देश

आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें, 17-May-2026: पेपर लीक पर CBI का बड़ा एक्शन, कोलकाता में झड़प; राहुल ने केंद्र को घेरा

आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें (Top Hindi News Today) 17-May-2026: देश और दुनिया में गुरुवार को कई बड़ी और अहम घटनाएं हुईं तो चलिए विस्तार से दिनभर की 10 बड़ी खबरों के बारे में जानते हैं।

Image

आज की 10 बड़ी खबरें (फोटो साभार: AI)

Photo : Times Now Digital

आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें 17-May-2026: देश और दुनिया में गुरुवार का दिन कई बड़ी और अहम घटनाओं के नाम रहा। नीट पेपर लीक मामले को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को घेरते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। वहीं, केरलम में 18 मई को शपथग्रहण समारोह होगा। ऐसे में एक नजर डालते हैं दिनभर की 10 बड़ी खबरों पर...

1. NEET पेपर लीक मामले में जांच तेज

NEET-UG पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियां लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही हैं। इस केस में लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं और हर गिरफ्तारी के साथ नए खुलासे भी सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 16 मई को परीक्षा प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। माना जा रहा है कि इन गिरफ्तारियों के बाद मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

2. NTA में बड़े बदलाव की तैयारी

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने CBI को उन पेपर सेटर्स और अनुवादकों की सूची सौंपी है, जो एजेंसी की निगरानी में हैं। जानकारी के मुताबिक, 21 जून को होने वाली दोबारा NEET परीक्षा से पहले NTA पेपर तैयार करने वाले विशेषज्ञों और अनुवादकों की मौजूदा सूची में बड़े बदलाव करने की तैयारी कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस बार पेपर लीक की शुरुआत ट्रांसपोर्टेशन या परीक्षा केंद्र से नहीं, बल्कि प्रश्नपत्र तैयार होने के शुरुआती चरण से ही हुई थी।

3. राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि 2024 में पेपर लीक हुआ लेकिन परीक्षा रद्द नहीं हुई और मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया। वहीं 2026 में भी पेपर लीक हुआ, परीक्षा रद्द हुई, CBI जांच फिर शुरू हुई और एक और कमेटी बनाई जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि बार-बार विफल हो रहे शिक्षा मंत्री को अब तक पद से क्यों नहीं हटाया गया।

4. केरल में 18 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण

केरल में नई सरकार के गठन की तस्वीर साफ हो गई है। UDF नेता वीडी सतीशन ने घोषणा की है कि 18 मई सुबह 10 बजे नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इस दौरान वीडी सतीशन समेत कुल 21 मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। राज्य में 10 साल बाद कांग्रेस की सत्ता में वापसी हो रही है। समारोह में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

5. स्वीडन पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के तीसरे चरण में रविवार शाम स्वीडन पहुंच गए। दो दिवसीय दौरे के दौरान पीएम मोदी अपने स्वीडिश समकक्ष उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बातचीत में व्यापार, हरित परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नई तकनीक, स्टार्टअप, रक्षा, अंतरिक्ष, जलवायु परिवर्तन और सप्लाई चेन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

6. कोलकाता में पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प

कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में रविवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

7. विजय को लेकर बोले रजनीकांत

सुपरस्टार रजनीकांत ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह विजय की सफलता से जलते नहीं हैं, बल्कि उनके मुख्यमंत्री बनने से खुश हैं। यह बयान उस चर्चा के बाद आया, जिसमें कहा जा रहा था कि रजनीकांत विजय की राजनीतिक सफलता से नाराज हैं।

8. लखनऊ में वकीलों का प्रदर्शन

लखनऊ में जिला कचहरी के आसपास बने अवैध चैंबर हटाने को लेकर रविवार को हंगामा हो गया। नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची और कई अवैध चैंबर तोड़ दिए। इसके विरोध में वकीलों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। अधिवक्ता संघ ने 18 और 19 मई को अदालतों के कार्य का बहिष्कार करने का फैसला लिया है।

9. RCB ने प्लेऑफ में बनाई जगह

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL 2026 के 61वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को 23 रन से हराकर प्लेऑफ में जगह बना ली है। इस सीजन में RCB की यह नौवीं जीत रही। टीम IPL 2026 प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई है।

10. IMD का लू को लेकर अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, राजस्थान में 18 से 23 मई तक लू का असर रह सकता है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article