LIVE

आज की ताजा खबर (Live Blog): ओडिशा यूथ कांग्रेस ने निकाली मशाल रैली; झारखंड के गुमला में लुटेरों के अंतर-राज्यीय गिरोह के 11 सदस्य गिरफ्तार

आज की ताजा खबर लाइव, 9 अगस्त 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो ने भी अभ्यर्थियों के समर्थन में 9 अगस्त को एक दिवसीय अनशन पर बैठने का एलान किया है। असम में बाढ़ से 1.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य के पूर्वी हिस्से के चार जिले सर्वाधिक प्रभावित हैं। चुनावी तैयारियों के बीच भाजपा प्रदेशवासियों में देशभक्ति का भाव जगाने के लिए 'हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा' अभियान का शुभारंभ राजधानी से करेगी।

आज की ताजा खबर (Live Blog): ओडिशा यूथ कांग्रेस ने निकाली मशाल रैली; झारखंड के गुमला में लुटेरों के अंतर-राज्यीय गिरोह के 11 सदस्य गिरफ्तार

आज की ताजा खबर (Live Blog): ओडिशा यूथ कांग्रेस ने निकाली मशाल रैली; झारखंड के गुमला में लुटेरों के अंतर-राज्यीय गिरोह के 11 सदस्य गिरफ्तार

फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद में रविवार सुबह तकरीबन दो बजे एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रहे कांवड़ियों को टक्कर मारी जिसमें तीन कावड़ियों की मौत हो गई है जबकि एक घायल हुआ है। कांवड़ियों का एक जत्था उत्तराखंड के गंगोत्री से पवित्र जल लेकर फरीदकोट के कोटकपूरा लौट रहा था।

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो ने भी अभ्यर्थियों के समर्थन में 9 अगस्त को एक दिवसीय अनशन पर बैठने का एलान किया है। शनिवार को हेमंत सोरेन सरकार द्वारा गठित 5 सदस्यीय मंत्री स्तरीय समिति और आंदोलनकारी छात्र संगठनों के बीच आयोजित वार्ता का दूसरा दौर भी पूरी तरह बेनतीजा रहा।

असम में बाढ़ से 1.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य के पूर्वी हिस्से के चार जिले सर्वाधिक प्रभावित हैं। सरकार रविवार से बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन शुरू करेगी। राज्य में एक और व्यक्ति की मौत के साथ मृतकों की संख्या 98 तक पहुंच गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आर्थिक राजधानी मुंबई में अहम कार्यक्रमों में शरीक होने के बाद तटीय केंद्र शासित प्रदेश- पुडुचेरी पहुंच गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और अमेरिका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

AUG 09, 2026 23:30 IST

नोएडा में घरेलू सहायिका ने फंदा लगाकर दी जान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर-51 में एक बैंक मैनेजर के घर काम करने वाली 18 वर्षीय घरेलू सहायिका ने कथित रूप से पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रविवार को मृतका के परिजनों और अन्य घरेलू सहायिकाओं ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाना सेक्टर-49 पर पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया और वापस भेज दिया। थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि सेक्टर-51 के ई-ब्लॉक में रहने वाले बैंक प्रबंधक तरुण बाबा के घर पर बिहार के कटिहार जिले के सिरकौल गांव निवासी उमा और उनकी बेटी रूबी घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात काम खत्म करने के बाद रूबी घर की चौथी मंजिल पर गई, जहां उसने पंखे से फंदा लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को मृतका के परिजन और अन्य घरेलू सहायिकाएं पहले घटनास्थल पर पहुंचे और बाद में थाना सेक्टर-49 पहुंचकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि युवती की हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या हत्या का।
AUG 09, 2026 23:27 IST

झारखंड के गुमला में लुटेरों के अंतर-राज्यीय गिरोह के 11 सदस्य गिरफ्तार

झारखंड के गुमला जिले में रविवार को झपटमारी और लूटपाट की घटनाओं में शामिल एक अंतर-राज्यीय आपराधिक गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 70 ग्राम सोना, 1.5 किलोग्राम चांदी, 1.70 लाख रुपये नकद, तीन देसी आग्नेयास्त्र और अन्य सामान बरामद किया। गुमला के पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने पत्रकारों को बताया कि ये 11 लोग - जिनमें से ज्यादातर ओडिशा के रहने वाले हैं - हाल ही में गुमला के पालकोट और घाघरा इलाकों में हुई सोने की लूट की दो बड़ी घटनाओं में शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने कहा, "पालकोट में बिलुंग-बिरा रोड के पास कथित तौर पर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे लोगों के एक समूह के बारे में मिली गुप्त सूचना के आधार पर ये गिरफ्तारियां की गईं। बासिया के अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) की अगुवाई में एक एसआईटी बनाई गई। उन्होंने सबसे पहले सात लोगों को पकड़ा और उनके पास से हथियार, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किये।" पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान उन्होंने ऐसी जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने चार और संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से नौ ओडिशा के रहने वाले थे, जबकि बाकी दो छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के हैं। अधिकारी ने कहा, "गिरफ्तार किए गए आरोपी कथित तौर पर ’कोराई गिरोह’ का हिस्सा थे, जो राज्य की सीमाओं के पार काम करता था और चोरी, झपटमारी और डकैती जैसी वारदातों में शामिल था।"
AUG 09, 2026 22:55 IST

ओडिशा यूथ कांग्रेस ने एग्जाम पेपर लीक और टेक्स्टबुक में बड़ी गलतियों के खिलाफ भुवनेश्वर में एक बड़ी मशाल रैली निकाली।

AUG 09, 2026 21:17 IST

JPSC-JSSC एग्जाम में गड़बड़ियों पर जवाबदेही की मांग को लेकर प्रोटेस्ट अब भी जारी

AUG 09, 2026 21:09 IST

राहुल नवीन का कार्यकाल बढ़ा

AUG 09, 2026 20:30 IST

ठाणे में निर्माणाधीन परियोजना स्थल पर सुरक्षा गार्ड का शव मिला

महाराष्ट्र के ठाणे में एक निर्माणाधीन परियोजना स्थल के खुले बेसमेंट क्षेत्र में रविवार को 60 वर्षीय एक सुरक्षा गार्ड का शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान अशोक सालुंखे के रूप में हुई है, जो ’सैटिस-2’ परियोजना स्थल पर संविदा सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे। ’स्टेशन एरिया ट्रैफिक इम्प्रूवमेंट स्कीम’ (सैटिस-2) ठाणे (पूर्व) में महानगरपालिका की एक बहु-मॉडल परिवहन परियोजना है। इसका उद्देश्य स्टेशन क्षेत्र में यातायात की भीड़ कम करना, पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही को अलग करना तथा सार्वजनिक परिवहन के लिए एक बड़े बहु-स्तरीय डेक का निर्माण करना है। पुलिस के अनुसार, सालुंखे ने शनिवार को सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक अपनी नियमित ड्यूटी पूरी की थी, लेकिन इसके बाद वह कोपरी स्थित अपने घर नहीं लौटे। रातभर तलाश करने के बाद परिवार के सदस्यों ने रविवार सुबह परियोजना के बेसमेंट क्षेत्र में उनका शव पाया और तुरंत कोपरी पुलिस को इसकी सूचना दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से शव पर गंभीर शारीरिक हमले के स्पष्ट निशान मिले हैं। शव की एक उंगली कटी हुई भी मिली है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही होगी। उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या सालुंखे पर अनधिकृत रूप से परिसर में घुसे लोगों या नशे में धुत व्यक्तियों के साथ विवाद के दौरान हमला किया गया था। पुलिस वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड तस्वीरों का भी विश्लेषण कर रही है।
AUG 09, 2026 20:29 IST

माता-पिता को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार से पैदल लौट रहे बागपत के दो भाई

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के चिरचिटा गांव के दो भाई हरिद्वार से करीब 200 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर अपने माता-पिता को कांवड़ में बैठाकर वापस लौट रहे हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। माता-पिता के प्रति सेवा और सम्मान के इस अनोखे भाव को देखकर लोग और राहगीर दोनों भाइयों की सराहना कर रहे हैं और उन्हें ’कलयुग का श्रवण कुमार’ बता रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, चिरचिटा गांव निवासी संजीव कुमार और अनिल कुमार हरिद्वार गए थे। वहां उन्होंने हर की पौड़ी से गंगाजल लिया और कांवड़ की दोनों टोकरियों में अपने पिता वेदराम और मां राजेंद्र को बैठाकर बागपत के लिए पैदल यात्रा शुरू की। दोनों भाई बारी-बारी से अपने कंधों पर कांवड़ उठाकर करीब 200 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं। रास्ते में श्रद्धालु उनकी कांवड़ को देखकर रुक जाते हैं और दोनों भाइयों की सेवा भावना की प्रशंसा करते हैं। दोनों भाइयों ने कहा, ’’हमने भगवान से कोई विशेष वरदान नहीं मांगा है। हमारे लिए माता-पिता की सेवा ही सबसे बड़ा कर्तव्य और तीर्थ यात्रा है।’’ उन्होंने कहा कि जीवन में सच्चा आशीर्वाद माता-पिता का सम्मान और उनकी सेवा करने से मिलता है। दोनों भाइयों ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए माता-पिता का सम्मान और उनकी सेवा करना बेहद जरूरी है
AUG 09, 2026 18:43 IST

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह सोमवार को मिलेंगे भारत और चीन के राजदूत से

प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 'बालेन’ सोमवार को नेपाल में भारत और चीन के राजदूतों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। शाह के पद संभालने के 100 से ज़्यादा दिनों के बाद यह उनकी इस तरह की पहली आमने-सामने की कूटनीतिक वार्ता होगी। पहले भारतीय राजदूत और फिर चीनी समकक्ष से मिलने के बाद, शाह मंगलवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी (चार्ज डी’ अफेयर्स) से भी मुलाकात करेंगे। अलग-अलग मुलाकातों की पुरानी परंपरा से हटते हुए शाह ने आठ अप्रैल को यहां प्रधानमंत्री कार्यालय ’सिंह दरबार’ में 17 राजदूतों और राजनयिक मिशनों के प्रमुखों के साथ एक संयुक्त शिष्टाचार मुलाकात की थी तथा उनमें भारत और चीन के प्रतिनिधि भी शामिल थे। शाह ने 27 मार्च को भारी जीत के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने रविवार को बताया कि शाह सोमवार सुबह भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव से और उसी दिन दोपहर बाद चीनी राजदूत झांग माओमिंग से मुलाकात करेंगे। इसके बाद, मंगलवार को प्रधानमंत्री की अमेरिकी दूतावास के प्रभारी स्कॉट अर्बोम और अन्य राजनयिकों के साथ बैठक होगी। विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ’द काठमांडू पोस्ट’ को बताया, ’’भारतीय राजदूत को पहले और उसके बाद चीनी राजदूत को आने के लिए कहा गया है। यानी दोनों राजदूत एक ही दिन प्रधानमंत्री से मिल रहे हैं, लेकिन पहले और बाद का समय सरकार की विदेश नीति की प्राथमिकता को भी दर्शाता है।’’ ’द पोस्ट’ ने प्रधानमंत्री के एक सलाहकार के हवाले से बताया कि विदेश मंत्रालय ने संबंधित दूतावासों को मुलाकात के लिए दिये गये समय की जानकारी दे दी है। खबर के अनुसार, बैठक का एजेंडा मुख्य रूप से परिचय-संबंधी होगा, जिसमें राजदूत शाह को द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति के बारे में जानकारी देंगे और अपनी-अपनी सरकारों की ओर से कोई संदेश पहुंचाएंगे। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने आमने-सामने की मुलाकातों से परहेज किया था और यहां तक ​​कि दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के लिए अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री स्टेट समीर पॉल कपूर तथा दक्षिण और मध्य एशिया के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत सर्जियो गोर से मिलने से भी इनकार कर दिया था। शाह ने एशियाई विकास बैंक के अध्यक्ष मासातो कांडा के साथ आमने-सामने की बैठक करके अपने ही बनाए नियम को तोड़ा था। कांडा छह जुलाई को तीन दिनों के लिए नेपाल के दौरे पर आए थे।
AUG 09, 2026 18:38 IST

'हर घर तिरंगा' थीम पर आधारित स्पेशल दिल्ली मेट्रो ट्रेन

AUG 09, 2026 18:22 IST

बाहरी दिल्ली में जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी में 22 लोग गिरफ्तार, 6.2 लाख रुपये जब्त

दिल्ली पुलिस ने बाहरी उत्तर दिल्ली में कथित तौर पर संचालित हो रहे एक जुए के अड्डे पर छापेमारी कर 22 लोगों को गिरफ्तार किया और करीब 6.2 लाख रुपये नकद जब्त किए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह छापा रविवार तड़के भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर इलाके में सोम बाजार स्थित एक इमारत में मारा गया। पुलिस ने बताया कि उसे परिसर में जुआ अड्डा संचालित होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद एक टीम ने इमारत पर छापेमारी की। एक अधिकारी ने बताया कि टीम ने 22 लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें से दो कथित संचालक भी शामिल हैं। इन दोनों को नकदी लेकर मौके से भागने की कोशिश करते समय पकड़ा गया। अधिकारी ने बताया कि मौके से करीब 6.2 लाख रुपये नकद और सट्टेबाजी से संबंधित सामान भी जब्त किया गया।
AUG 09, 2026 18:21 IST

हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान बहकर तीन कांवड़िए लापता

उत्तराखंड के हरिद्वार में दो अलग-अलग घटनाओं में गंगा जल लेने आए तीन कांवड़िए स्नान के दौरान नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। हालांकि, पानी के तेज बहाव में बह रहे एक अन्य कांवड़िए को जल पुलिस के जवानों ने सुरक्षित बचा लिया। पुलिस के अनुसार लापता कांवड़ियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने बताया कि रविवार को हर की पौड़ी के पास धनुष पुल के नीचे एक कांवड़िया सुरक्षा रेलिंग पार कर गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक तेज धारा की चपेट में आ गया और देखते ही देखते गहरे पानी में लापता हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांवड़िया रेलिंग के बाहर खड़े होकर गंगा में डुबकी लगा रहा था। जैसे ही उसने पानी में छलांग लगाई, तेज बहाव उसे अपने साथ बहा ले गया। घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और अन्य राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और नावों तथा अन्य संसाधनों की मदद से गंगा में तलाश अभियान शुरू किया गया। हालांकि, अभी तक उसका पता नहीं चल सका है। पुलिस लापता कांवड़िए की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इससे पहले, शनिवार देर शाम नमामि गंगे घाट पर हुई एक अन्य घटना में गंगा स्नान के दौरान तीन कांवड़िए तेज बहाव में बहने लगे। जल पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए इनमें से एक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो अन्य गहरे पानी में लापता हो गए। पुलिस ने बताया कि लापता कांवड़ियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी 20 वर्षीय पंकज सिंह और बुलंदशहर निवासी 22 वर्षीय आनंद कश्यप के रूप में हुई है। दोनों की तलाश के लिए खोज अभियान जारी है। प्रशासन लगातार कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से तेज बहाव वाले क्षेत्रों तथा प्रतिबंधित स्थानों पर स्नान नहीं करने की अपील कर रहा है। इसके बावजूद कुछ श्रद्धालु सुरक्षा रेलिंग पार कर खतरनाक स्थानों पर पहुंच रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ रहा है। नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी शिशुपाल सिंह नेगी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें।
AUG 09, 2026 17:44 IST

बदायूं में करंट लगने से कांवड़ यात्री की मौत, सात बच्चों समेत आठ घायल

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में रविवार को एक कांवड़ यात्री की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि सात बच्चों समेत आठ अन्य लोग झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम कादर चौक थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव में हुई। पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रियों के एक समूह के साथ चल रहे डीजे वाहन के जनरेटर में करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आने से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि डीजे ट्रॉली के पीछे कई कांवड़ यात्री, जिनमें बच्चे भी शामिल थे, नाच-गा रहे थे। इसी दौरान जनरेटर में करंट प्रवाह आ गया और लोगों को करंट लग गया। स्थानीय पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में बदायूं निवासी 35 वर्षीय रोहित की मौत हो गई, जबकि आठ लोग झुलस गए। घायलों में सात बच्चे शामिल हैं। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ बच्चे डीजे ट्रॉली के पीछे नाचते दिखाई दे रहे हैं। अचानक चिंगारी निकलने के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच जाती है। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
AUG 09, 2026 17:00 IST

श्रीनगर पुलिस के हत्थे चढ़ा ठग उबैद मकबूल ख्वाजा

श्रीनगर पुलिस ने एक आदतन धोखेबाज, उबैद मकबूल ख्वाजा को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ महराज गंज पुलिस स्टेशन में सेक्शन 318(4) और 319 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी ने कई बिजनेसमैन और दुकानदारों को धोखाधड़ी और ठगी के तरीकों से ठगा है। घाटी के अलग-अलग हिस्सों से उसके खिलाफ कई शिकायतें मिली हैं, इसके अलावा अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में उसके खिलाफ कई FIR भी दर्ज हैं। आरोपी को पहले भी क्रिमिनल एक्टिविटी में लगातार शामिल होने के कारण पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) के तहत हिरासत में लिया गया है। उसके बड़े नेटवर्क का पता लगाने और धोखाधड़ी के दूसरे मामलों में उसके शामिल होने का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।
AUG 09, 2026 16:40 IST

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में पुल से गिरी बस, 23 यात्री घायल

हैदराबाद से 34 लोगों को लेकर बेंगलुरु जा रही एक निजी बस रविवार तड़के अनंतपुर जिले में एक मालवाहक वाहन से टकराने के बाद पुल से नीचे गिर गई, जिससे 23 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हादसा तड़के करीब चार बजे गूटी से करीब नौ किलोमीटर दूर पामिडी थाना क्षेत्र में हुआ। बस में सवार 34 लोगों में से 11 को कोई चोट नहीं आई है, जबकि अन्य 23 यात्री घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। एक अधिकारी ने ’पीटीआई-भाषा’ से कहा, ’’प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसा ’वन-वे’ राजमार्ग पर हुआ, जहां विपरीत दिशाओं में जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पुल बनाए गए हैं। सड़क चौड़ी है, लेकिन पुल के पास इसकी चौड़ाई करीब दो फुट कम हो जाती है। मालवाहक वाहन का चालक संभवतः सड़क के संकरे होने पर ध्यान नहीं दे पाया होगा, जिससे वाहन बाईं ओर बनी सुरक्षा दीवार से टकरा गया। इसके बाद चालक ने वाहन को अचानक दाईं ओर मोड़ा, तभी पीछे से आ रही बस उससे टकरा गई।’’ अधिकारी ने बताया कि टक्कर के बाद मालवाहक वाहन और बस दोनों पुल से नीचे गिर गए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अधिकारी ने बताया कि मोटर वाहन विभाग के अधिकारियों ने भी हादसे में शामिल दोनों वाहनों का निरीक्षण किया।
AUG 09, 2026 16:39 IST

कश्मीर में प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी से जुड़े 26 स्थानों पर पुलिस की छापेमारी

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रविवार को सोपोर पुलिस जिले में प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी (जेईआई) से कथित रूप से जुड़े 26 ठिकानों पर तलाशी ली। यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) के तहत संगठन के खिलाफ दर्ज मामले की जांच के तहत की गई। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि सोपोर में की गई छापेमारी के दौरान अलग-अलग स्थानों से अपराध में इस्तेमाल होने वाले दस्तावेज, किताबें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। प्रवक्ता ने कहा, "प्रतिबंधित संगठनों और अलगाववादी गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ लगातार जारी कार्रवाई के तहत सोपोर पुलिस ने जमात-ए-इस्लामी (जेईआई) के खिलाफ यूएपीए के तहत दर्ज मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस जिले सोपोर के 26 स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।" उन्होंने कहा कि ये तलाशी सोपोर पुलिस जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जेईआई के नेताओं, सदस्यों और कार्यकर्ताओं से जुड़े आवासीय और अन्य ठिकानों पर की गई। प्रवक्ता कहा, "यह अभियान कानून के अनुसार तय प्रक्रिया और नियमों का पालन करते हुए चलाया गया।" उन्होंने बताया कि जब्त की गई सामग्री की जांच की जा रही है, ताकि प्रतिबंधित संगठन से जुड़े अन्य संबंधों और गतिविधियों का पता लगाया जा सके। प्रवक्ता ने कहा, "यह अभियान जम्मू-कश्मीर पुलिस के उन निरंतर जारी प्रयासों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य प्रतिबंधित संगठनों और अलगाववादी गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क को खत्म करना और देश की सुरक्षा, संप्रभुता व अखंडता के खिलाफ होने वाली गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करना है।"
AUG 09, 2026 16:36 IST

अरविंद केजरीवाल की जमानत के खिलाफ ईडी की याचिका पर सोमवार को होगी सुनवाई

दिल्ली उच्च न्यायालय 2021-22 की आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दी गई जमानत को चुनौती देने वाली प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की याचिका पर सोमवार को सुनवाई करेगा। ईडी की ओर से 2024 में दायर याचिका न्यायमूर्ति मनोज जैन की पीठ के समक्ष सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है। केजरीवाल को इस मामले में उच्चतम न्यायालय से भी राहत मिल चुकी है। उच्चतम न्यायालय ने 12 जुलाई, 2024 को धनशोधन मामले में केजरीवाल को अंतरिम जमानत देते हुए धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तारी की ’’जरूरत और अनिवार्यता’’ से जुड़े तीन सवाल बड़ी पीठ के पास भेजे थे। ’आप’ के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को धनशोधन और भ्रष्टाचार के मामलों में क्रमशः 21 मार्च और 26 जून, 2024 को ईडी व केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार किया था। दिल्ली के तत्कालीन उपराज्यपाल ने आबकारी नीति को 2022 में इसके निर्माण और क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं के कारण रद्द कर दिया था और भ्रष्टाचार के मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए थे।
AUG 09, 2026 16:30 IST

मद्रास उच्च न्यायालय में 15 नए न्यायाधीशों की नियुक्ति

मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर रविवार को आठ अधिवक्ताओं और सात न्यायिक अधिकारियों ने शपथ ली। उच्च न्यायालय परिसर में आयोजित एक सादे समारोह में, मुख्य न्यायाधीश एस.ए. धर्माधिकारी ने नए न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। मद्रास उच्च न्यायालय में इन 15 नए न्यायाधीशों की नियुक्ति के साथ ही कुल न्यायाधीशों की संख्या 66 हो गई है जबकि स्वीकृत पद 75 है। नव नियुक्त स्थायी न्यायाधीशों में कृष्णास्वामी गोविंदराजन, रजनीश पथियिल, नटराजन रमेश, जी के मुथुकुमार और रामकृष्णन राजेश विवेकानंथन शामिल हैं। बार से दो साल की अवधि के लिए नियुक्त अतिरिक्त न्यायाधीशों में न्यायमूर्ति शंकरनारायणन रवीकुमार, न्यायमूर्ति नागराजन दिलीप कुमार और न्यायमूर्तिएलप्पन मनोहरन शामिल हैं। इनके अलावा दो साल की अवधि के लिए अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत न्यायिक अधिकारियों में डॉ. पी मुरुगन, एमडी सुमति, एस अल्ली, सी थिरुमगल चंद्रशेखर, शणमुगम कार्तिकेयन, बलुचामी मुरुगेसन और एन गुनासेकरन शामिल हैं।
AUG 09, 2026 16:29 IST

कनाडा में भारतीय महिला की हत्या के सात माह बाद उसका साथी गिरफ्तार

कनाडा में पिछले साल दिसंबर में एक भारतीय नागरिक की मौत के मामले में उसके 32 वर्षीय साथी को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी। ’सीबीसी न्यूज’ की एक खबर के अनुसार, अब्दुल गफूरी को सात महीने से अधिक समय तक फरार रहने के बाद शुक्रवार को कनाडा लौटने पर टोरंटो के एक हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया। कनाडा में हत्या का दोषी पाए जाने पर अनिवार्य रूप से उम्रकैद की सज़ा होती है, जिसमें 25 साल तक फ़ुल पैरोल की कोई गुंजाइश नहीं होती। यह मामला 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की मौत से जुड़ा है, जिनका शव पिछले साल दिसंबर में टोरंटो स्थित एक आवास से मिला था। पुलिस ने पहले ही उनकी मौत को हत्या करार दिया था। पुलिस के अनुसार, हिमांशी और गफूरी के बीच करीबी संबंध थे। रिपोर्ट में कहा गया कि पुलिस ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर गफूरी की कनाडा वापसी सुनिश्चित की। हालांकि, उसे किस देश से वापस लाया गया, इसकी जानकारी नहीं दी गई। टोरंटो पुलिस को 19 दिसंबर को एक महिला के लापता होने की सूचना मिली थी। उस समय जारी पुलिस बयान के अनुसार, अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे अधिकारियों ने एक आवास के अंदर महिला को मृत पाया था। पुलिस ने दो दिन बाद मृतका की पहचान की और इसके बाद मामले में गफूरी की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया। पुलिस ने उसकी तलाश में देशव्यापी अभियान शुरू किया, लेकिन कई महीनों तक कोई सफलता नहीं मिली। अधिकारियों ने आरोपी और मृतका के बारे में अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की। महावाणिज्य दूतावास ने 24 दिसंबर को सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कि खुराना ’युवा भारतीय नागरिक’ थीं और वह स्थानीय अधिकारियों के समन्वय से उनके परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
AUG 09, 2026 16:28 IST

‘लेजर लाइट' से पायलट का ध्यान बंटा, कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरने से पहले विमान ने चक्कर काटा

कुआलालंपुर से शनिवार को 159 यात्रियों लेकर कोलकाता आ रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान एमएच-184 के लिए यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई (एनएससीबीआई) अड्डे पर उतरने के दौरान तब समस्या खड़ी हो गयी जब पायलट का ध्यान ’लेजर बीम’ से भटक गया था। हवाई अड्डा सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि इस उड़ान को शनिवार रात 11:20 बजे उतरना था, लेकिन जब विमान रनवे से लगभग आठ नॉटिकल मील दूर था, तो पायलट ने कथित तौर पर मध्यमग्राम-बारासात की तरफ से कॉकपिट की ओर आती हुई एक तेज ’लेजर लाइट’ नजर आयी। सूत्रों के अनुसार विमान रात करीब 11 बजकर 25 मिनट पर विमानतल पर उतरा तथा सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताये जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक अचानक ’लेजर लाइट’ की चमक से पायलट की नजर पर असर पड़ा और वह कुछ पल के लिए भ्रमित हो गया, जिसकी वजह से विमान तय समय पर उतर नहीं कर सका और दोबारा उतरने की कोशिश करने से पहले उसे आसमान में चक्कर लगाने पड़े। इस घटना के बाद एयरलाइन ने हवाई अड्डा अधिकारियों को जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता हवाई अड्डा अधिकारियों ने एनएससीबीआई थाने में शिकायत भी दर्ज कराई। कोलकाता हवाई अड्डे के निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि हवाई अड्डे के आस-पास ’लेज़र लाइट’ का इस्तेमाल मना है, लेकिन ऐसी घटनाएं कभी-कभी होती हैं और इनसे विमानों के परिचालन पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यह मामला पुलिस अधिकारियों के ध्यान में लाया गया है और वे इसकी जांच कर रहे हैं।
पायलटों ने पहले भी प्रस्थान एवं आगमन के दौरान ’लेजर बीम’ से अपनी नजर पर असर पड़ने की शिकायतें की हैं।
AUG 09, 2026 16:24 IST

बिहार के मधुबनी में एसयूवी ने तीन महिलाओं को कुचला, मौत

बिहार के मधुबनी जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) ने तीन महिलाओं को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के सरिसब गांव में जगदम्बा पेट्रोल पंप के पास राज्य राजमार्ग पर हुई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रीता देवी, किरण देवी और फूलदई देवी के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं मधुबनी के अरेर थाना क्षेत्र के नौटोली गांव की रहने वाली थीं। घटना की पुष्टि करते हुए बेनीपट्टी के पुलिस पाधीक्षक (डीएसपी) अंकुर कुमार ने बताया कि तीनों महिलाएं सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान करीब सुबह 5:40 बजे एक तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें कुचल दिया। बेनीपट्टी के थाना प्रभारी (एसएचओ) अनूप कुमार ने बताया कि एसयूवी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वाहन में कितने लोग सवार थे। उन्होंने कहा, "हम आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं। मामले की जांच जारी है।" प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टहलने के बाद थकान महसूस होने पर तीनों महिलाएं कुछ देर आराम करने के लिए सड़क किनारे बैठ गई थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें कुचल दिया।