LIVE

ताजा खबर, हिंदी समाचार, 13 मई 2024 : मुंबई में तेज बारिश से लोकल ट्रेन और मुंबई मेट्रो प्रभावित, भारत-ईरान के बीच चाबहार पोर्ट पर हुई डील

LIVE आज की ताजा खबर
खबर (Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 13 मई 2024 और बड़ी खबरें : लोकसभा चुनाव के तहत आज चौथे चरण के मतदान हुए इस चरण में 10 राज्यों की 96 लोकसभा सीटों पर वोटिंग हुई तेलंगाना की 17, आंध्र प्रदेश की 25, उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्य प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की चार और पश्चिम बंगाल की आठ एवं जम्मू कश्मीर की एक लोकसभा सीट (श्रीनगर) पर वोट डाले गए, चौथे चरण में अखिलेश यादव, असदुद्दीन ओवैसी, अजय मिश्र टेनी, अधीर रंजन चौधरी, महुआ मोइत्रा, गिरिराज सिंह जैसे दिग्गज चुनावी मैदान में हैं वहीं फारूक अब्दुल्ला और मणिशंकर अय्यर की टिप्पणियों को लेकर आज पीएम नरेंद्र मोदी ने इंडी अलाइंस पर तीखा हमला बोला। बिहार में हुई रैली में पीएम मोदी ने कहा कि अगर पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी है तो भारत नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को चूड़ियां पहनाएगा उधर हैदराबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी माधवी लता ने मुस्लिम वोटर का बुर्का हटवाकर वोटर ID लेकर चेहरा मिलाया था इसे लेकर उनके खिलाफ FIR दर्ज हो गई है वहीं केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा 2024 का परिणाम जारी कर दिया है आगे पढ़ें देश-दुनिया की पल-पल की अपडेट्स...

Lok Sabha election 2024 phases 4 Live Update in HIndi

CBSE 12th Result 2024 Declared
May 13, 2024 | 11:56 PM IST

मुस्लिम, अडानी- अंबानी से लेकर कई मुद्दों पर Times Now Navbharat से बोले क्या बोले मुंबई से बीजेपी उम्मीदवार पीयूष गोयल

भाजपा के मुंबई उत्तर से उम्मीदवार पीयूष गोयल ने कहा कि जनता के बीच जब हम मोदीजी के कार्यकाल की बात करते हैं उनकी उपलब्धियों की बात करते हैं तो जनता का रिस्पांस देखकर अच्छा लगता है, पढ़ें पूरी खबर
May 13, 2024 | 09:41 PM IST

महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे ने राहुल गांधी को बताया देश द्रोही और विकास विरोधी

एकनाथ शिंदे से जब राहुल गांधी के अमेठी छोड़ने और रायबरेली से चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया तो शिंदे ने कहा कि उन्हें खुद पर विश्वास नहीं है। वो नहीं जानते कि वो कहां से जीत सकते हैं, पढ़ें पूरी खबर
May 13, 2024 | 07:18 PM IST

मुंबई में तेज बारिश से लोकल ट्रेन और मुंबई मेट्रो प्रभावित

: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर उड़ान संचालन अगली सूचना तक निलंबित कर दिया गया है, पढ़ें पूरी खबर
May 13, 2024 | 06:49 PM IST

वाराणसी में पीएम मोदी का रोड शो, कल भरेंगे नामांकन

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से एक दिन पहले सोमवार को वाराणसी में छह किलोमीटर लंबा रोड निकाला, पढें पूरी खबर
May 13, 2024 | 06:48 PM IST

बेकाबू हुए तेजप्रताप यादव, भरे मंच से RJD कार्यकर्ता को दिया धक्का

बिहार में लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजप्रताप यादव ने गुस्से में आरजेडी कार्यकर्ता को मंच पर धक्का दे दिया इसके बाद मीसा भारती ने उनका हाथ पकड़कर शांत कराया, इसका वीडियो भी सामने आया है, पढ़ें पूरी खबर
May 13, 2024 | 05:28 PM IST

भारत-ईरान के बीच चाबहार पोर्ट पर हुई डील

इस समझौते के तहत भारत चाबहार पोर्ट के शाहिद बेहेश्ती बंदरगाह के जनरल कार्गो और कंटेनर टर्मिनल का संचालन एवं इसका विकास करेगा। इस ऐतिहासिक डील पर केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और ईरान के सड़क एवं शहरी विकास मंत्री मेहरदाद बजरपाश ने हस्ताक्षर किए, पढ़ें पूरी खबर
May 13, 2024 | 04:57 PM IST

हैदराबाद सीट से भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ मामला दर्ज

हैदराबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी माधवी लता ने मुस्लिम वोटर का बुर्का हटवाकर वोटर ID लेकर चेहरा मिलाया था इसे लेकर उनके खिलाफ FIR दर्ज हो गई है, पढें पूरी खबर
May 13, 2024 | 04:56 PM IST

कथित पिटाई मामले में दिल्ली पुलिस का आया बयान, DCP बोले-थाने आई थीं स्वाती मालीवाल

आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्यसभा सांसद एवं दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष की कथित पिटाई मामले में दिल्ली पुलिस का आधिकारिक बयान आ गया है। डीसीपी नॉर्थ मनोज मीना ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि हमें सुबह 9.34 बजे पीसीआर पर कॉल आई, पढें पूरी खबर
May 13, 2024 | 03:00 PM IST

प्रभु श्रीराम की इच्छा है कि उनका भक्त फिर बने PM: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की जीत का दावा करते हुए सोमवार को कहा कि 'हमारे आराध्य प्रभु श्री राम भी यही चाहते हैं कि उनका परम भक्त एक बार फिर देश की सत्ता संभाले।' योगी ने बाराबंकी संसदीय क्षेत्र के हैदरगढ़ और रायबरेली संसदीय क्षेत्र के सरैनी में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में अलग-अलग चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। सरैनी में भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह को चुनाव जिताने की अपील करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'राहुल गांधी वोट मांगते हैं रायबरेली से और उनको समर्थन पाकिस्तान से मिलता है।' इसके पहले यहां हैदरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी राजरानी रावत के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'चौथे चरण के मतदान के साथ ही मोदी लहर अब सुनामी बन चुकी है।' योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिना चेहरा और जाति देखे सबको विकास की योजनाओं से लाभान्वित किया गया। उन्होंने कहा, 'हमारे आराध्य प्रभु श्री राम भी यही चाहते हैं कि उनका परम भक्त एक बार फिर देश की सत्ता संभाले।' मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में तीसरे चरण में चली मोदी लहर अब चौथे चरण में सुनामी बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि 'फिर एक बार मोदी सरकार' का स्वर पूरे देश में गूंज रहा है।
May 13, 2024 | 02:51 PM IST

माओवादियों के मतदान में खलल डालने के प्रयास को किया गया विफल

झारखंड के चाईबासा में सुरक्षाकर्मियों ने सोमवार को माओवादियों के मतदान में खलल डालने की कोशिश को नाकाम कर दिया। माओवादियों ने मतदाताओं को मतदान केन्द्रों तक पहुंचने से रोकने के लिए सड़क पर पेड़ गिराकर रास्ता रोकने की कोशिश की थी जिससे पश्चिमी सिंहभूम के सोनापी और मोरंगपोंगा क्षेत्रों में आवाजाही बाधित हो गई थी। अधिकारियों ने जानकारी दी। पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी कुलदीप चौधरी ने बताया, ‘सूचना मिली थी कि माओवादियों ने सोनापी के पास एक पेड़ गिराकर आवागमन बाधित कर दिया है ताकि मतदाताओं को छोटानगर पुलिस थाना क्षेत्र में मतदान बूथ संख्या 24 और 25 तक पहुंचने से रोका जा सके। इस क्षेत्र में कुल 1,522 मतदाता हैं। हमने सुनिश्चित किया कि मतदाता अपना वोट डालने में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करें इसलिए इन दोनों बूथ पर सुबह 10:30 बजे तक क्रमशः 50.94 प्रतिशत और 15.43 प्रतिशत मतदान हुआ।’ पिछले कुछ दिनों में, निर्वाचन आयोग ने माओवाद प्रभावित सिंहभूम क्षेत्र में ट्रेनों और हेलीकॉप्टरों के माध्यम से मतदान दलों को भेजा है, जिनमें से कई क्षेत्रों में पहली बार या कई दशकों के बाद मतदान हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सिंहभूम सीट पर पूर्वाह्न 11 बजे तक 26.16 प्रतिशत मतदान हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि सिंहभूम में 126 मतदान केंद्रों पर मतदान दलों और सामग्रियों को हवाई माध्यम से पहुंचाया गया और इसके अलावा चक्रधरपुर से राउरकेला के लिए एक विशेष ट्रेन के माध्यम से लगभग 100 मतदान दलों को भेजा गया।
May 13, 2024 | 02:50 PM IST

इंदौर में बोल, सुन और देख नहीं पाने वाली 32 साल की महिला ने डाला वोट

इंदौर की गुरदीप कौर वासु (32) बोल, सुन और देख नहीं सकतीं, लेकिन सोमवार को लोकसभा चुनाव के मतदान के बाद उनके चेहरे पर उमड़ी खुशी साफ पढ़ी जा सकती थी। इंदौर के 25.27 लाख मतदाताओं में गुरदीप सबसे अनूठी हैं। वह शारीरिक चुनौतियों को परास्त करके अपने जीवन में दूसरी बार मतदान केंद्र पर पहुंचीं। गुरदीप की मां मनजीत कौर वासु ने बताया कि उनकी बेटी ने वैशाली नगर के एक मतदान केंद्र में वोट डाला और इसमें मदद के लिए वह उनके साथ गई थीं। उन्होंने बताया, 'गुरदीप सोमवार सुबह से बहुत खुश थी कि उसे वोट डालने जाना है। मतदान के बाद उसकी खुशी दूनी हो गई।' मनजीत कौर ने बताया कि उनकी बेटी ने नवंबर 2023 के विधानसभा चुनाव में अपने जीवन में पहली बार मतदान किया था। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में गुरदीप का नाम पिछले साल ही दर्ज कराया गया था। गुरदीप पिछले साल मई में तब भी चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की आयोजित 10वीं की परीक्षा स्वाध्यायी विद्यार्थी के रूप में उत्तीर्ण की थी। अधिकारियों के मुताबिक, यह मंडल के इतिहास का पहला मामला था, जब बोल, सुन और देख नहीं पाने वाले किसी उम्मीदवार ने हाईस्कूल प्रमाणपत्र परीक्षा उत्तीर्ण की। अधिकारियों ने बताया कि गुरदीप की विशेष स्थिति को देखते हुए उन्हें माध्यमिक शिक्षा मंडल के नियमों के मुताबिक परीक्षा के दौरान सांकेतिक भाषा का जानकार सहायक लेखक मुहैया कराया गया था।
May 13, 2024 | 02:50 PM IST

...तो मैं अगले दिन जेल से वापस आ जाऊंगा: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि अगर लोकसभा चुनाव के परिणाम की घोषणा के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आता है तो वह पांच जून को तिहाड़ जेल से बाहर आ जाएंगे। कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े एक धनशोधन मामले में गिरफ्तार केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए उच्चतम न्यायालय ने एक जून तक अंतरिम जमानत दी है। न्यायालय के आदेश के अनुसार] उन्हें दो जून को आत्मसमर्पण करना होगा और जेल वापस जाना होगा। लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के तहत एक जून को मतदान होगा और मतगणना एक साथ चार जून को होगी। केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के पार्षदों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि तिहाड़ में हिरासत के दौरान उन्हें अपमानित करने के प्रयास किए गए। उन्होंने दावा किया, 'तिहाड़ में मेरी कोठरी में दो सीसीटीवी कैमरे थे और 13 अधिकारी उनकी फीड पर नजर रख रहे थे। बताया गया कि सीसीटीवी फुटेज प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को भी दिया गया था। मोदी जी मुझ पर नजर रख रहे थे। मुझे पता नहीं कि मोदी जी को मुझसे क्या परेशानी है।' केजरीवाल ने कहा, 'मुझे दो जून को जेल वापस जाना होगा। मैं जेल के अंदर चार जून को चुनाव परिणाम देखूंगा। अगर ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आता है तो पांच जून को मैं वापस आऊंगा।' मुख्यमंत्री ने रविवार को पार्टी के विधायकों से मुलाकात की थी।
May 13, 2024 | 01:48 PM IST

पाक अधिकृत कश्मीर में चौथे दिन भी हड़ताल जारी, स्थिति तनावपूर्ण

पाकिस्तान के कब्जे (पीओके) वाले कश्मीर में गेहूं के आटे, बिजली की ऊंची कीमतों और अधिक कर के खिलाफ शुरू की गई पूर्ण हड़ताल सोमवार को चौथे दिन भी जारी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। वहीं, सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई हिंसक झड़पों के बाद पाकिस्तान सरकार ने स्थिति पर काबू पाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। विवादित क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और अधिकार आंदोलन के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं, जिसमें कम से कम एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए थे। घायलों में ज्यादातर पुलिसकर्मी थे। शुक्रवार को पूर्ण हड़ताल करने से जनजीवन ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों और राज्य सरकार के बीच बातचीत विफल हो जाने के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ मौजूदा स्थिति पर चर्चा के लिए सोमवार को एक उच्च स्तरीय बैठक कर सकते हैं। जम्मू कश्मीर संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) के सदस्य क्षेत्र में जलविद्युत उत्पादन लागत के अनुसार बिजली की कीमतों को तय करने, गेहूं के आटे पर सब्सिडी और कुलीन वर्ग के विशेषाधिकारों को समाप्त करने की मांग कर रहे हैं। जेएएसी के नेतृत्व में पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) की राजधानी मुजफ्फराबाद में एक लंबा मार्च निकाला गया। जेएएसी कोर कमेटी और क्षेत्र के मुख्य सचिव दाऊद बराच के बीच हुई बातचीत में कोई समाधान न निकलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुजफ्फराबाद की ओर कूच करने का एलान किया।
May 13, 2024 | 01:47 PM IST

हेमंत सोरेन को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं, जानें क्या हुआ

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका और अंतरिम जमानत की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की। इस दौरान जस्टिस खन्ना ने पूछा कि क्या उस जमीन पर सोरेन का कब्जा है? मामले की अगली सुनवाई 17 मई को होगी। आपको बताते है कि सुनवाई के दौरान क्या-क्या हुआ। पढ़ें पूरी खबर
May 13, 2024 | 01:43 PM IST

प्रधानमंत्री मोदी ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेका

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पटना स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी, पटना साहिब में मत्था टेका। प्रधानमंत्री की तख्त श्री हरिमंदिर जी, पटना साहिब की यात्रा के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सिख पगड़ी पहनकर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने दरबार साहिब में मत्था टेका और गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं को लंगर भी परोसा। सोशल मीडिया मंच एक्स पर पंजाबी भाषा में अपनी एक पोस्ट में मोदी ने लिखा, ‘आज सुबह तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में प्रार्थना की। इस पवित्र स्थान की पवित्रता, शांति और समृद्ध इतिहास का अनुभव करके वास्तव में धन्य महसूस हुआ। इस गुरुद्वारा साहिब का श्री गुरु गोबिंद सिंह जी से घनिष्ठ संबंध है। हमारी सरकार को अपना 350वां प्रकाश उत्सव भव्य तरीके से मनाने का गौरव प्राप्त हुआ। सिख गुरुओं की शिक्षाएँ हम सभी को प्रेरित और मार्गदर्शन करती रहें।’ उन्होंने अपने एक अन्य पोस्ट में गुरूद्वारे के लंगर में स्वयं भोजन बनाते और श्रद्धालुओं के बीच खाना परोसने की अपनी तस्वीरों को साझा करते हुए लिखा, ‘सिख धर्म समानता, न्याय और दया के सिद्धांतों पर आधारित है। सेवा ही सिख धर्म का मुख्य आधार है। आज सुबह पटना में मुझे भी इस सेवा में भाग लेने का सम्मान प्राप्त हुआ। यह बहुत ही विनम्र और विशेष एहसास था।’
May 13, 2024 | 01:43 PM IST

पूर्व विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा की हालत स्थिर: अस्पताल प्रशासन

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और अनुभवी नेता एस. एम कृष्णा की हालत लगातार स्थिर बनी हुई है। अस्पताल प्रशासन ने सोमवार को यह जानकारी दी। अस्पताल प्रशासन ने शनिवार को बताया था कि आईसीयू में भर्ती 92 वर्षीय पूर्व विदेश मंत्री को हरसंभव स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है और श्वास-रोग विशेषज्ञ और डॉ. सत्यनारायण मैसूर और डॉ. सुनील कारंत की टीम उनका इलाज कर रही है। मणिपाल अस्पताल प्रशासन ने एक बयान जारी कर बताया, 'एस. एम. कृष्णा की हालत स्थिर बनी हुई है।' इससे पहले, पूर्व मुख्यमंत्री को श्वसन संबंधी संक्रमण के इलाज के लिए 21 अप्रैल को यहां एक अन्य सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
May 13, 2024 | 12:33 PM IST

मप्र के छिंदवाड़ा में एसयूवी पलटने से तीन की मौत, चार घायल

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक एसयूवी के पलट जाने से तीन महिलाओं की मौत हो गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि हादसा रविवार रात करीब 10 बजे मुआरी माइन्स पर हुआ। उन्होंने बताया कि एसयूवी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिसके बाद वाहन एक गड्ढे में पलट गया। अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को परासिया अस्पताल ले गई, जहां से उन्हें छिंदवाड़ा के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान हीरामणि, सुशीला शोलेकर और इंदुमती के रूप में हुई है। सभी की उम्र 55 वर्ष के आसपास थी।
May 13, 2024 | 11:06 AM IST

प्रधानमंत्री मोदी ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेका

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पटना स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी, पटना साहिब में मत्था टेका। प्रधानमंत्री की तख्त श्री हरिमंदिर जी, पटना साहिब की यात्रा के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। तख्त श्री पटना साहिब को तख्त श्री हरिमंदिर जी, पटना साहिब के नाम से भी जाना जाता है, जो सिखों के पांच तख्तों में से एक है। गुरु गोविंद सिंह के जन्मस्थान के रूप में इस तख्त का निर्माण 18वीं शताब्दी में महाराजा रणजीत सिंह द्वारा करवाया गया था। सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह का जन्म 1666 में पटना में हुआ था। उन्होंने आनंदपुर साहिब जाने से पहले अपने प्रारंभिक वर्ष यहीं बिताए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने सिर पर पगड़ी बांधकर श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब का दौरा किया। उन्होंने एक दिन पहले पटना में रोड शो किया था। मोदी बिहार में कहीं भी रोड शो करने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री के साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी और स्थानीय सांसद रविशंकर प्रसाद थे।
May 13, 2024 | 11:04 AM IST

केरल तट पर एक जहाज और मछुआरों की नौका आपस में टकराए

केरल तट के पास सोमवार तड़के एक जहाज और एक मछुआरों की नौका कथित तौर पर आपस में टकरा गए, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना त्रिशूर जिले में मनक्काकादावु तटीय पुलिस थाने की सीमा से लगभग 16 समुद्री मील दूर की है। इस दौरान राज्य के मछुआरे मछली पकड़ने गए हुए थे। पुलिस ने बताया कि इस टक्कर में नौका के दो टुकड़े हो गये। उसने बताया कि नौका पर चार लोग सवार थे उनमें से दो लोगों को जहाज पर मौजूद लोगों ने बचा लिया। पुलिस ने बताया कि तलाशी अभियान के बाद दो मछुआरों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
May 13, 2024 | 11:02 AM IST

जयपुर के कम से कम चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

राजस्थान की राजधानी जयपुर के कम से कम चार स्कूलों को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिये मिली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के दस्ते इन स्कूलों में पहुंचकर जांच कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार इन स्कूलों के छात्रों और स्टाफ सदस्यों को बाहर निकाल लिया गया है और बम रोधी तथा श्वान दस्तों के साथ पुलिस के दल स्कूलों में पहुंच गए हैं। जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा, 'चार-पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस इन स्कूलों में पहुंच गई है।' पुलिस ने कहा कि धमकी ईमेल से दी गई है और टीम यह ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
May 13, 2024 | 11:02 AM IST

आयोग ने आंध्र प्रदेश में अगवा किए गए TDP के तीन एजेंट को बचाया

आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में कथित तौर पर अगवा किए गए तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के तीन मतदान एजेंट का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मुकेश कुमार मीणा ने सोमवार को यह जानकारी दी। सीईओ कार्यालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, तेदेपा के तीन मतदान एजेंट का चित्तूर जिले के सदुम मंडल के बोकारमांडा गांव से अपहरण कर लिया गया था। यह क्षेत्र पुनगुनुरू विधानसभा में आता है। मीणा ने कहा, 'तेदेपा के जिला प्रभारी जगन मोहन राजू ने शिकायत की थी कि मतदान केंद्र संख्या 188, 189 और 199 के तेदेपा एजेंट का मतदान केंद्रों पर जाते समय युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेताओं ने अपहरण कर लिया।' सीईओ ने कहा कि चित्तूर जिले के निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस विभाग ने तुरंत कार्रवाई की और अपहृत एजेंटों को पिलेरू से बचाया। मीणा ने कहा कि अपहरणकर्ताओं की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है। आंध्र प्रदेश में आज 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीट के लिए एक साथ मतदान हो रहा है।
May 13, 2024 | 10:57 AM IST

मेक्सिको शहर के दक्षिणी हिस्से में गोलीबारी में आठ लोगों की मौत

मेक्सिको सिटी के दक्षिण में गोलीबारी की एक घटना में आठ लोगों के मारे जाने की खबर है। स्थानीय और राज्य के अधिकारियों ने रविवार को इस घटना और लोगों की मौत की खबर की पुष्टि की, हालांकि मृतकों की संख्या नहीं बताई गयी। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, घटना में आठ लोगों की मौत हुई है। मेक्सिको सिटी की सीमा से सटे मोरेलोस राज्य की सरकार ने बताया कि घटना शनिवार देर रात हुइट्जिलैक में घटी। जंगलों से घिरे पहाड़ी शहर में हुइट्जिलैक अवैध लकड़हारों, अपहरणकर्ताओं और मादक पदार्थ तस्कर गिरोहों का असर है। शहर के मेयर राफेल वर्गास ने घटना को 'एक भयावह हिंसक कृत्य' करार दिया और कहा कि इसमें 'कई लोग' मारे गए। वर्गास ने बताया, 'शहर के मध्य में कई लोगों पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया।' उन्होंने कहा, 'हिंसा को रोका जाना चाहिए। हम सभी प्रकार के हिंसक कृत्यों की निंदा करते हैं, जिनमें हमारे लोगों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जाती है।'
May 13, 2024 | 10:55 AM IST

संभल में ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी, तीन की मौत और 17 घायल

संभल जिले में एक ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के प्रवक्ता संजीव कुमार ने बताया कि घटना रविवार देर रात रजपुरा थाना क्षेत्र के संभल-हसनपुर मार्ग पर दीपपुर टांडा के पास की है। उन्होंने बताया कि कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव लखनपुर के लोग अंत्येष्टि में शामिल होने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर लौट रहे थे तभी तेज रफ्तार एक ट्रक ने उनके वाहन को सामने से टक्कर मार दी, जिससे घासी राम (60), महिपाल (55), गुमानी (40) की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। कुमार ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
May 13, 2024 | 10:19 AM IST

मध्य प्रदेश में आठ लोकसभा सीट के लिए मतदान जारी

मध्य प्रदेश में आम चुनाव के चौथे और आखिरी चरण में आठ लोकसभा सीट के लिए सोमवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि रतलाम, धार, खरगोन, देवास, उज्जैन, मंदसौर, इंदौर और खंडवा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे समाप्त होगा। चौथे चरण का मतदान आठ निर्वाचन क्षेत्रों के 18,007 मतदान केंद्रों पर जारी है। चौथे चरण में कुल 74 उम्मीदवार - 69 पुरुष और पांच महिलाएं - मैदान में हैं। इस चरण में कुल 1,63,70,654 पात्र मतदाता हैं, जिनमें 82,48,091 पुरुष, 81,22,175 महिलाएं और 388 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। राज्य के मालवा-निमाड़ क्षेत्र के 15 जिलों के 64 विधानसभा क्षेत्रों में फैले आठ निर्वाचन क्षेत्रों को भाजपा का गढ़ माना जाता है। इंदौर लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा 14 उम्मीदवार हैं और खरगोन में सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं। आठ सीट में से, इंदौर में पात्र मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक 25,26,803 है, जबकि उज्जैन में सबसे कम 17,98,704 मतदाता हैं।
May 13, 2024 | 10:18 AM IST

खड़गे और राहुल ने संविधान, लोकतंत्र के लिए मतदान की अपील की

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान शुरू होने के बाद लोगों का आह्वान किया कि वे संविधान, लोकतंत्र और न्याय के लिए बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। लोकसभा की कुल 96 सीट के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। खड़गे ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, "मेरे प्यारे नागरिको, लोकसभा चुनाव के पहले तीन चरणों में, आपने लोकतंत्र के लिए मतदान करके और संविधान को निरंकुश ताकतों से बचाने का प्रयास करके अपनी ताकत दिखाई है। आज 10 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीट पर वोट डाले जा रहे हैं। आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव और ओडिशा विधानसभा चुनाव का पहला चरण भी चल रहा होगा।" उन्होंने कहा कि यह माहौल को पूरी तरह न्याय के पक्ष में मोड़ने और भारत को जिताने का एक महत्वपूर्ण चरण है। खड़गे ने लोगों का आह्वान किया, "समाज को बांटने वाले नफरत भरे भाषणों की ध्यान भटकाने वाली रणनीति से डरें नहीं।" कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "मैं आपसे आग्रह करता हूं कि आप लोकतंत्र की रक्षा और हमारे अस्तित्व के आधार - भारत के संविधान - की रक्षा के हमारे सामूहिक उद्देश्य पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित करें।"
May 13, 2024 | 10:17 AM IST

ओडिशा की चार लोकसभा सीट और 28 विधानसभा सीट पर मतदान जारी

ओडिशा में चार लोकसभा सीट और 28 विधानसभा सीट के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सोमवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य की चार लोकसभा सीट- बरहमपुर, कोरापुट, नबरंगपुर और कालाहांडी संसदीय क्षेत्रों में सुबह सात बजे से मतदान जारी है। इन लोकसभा सीट के निर्वाचन क्षेत्र में आने वाली 28 विधानसभा सीट पर भी मतदान हो रहा है। अधिकारियों ने कहा कि 62.87 लाख से अधिक मतदाता 7,303 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं और चार लोकसभा सीट के लिए 37 उम्मीदवार तथा 28 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 243 उम्मीदवार मैदान में हैं।
May 13, 2024 | 08:28 AM IST

कनाडा में भारतीय मूल का एक और आरोपी गिरफ्तार

कनाडा में टोरंटो के मुख्य हवाई अड्डे से करोड़ों डॉलर के सोने की चोरी के मामले में भारतीय मूल के 36 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।देश के इतिहास की सबसे बड़ी चोरी के इस मामले में करीब एक महीने पहले भी पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
May 13, 2024 | 08:04 AM IST

अमित शाह और नड्डा के हेलीकॉप्टरों की भी ली गई तलाशी- चुनाव आयोग

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हेलीकॉप्टर की तलाशी के बाद शुरू हुआ विवाद पर चुनाव आयोग का बयान सामने आया है। आयोग ने कहा है कि गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के भी हेलीकॉप्टर की तलाशी ली गई है।
May 13, 2024 | 07:26 AM IST

चौथे चरण की वोटिंग शुरू

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में मतदान शुरू हो गए हैं। 10 राज्यों की 96 सीटों पर मतदान हो रहे हैं।
May 13, 2024 | 06:35 AM IST

मतदान से कुछ घण्टे पहले बर्धमान में टीएमसी कर्मी की हत्या

पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान ज़िले के केतुग्राम इलाक़े में आज देर शाम एक टीएमसी कर्मी की बम मार कर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार मृतक टीएमसी कर्मी मिंटू शेख़ (45) अपने एक साथी के साथ मोटरसाईकिल से घर जा रहे थे। रास्ते में कुछ लोगों ने उनपर अचानक से हमला कर दिया। कथित तौर पर पहले मिंटू पर धारदार हथियार से हमला किया गया और बाद में उन पर बम से हमला किया गया। बाद में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस अधिकारी मौक़े पर पहुँचे और मामले की जाँच कर रहे है। घटना को लेकर इलाक़े में तनाव का माहौल है।
May 13, 2024 | 06:15 AM IST

दिल्ली के 20 अस्पतालों, एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

दिल्ली में रविवार को 20 अस्पतालों, आईजीआई हवाईअड्डे और उत्तरी रेलवे के सीपीआरओ कार्यालय को ईमेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई हैयह धमकी ऐसे समय में मिली है जब 11 दिन पहले, एक मई को दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में 150 से ज्यादा स्कूलों को ईमेल मिला था जिसमें उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके कारण विद्यार्थियों और अभिभावकों में दहशत फैल गई थी। अधिकारियों को जांच के दौरान कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला था।
May 13, 2024 | 05:23 AM IST

आज रायबरेली में चुनाव प्रचार करेंगे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज रायबरेली में चुनाव प्रचार करेंगे।
May 13, 2024 | 05:23 AM IST

सर्गेई शोइगु रूस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव नियुक्त

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने निकोलाई पेत्रुशेव की जगह सर्गेई शोइगु को रूस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का सचिव नियुक्त करने वाले आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। रूस के राष्ट्रपति के आवासीय परिसर क्रेमलिन ने रविवार को यह जानकारी दी।
May 13, 2024 | 05:22 AM IST

चौथे चरण के मतदान आज

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 10 राज्यों की 96 सीटों पर आज वोटिंंग होगी।
May 13, 2024 | 05:21 AM IST

मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर आज दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई होगी।
May 13, 2024 | 05:21 AM IST

हेमंत सोरेन की याचिका पर सुनवाई आज

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है, इसमें ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती दी गई है।