वेब सीरीज

रणवीर अल्लाहबादिया-समय रैना पर भड़के अन्नू कपूर, बोले 'ऐसे लोगों को तुरंत दंडित'

भारतीय कलाकार अन्नू कपूर (Annu Kapoor) ने रणवीर अल्लाहबादिया (Ranveer allahbadia) और समय रैना (Samay Raina) कंट्रोवर्सी पर बयान जारी करते हुए गुस्सा जताया है और कहा है कि सोसायटी को खुद आगे आकर ऐसे लोगों को दंडित करना चाहिए क्योंकि ये जिस तरह की बातें लोगों को सिखा रहे हैं, उससे भारतीय समाज का हानि पहुंच रही है।

Image

Annu Kapoor on Ranveer Samay

समय रैना के शो इंडियाज गॉट लेटेंट का ताजा एपिसोड इस वक्त हर ओर चर्चा में है। इस शो पर जाने-माने यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया गेस्ट बनकर पहुंचे थे। रणवीर अल्लाहबादिया ने शो के दौरान ऐसा बयान दिया कि लोग गुस्से में आ गए हैं। सुबह से ही लोग सोशल मीडिया के जरिए रणवीर अल्लाबादिया और समय रैना के खिलाफ नाराजगी जता रहे हैं। आम लोगों के साथ-साथ कलाकार अन्नू कपूर ने भी समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। अन्नू कपूर ने कहा है कि ऐसे लोगों के खिलाफ तो जनता को खुद आगे आना चाहिए और दंड देना चाहिए।

कलाकार अन्नू कपूर के अनुसार, 'मैंने उनके कमेंट को ना जानता हूं, और ना उनको जानता हूं लेकिन आपने जैसा मुझे बताया अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार संविधान सबको देता है लेकिन मेरे हिसाब से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार उसको मिलना चाहिए जो देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्य निभाता है। हम भारतीयों ने अपने हर अधिकार का जितना दुरुपयोग किया है, वह किसी ने नहीं किया। हमारे पतन का यह मुख्य कारण है कि हर टॉम डिक एंड हैरी आके कह देता है कि यह मुझे अधिकार है, मुझे बोलने का अधिकार है। बोलने का अधिकार और समाज के प्रति सोचने का जो कर्तव्य है उनका किसी ने नहीं सोचा। जो नहीं सोचेगा उसके सारे अधिकार खत्म कर देने चाहिए।'

'कल के दिन कोई सोच ले और किसी ने सोच लिया कि किसी ने मेरे मां बाप के बारे में ऐसा बोला, कोई चंबल से उठकर आएगा और जाकर गोली मार देगा। यह तो अराजकता हो जाएगी। हो सकता है कोई बावला आए और ऐसा कर दे। ना मैं गंदा देखता हूं, ना गंदा सुनता हूं, ना गंदा बोलता हूं। गंदा बोलने वालों को समाज के द्वारा दंड दिया जाना चाहिए।'

अन्नू कपूर के अलावा भी कई बड़े नाम समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया के खिलाफ गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडनवीस ने इस मामले पर मीडिया से बात की है और लोगों को भरोसा जताया है कि जल्द ही इस मामले में जरूरी कदम उठाए जाएंगे। मुंबई पुलिस भी लोगों का गुस्सा देखकर हरकत में आ चुकी है और समय रैना-रणवीर अल्लाहबादिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चुकी है।

Rahul Sharma
राहुल शर्माauthor

राहुल शर्मा एंटरटनमेंट जर्नलिज्म में 13 वर्षों का समृद्ध अनुभव रखते हैं। वह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम के लीड के रूप में काम कर रहे हैं। जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा करने वाले राहुल अब तक 14,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई बड़े बॉलीवुड और टीवी सितारों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं, साथ ही प्रभावशाली फिल्म रिव्यू, फीचर स्टोरीज और रोचक थ्रोबैक आर्टिकल भी लिखे हैं। उनकी लेखन शैली में गहराई, सहजता और इंडस्ट्री की गहरी समझ साफ झलकती है। राहुल को फिल्में देखना, नई जगहों की यात्रा करना और किताबें पढ़ना बेहद पसंद है, जो उनकी रचनात्मकता और कंटेंट गुणवत्ता को और निखारते हैं।

और पढ़ें
End of Article