हेल्थ

मानसून के साथ बीमारियों ने दी दस्तक, डॉक्टर ने बताया भूलकर भी न करें यह काम

  • Written by: प्रणव मिश्र
  • Updated Jul 18, 2023, 09:08 PM IST

Common Monsoon Diseases: जलवायु परिवर्तन से मौसम में नमी बढ़ी है। नमी मच्छरों को जन्म देता है। बारिश के मौसम में डेंगू, चिकनगुनिया समेत कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। बारिश का मौसम आपके लिए कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। आइये जानते हैं खुद की हिफाजत कैसे करें-

Image

Health Tips: मानसून के दौरान बढ़ जाता है इन बीमारियों का खतरा (Image: Canva)

Monsoon Diseases and Prevention: भीषण गर्मी के बाद मानसून का मौसम शुरू हो गया है। बरसात के मौसम के फायदे भी हैं और नुकसान भी। इसी तरह मानसून के आने के भी कई नुकसान हैं। बारिश के मौसम में कई इलाकों में जलभराव हो जाता है। लोग न चाहते हुए भी बाढ़ के गंदे पानी के संपर्क में आ रहे हैं। और यह गंदा पानी विभिन्न बीमारियों का कारण बनता है।

जलवायु परिवर्तन के कारण नमी में वृद्धि हुई है। इससे मच्छरों को पनपने का मौका मिलता है। बारिश के मौसम में डेंगू और चिकनगुनिया समेत कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। आइए जानते हैं कि आप मानसून के दौरान होने वाली बीमारियों से कैसे खुद को बचा सकते हैं।

स्वच्छता और हाइजीन: सिग्नस लक्ष्मी अस्पताल के जनरल फिजिशियन डॉ. संजय सिंह ने टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से बातचीत में बताया कि बारिश के मौसम में स्वच्छता का ध्यान रखना बहुत महत्वपूर्ण होता है। बच्चों और बड़ों को नियमित रूप से हाथ धोना चाहिए और साफ-सफाई की अदातें रखनी चाहिए। बच्चों को साफ पानी से नहाने की आदत सिखाएं और सिर और बालों को सूखे रखें। साथ ही पानी को उबालकर पियें।

हेल्दी डाइट लें: डॉ. संजय सिंह के मुताबिक आप जो भी डाइट लें रहे हैं सुनिश्चित करें कि वह हेल्दी हो। क्योंकि हेल्दी और बैलेंस्ड डाइट इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाता है। बच्चों को फल, सब्जियां, दाल, अनाज और प्रोटीन सोर्स को सम्मिलित करना चाहिए। विभिन्न पोषक तत्वों की खुराक में विटामिन सी, विटामिन डी और जिंक शामिल करें, जो इम्युनिटी को बढ़ाते हैं।

मानसून में होने वाली बीमारियां और उनसे कैसे बचें? - 4 Common Monsoon Diseases and Prevention Tips

मलेरिया: मलेरिया भी एक मानसूनी बीमारी है, जो मच्छरों से फैलती है। इसके लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, ठंड लगना और मांसपेशियों में दर्द शामिल हैं। मलेरिया से बचने के लिए रात में मच्छरदानी लगाकर सोएं। पूरे बाजु वाले कपड़े पहनें।

डेंगू: डेंगू मच्छर के काटने से फैलता है। बरसात के मौसम में इस बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। डेंगू से पीड़ित व्यक्ति में हल्के और गंभीर दोनों तरह के लक्षण हो सकते हैं। लक्षणों में तेज बुखार, शरीर में दर्द, दाने, सिरदर्द, जोड़ों में दर्द आदि शामिल हैं। डेंगू से बचाव के लिए सबसे जरूरी है कि आप मच्छरों के संपर्क से बचें। एहतियात के तौर पर पूरे बाहरी कपड़े पहनें और मच्छर भगाने वाली क्रीम का इस्तेमाल करें। घर के आसपास पानी जमा न होने दें। घर की साफ-सफाई का ध्यान रखें।

लेप्टोस्पायरोसिस: लेप्टोस्पायरोसिस एक बैक्टेरियल इंफेक्शन है, जो इंफेक्टेड जानवरों के यूरिन से दूषित पानी, मिट्टी या भोजन के संपर्क से मनुष्यों में फैलता है। उल्टी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द और बुखार इसके कुछ लक्षण हैं।

चिकनगुनिया: मानसून के दौरान चिकनगुनिया के मरीजों में भी बढ़ोतरी देखी जाती है। यह रोग भी उसी प्रजाति के मच्छर से फैलता है जो डेंगू फैलाता है। इसके लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द आदि शामिल हैं। हैं इस बीमारी से बचने के लिए आपको पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने चाहिए। घर के आसपास पानी जमा होने से रोकें। मच्छरों को घर में आने से रोकें। शाम के समय दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें।

इन सभी उपायों का पालन करके आप खुद को और अपने बच्चे को मानसून मौसम की बीमारियों से सुरक्षित रख सकते हैं। हालांकि, यदि आपके बच्चे में किसी बीमारी का लक्षण दिखता है तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। वह सही डायग्नोज करके उचित इलाज कर सकते हैं।

प्रणव मिश्र
प्रणव मिश्र author

मीडिया में पिछले 5 वर्षों से कार्यरत हैं। इस दौरान इन्होंने मुख्य रूप से टीवी प्रोग्राम के लिए रिसर्च, रिपोर्टिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए काम किया... और देखें

End of Article