PM Modi security breach : कर्नाटक के हुबली में गुरुवार को रोड शो कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। रोड शो के दौरान एक शख्स प्रधानमंत्री की कार तक पहुंच गया, बताते हैं कि शख्स प्रधानमंत्री तक फूलों की माला पहुंचाना चाहता था, इसके लिए उसने बिना सोचे समझे एसपीजी का घेरा तक तोड़ दिया और पीएम मोदी तक पहुंच गया, इसे देखते ही एसपीजी कमांडो हरकत में आए और पीएम मोदी के साथ चल रहे एसपीजी का जवान उस व्यक्ति को पकड़कर दूर ले गया।
गौर हो कि पीएम मोदी कर्नाटक के हुबली में अपनी कार से एक रोड शो में हिस्सा ले रहे थे, इस दौरान प्रधानमंत्री कार का दरवाजा खोलकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। वहीं उनकी सुरक्षा के लिए हमेशा की तरह एसपीजी का घेरा साथ चल रहा था, जो इस शख्स की हरकत के बाद तुरंत ही एक्टिव हो गया।
वहीं इस इस घटना पर हुबली के पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा में सेंधमारी से इनकार किया है और उनका कहना है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है।
पिछले साल 2022 में भी पीएम की सुरक्षा में हुई थी चूक
गौर हो कि पिछले साल 2022 में भी ऐसा मामला सामने आया था, उस वक्त 5 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले को फ्लाईओवर पर 15-20 मिनट के लिए फंसा रहना पड़ा था जब वह पंजाब के फिरोजपुर जा रहे थे और रास्ते में प्रदर्शनकारियों ने उनका रास्ता रोक लिया था. 15-20 मिनट इंतजार करने के बावजूद जब स्थिति नहीं सुधरी तो पीएम मोदी के काफिले को वापस लौटना पड़ा था।
