देश

कर्नाटक में एक ही परिवार के 10 लोगों की डूबकर मौत; मृतकों में सात महिलाएं भी शामिल; PM-CM ने किया मुआवजे का एलान

कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में एक ही परिवार के 10 लोगों की डूबने से मौत हो गई। इनमें से सात महिलाएं थीं। वहीं दो लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी खोज जारी है।

Image

एक ही परिवार के 8 लोगों की डूबकर मौत

Photo : iStock

कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां थट्टे हक्कलू नदी में सीपियां (मसल्स) बीनने गए एक ही परिवार के 10 लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में 7 महिलाएं शामिल हैं।

पीएम मोदी और सीएम सिद्धारमैया ने जताया दुख

इस घटना पर पीएम मोदी से लेकर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया समेत राज्य के कई अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने हादसे में प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने का एलान किया। वहीं,सीएम सिद्दारमैया ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की मुआवजा राशि देने की घोषणा की।

पुलिस ने हादसे पर दी जानकारी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिराली गांव के लगभग 14 लोग नदी में सीपियां इकट्ठा करने के लिए उतरे थे।इस दौरान वे पानी के स्तर का सही आकलन किए बिना नदी के गहरे हिस्से में चले गए। अचानक तेज धारा में फंसकर एक या दो लोग बह गए।

अधिकारियों के अनुसार, इसके बाद पानी में फंसे लोगों को बचाने के प्रयास में कुछ व्यक्ति नदी में कूद गए। इस दौरान तेज धारा में और भी लोग फंस गए।

मृतकों में कौन-कौन?

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान उमेश मंजूनाथ नाइक (40), लक्ष्मी महादेव नाइक (42), लक्ष्मी जट्टप्पा नाइक (30), लक्ष्मी अपन्ना नाइक (60), लक्ष्मी शिवराम नाइक (49), ज्योति मस्तम्मा नाइक (34), मालती नाइक (38) और मस्तम्मा नाइक (60) के रूप में हुई है, जो भटकल तालुक के शिराली में रहते थे।

पुलिस के अनुसार, बचाए गए दो लोगों नागरत्ना और महादेवी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव कर्मी, पुलिस टीम और स्थानीय निवासी खोज अभियान जारी रखे हुए हैं।

सीएम सिद्दारमैया ने जताया दुख

सिद्धरमैया ने एक पोस्ट में मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए कहा कि घटना के बारे में जानकर उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मानवीय आधार पर,राज्य सरकार इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा प्रदान करेगी।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया। राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने भी मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article