Monkeypox Outbreak: दुनियाभर में मंकीपॉक्स वायरस की वजह से चिंताजनक स्थिति बनी हुई है। दुनियाभर में लगातार लोग इस खतरनाक वायरस की चपेट में आ रहे हैं। बीमारी की गंभीरता को देखते हुए हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने फिर इस संक्रमण को हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया है। लेकिन महामारी काबू में नहीं आ रही है। इसके चलते अब विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों से वैक्सीन के उत्पादन को लेकर आग्रह किया है। उन्होंने वैक्सीन का प्रोडक्शन बढ़ाने को लेकर आग्रह किया है। शुक्रवार को डब्ल्यूएचओ ने संक्रमण की रोकथाम के लिए कई चीजों पर विचार-विमर्श किया है। इस लेख में हम आपको इसके बारे में विस्तार से बता रहे हैं।
वैक्सीन डोनेट करने का किया आग्रह
वैक्सीन की जरूरत को देखते हुए डब्ल्यूएचओ की प्रवक्ता मारगैरेट हैरिस ने वैक्सीन अन्य देशों से यह आग्रह किया है कि जिन देशों के पास वायरस के खिलाफ वैक्सीन मौजूद है, वह वैक्सीन को ऐसे स्थानों पर डोनेट करें जहां पर वायरस की वजह से आतंक मचा हुआ है। इससे मौजूदा स्थिति में सुधार करने में बहुत मदद मिल सकती है।
कौन-कौन सी वैक्सीन फिलहाल हैं मौजूद
आपको बता दें कि पिछले कुछ वर्षों मंकी पॉक्स की रोकथाम के लिए 2 वैक्सीन प्रयोग की जा रही हैं। पहली वैक्सीन है डेनमार्क की बवेरियन नॉर्डिक MVA-BN और दूसरी वैक्सीन जापान की LC16 है। डब्ल्यूएचओ के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी है कि फिलहाल MVA-BN वैक्सीन की 5 लाख डोज मौजूद हैं। अगर वैक्सीन की मांग बढ़ती है, तो अतिरिक्त डोज की आवश्यकता हो सकती है। लेकिन जापान की LC16 वैक्सीन का फिलहाल कमर्शियल उत्पादन नहीं होता है। यह सिर्फ जापान सरकार द्वारा ही तैयार करवाई जाती है।
जापान से की वैक्सीन डोनेट करने के लिए हो रही बातचीत
डब्ल्यूएचओ का कहना है कि जापान की सरकार के पास LC16 वैक्सीन काफी स्टॉक है। ऐसे में अगर सरकार वैक्सीन डोनेट करने के लिए तैयार हो जाती है, तो यह कदम वायरस की रोकथाम की दिशा में बहुत कारगर साबित हो सकता है। डब्ल्यूएचओ के प्रवक्ता ने बताया कि इसको लेकर फिलहाल जापान सरकार से बातचीत की जा रही है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
