकंप आया, जिसकी जानकारी फिलीपीन इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनो लॉजी एंड सीस्मोलॉजी ने दी।बताया जा रहा है कि भूकंप के झटके स्थानीय समयानुसार मंगलवार सुबह 10 बजकर 38 मिनट पर महसूस किए गए।, जिसका केंद्र पासुक्विन शहर से लगभग 29 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में 27 किलोमीटर की गहराई पर था। यह टेक्टॉनिक भूकंप था, जिसके कारण कुछ और झटके आ सकते हैं, लेकिन इससे बड़ा नुकसान होने की संभावना कम है। इस भूकंप का असर पड़ोसी प्रांतों कागायन, इलोकोस सुर, इसाबेला और अब्रा में भी महसूस किया गया। फिलीपींस में बार-बार भूकंप आते हैं, क्योंकि यह प्रशांत रिंग ऑफ फायर पर स्थित है।
बरेली में 200 से अधिक लोगों का धर्मांतरण कराने का आरोपी गिरफ्तार
बरेली जिले की फरीदपुर थाना पुलिस ने 200 से अधिक लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर उनका धर्मांतरण कराने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बरेली दक्षिणी क्षेत्र की अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अंशिका वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान लालजी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मऊ जिले का निवासी है। उन्होंने बताया कि लालजी के पास से जो कागजात व पुस्तकें मिली हैं, उनसे लग रहा है कि वह लोगों का धर्म परिवर्तन कर रहा था। एएसपी ने कहा कि आरोपी के संपर्कों और आर्थिक स्रोत की जानकारी के लिए पुलिस सघन जांच कर रही है और जल्द सच्चाई सामने आएगी। पुलिस के अनुसार लालजी योजनाबद्ध तरीके से अब तक 200 से अधिक लोगों का धर्मांतरण करा चुका था, जिनके नाम उसने डायरी में नोट किए थे। इसके अलावा पुलिस ने उसके कमरे से बाइबिल और चार डायरी आदि भी बरामद की है। पुलिस आरोपी के बैंक खातों और मोबाइल पर लोगों से हुई बातचीत की भी जानकारी हासिल कर रही है।फौजा सिंह असाधारण व्यक्ति थे: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सड़क दुर्घटना में मारे गए मैराथन धावक फौजा सिंह को मंगलवार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह एक असाधारण व्यक्ति थे, जिन्होंने अपने विशिष्ट व्यक्तित्व से और ‘फिटनेस’ के विषय पर भारत के युवाओं को प्रेरित किया। पंजाब के जालंधर जिले में अपने पैतृक गांव में सोमवार को टहलने निकले 114 वर्षीय सिंह की एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि सिंह दृढ़ संकल्प वाले असाधारण धावक थे।हैदराबाद में अज्ञात लोगों ने की भाकपा नेता की गोली मारकर हत्या
तेलंगाना में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के एक नेता की मंगलवार सुबह यहां मलकपेट में अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की राज्य परिषद सदस्य के. चंदू नाइक (47) सुबह की सैर पर निकले थे, तभी एक पार्क के पास कार सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं, जिससे भाकपा नेता की मौत हो गई।मुंबई में खुला टेस्ला का पहला शोरूम
भारत में एलन मस्क की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला की एंट्री हो गई है। कंपनी ने अपना पहला शोरूम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में खोला है। यहां पढ़ें पूरी खबरदिल्ली के सेंट थॉमस स्कूल और दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज को मिली बम से उड़ाने की धमकी
दिल्ली के सेंट थॉमस स्कूल और दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस बम स्क्वायड, डॉग स्क्वाड दिल्ली दमकल विभाग की टीम और स्पेशल स्टाफ की टीम मौके पर है। सेंट थॉमस स्कूल और सेंट स्टीफन कॉलेज को खाली कराया गया है। फिलहाल अभी तक पुलिस को स्कूल या कॉलेज से कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। मेल के जरिए दी गई थी धमकी।17 जुलाई को ओडिशा बंद का आह्वान
बालासोर घटना के विरोध में कांग्रेस ने 17 जुलाई को ओडिशा बंद का आह्वान किया है। कांग्रेस, वामपंथी और 7 अन्य राजनीतिक दलों ने ओडिशा बंद का आह्वान किया है।विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से की मुलाकात
ओवैसी ने मतदाता सूची संशोधन को लेकर चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
असदुद्दीन ओवैसी ने भारतीय नागरिकों की नागरिकता निर्धारित करने के लिए भारत के चुनाव आयोग के अधिकार पर सवाल उठाया है। ओवैसी ने कहा कि एकतरफा प्यार नहीं होने वाला है। बिहार के लोगों को यह समझना चाहिए कि हमारे खिलाफ लगाए गए आरोप झूठ पर आधारित थे। यहां पढ़ें पूरी खबरशुभांशु शुक्ला आज कब और कहां करेंगे लैंड?
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का एक्सिओम-4 मिशन दल 14 जुलाई को शाम 4:35 बजे अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से अनडॉक होने के बाद आज पृथ्वी पर लौटने के लिए तैयार है। दल 15 जुलाई को दोपहर 3 बजे IST पर कैलिफोर्निया तट के पास प्रशांत महासागर में उतरेगा। एक्सिओम कमांडर पैगी व्हिटसन के नेतृत्व में, यह मिशन भारत, पोलैंड और हंगरी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि इन देशों के अंतरिक्ष यात्री चार दशकों के बाद किसी मानवयुक्त मिशन में भाग ले रहे हैं। यहां पढ़ें पूरी खबरस्पाइसजेट के दो यात्रियों ने कॉकपिट में जबरन घुसने की कोशिश की
स्पाइसजेट के एक विमान में दो उपद्रवी यात्रियों ने विमान के कॉकपिट में सोमवार को जबरन घुसने का प्रयास किया जिसके बाद उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर उतार दिया गया है। स्पाइसजेट ने बताया कि विमान को मुंबई जाना था, उसे वापस ‘बे’ पर लाया गया और दोनों यात्रियों को उतारकर उन्हें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को सौंप दिया गया।पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर ‘इन्फ्लुएंसर' को पीटा
पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में इंटरनेट पोस्ट को लेकर लोगों के एक समूह ने सोशल मीडिया ‘इन्फ्लुएंसर’ की पिटाई कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यहां एक अधिकारी ने बताया कि घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर कई बार साझा किया गया, जिसमें एक व्यक्ति को सड़क पर पड़ा हुआ दिखाया गया और उसकी पिटाई की जा रही थी।बाद में उस व्यक्ति की पहचान दीपक शर्मा के रूप में हुई।
दिल्ली की यमुना नदी के किनारे नवंबर से क्रूज सेवा शुरू होगी: अधिकारी
दिल्ली के निवासी नंवबर में सोनिया विहार और जगतपुर के बीच यमुना नदी के किनारे ‘क्रूज’ सेवाओं का लुत्फ उठा सकेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ये पहल यमुना नदी को पुनर्जीवित करने के सरकार के प्रयासों का हिस्सा है। योजना के तहत, पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्रूज संचालन के लिए वजीराबाद बैराज (सोनिया विहार) से जगतपुर (शनि मंदिर) तक यमुना के आठ किलोमीटर के हिस्से को विकसित किया गया है।प्रधानमंत्री मोदी 18 जुलाई को पूर्वी चंपारण में रैली को संबोधित करेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में 18 जुलाई को एक रैली को संबोधित करने के लिए राज्य का दौरा करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सोमवार को यह जानकारी दी। जायसवाल ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि मोदी मोतिहारी आएंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां ‘‘आसपास के 24 विधानसभा क्षेत्रों के लोग’’ शामिल होंगे।कांग्रेस संसदीय समिति की बैठक आज
सोनिया गांधी आज कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगी। जानकारी के अनुसार, इस बैठक में मानसून सत्र की रणनीति पर चर्चा होगी।UP में BJP और सपा के बीच चल रही 'नूरा कुश्ती', ओवैसी का तीखा हमला
ज्ञानेश कुमार को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई, CEC के निलंबन और SIR के फैसलों को पलटने की मांग
हरियाणा कांग्रेस में फिर क्यों उठा CM फेस का मुद्दा? कुलदीप शर्मा ने हुड्डा की दावेदारी पर उठाए सवाल
हरीश रावत की अलग यात्रा से कांग्रेस में क्यों उठे सवाल? चुनाव से पहले संगठन और नेतृत्व के बीच तालमेल की चुनौती
'लाखों भारतीयों को वोट देने से रोकना मनमानी', SIR विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट के जज उज्ज्वल भुइयां का बड़ा बयान
© 2026 Times Horizon Private Limited
