LIVE

05 जून 2025 हिंदी न्यूज़: RCB ने मुआवजे का किया ऐलान; ट्रंप ने हार्वर्ड के अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के वीजा पर लगाई रोक

05 जून 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: कर्नाटक हाई कोर्ट ने बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) आईपीएल विजय परेड के दौरान हुई भगदड़ का स्वत: संज्ञान लिया है। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 से ज्यादा लोग घायल हो गए। भारतीय रेलवे तत्काल ट्रेन टिकट बुक करने के लिए जल्दी ही अनिवार्य ई-आधार प्रमाणीकरण शुरू करने जा रहा है। इस नई प्रणाली के इस महीने के अंत में शुरू होने की उम्मीद है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि भारतीय रेलवे जल्द ही तत्काल टिकट बुक करने के लिए ई-आधार प्रमाणीकरण का उपयोग करना शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि इस कदम से वास्तविक उपयोगकर्ताओं को ज़रूरत के समय कन्फर्म टिकट पाने में मदद मिलेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में नए अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए वीजा निलंबित करने का एक आदेश जारी किया है। इस आदेश से F, M, या J वीजा पर आने वाले नए छात्रों का प्रवेश रुक जाएगा, और मौजूदा छात्रों के वीजा भी रद्द किए जा सकते हैं।

Shashank Shekhar MishraUpdated Jun 5, 2025, 17:24 IST
Follow on Google News
05 जून 2025 हिंदी न्यूज़: RCB ने मुआवजे का किया ऐलान; ट्रंप ने हार्वर्ड के अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के वीजा पर लगाई रोक

05 जून 2025 हिंदी न्यूज़: RCB ने मुआवजे का किया ऐलान; ट्रंप ने हार्वर्ड के अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के वीजा पर लगाई रोक

05 जून 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: कर्नाटक हाई कोर्ट ने बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) आईपीएल विजय परेड के दौरान हुई भगदड़ का स्वत: संज्ञान लिया है। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 से ज्यादा लोग घायल हो गए। भारतीय रेलवे तत्काल ट्रेन टिकट बुक करने के लिए जल्दी ही अनिवार्य ई-आधार प्रमाणीकरण शुरू करने जा रहा है। इस नई प्रणाली के इस महीने के अंत में शुरू होने की उम्मीद है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि भारतीय रेलवे जल्द ही तत्काल टिकट बुक करने के लिए ई-आधार प्रमाणीकरण का उपयोग करना शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि इस कदम से वास्तविक उपयोगकर्ताओं को ज़रूरत के समय कन्फर्म टिकट पाने में मदद मिलेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में नए अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए वीजा निलंबित करने का एक आदेश जारी किया है। इस आदेश से F, M, या J वीजा पर आने वाले नए छात्रों का प्रवेश रुक जाएगा, और मौजूदा छात्रों के वीजा भी रद्द किए जा सकते हैं।

  • तत्काल टिकट बुक करने के लिए जल्दी ही ई-आधार वेरिफिकेशन, रेलवे का बड़ा फैसला

  • ट्रंप ने हार्वर्ड के अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के वीजा पर लगाई रोक, साइन किया आदेश

  • भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग काफी प्रगाढ़ हुआ है: जयशंकर

  • दिल्ली के रोहिणी में इमारत ढहने के बाद चार लोगों को बचाया गया

  • गुजरात में 119 और महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 105 मामले सामने आए

JUN 05, 2025 17:23 IST

Punjab: नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी लड़ेंगी अगला विधानसभा चुनाव

Punjab Assembly Elections: कांग्रेस के दिग्गज नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू पंजाब का अगला विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। बता दें कि पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में नवजोत कौर ने विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वह लुधियाना उपचुनाव के लिए प्रचार भी करेंगी।
JUN 05, 2025 16:45 IST

RCB ने मुआवजे का किया ऐलान

आईपीएल चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने टीम की आईपीएल खिताबी जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में मारे गए 11 प्रशंसकों के परिवारों को दस दस लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। विराट कोहली और टीम की एक झलक पाने के लिये लाखों की तादाद में प्रशंसक चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर एकत्र हो गए जिससे 11 लोगों की मौत हो गई थी।
JUN 05, 2025 14:30 IST

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, सात लाख लोग प्रभावित

असम में बाढ़ की स्थिति बृहस्पतिवार को भी गंभीर बनी रही। 21 जिलों में करीब सात लाख लोग प्रभावित हुए हैं और प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बाढ़ और भूस्खलन की पहली लहर में मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई जिसमें बुधवार को मरने वाले दो लोग भी शामिल हैं। कछार जिले में एक व्यक्ति लापता हो गया। ब्रह्मपुत्र सहित नौ प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि बराक नदी कछार जिले में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है तथा इसकी सहायक नदियों में भी जलस्तर बढ़ रहा है तथा कुछ नदियां लाल निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ की वर्तमान लहर ने 66 राजस्व क्षेत्रों के 1,494 गांवों को प्रभावित किया है, जिनमें सबसे अधिक श्रीभूमि में 339 गांव, नागांव में 189, कछार में 166 और हैलाकांडी जिलों में 156 गांव शामिल हैं।
JUN 05, 2025 14:22 IST

यात्रियों के लिए शनिवार से शुरू हो जाएगी कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन सेवा

जम्मू कश्मीर में कटरा से श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा सात जून से व्यावसायिक परिचालन प्रारंभ करेगी। उत्तर रेलवे ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। एक अधिकारी ने बताया कि उद्घाटन के बाद यात्रियों को आईआरसीटीसी के पोर्टल पर इन ट्रेनों के टिकट बुक करने का विकल्प मिल जाएगा।
उत्तर रेलवे के अनुसार कटरा से श्रीनगर के बीच दो वंदे भारत ट्रेन दिन में चार चक्कर लगाएंगी। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘इस ट्रेन में दो श्रेणियां चेयर कार (सीसी) और एक्जिक्यूटिव क्लास (ईसी) हैं और इनका टिकट मूल्य क्रमश: 715 रुपये और 1,320 रुपये है।’’
JUN 05, 2025 14:22 IST

कालाहांडी में तेज रफ्तार बस के ट्रक से टकरा जाने से एक व्यक्ति की मौत, पांच घायल

ओडिशा के कालाहांडी जिले में बृहस्पतिवार तड़के एक तेज रफ्तार बस के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा जाने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा कोकसारा थाना क्षेत्र के चारबहाल के पास तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ। उन्होंने बताया कि निजी यात्री बस भुवनेश्वर से नबरंगपुर के उमरकोट जा रही थी। इसी दौरान यह दुर्घटना हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बस ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। दमकल कर्मियों ने बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाल लिया है। घायल यात्रियों को जूनागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
JUN 05, 2025 14:21 IST

श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर सेनानायके मैच फिक्सिंग के दोषी

श्रीलंका के पूर्व आफ स्पिनर सचित्र सेनानायके को हम्बनटोटा उच्च न्यायालय ने लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के दौरान साथी खिलाड़ी को मैच फिक्सिंग के लिये ललचाने का दोषी पाया है ।
अटार्नी जनरल के विभाग ने कहा कि देश में हाल ही में शुरू किये गए भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत राष्ट्रीय स्तर के किसी खिलाड़ी को पहली बार मैच फिक्सिंग का दोषी पाया गया है ।
JUN 05, 2025 14:20 IST

चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ पर क्रिकेट जगत ने जताया शोक

भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर आरसीबी की आईपीएल जीत के जश्न के दौरान 11 लोगों की मौत पर शोक जताते हुए कहा कि यह बहुत ही भयावह त्रासदी है । रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के 18 साल बाद पहली बार आईपीएल खिताब जीतने के जश्न के दौरान भगदड़ में 11 लोग मारे गए और 30 से अधिक घायल हुए हैं । तेंदुलकर ने ‘एक्स’ पर लिखा ,‘‘ बेंगलुरू में चिन्नास्वामी स्टेडियम पर जो भी हुआ, वह भयावह है । हर प्रभावित परिवार के प्रति मेरी संवेदनायें । सभी को सुकून और शक्ति मिले ।’’ दक्षिण अफ्रीका और आरसीबी के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने लिखा ,‘‘ चिन्नास्वामी स्टेडियम पर हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मेरी संवेदनायें और प्रार्थना ।’’
JUN 05, 2025 12:34 IST

पंजाब में गिरफ्तार यूट्यूबर जसबीर मामले में बड़ा खुलासा

यूट्यूबर जसवीर सिंह दानिश से दो बार मिला था। जसबीर के पास जो डेढ़ सौ नंबर पाकिस्तान के लोगों के मिले हैं उनसे यह लगातार अलग-अलग एप्लीकेशन के जरिए बात करता था। पूछताछ में जसबीर ने बताया की पाकिस्तान फेस्टिवल डे पर भी दानिश ने इसे कई लोगों से मिलवाया था। जसबीर के फोन से काफी डाटा डिलीट किया है जिसे रिट्रीव किया जा रहा है। यूट्यूबर जसवीर सिंह से आज सेंट्रल एजेंसियां भी पूछताछ करेंगी।
JUN 05, 2025 12:32 IST

नोएडा में तेजी से बढ़ रहे है कोविड केस

नोएडा में एक बार फिर कोविड के मामलों में तेजी देखी गई है। ताजा जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घण्टे में 20 नए कोविड के मामले सामने आये है। जिले में अब तक कुल 158 मामले सामने आ चुके है। अभी तक 64 महिला और 94 पुरुष हुए कोविड पॉस्टिव पाए गए है। 2 मरीज आईपीडी में है बाकी सभी मरीज होम आइसोलेशन में है।
सभी मरीज माइल्ड सिम्टम्स के साथ है।
JUN 05, 2025 12:08 IST

रेल सेवा से जम्मू-कश्मीर में व्यापार के लिए बेहतर माहौल तैयार होगा: उपराज्यपाल

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल सेवा जम्मू-कश्मीर के लिए एक नये युग की शुरुआत करेगी और यहां व्यापार तथा उद्योग के लिए आदर्श वातावरण तैयार करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल यानी चिनाब पुल का उद्घाटन करेंगे और इसके साथ ही कश्मीर से कन्याकुमारी के बीच शुरु की जा रही वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। चिनाब रेलवे पुल 272 किलोमीटर लंबे उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लिंक (यूएसबीआरएल) का एक प्रमुख हिस्सा है जो घाटी को रेल मार्ग से जोड़ेगा। उपराज्यपाल सिन्हा ने बुधवार को एक बयान में कहा, ‘‘कश्मीर को कन्याकुमारी से जोड़ने वाला उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक जम्मू-कश्मीर के लिए एक नये युग की शुरुआत करेगा।
JUN 05, 2025 12:07 IST

कैपिटल हिल में अमेरिकी सांसदों से मुलाकात बेहद फायदेमंद रही :थरूर

कांग्रेस पार्टी के सांसद शशि थरूर ने कहा कि भारतीय सांसदों के बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल ने यहां कैपिटल हिल (संसद परिसर) में अमेरिकी सांसदों के साथ "अत्यंत लाभदायक" मुलाकात की और उन्हें ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तथा आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के बारे में जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल के नेता थरूर ने बुधवार को यहां नेशनल प्रेस क्लब में बातचीत के दौरान कहा, "कैपिटल हिल पर एक दिन बिताना बेहद फायदेमंद रहा, क्योंकि हम कांग्रेस (संसद) के कई सदस्यों और सीनेटर से मिल पाए। प्रतिनिधिमंडल 24 मई को भारत से रवाना हुआ था और यह अपने दौरे के अंतिम चरण में वाशिंगटन पहुंचा है। इससे पहले यह गुयाना, पनामा, कोलंबिया और ब्राजील की यात्रा कर चुका है।

JUN 05, 2025 11:06 IST

बिलावल के नेतृत्व वाले पाक अभियान पर थरूर ने साधा निशाना

आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई के बाद अपनी बात रखने के लिए पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को वाशिंगटन पहुंचा इस बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में भारत के आउटरीच प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान के नकलची आउटरीच प्रयास को विफल कर दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर
JUN 05, 2025 11:03 IST

दिल्ली में बारिश होने की संभावना

राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिन में आंधी और बारिश की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 61 प्रतिशत रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 146 के साथ 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
JUN 05, 2025 10:20 IST

प्रधानमंत्री जरूर जानते होंगे कि पहलगाम हमले के आतंकी गिरफ्त से बाहर हैं: कांग्रेस

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जम्मू कश्मीर दौरे से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि वह इस बात से जरूर अवगत होंगे कि पहलगाम आतंकी हमले को अंजाम देने वाले आतंकी आज भी न्याय की जद से बाहर हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "प्रधानमंत्री कल जम्मू-कश्मीर के दौरे पर होंगे। निश्चित रूप से वह जानते हैं कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए क्रूर आतंकवादी हमलों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार आतंकी अभी भी नहीं पकड़े गए हैं।" उन्होंने कहा कि कुछ खबरों के अनुसार ये वही आतंकवादी हैं जो दिसंबर, 2023 में पुंछ में और अक्टूबर, 2024 में गगनगीर और गुलमर्ग में हुए आतंकी हमलों में भी शामिल थे।
JUN 05, 2025 10:19 IST

युवक को कार से कुचलने के प्रयास के मामले में ट्रांसपोर्टर के दो बेटे गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला पुलिस ने यहां सेक्टर 53 में दो भाइयों के साथ मारपीट करने और उनमें एक को थार कार से कुचलने की कोशिश करने के आरोप में एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी के दो बेटों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने यह ये गिरफ्तारियां की हैं। घटना को लेकर एक थाना प्रभारी समेत दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया गया है तथा गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, थाना सेक्टर 24 की पुलिस ने ट्रांसपोर्ट कारोबारी सुधीर अवाना के बेटे अमन अवाना तथा आकाश अवाना को बुधवार रात गिरफ्तार किया। वे यहां नोएडा के सेक्टर 23 के रहने वाले हैं।
JUN 05, 2025 09:24 IST

एनआईए ने आतंकवादी साजिश मामले में जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर छापे मारे

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने आतंकवादी साजिश संबंधी एक मामले की जांच के तहत जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में अनेक स्थानों पर बृहस्पतिवार को छापेमारी की। अधिकारियों ने बताया कि पुलवामा, कुलगाम, शोपियां, बारामूला और कुपवाड़ा जिलों में छापेमारी की गई। इस संबंध में विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
JUN 05, 2025 08:54 IST

ईडी की दिल्ली, गाज़ियाबाद, नोएडा और पानीपत में कुल 10 ठिकानों पर छापेमारी

ईडी ने दिल्ली, गाज़ियाबाद, नोएडा और पानीपत में कुल 10 ठिकानों पर छापेमारी की है। जानकारी के अनुसार, श्री सिध्ददाता इस्पात प्राइवेट लिमिटेड और अन्य के खिलाफ चल रही जांच के सिलसिले में ये छापेमारी की गई है। Bank of Baroda (पूर्व में देना बैंक) से करीब ₹190 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में सर्च ऑपरेशन जारी है। छापे डायरेक्टर्स, प्रमोटर्स, पार्टनर्स, ऑडिटर्स और अन्य साजिशकर्ताओं से जुड़े परिसरों पर किया जा रहा है। बड़े बैंक धोखाधड़ी केस में जांच एजेंसी की बड़ी कार्रवाई जारी है।
JUN 05, 2025 08:37 IST

मस्क ने ट्रम्प के व्यय कानून पर फिर साधा निशाना

एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर निशाना साधा है। टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रमुख खर्च कानून पर एक और हमला किया है। मस्क ने अमेरिकियों से कांग्रेस से बिल को खत्म करने की पैरवी करने का आग्रह किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
JUN 05, 2025 07:33 IST

अमेरिका की यात्रा नहीं कर सकेंगे इन 12 देशों के लोग

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा खतरों का हवाला देते हुए 12 देशों के व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा पर हस्ताक्षर किए हैं। ट्रम्प ने साथ ही सात देशों के नागरिकों के प्रवेश को आंशिक रूप से प्रतिबंधित और सीमित कर दिया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
JUN 05, 2025 06:49 IST

महाराष्ट्र : अमरावती जिले में 3.8 तीव्रता का भूकंप आया

महाराष्ट्र के अमरावती जिले में बुधवार रात 3.8 तीव्रता का मध्यम तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने यह जानकारी दी। एनसीएस ने बताया कि भूकंप रात 9.57 बजे आया, जिसका केंद्र पृथ्वी के सतह से 10 किलोमीटर नीचे था। विदर्भ क्षेत्र में स्थित इस जिले में जान-माल के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है।