LIVE

12 नवम्बर 2024 हिंदी न्यूज़: झारखंड विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र, चीन में भीड़ में घुसी कार, 35 की मौत

Shashank Shekhar MishraUpdated Nov 12, 2024, 18:18 IST

12 नवम्बर 2024 हिंदी न्यूज़: झारखंड विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र, चीन में भीड़ में घुसी कार, 35 की मौत
12 नवम्बर 2024 हिंदी न्यूज़: झारखंड विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र, चीन में भीड़ में घुसी कार, 35 की मौत

हिंदी न्यूज़, 12 नवम्बर 2024 मुख्य समाचार: आज की ताजा खबर लाइव, 12 नवम्बर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: प्रवर्तन निदेशालय (ED) पश्चिम बंगाल और झारखंड में 17 जगहों पर छापेमारी कर रही है। दरअसल, मामला झारखंड में बांग्लादेशियों की अवैध घुसपैठ से जुड़ा हुआ है। डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन प्रतिनिधि माइक वाल्ट्ज को अपना राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार चुना है। कनाडा के हिंदू मंदिरों पर हो रहे हमले के कारण एक बार फिर एक मंदिर में होने वाले कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, हिंसक हमले की आशंका होने के कारण ये कदम उठाया गया है। सीएम मोहन यादव ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने 26 आइएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। सीएम ने अपने दोनों प्रमुख सचिवों को मुख्यमंत्री कार्यालय से मुक्त करते हुए पूर्ण रूप से विभागीय जिम्मेदारी दे दी हैं।

  • ओडिशा के केंद्रपाड़ा में मध्यप्रदेश के दंपति पर भीड़ ने हमला किया

  • दिल्ली: कार की टक्कर से फ्लाईओवर से गिरे दो मोटरसाइकिल सवार

  • गुरुग्राम : जेल में बंद गैंगस्टर कौशल चौधरी की पत्नी गिरफ्तार

NOV 12, 2024 18:17 IST

झारखंड विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र

Congress manifesto for Jharkhand assembly polls: झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने आज घोषणापत्र जारी किया। इसमें जाति आधारित सर्वेक्षण का वादा करने के साथ ही 250 यूनिट तक फ्री बिजली देने की बात कही गई है। कांग्रेस के घोषणापत्र में 1932-खतियान आधारित अधिवास नीति, आदिवासियों के लिए सरना धार्मिक कोड के कार्यान्वयन का वादा भी किया गया है।
NOV 12, 2024 16:50 IST

सिक्किम में आए भूकंप के झटके, 3.5 रही तीव्रता

Earthquake Jolts Sikkim: मंगलवार दोपहर को सिक्किम के कुछ हिस्सों में 3.5 तीव्रता का हल्का भूकंप आया। अधिकारियों ने बताया कि संपत्ति के किसी नुकसान या जानमाल के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने कहा कि गंगटोक में 5 किलोमीटर की गहराई में भूकंप के झटके आए। उन्होंने बताया कि हल्के भूकंप का केंद्र गंगटोक से 16 किमी पश्चिम में 5 किमी की गहराई पर स्थित था।
NOV 12, 2024 16:06 IST

कुमारस्वामी को ‘कालिया’ कहने पर कर्नाटक के मंत्री खान ने माफी मांगी

कर्नाटक के मंत्री बी जेड जमीर अहमद खान ने केंद्रीय मंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एचडी कुमारस्वामी को ‘कालिया’ कहकर संबोधित करने के लिए मंगलवार को माफी मांगी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने खान की टिप्प्णी को नस्ली बताकर इसकी निंदा की थी। हालांकि, कांग्रेस नेता ने बार-बार यह स्पष्ट करने की कोशिश की कि उन्होंने पहले भी स्नेहवश कुमारस्वामी को इस तरह से संबोधित किया है जब उनके बीच घनिष्ठता थी और यह पहली बार नहीं है। आवास और वक्फ मंत्री पहले जद (एस) में थे और उन्हें कुमारस्वामी का करीबी सहयोगी माना जाता था। कुमारस्वामी पहले मुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। खान ने कहा, अगर मैंने उन्हें पहली बार ऐसे शब्द से पुकारा होता तो मैंने माफी मांग ली होती...स्नेहवश वह मुझे ‘कुल्ला’ (बौना) कहा करते थे, मैं उन्हें करिअन्ना (काला भाई) कहकर बुलाता था। इसके बावजूद उन्हें या किसी और को इससे ठेस पहुंची है, तो मैं माफी मांगता हूं।
NOV 12, 2024 15:51 IST

वक्फ बोर्ड में बदलाव का समय आ गया है: झारखंड की रैली में अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को वक्फ बोर्ड पर कर्नाटक में मंदिरों, ग्रामीणों और अन्य लोगों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया और कहा कि अब समय आ गया है कि बोर्ड में बदलाव किया जाए और संबंधित अधिनियम में संशोधन किया जाए। उन्होंने यह भी दावा किया कि कोई भी समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू होने से नहीं रोक सकता, जो घुसपैठियों को रोकने के लिए आवश्यक है, और उन्होंने आदिवासियों को आश्वासन दिया कि उन्हें इसके दायरे से बाहर रखा जाएगा। झारखंड के बाघमारा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, वक्फ बोर्ड को जमीन हड़पने की आदत है। कर्नाटक में इसने ग्रामीणों की संपत्ति हड़प ली है... इसने मंदिरों, किसानों और ग्रामीणों की जमीनें हड़प ली हैं... मुझे बताइए कि वक्फ बोर्ड में बदलाव की जरूरत है या नहीं। हेमंत बाबू और राहुल गांधी कहते हैं, नहीं। मैं कहता हूं कि उन्हें विरोध करने दीजिए, भाजपा वक्फ अधिनियम में संशोधन करने वाला विधेयक पारित करेगी। हमें कोई नहीं रोक सकता।
NOV 12, 2024 13:45 IST

झारखंड में JMM-कांग्रेस पर शाह का तीखा प्रहार

गृह मंत्री अमित शाह ने रैली में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस दोनों पर जमकर हमला बोला। राज्य में नकदी की हुई बरामदगी का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि इतनी बड़ी रकम बरामद हुई कि नोट गिनने वाली मशीनें गरम हो गईं। 350 करोड़ रुपए की लूट हुई। ये पैसा झरिया और झारखंड के लोगों का है। यहां पढ़ें पूरी खबर
NOV 12, 2024 13:44 IST

केंद्र ने केरल और मेघालय के स्थानीय निकायों के लिए जारी किया फंड

केंद्र सरकार की ओर से मंगलवार को कहा गया कि 15वें वित्त आयोग के तहत केरल ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए वित्त वर्ष 25 के लिए 266.8 करोड़ रुपये और मेघालय के ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए 27 करोड़ रुपये (वित्त वर्ष 22 के लिए) जारी किए हैं। पंचायती राज मंत्रालय के मुताबिक, केरल के लिए जारी यह धनराशि राज्य के सभी पात्र 14 जिला पंचायत, 152 ब्लॉक पंचायत और 941 ग्राम पंचायत के लिए हैं।मंत्रालय ने कहा कि मेघालय के ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए जारी 27 करोड़ रुपये की राशि, राज्य के सभी तीन पात्र स्वायत्त जिला परिषदों - खासी, गारो और जैंतिया के लिए हैं।
NOV 12, 2024 13:39 IST

मध्य प्रदेश: विजयपुर में मतदान से पहले फायरिंग, कांग्रेस ने उठाए सवाल

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में उप-चुनाव के मतदान से पहले सोमवार की रात को कुछ लोगों ने आदिवासियों पर गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी में दो लोग घायल हुए है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की रात को कुछ लोग मोटर साइकिल पर सवार होकर आते है और ढोढर थाना क्षेत्र के धनाचया गांव में फायरिंग करते है, जिसमें दो लोग घायल होते है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गांव के लोगों ने एक बंदूकधारी को पकड़ा है।
NOV 12, 2024 13:26 IST

बांदीपोरा में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़

जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। जानकारी के अनुसार, इस बार बांदीपोरा के नागमर्ग इलाके में मुठभेड़ हुई है। जहां पर 2 से तीन आतंकी फंसे हुए हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर
NOV 12, 2024 13:02 IST

असम : निर्माणाधीन पुलिया से कार गिरी, 4 लोगों की मौत

असम के तिनसुकिया जिले में मंगलवार को निर्माणाधीन पुलिया से एक कार के गिर जाने के कारण उसमें सवार पांच वर्षीय एक बच्चे समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एक परिवार के छह सदस्यों को ले जा रही कार सुबह करीब चार बजे तिनसुकिया-डिब्रूगढ़ बाईपास पर दिहिंगिया गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया से गिर गई।
NOV 12, 2024 12:59 IST

कासगंज में मिट्टी का बड़ा टीला ढहने से 4 महिलाओं की मौत

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में मंगलवार को मिट्टी का एक बड़ा टीला ढहने से चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गईं। अधिकारियों के अनुसार, महिलाएं मोहनपुरा गांव में अपने घरों की लिपाई के लिए मिट्टी इकट्ठा करने गई थीं, तभी अचानक मिट्टी का ढेर ढह गया और कई महिलाएं उसमें दब गईं।
NOV 12, 2024 12:53 IST

झारखंड चुनाव : पहले चरण में 43 सीटों पर होगा मतदान

झारखंड में पहले चरण में कुल 2.60 करोड़ मतदाताओं में से 1.37 करोड़ मतदाता मतदान के लिए पात्र हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि पहले चरण की 43 सीट पर कुल 683 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 609 पुरुष, 73 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर शामिल हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर
NOV 12, 2024 12:05 IST

अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर किया कटाक्ष

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा तिथियों के खिलाफ छात्रों के बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन को लेकर राज्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने कहा कि 'छात्रों का उत्थान भाजपा का पतन होगा', और पोस्ट किया, "उन्होंने चलाया लाठी-डंडा 'नौकरी' नहीं जिनका एजेंडा है। यहां पढ़ें पूरी खबर
NOV 12, 2024 11:33 IST

पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध अभिनेता मनोज मित्रा का निधन

सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को अपने नाटकों के जरिये उठाने वाले कलाकार, लेखक एवं निर्देशक मनोज मित्रा का मंगलवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। उनके परिजनों ने यह जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि वृद्धावस्था से संबंधित बीमारियों के कारण मनोज मित्रा का निधन हुआ।
NOV 12, 2024 11:33 IST

महाराष्ट्र चुनाव: ठाणे में 3.7 करोड़ रुपये नकद जब्त

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले ठाणे जिले में अधिकारियों ने एक बिल्डर के बंगले और एक वाहन से 3.7 करोड़ रुपये नकद जब्त किए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार रात नवी मुंबई के नेरुल इलाके में स्थित एक बंगले पर छापा मारा और वहां से ढाई करोड़ रुपये नकद जब्त किए।
NOV 12, 2024 09:24 IST

अमेरिकी सेना ने सीरिया में ईरान समर्थित मिलिशिया के ठिकानों पर किए हमले

अमेरिका ने ईरान समर्थित मिलिशिया द्वारा पिछले 24 घंटे में उसके कर्मियों पर किए गए हमले के जवाब में सोमवार को सीरिया के दो स्थानों पर नौ ठिकानों पर हमले किए। ‘यूएस सेंट्रल कमांड’ ने यह जानकारी दी। हमलों में कोई भी अमेरिकी कर्मी घायल नहीं हुआ। सोमवार देर शाम तक पेंटागन ने न तो यह जानकारी दी कि सीरिया में अमेरिका के किन स्थानों पर हमला किया और न ही यह बताया कि बदले में अमेरिका ने किन स्थलों पर हमला किया।
NOV 12, 2024 08:53 IST

बंगाल-झारखंड में ED की छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ED) पश्चिम बंगाल और झारखंड में 17 जगहों पर छापेमारी कर रही है। दरअसल, मामला झारखंड में बांग्लादेशियों की अवैध घुसपैठ से जुड़ा हुआ है।
NOV 12, 2024 07:17 IST

चीफ ऑफ स्टॉफ के बाद NSA पद के लिए ट्रंप ने ढूंढ लिया चेहरा

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीफ ऑफ स्टॉफ के बाद अपना राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) भी चुन लिया है। ट्रंप ने फ्लोरिडा के रिपब्लिकन नेता माइक वाल्ट्ज को इस पद पर सेवा देने के लिए कहा है। यहां पढ़ें पूरी खबर
NOV 12, 2024 06:29 IST

मुंबई में गृह मंत्री अमित शाह की सुरक्षा में बड़ी सेंध

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में खलल डालने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। यहां पढ़ें पूरी खबर
NOV 12, 2024 05:45 IST

इस चुनाव में वोटों का धर्म युद्ध लड़ेंगे : फडणवीस

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को "एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे" का नारा दोहराते हुए यहां कहा कि इस बार का चुनाव वोटों का धर्म युद्ध होगा जो "आपकी आने वाली पीढ़ियों के लिए" है। मुंबई के मलाड इलाके में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने माना कि लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में भाजपा से गलती हुई थी। एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, "गीदड़ के मुंह में खून लग गया है।
NOV 12, 2024 05:44 IST

न्यायमूर्ति ओका पांच सदस्यीय उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम का हिस्सा बने

प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना अब पांच सदस्यीय उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम के अध्यक्ष हैं और न्यायमूर्ति ए एस ओका इसके नए सदस्य हैं। पांच और तीन सदस्यीय कॉलेजियम का पुनर्गठन 10 नवंबर को न्यायूमर्ति डी वाई चंद्रचूड़ के प्रधान न्यायाधीश पद से सेवानिवृत्त होने के बाद किया गया है। उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों का चयन करने वाले पांच सदस्यीय कॉलेजियम में प्रधान न्यायाधीश खन्ना के अलावा न्यायमूर्ति बी आर गवई, न्यायमूर्ति सूर्यकांत, न्यायमूर्ति हृषिकेश रॉय और न्यायमूर्ति ए एस ओका शामिल हैं।