हेल्थ

World Thyroid Day: डाइटिंग और तेजी से वेट लॉस का थायराइड पर क्या असर होता है, क्या इससे बिगड़ सकती है सेहत, डॉक्टर से जानिए

World Thyroid Day: क्या आपको भी थायराइड है और वजन घटाने के लिए डाइटिंग करते हैं? बता दें कि ऐसा करना आपके थायराइड स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है। डॉक्टर से जानें इसका थायराइड पर क्या असर पड़ता है।

Image

लगातार डाइटिंग और वेट लॉस का थायराइड पर असर

World Thyroid Day: आजकल हम देखते हैं कि हर दूसरा इंसान जल्दी वजन कम करना चाहता है। कोई पूरा दिन भूखा रह रहा है, कोई सिर्फ सलाद खाकर काम चला रहा है, तो वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इंटरनेट देखकर नई-नई डाइट ट्राई कर रहे हैं। ऐसा करके शुरुआत में वजन थोड़ा कम जरूर दिखता है, लेकिन कई बार इसका असर शरीर पर गलत तरीके से पड़ने लगता है। ऐसे में लोग कभी यह समझ ही नहीं पाते कि बार-बार कमजोरी होना, बाल झड़ना, चिड़चिड़ापन या अचानक वजन बढ़ना थायराइड से जुड़ी परेशानी भी हो सकती है।

गुरुग्राम के सीके बिरला हॉस्पिटल में इंटरनल मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ. तुषार तयाल बताते हैं कि बहुत ज्यादा डाइटिंग और तेजी से वजन घटाने की कोशिश शरीर के अंदर चलने वाली कई जरूरी प्रक्रियाओं को धीमा कर सकती है। इसका असर थायराइड की सेहत (Thyroid Health Hindi) पर भी पड़ सकता है। इसलिए वजन कम करने के चक्कर में शरीर को कमजोर करना बिल्कुल सही तरीका नहीं है।

थायराइड आखिर होता क्या है

थायराइड गले में मौजूद एक छोटी सी ग्रंथि होती है, जो तितली के आकार की होती है - लेकिन इसका काम बहुत बड़ा होता है। ये शरीर की ताकत, वजन, भूख, नींद और एनर्जी जैसी चीजों को कंट्रोल करने में मदद करती है। अगर थायराइड सही से काम न करे तो इंसान हर समय थका-थका महसूस कर सकता है। वजन तेजी से बढ़ या घट सकता है और शरीर सुस्त पड़ने लगता है।

बहुत कम खाना शरीर को 'मुश्किल' का संकेत देता है

डॉ. तुषार तयाल के मुताबिक, जब कोई इंसान अचानक बहुत कम खाना शुरू कर देता है, तो शरीर को लगता है कि उसे पर्याप्त खाना नहीं मिल रहा। ऐसे में शरीर अपनी एनर्जी बचाने लगता है। इसी वजह से शरीर का काम करने का तरीका धीमा पड़ जाता है। इसका असर थायराइड पर भी पड़ सकता है। ऐसे में कई लोगों को फिर कमजोरी, चक्कर, आलस और हर समय थकान महसूस होने लगती है।

जरूरी पोषण की कमी से बढ़ सकती है दिक्कत

क्रैश डाइट करने वाले लोग अक्सर पेट तो कम भरते हैं, लेकिन शरीर को जरूरी पोषण नहीं दे पाते। शरीर को सही तरह चलाने के लिए प्रोटीन, आयरन, आयोडीन और विटामिन जैसे पोषक तत्वों की जरूरत होती है। अगर लंबे समय तक इनकी कमी हो जाए, तो बाल झड़ना, चेहरा फीका पड़ना और वजन दोबारा तेजी से बढ़ना जैसी परेशानियां शुरू हो सकती हैं।

बार-बार वजन घटाना और बढ़ाना भी नुकसानदायक

कई लोग पहले बहुत तेजी से वजन घटाते हैं और फिर कुछ समय बाद वजन दोबारा बढ़ जाता है। फिर वही डाइट शुरू हो जाती है। डॉक्टर कहते हैं कि ऐसा बार-बार होने से शरीर पर दबाव बढ़ता है। खासकर महिलाओं में यह समस्या ज्यादा देखी जाती है। अगर पहले से हार्मोन से जुड़ी कोई दिक्कत हो, तो परेशानी और बढ़ सकती है।

वजन कम करना है तो सही तरीका अपनाएं

डॉक्टर तुषार तयाल सलाह देते हैं कि वजन कम करने के लिए भूखा रहना जरूरी नहीं है। धीरे-धीरे और सही तरीके से वजन कम करना ज्यादा सुरक्षित होता है। रोज थोड़ा व्यायाम, अच्छा खाना, भरपूर नींद और तनाव कम रखना शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद करता है। अगर बिना वजह वजन तेजी से बढ़ या घट रहा हो, तो डाइट शुरू करने से पहले डॉक्टर से जांच जरूर करवानी चाहिए।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article