देश

'यह पूरी तरह अवैध इमारत, अब बंगाल में ऐसा नहीं चलेगा…', कोलकाता आग हादसे में 2 लोगों की मौत पर बोले CM शुवेंदु अधिकारी

Kolkata Fire News: कोलकाता के तिलजाला इलाके में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने घटनास्थल का दौरा कर इमारत को अवैध बताया और कहा कि वहां फायर एनओसी और लाइसेंस नहीं था।

Image

आग हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल

Photo : ANI

Kolkata Fire News: कोलकाता के तिलजाला इलाके (Tiljala Fire Incident) में मंगलवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल (Agnimitra Paul) भी मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।

पिछली सरकार के समय ऐसी इमारतों को मिला बढ़ावा-अग्निमित्रा पॉल

उन्होंने कहा कि जिस इमारत में आग लगी, वह पूरी तरह अवैध बताई जा रही है। उनके अनुसार इमारत को न तो फायर विभाग से एनओसी मिली थी और न ही जरूरी फायर लाइसेंस जारी किया गया था। इसके बावजूद वहां काम चल रहा था, जो बेहद गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि राज्य में इस तरह की अवैध इमारतें लंबे समय से बनती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय ऐसी इमारतों को बढ़ावा मिला। मंत्री ने कहा कि इससे पहले कस्बा इलाके में वाओ मोमो फैक्ट्री में भी आग लगने की घटना सामने आई थी और अब तिलजाला में फिर ऐसा हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करती हैं।

हादसे में घायल लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस और फायर विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि आग किस वजह से लगी और सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई ऐसी इमारतें हैं जहां सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं हैं। घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article