Ghaziabad Murder: सोती भाभी की देवर ने हथौड़े से कर दी निर्मम हत्या, परिजनों ने बताई हैरान करने वाली वजह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 25, 2022, 10:43 PM IST

Ghaziabad Murder: लोनी बॉर्डर थाना इलाके की तिलक राम कॉलोनी में एक युवक ने अपनी भाभी की हथौड़ा मार-मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी देवर मौके से फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि आरोपी देवर को शक था कि उसकी भाभी फोन पर किसी अन्‍य से बात करती हैं। इसी बात को लेकर उसने सोते समय हत्‍या कर दी।

Ghaziabad Murder: सोती भाभी की देवर ने हथौड़े से कर दी निर्मम हत्या, परिजनों ने बताई हैरान करने वाली वजह
Photo Credit: Representative Image

Ghaziabad Murder: गाजियाबाद में हत्‍या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक युवक ने अपनी भाभी की हथौड़ा मार-मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी देवर मौके से फरार हो गया। वहीं जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिवार के सभी सदस्‍यों से पूछताछ करने के साथ आरोपी देवर की तलाश में जुटी है। पुलिस की तीन टीमें रिश्‍तेदारों व दोस्‍तों के घर पर छापामार कार्रवाई कर रही हैं।

जानकारी के अनुसार, हत्‍या की यह घटना गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना इलाके की तिलक राम कॉलोनी की है। परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार उनकी बहु ट्विंकल (23) रात में अपने रूम में सो रही थी। देर रात करीब एक बजे आरोपी देवर अभिषेक हथौड़ा लेकर अपने भाभी के रूम में घुस गया और उससे मृतका के सिर व चेहरे पर कई वार कर जान ले ली। इस घटना को अंजाम देकर वह फरार हो गया।

मृतका के पति की 11 माह पहले हो चुकी मौत

परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी के बड़े भाई गौरव और ट्विंकल की शादी सितंबर 2017 में हुई थी। करीब 11 माह पहले मुरादनगर में एक सड़क हादसे में ट्विंकल के पति गौरव की जान चली गई थी। जिसके बाद ट्विंकल अपने तीन बच्चों के साथ अपने ससुराल में ही रह रही थी। पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि गौरव की मौत के बाद आरोपी देवर लगातार अपने भाभी को शक की नजर से देखता था। आरोपी अपनी भाभी पर शक करता था कि वह किसी और से फोन पर बात करती हैं। इसको लेकर दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हुई। शायद इसी बात को लेकर उसने ट्विंकल की हत्‍या कर दी। पुलिस ने घटना स्‍थल से वारदात में प्रयोग किया गया हथौड़ा भी बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, जल्‍द ही आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया जाएगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!