LIVE

आज की ताजा खबर: Exit Poll से ठीक पहले कांग्रेस ने किया 295 सीटें जीतने का दावा, आ गए एग्जिट पोल के नतीजे

Shashank Shekhar MishraUpdated Jun 2, 2024, 06:43 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर: Exit Poll से ठीक पहले कांग्रेस ने किया 295 सीटें जीतने का दावा, आ गए एग्जिट पोल के नतीजे

आज की ताजा खबर: Exit Poll से ठीक पहले कांग्रेस ने किया 295 सीटें जीतने का दावा, आ गए एग्जिट पोल के नतीजे

हिंदी न्यूज़ 01 जून 2024 और बड़ी खबरें: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एग्जिट पोल के परिणाम सामने आने से ठीक पहले कहा है कि हम निर्वाचन आयोग के पास जाएंगे और अपनी शिकायतें उसके सामने रखेंगे, रविवार का समय मांगा है। ‘INDI’ गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि हमारी कम से कम 295 सीट आएंगी। मतदान समाप्त होने के आधे घंटे बाद एग्जिट पोल दिखाए जा सकते हैं। यानी आज शाम साढ़े छह बजे के बाद एग्जिट पोल दिखाए जाएंगे। हर बार की तरह इस बार भी टाइम्स नाउ नवभारत आपको एग्जिट पोल दिखा रहा है। लोकसभा चुनाव 2024 एग्जिट पोल और इसके हर अपडेट्स आप www.timesnowhindi.com पर देख सकते हैं। इसके अलावा टाइम्स नाउ नवभारत के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर, यूट्यूब और फेसबुक पर यूपी एग्जिट पोल देखा और सुना जा सकता है। यहां आपको एग्जिट पोल से जुड़ा हर अपडेट सबसे पहले और तेजी से मिलेगा। तो हमारे साथ बने रहिए और हर खबर पर रहिए अपडेट। एग्जिट पोल 2024 वीएमआर, सी-वोटर, टुडेज चाणक्य, एक्सिस माई इंडिया और अन्य द्वारा जारी किया जाएगा।

लोकसभा 2024 चुनाव एग्जिट पोल

JUN 01, 2024 17:37 IST

पहले मतदान, बाद में मां का दाह संस्कार: बिहार के परिवार ने कहा

बिहार में अस्सी वर्षीय एक महिला के परिवार के सदस्यों ने पहले वोट डाला और फिर वृद्ध महिला का अंतिम संस्कार किया। यह घटना जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड के देवकुली गांव में हुई। जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र में शनिवार को मतदान जारी है। मृतक के बेटे मिथिलेश यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘मेरी मां का शनिवार को निधन हो गया...वह कभी वापस नहीं आएंगी। अंतिम संस्कार के लिए इंतजार किया जा सकता है, लेकिन चुनाव के लिए नहीं... चुनाव पांच साल बाद आएंगे। इसलिए, हमने (परिवार) ने इस मामले पर चर्चा की और वोट डालने के बाद मां का अंतिम संस्कार करने का फैसला किया।’ उन्होंने मतदान केंद्र संख्या-115 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और अपनी मां का अंतिम संस्कार करने गए। बिहार की आठ लोकसभा सीट पर मतदान जारी है। इन लोकसभा सीटों में नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम (एससी), काराकाट और जहानाबाद शामिल हैं।
JUN 01, 2024 17:35 IST

Exit Poll से ठीक पहले कांग्रेस ने किया 295 सीटें जीतने का दावा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एग्जिट पोल के परिणाम सामने आने से ठीक पहले कहा है कि हम निर्वाचन आयोग के पास जाएंगे और अपनी शिकायतें उसके सामने रखेंगे, रविवार का समय मांगा है। ‘INDI’ गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि हमारी कम से कम 295 सीट आएंगी।
JUN 01, 2024 17:22 IST

गुजरात में दो बसों की टक्कर में तीन लोगों की मौत, 40 से अधिक घायल

गुजरात के अरवल्ली जिले में शनिवार को राज्य परिवहन की एक बस ने पहले एक मोटरसाइकिल को और उसके बाद तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक निजी बस को टक्कर मार दी जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब 11 बजे सकारिया गांव के पास राज्य राजमार्ग पर हुई। उन्होंने कहा कि राज्य परिवहन की बस के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि उसके बाद बस सड़क डिवाइडर को पार कर दूसरी ओर एक लक्जरी बस से टकरा गयी। लग्जरी बस वडोदरा के सावली लौट रही थी और उसके यात्री पुरी (ओडिशा) के जगन्नाथ मंदिर में पूजा करने के बाद वापस आ रहे थे। उपनिरीक्षक अजयसिंह राठौड़ ने बताया कि तीन लोगों की मौत हो गई तथा 40 से अधिक यात्री घायल हो गए। उन्होंने बताया कि इस घटना में मोटरसाइकिल चालक, लक्जरी बस में यात्रा कर रही एक महिला और एक अन्य यात्री की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घायलों में दोनों बसों के यात्री शामिल हैं और उनमें से करीब 20 लोगों को इलाज के लिए पड़ोसी साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर स्थित अस्पताल भेजा गया है। बाकी लोगों का इलाज मोडासा में किया जा रहा है।
JUN 01, 2024 17:20 IST

बिहार की आठ लोकसभा सीट पर अपराह्न तीन बजे तक 42.95 प्रतिशत मतदान

आम चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण के दौरान बिहार के आठ लोकसभा क्षेत्रों में शनिवार अपराह्ल तीन बजे तक 42.95 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके साथ ही अगिआंव विधानसभा सीट पर इसी समय अवधि में 38.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। बिहार की इन आठ लोकसभा सीटों और एक विधानसभा सीट अगिआंव पर शनिवार की सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया जो कि शाम छह बजे तक जारी रहेगा। बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक अपराह्न तीन बजे तक नालंदा में 38.49 प्रतिशत, पटना साहिब में 36.85 प्रतिशत, पाटलिपुत्र में 49.89 प्रतिशत, आरा में 40.98 प्रतिशत, बक्सर में 45.90 प्रतिशत, सासाराम (एससी) में 44.80 प्रतिशत, काराकाट में 45.06 प्रतिशत और जहानाबाद में 43.46 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन आठ सीटों पर कुल 134 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनमें 122 पुरुष और 12 महिला हैं। बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने पटना के राजभवन परिसर स्थित एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के बाद राज्यपाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘मैं लोगों से आग्रह करता हूं कि वे बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। यह लोकतंत्र का पर्व है।’ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
JUN 01, 2024 17:19 IST

अवैध धन हस्तांतरण मामले में सरकार किसी का बचाव नहीं करेगी: सिद्धरमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार अवैध धन हस्तांतरण मामले में किसी का बचाव नहीं करेगी तथा कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम लिमिटेड से जुड़े इस मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। राज्य में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अवैध धन हस्तांतरण मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। साथ ही, पार्टी ने अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री बी नागेंद्र को बर्खास्त करने की भी मांग की है। सिद्धरमैया ने मंत्री नागेंद्र से जुड़े मामले और उन्हें पद से हटाने की मांग से संबंधित एक सवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा, 'हम किसी को भी नहीं बचाएंगे...चाहे (मामले में शामिल) कोई भी क्यों न हो, हम कानून के अनुसार कार्रवाई करेंगे।' धन के अवैध हस्तांतरण का यह मामला उस वकत सामने आया था, जब निगम के लेखा अधीक्षक चंद्रशेखर पी ने 26 मई को आत्महत्या कर ली थी। उनका एक ‘सुसाइड नोट’ भी मिला था।
JUN 01, 2024 17:19 IST

ओडिशा में छह लोकसभा और 42 विधानसभा क्षेत्रों में एक बजे तक 37.64% मतदान

ओडिशा में शनिवार को लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में छह सीट और 42 विधानसभा क्षेत्रों में दोपहर एक बजे तक लगभग 37.64 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जाजपुर जिले के ओलीचंदनपुर में बूथ स्तर के अधिकारी के रूप में तैनात सहायक शिक्षक मनोरंजन साहू ने बेचैनी की शिकायत की जिसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसी तरह बालासोर जिले के नीलगिरि विधानसभा क्षेत्र के ईश्वरपुर में मतदान केंद्र पर कतार में खड़े एक बुजुर्ग व्यक्ति की भी मौत हो गई।अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों की मौत संभवत: लू लगने के कारण हुई। जगतसिंहपुर लोकसभा सीट के गोप इलाके में एक मतदान केंद्र के बाहर हुई झड़प में एक व्यक्ति घायल हो गया। मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर संसदीय क्षेत्रों के साथ-साथ इन लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले 42 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से मतदान जारी है।
JUN 01, 2024 17:18 IST

झारखंड: दोपहर तीन बजे तक 60 प्रतिशत से अधिक मतदान

झारखंड में तीन लोकसभा सीट पर शनिवार दोपहर तीन बजे तक 60.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के तहत दुमका, राजमहल और गोड्डा निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। दुमका सीट पर सबसे अधिक 61.52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद राजमहल में 60.90 प्रतिशत और गोड्डा में 58.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में राज्य में आठ महिलाओं सहित कुल 52 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यह राज्य का चौथा और देश भर में होने वाला सातवें चरण का मतदान है। दुमका और गोड्डा में 19-19 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं जबकि राजमहल में 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन तीन निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 53.23 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं जिनमें गोड्डा में सबसे अधिक 20.28 लाख मतदाता हैं जबकि दुमका में सबसे कम 15.91 लाख मतदाता हैं। राज्य में 18-19 आयु वर्ग के दो लाख से अधिक मतदाता पहली बार मतदान करने के पात्र हैं जबकि 439 मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं।
JUN 01, 2024 14:43 IST

केरल में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून और प्रबल हुआ, कई इलाकों में भारी बारिश

केरल में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के जल्द दस्तक देने के दो दिन बाद राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने से भूस्खलन, पेड़ों के उखड़ने और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम के कुछ हिस्सों में शुक्रवार रात से भारी बारिश हो रही है। कल रात पहाड़ी जिले इडुक्की के अंदरूनी इलाकों में स्थित पूचपरा और कोलप्परा इलाकों में भूस्खलन और पेड़ों के उखड़ने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने बताया कि भूस्खलन से कुछ मकान और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन किसी की जान जाने की खबर नहीं है। भूस्खलन के संभावित खतरे के कारण थोडुपुझा-पुलियानमाला राज्य राजमार्ग पर यातायात प्रतिबंध लगा दिया गया है।
JUN 01, 2024 14:42 IST

भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन ने मतदान प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया

झारखंड की दुमका लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार सीता सोरेन ने शनिवार को मतदान प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया और निर्वाचन क्षेत्र में पुनर्मतदान की मांग की।जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी और भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन ने दावा किया कि मतदान प्रक्रिया में जानबूझकर देरी की जा रही है। सीता ने कहा, ‘‘मैंने दुमका शहरी क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का दौरा किया और वहां मतदान प्रक्रिया में अनियमितताएं पाईं। मैंने इस संबंध में उपायुक्त को सूचित कर दिया है।’’ उन्होंने कहा कि वहां बिना अनुभव वाले बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को तैनात किया गया है जिसके कारण मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
JUN 01, 2024 14:41 IST

मिजोरम में भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 29 हुई

मिजोरम के कोलासिब जिले में त्लावंग नदी में एक 34 वर्षीय महिला का शव पाये जाने के बाद भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है। महिला की पहचान वनलालरुआली के रूप में हुई है और उसका पति मंगलवार को आइजोल जिले के ऐबक गांव में भूस्खलन की चपेट में आने के बाद से लापता थे। उन्होंने बताया कि महिला का शव शुक्रवार को असम की सीमा से लगे कोलासिब जिले के होरटोकी गांव में नदी में मिला।
JUN 01, 2024 14:40 IST

उच्चतम न्यायालय ने लैंगिक संवेदीकरण पर समिति का पुनर्गठन किया

उच्चतम न्यायालय ने अपनी लैंगिक संवेदीकरण एवं आंतरिक शिकायत समिति का पुनर्गठन किया है। एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है, ‘‘भारत के उच्चतम न्यायालय में लैंगिक संवेदनशीलता और महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) विनियम, 2013 के खंड 4(2) द्वारा प्रदत्त शक्तियों और इस संबंध में सभी सक्षम प्रावधानों के तहत, भारत के माननीय प्रधान न्यायाधीश ने उच्चतम न्यायालय लैंगिक संवेदीकरण एवं आंतरिक शिकायत समिति का पुनर्गठन किया है।’’
JUN 01, 2024 14:40 IST

कांग्रेस ने एफडीआई आंकड़े को लेकर फडणवीस की आलोचना की

कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र प्रत्यक्ष विदेश निवेश (एफडीआई) प्राप्तकर्ताओं की सूची में लगातार शीर्ष पर रहा है। साथ ही, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस बयान की आलोचना की जिममें उन्होंने कहा था कि महाविकास आघाडी (एमवीए) शासन में राज्य की रैकिंग नीचे चली गयी थी। केंद्रीय उद्योग मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि महाराष्ट्र को 2000-2012 के दौरान देश में संपूर्ण एफडीआई का 33 प्रतिशत हिस्सा मिला।
JUN 01, 2024 14:39 IST

पुरी पटाखा विस्फोट: मृतकों की संख्या आठ हुई, 22 अन्य का इलाज जारी

ओडिशा के पुरी में पटाखों में विस्फोट की घटना में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर आठ हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी|पुरी में बुधवार शाम भगवान जगन्नाथ के चंदन यात्रा उत्सव के दौरान पटाखों के ढेर में हुए विस्फोट में 30 लोग घायल हो गए। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि इनमें से अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है तथा 22 अन्य का पुरी, भुवनेश्वर और कटक के विभिन्न अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘इजाल के दौरान अस्पताल में दो और लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य का इलाज जारी है।’’
JUN 01, 2024 14:38 IST

उत्तर प्रदेश: मतदान केंद्र पर तबीयत बिगड़ने से बुजुर्ग की मौत

बलिया जिले में एक मतदान केंद्र पर शनिवार को 70 वर्षीय बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने के कारण मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सिकंदरपुर के उप जिलाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि चक बहुद्दीन गांव निवासी रामबचन चौहान (70) सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के अधीन सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के चक बहुद्दीन गांव के प्राथमिक विद्यालय में बने बूथ संख्या-257 पर वोट डालने के लिए पहुंचे थे।
JUN 01, 2024 14:23 IST

जनता चाहती है कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें : नाना पटोले

कांग्रेस की ओर से यह फैसला लिया है कि पार्टी एग्जिट पोल से संबंधित किसी भी डिबेट में भाग नहीं लेगी। पार्टी के इस फैसला पर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले की भी एंट्री हो गई है। नाना पटोले ने कहा कि एग्जिट पोल से जुड़ी चर्चा में कांग्रेस का कोई भी नेता भाग नहीं लेगा। कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता और देश की जनता चाहती है कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें। चुनाव आयोग जिस तरीके से पार्टी बनने जा रहा है, वह ना बने। एग्जिट पोल के संबंध में कांग्रेस हाईकमान ने निर्णय लिया है कि एग्जिट पोल से जुड़ी चर्चा में कोई भी कांग्रेस का नेता भाग नहीं लेगा। यह हाईकमान का निर्णय है और सब उसका पालन करेंगे।
JUN 01, 2024 14:22 IST

लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में दोपहर 1 बजे तक 40.09 प्रतिशत हुआ मतदान

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और चंडीगढ़ सहित देश के 8 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों की 57 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। इन सभी लोकसभा सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 40.09 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके हैं। दोपहर 1 बजे तक सबसे ज्यादा हिमाचल प्रदेश में 48.63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। वहीं, सबसे कम मतदान बिहार में दर्ज हुआ, जहां दोपहर 1 बजे तक 35.65 प्रतिशत मतदाताओं ने ही वोटिंग की है।
JUN 01, 2024 13:56 IST

झारखंड में नीलांचल एक्सप्रेस पर ओवरहेड तार गिरा, दो यात्री गंभीर

झारखंड में चांडिल-मुरी रेलखंड पर सुईसा-तिरुलडीह स्टेशनों के बीच शनिवार सुबह नीलांचल एक्सप्रेस ट्रेन पर ओवरहेड बिजली का तार गिरने से दो यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आधार कार्ड के आधार पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी रामशंकर चौधरी और राहुल कुमार पटेल के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के बाघमुंडा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।
JUN 01, 2024 13:16 IST

प्रधानमंत्री के प्रस्तावक गणेश्वर शास्त्री ने किया मतदान

लोकसभा चुनाव के सातवें चरण का मतदान हो रहा है। वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावक गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ ने भी मतदान किया। उन्होंने रामघाट स्थित प्राथमिक विद्यालय में अपना वोट डाला।
JUN 01, 2024 12:38 IST

सलमान खान पर हमले की साजिश का भंडाफोड़

जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह द्वारा बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को उनके फॉर्म हाउस के पास मारने की साजिश का भंडाफोड़ हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, लॉरेंस के गिरोह ने महाराष्ट्र के पनवेल में सलमान के फार्महाउस के पास उनकी कार रोककर एके -47 राइफल से गोली मारकर हत्या करने की योजना बनाई थी। पनवेल पुलिस ने इस मामले में बिश्नोई गिरोह के चार शूटरों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान धनंजय तापसिंह उर्फ अजय कश्यप, गौरव भाटिया उर्फ नहवी, वासपी खान उर्फ वसीम चिकना और रिजवान खान उर्फ जावेद खान के रूप में हुई है।
JUN 01, 2024 12:03 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने कन्याकुमारी में तीसरे दिन ध्यान साधना शुरू की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां विवेकानंद रॉक मेमोरियल में सूर्योदय के समय ‘सूर्य अर्घ्य’ देने के बाद शनिवार को तीसरे और अंतिम दिन अपनी ध्यान साधना शुरू की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ‘सूर्य अर्घ्य’ आध्यात्मिक अभ्यास से जुड़ी एक परंपरा है, जिसमें भगवान सूर्य को जल अर्पित कर उन्हें नमन किया जाता है। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने एक लोटे से समुद्र में सूर्य को जल अर्पित किया और माला जपी।