आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें 15-May-2026: देश और दुनिया में गुरुवार का दिन कई बड़ी और अहम घटनाओं के नाम रहा। भोजशाला परिसर को लेकर आज बड़ी खबर सामने आई। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने भोजशाला परिसर को मंदिर माना है। वहीं, पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि के बाद हाहाकार मचा हुआ है। ऐसे में एक नजर डालते हैं दिनभर की 10 बड़ी खबरों पर...
1. भोजशाला सरस्वती मंदिर घोषित
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने धार के भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद परिसर के ऐतिहासिक विवाद के मामले में शुक्रवार को फैसला सुनाते हुए इस मध्यकालीन स्मारक की धार्मिक प्रकृति हिंदू मान्यताओं में ’ज्ञान की देवी’ के रूप में पूजी जाने वाली वाग्देवी (सरस्वती) के मंदिर के तौर पर तय की।
2. भारत-UAE के बीच LPG सप्लाई पर अहम समझौता
भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने शुक्रवार को पेट्रोलियम भंडार, दीर्घकालिक एलपीजी आपूर्ति, रक्षा और जहाजरानी से संबंधित कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिसमें अबू धाबी ने भारत में कुल पांच अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश का वादा किया। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ उच्च स्तरीय वार्ता की।
3. होर्मुज को लेकर अराघची का बड़ा बयान
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि भारत पश्चिम एशिया में शांति के लिए ’’बड़ी भूमिका’’ निभा सकता है। अराघची ने नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ईरान से जुड़े किसी भी मामले का कोई सैन्य समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से सभी जहाजों को गुजरने में मदद करने के लिए तैयार है। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थिति इस समय बेहद जटिल है।
4. 21 जून को फिर होगी NEET परीक्षा
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (NEET UG) की पुन: परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि अनियमितताओं के आरोपों के मद्देनजर सुधारों के तहत अगले वर्ष से मेडिकल प्रवेश परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी।
5. RG कर मामले में सुवेंदु सरकार का बड़ा एक्शन
पश्चिम बंगाल की सुवेंदु अधिकारी सरकार ने शुक्रवार को आरजी कर मामले में बड़ी कार्रवाई की। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि कोलकाता के पूर्व पुलिस कमिश्नर विनीत कुमार गोयल सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है।
6. CJI सूर्यकांत का बड़ा बयान
प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना ’’कॉकरोच’’ से करते हुए शुक्रवार को कहा कि वे आगे चलकर मीडिया, सोशल मीडिया और आरटीआई कार्यकर्ता बन जाते हैं और फिर व्यवस्था पर हमला शुरू कर देते हैं। सीजेआई सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता का दर्जा हासिल करने के लिए ’’प्रयासरत’’ रहने पर एक वकील को फटकार लगाते हुए यह टिप्पणी की।
7. डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर रुपया
अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 22 पैसे टूटकर 95.86 (अस्थायी) के अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और मुद्रास्फीति संबंधी चिंताओं के कारण रुपये पर दबाव बढ़ा है। कारोबार के दौरान एक समय यह 96 प्रति डॉलर के से नीचे चला गया था।
8. पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी
करीब दो साल बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया गया है। दोनों ईंधनों के दाम 3-3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। दिल्ली में अब पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
9. सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक 15 मई को सोना और चांदी दोनों सस्ते हुए। चांदी की कीमत में करीब 19 हजार रुपये की गिरावट दर्ज हुई, जबकि 24 कैरेट सोना 3 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया।
10. चेन्नई और लखनऊ के बीच मुकाबला
IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इकाना स्टेडियम में होने वाला यह मैच चेन्नई के लिए प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
