Israel Iran War: नागर विमानन मंत्रालय ने कहा कि ईरान और मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों में हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों के कारण भारतीय एयरलाइन कंपनियों द्वारा रविवार को 444 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द किए जाने की संभावना है। एक के बाद एक विमानन कंपनियां उड़ान रद्दीकरण की जानकारियां साझा कर रही हैं। नागर विमानन मंत्रालय ने शनिवार को इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के मद्देनजर उड़ानों में व्यवधान की पृष्ठभूमि में विमानन हितधारकों की तैयारियों की समीक्षा की।
कितनी उड़ानें हो सकती हैं रद्द
मंत्रालय ने रविवार सुबह सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''ईरान और मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों में हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंधों के कारण 28 फरवरी को घरेलू एयरलाइन की 410 उड़ानें रद्द कर दी गईं और एक मार्च को 444 उड़ानें रद्द होने की आशंका है।'' विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) सुरक्षा एवं परिचालन नियमों के पूर्ण अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए एयरलाइन कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
इसके अलावा, संभावित मार्ग परिवर्तन तथा यात्रियों की सुगमता सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख हवाई अड्डों पर परिचालन संबंधी अलर्ट जारी किए गए हैं। मंत्रालय ने बताया कि यात्रियों की सहायता, एयरलाइन समन्वय और टर्मिनल पर भीड़ प्रबंधन की कड़ी निगरानी की जा रही है और वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है।
एयरसेवा ने 216 शिकायतें कीं दर्ज
मंत्रालय ने कहा कि यात्री सहायता नियंत्रण कक्ष (PACR) यात्रियों की चिंताओं पर लगातार नजर रख रहा है और उनके त्वरित समाधान के लिए सुविधा प्रदान कर रहा है। मंत्रालय ने कहा, ''28 फरवरी को 'एयरसेवा' ने 216 शिकायतें दर्ज कीं और इसी अवधि के दौरान 105 शिकायतों का समाधान किया गया, जिससे प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता सुनिश्चित हुई।''
एयर इंडिया ने रद्द की उड़ानें
एयर इंडिया ने मध्य पूर्व में तेजी से बदलते हालात की समीक्षा के बाद रविवार को निर्धारित कई उड़ानें रद्द कर दीं। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पहले से रद्दे सेवाओं के अलावा, एक मार्च को निर्धारित कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी निरस्त कर दी गईं। इनमें मुंबई-लंदन (हीथ्रो), दिल्ली-बर्मिंघम, दिल्ली-एम्स्टर्डम, दिल्ली-ज्यूरिख, दिल्ली-मिलान, दिल्ली-वियना, बेंगलुरु-लंदन (हीथ्रो), दिल्ली-कोपेनहेगन, दिल्ली-लंदन (हीथ्रो) और दिल्ली-फ्रैंकफर्ट के बीच संचालित उड़ानें शामिल हैं।
IndiGo की सेवाएं भी प्रभावित
इंडिगो ने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का अस्थायी निलंबर बढ़ाकर दो मार्च तक कर दिया है। इंडिगो ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि मध्य पूर्व और आसपास के क्षेत्रों में जारी घटनाक्रम पर हम लगातार नजर बनाए हुए हैं। हम आपको आश्वस्त करना चाहते हैं कि हर निर्णय पूरी सावधानी और विवेक के साथ लिया जा रहा है।
