LIVE

आज की ताजा खबर, 13 जनवरी 2024 (Taza Khabar): महाराष्ट्र के डोंबिवली में इमारत में लगी भीषण आग; नीतीश कुमार ने ठुकराया संयोजक का पद

आयुष सिन्हाUpdated Jan 14, 2024, 00:37 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 13 जनवरी 2024 (Taza Khabar): महाराष्ट्र के डोंबिवली में इमारत में लगी भीषण आग; नीतीश कुमार ने ठुकराया संयोजक का पद

आज की ताजा खबर, 13 जनवरी 2024 (Taza Khabar): महाराष्ट्र के डोंबिवली में इमारत में लगी भीषण आग; नीतीश कुमार ने ठुकराया संयोजक का पद

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 13 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: पूर्व मॉडल दिव्या पाहुजा का शव हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक नहर से बरामद हुआ है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पाहुजा की गुरुग्राम के एक होटल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गुरुग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) वरुण कुमार दहिया ने बताया कि पाहुजा का शव टोहाना में भाखड़ा नहर की सहायक नहर से मिला है। पुलिस ने बताया कि पाहुजा (27) की दो जनवरी को गुरुग्राम स्थित एक होटल के कमरे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसने बताया कि पाहुजा की हत्या इसलिए की गई क्योंकि वह कथित तौर पर होटल मालिक की ‘‘अश्लील तस्वीरों’’ के जरिए उसे ब्लैकमेल करके पैसे वसूल रही थी। वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति मामले से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चौथी बार समन जारी किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल (55) को 18 जनवरी को एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। केजरीवाल तीन जनवरी को तीसरी बार ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे। जिसके बाद ईडी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को चौथा समन जारी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री को समन जारी कर पिछले वर्ष दो नवंबर, 21 दिसंबर और इस साल तीन जनवरी को भी पेश होने के लिए कहा गया था। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 13 जनवरी (शनिवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।

JAN 14, 2024 00:37 IST

मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू की पार्टी मेयर पद का चुनाव हारी

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू को झटका देते हुए भारत-समर्थक विपक्षी दल ‘मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी’ (एमडीपी) ने शनिवार को राजधानी माले के मेयर चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की। एमडीपी उम्मीदवार आदम अजीम को माले का नया मेयर चुना गया है, यह पद हाल तक मुइज्जू के पास था। मुइज्जू ने पिछले साल राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के लिए पद से इस्तीफा दे दिया था।
JAN 13, 2024 19:55 IST

हेमंत सोरने को ईडी का 8वां समन

अवैध खनन मामले में ईडी ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को 8वां समन जारी किया है। ईडी ने उन्हें 16-20 जनवरी के बीच पेश होने को कहा है।
JAN 13, 2024 18:23 IST

14-15 जनवरी को ईरान की यात्रा करेंगे विदेश मंत्री

विदेश मंत्रालय ने बताया कि 14 व 15 जनवरी को विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ईरान की यात्रा करेंगे। यह यात्रा दोनों पक्षों के बीच चल रहे उच्च स्तरीय आदान-प्रदान के हिस्से के रूप में होगी।
JAN 13, 2024 17:44 IST

आप और कांग्रेस के बीच बैठक जारी

दिल्ली व पंजाब में सीट शेयरिंग को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच बैठक जारी है। यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हो रही है। जहां अरविंद केजरीवाल के अलावा राहुल गांधी भी मौजूद हैं।
JAN 13, 2024 16:29 IST

ब्रिटिश राजदूत की Pok यात्रा से भारत नाराज

पाकिस्तान में ब्रिटिश राजदूत जेन मेरियट की पीओके यात्रा को भारत ने गंभीरता से लिया है। भारत ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का ऐसा उल्लंघन अस्वीकार्य है। इसको लेकर विदेश मंत्रालय ने ब्रिटिश उच्चायुक्त के सामने कड़ा विदेश दर्ज कराया है।
JAN 13, 2024 15:53 IST

महाराष्ट्र: डोंबिवली के पास इमारत में लगी भीषण आग

महाराष्ट्र के डोंबिवली के पास खोनी पलावा में एक इमारत में भीषण आग लग गई। मौके पर दमकल की चार गाड़ियां मौजूद हैं।अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
JAN 13, 2024 15:13 IST

सचिन तेंदुलकर को मिला राम मंदिर उद्धाटन का निमंत्रण

महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी राम मंदिर उद्धाटन समारोह में शामिल हो सकते हैं। शनिवार को उन्हें इस कार्यक्रम के लिए निमंत्रण दिया गया।
JAN 13, 2024 15:04 IST

नीतीश कुमार ने ठुकराया संयोजक पद

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन का संयोजक बनने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि वह कोई पद नहीं चाहते हैं बल्कि उनकी इच्छा यह है कि गठबंधन जमीन पर मजबूती से आगे बढ़े। साथ ही नीतीश कुमार ने कहा है कि कांग्रेस को ही गठबंधन का चेयरमैन बनना चाहिए।
JAN 13, 2024 13:41 IST

छात्रों को राजनीति के लिए पढ़ाई से समझौता नहीं करना चाहिए: जेएनयू कुलपति

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में धरना देने के खिलाफ कड़े कदम लागू किए जाने को लेकर छिड़े विवाद के बीच जेएनयू की कुलपति शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित ने छात्रों को सलाह दी है कि उन्हें राजनीति के लिए पढ़ाई से समझौता नहीं करना चाहिए। पंडित ने कहा कि अनुशासनात्मक कार्रवाई छात्रों की भविष्य में नौकरी हासिल करने की संभावनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। उन्होंने एक साक्षात्कार में कहा, 'कोई यह नहीं कह रहा कि प्रदर्शन मत कीजिए लेकिन यह भी ध्यान रखिए कि आपकी पढ़ाई से समझौता नहीं होना चाहिए। राजनीति में शामिल इनमें से कई छात्र बाद में मेरे पास आकर ‘एक्सटेंशन’ की मांग करते हैं और यह नौकरी के लिए आवेदन करते समय उनकी प्रोफाइल में भी नजर आएगा।' कुलपति ने परिसर में आलोचनात्मक सोच की संस्कृति को दर्शाने के लिए इजराइल-हमास संघर्ष पर जेएनयू में खुली बहस एवं व्याख्यानों के आयोजन का जिक्र किया और कहा कि इसे लेकर कोई प्रदर्शन नहीं हुआ।
JAN 13, 2024 12:41 IST

यातायात पुलिसकर्मी से मारपीट, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में यातायात पुलिस के एक कर्मी से मारपीट करने के आरोप में एक वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने सड़क पर इस तरीके से अपनी कार खड़ी की थी कि उसके कारण यातायात बाधित हो रहा था। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिसकर्मी ने आरोपी से अपना वाहन हटाने को कहा, लेकिन वाहन चालक ने उस पर कथित तौर पर हमला कर दिया। वर्तक नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना 11 जनवरी को हुई। अधिकारी ने कहा, '43 वर्षीय सहायक पुलिस निरीक्षक एक स्कूल के पास यातायात को नियंत्रित कर रहा था। आरोपी श्रीनिवास नायडू ने अपनी कार इस तरीके से खड़ी की थी कि उसके कारण यातायात बाधित हो रहा था। पीड़ित ने आरोपी से अपनी कार हटाने को कहा।' उन्होंने कहा, 'यातायात पुलिसकर्मी के निर्देश से नाराज होकर आरोपी ने उसे अपशब्द कहने शुरू कर दिए। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब उसने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया- उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उसका कॉलर पकड़कर उसे मुक्का मारा।' अधिकारी ने बताया कि नायडू के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 353 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला करना या आपराधिक बल का इस्तेमाल करना) और 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
JAN 13, 2024 12:41 IST

अरुणाचल में NSCN-IM के छह उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार बरामद

अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले में सुरक्षा बलों ने एनएससीएन-आईएम के छह उग्रवादियों को पकड़ा और उनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। लोंगडिंग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डेकियो गुमजा ने शनिवार को बताया कि जिले के लोंगडिंग शहर और नियाउसा के बीच अर्द्धसैनिक बलों और लोंगडिंग पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार उग्रवादियों ने खुलासा किया कि उनके पास नॉकनु और खासा गांवों के बीच एक ठिकाने में अत्याधुनिक हथियार भी हैं। उन्होंने कहा कि सूचना के आधार पर तीन एमक्यू असॉल्ट राइफल, विस्फोटक, मोबाइल फोन और अन्य युद्धक सामग्री बरामद की गई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि लोंगडिंग थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान स्वयंभू एएसओ और वांचो क्षेत्र के सचिव वांगपांग वांग्सा (28), स्वयंभू मेजर पांसा (64), स्वयंभू कैप्टन मिकगाम (27), स्वयंभू सार्जेंट थांगवांग (29), स्वयंभू कैप्टन अलुंग न्गोदाम (31) और स्वयंभू लांस कॉर्पोरल जामगांग गैंगसा (27) के रूप में की।
JAN 13, 2024 12:39 IST

राहुल गांधी रविवार से शुरू करेंगे 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा'

कांग्रेस रविवार से राहुल गांधी के नेतृत्व में मणिपुर से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू करेगी जिसके जरिये उसका प्रयास होगा कि लोकसभा चुनाव में बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को विमर्श के केंद्रबिंदु में लाए जाए। यह यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर की राजधानी इंफाल के निकट थोबल से शुरू होगी और मार्च के तीसरे सप्ताह में मुंबई में इसका समापन होगा। कांग्रेस का कहना है कि लोकसभा चुनाव से पहले निकाली जा रही यह यात्रा 67 दिन में 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान लगभग 6,700 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यात्रा ज्यादातर बस से होगी, लेकिन कहीं-कहीं पदयात्रा भी होगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सात सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली थी। उनकी 136 दिन की इस पदयात्रा में 12 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों के 75 जिलों और 76 लोकसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए 4,081 किलोमीटर की दूरी तय की गई थी। कांग्रेस का कहना है कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' कोई चुनावी यात्रा नहीं है, बल्कि यह देश के लिए न्याय की मांग करने से जुड़ी है।
JAN 13, 2024 12:38 IST

पूर्व मॉडल दिव्या पाहुजा का शव हरियाणा में नहर से बरामद

पूर्व मॉडल दिव्या पाहुजा का शव हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक नहर से बरामद हुआ है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पाहुजा की गुरुग्राम के एक होटल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गुरुग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) वरुण कुमार दहिया ने बताया कि पाहुजा का शव टोहाना में भाखड़ा नहर की सहायक नहर से मिला है। पुलिस ने बताया कि पाहुजा (27) की दो जनवरी को गुरुग्राम स्थित एक होटल के कमरे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसने बताया कि पाहुजा की हत्या इसलिए की गई क्योंकि वह कथित तौर पर होटल मालिक की ‘‘अश्लील तस्वीरों’’ के जरिए उसे ब्लैकमेल करके पैसे वसूल रही थी।
JAN 13, 2024 10:49 IST

राम मंदिर पर चौतरफा घिरी कांग्रेस, खड़गे ने दी की सफाई

राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा को न्योते को ठुकराने के बाद कांग्रेस चौतरफा हमले झेल रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उस पर तीखे हमले कर रही है। कांग्रेस को अपनी ही पार्टी के नेताओं की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी को लगता है कि न्योता ठुकराकर उसने एक बड़ी चूक कर दी है। अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सफाई पेश की है। खड़गे ने कहा है कि प्राण प्रतिष्ठा में न जाने का फैसला किसी धर्म अथवा किसी व्यक्ति की भावनाओं का आहत करने के लिए नहीं लिया गया। पढ़ें पूरी खबर
JAN 13, 2024 10:40 IST

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में केजरीवाल को ED का चौथा समन

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति मामले से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चौथी बार समन जारी किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल (55) को 18 जनवरी को एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। पढ़ें पूरी खबर
JAN 13, 2024 10:08 IST

प्राण प्रतिष्ठा से पहले PM मोदी ने शेयर किया सुंदर भजन

देश भर में इस समय राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोगों की भावनाएं हिलोर मार रही हैं। लोग 22 जनवरी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। भगवान राम के बाल स्वरूप राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होनी है। प्राण प्रतिष्ठा के दिन पीएम मोदी यजमान की भूमिका में होंगे। इसके लिए उन्होंने विधिवत तैयारी शुरू कर दी है। वह 11 दिनों के विशेष अनुष्ठान पर हैं। इस बीच उन्होंने भगवान राम के एक बार फिर अयोध्या लौटने और राम मंदिर की तैयारियों पर एक सुंदर भजन X पर पोस्ट किया है। पढ़ें पूरी खबर
JAN 13, 2024 10:07 IST

उत्तरी इराक में एक सैन्य अड्डे पर हमले में तुर्किये के पांच सैनिकों की मौत

उत्तरी इराक के अर्द्ध-स्वायत्त कुर्द क्षेत्र में एक सैन्य अड्डे पर हुए हमले में शुक्रवार को तुर्किये के पांच सैनिक मारे गए। तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने इस हमले के लिए कुर्द लड़ाकों को जिम्मेदार ठहराया है। तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर कहा कि हमलावरों ने सैन्य अड्डे में घुसपैठ करने का प्रयास किया, इस दौरान आठ सैनिक घायल हो गए जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। मंत्रालय ने कहा कि 12 लड़ाकों को मार गिराया गया है और क्षेत्र में अभियान जारी है। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। विदेश मंत्री हाकन फिदान ने बाद में मारे गए सैनिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी से जुड़े लड़ाकों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'हम अपनी सीमाओं के भीतर और बाहर पीकेके आतंकवादी संगठन के खिलाफ अंत तक लड़ेंगे।'
JAN 13, 2024 07:06 IST

प्रतापगढ़ में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के दोषी शिक्षक को 25 साल की सजा

प्रतापगढ़ जिले की एक अदालत ने नाबालिग छात्रा के साथ दुष्‍कर्म के आरोपी एक शिक्षक को शुक्रवार को दोषी करार देते हुए उसे 25 वर्ष कारावास की सजा सुनाई और 30 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (एडीजीसी) प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि अपर जिला सत्र न्यायाधीश आलोक द्विवेदी की अदालत ने छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में दोषी करार देते हुए आरोपी शिक्षक अनिल चौरसिया को 25 वर्ष का कारावास व 30 हजार रुपये अर्थदण्ड की सजा सुनाई। पांडेय ने बताया कि मुक़दमा वादी ने थाना फतनपुर पुलिस को दी गयी तहरीर में आरोप लगाया था कि उसकी 14 वर्ष की नाबालिग भतीजी कक्षा दस की छात्रा थी और उसी कॉलेज के शिक्षक अनिल चौरसिया ने उसको परीक्षा में अधिक नंबर दिलाने का झांसा देकर उसके साथ शांरीरिक संबंध बनाया और उसकी आपत्तिजनक फोटो बना कर ब्लेकमेल करता और फोटो वायरल करने की धमकी देता था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना पूरी करने के बाद आरोप पत्र दाखिल किया था।
JAN 13, 2024 07:05 IST

दिल्ली: सीडीएस जनरल चौहान ने एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर का किया दौरा

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने शुक्रवार को यहां जारी राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) गणतंत्र दिवस शिविर का निरीक्षण किया और राष्ट्र निर्माण में एनसीसी कैडेट के सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सीडीएस ने एनसीसी की तीनों शाखाओं सेना, नौसेना और वायु सेना से आए कैडेट द्वारा दिए गए 'गार्ड ऑफ ऑनर' की समीक्षा की, जिसके बाद महिला कैडेट ने शानदार बैंड का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी, 'एकता और अनुशासन' के अपने आदर्श के अनुरूप दुनिया में सबसे बड़े वर्दीधारी युवा संगठन के रूप में विकसित हुआ है। जनरल चौहान ने अपने संबोधन में देश के युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सौहार्द के गुण विकसित करने में एनसीसी के योगदान की सराहना भी की।
JAN 13, 2024 07:04 IST

डीयू के कॉलेजों, विभागों के महिला शौचालयों के बाहर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने अपने कॉलेजों को महिला शौचालयों और ‘चेंजिंग रूम’ के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। प्रशासन ने हालिया परामर्श में अपने कॉलेजों और विभागों से यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए संस्थानों और छात्रावासों के सभी द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की जाए। डीयू की प्रॉक्टर रजनी अब्बी ने बताया, 'दिल्ली पुलिस की सिफारिशों के बाद, हमने आईआईटी-दिल्ली में हुई हालिया घटना के मद्देनजर कॉलेज महोत्सव के दिशानिर्देशों में प्रासंगिक चीजें जोड़ी हैं। हमने कॉलेजों को सुरक्षा के मद्देनजर महोत्सव के दौरान महिलाओं के शौचालयों और ‘ड्रेसिंग रूम’ के सामने सीसीटीवी लगाने के लिए कहा है।' पिछले साल अक्टूबर में, दिल्ली विश्वविद्यालय के भारती कॉलेज की लगभग 10 छाआओं ने शिकायत की थी कि आईआईटी-दिल्ली के महोत्सव में एक फैशन शो के दौरान संस्थान के शौचालय में कपड़े बदलते समय गुप्त रूप से उनकी वीडियो बनाई गई थी।