देश

PM मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ फिर दोहराया भारत का रुख, 9/11 हमले के पीड़ितों को किया याद

9/11 Anniversary: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9/11 के भयानक हमलों में जान गंवाने वाले पीड़ितों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो साभार: @narendramodi)

Photo : Twitter

9/11 Anniversary: अमेरिका के 'वर्ल्ड ट्रेड सेंटर' और पेंटागन मुख्यालय में हुए आतंकवादी हमले के आज 25 साल पूरे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9/11 की इस आतंकी घटना को याद करते हुए एक बार फिर आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के सभी प्रयासों के साथ मजबूती से खड़े हैं।

पीएम मोदी ने 'एक्स' पर 9/11 मेमोरियल एंड म्यूजियम की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ''11 सितंबर के भयावह आतंकी हमलों को 25 साल पूरे होने पर हम उन सभी पीड़ितों को याद करते हैं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिनकी जान इस त्रासदी में चली गई।'' साथ ही, उन्होंने उन परिवारों के प्रति एकजुटता व्यक्त की, जिनकी जिंदगी इस हमले के बाद हमेशा के लिए बदल गई।

'आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मजबूती से खड़ा है भारत'

पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद ने दुनियाभर में अनगिनत लोगों की जान ली है। सीमा पार आतंकवाद के पीड़ित के रूप में भारत पिछले कई दशकों से इसके खिलाफ लड़ाई में सबसे आगे रहा है। उन्होंने कहा, ''आतंकवाद का खतरा लगातार नए रूप में सामने आ रहा है, लेकिन इसके सभी स्वरूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ भारत का संकल्प और विरोध अडिग है। हम आतंकवाद के इस दंश से मुकाबले के लिए किए जा रहे हर प्रयास के साथ मजबूती से खड़े हैं।''

9/11 हमले के 25 साल पूरे

सनद रहे कि इतिहास में 11 सितंबर का दिन एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका के सीने पर इस दिन हुए घातक आतंकवादी हमले ने एक ऐसा घाव दिया, जिसकी टीस दुनिया रहने तक कायम रहेगी। साल 2001 में 11 सितंबर के दिन आतंकवादियों ने यात्री विमानों का अपहरण कर अमेरिका के विश्व प्रसिद्ध 'वर्ल्ड ट्रेड सेंटर' और पेंटागन मुख्यालय को निशाना बनाया। इसे अमेरिका के इतिहास के सबसे बड़े आतंकवादी हमले के तौर पर देखा जाता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article