Sapna Choudhary Reveals About Struggling Days, 35 Cases Registered Against Her: हरियाणा की डांसिंग क्वीन सपना चौधरी ने अपने गानों और डांस से लोगों का खूब दिल जीता है। सपना चौधरी इन दिनों 'द 50' में नजर आ रही हैं, जिसमें उनका बेबाक अंदाज लोगों को खूब पसंद आता है। लेकिन हाल ही में सपना चौधरी ने 'द 50' में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ करीब 35 केस दर्ज हैं, साथ ही कई जगह सपना चौधरी (Sapna Choudhary) की परफॉर्मेंस पर भी बैन लगा दिया गया है। इतना ही नहीं, सपना चौधरी ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि वह एक जगह शो करने गई थीं, जहां उनके साथ बदसलूकी तक हुई।
सपना चौधरी (Sapna Choudhary) ने 'द 50' में बताया कि 'बिग बॉस' के बाद उनके करियर में काफी बदलाव हुआ है। डांसिंग क्वीन ने कहा, "बिग बॉस से पहले इवेंट में चीजें अजीब हो जाती थीं। भगदड़ मच जाती थी, कुर्सियां फेंकी जाती थीं, झगड़े होते थे। इसी वजह से मेरे ऊपर 35 केस दर्ज हैं। बागपत, बारोड और मेरठ की साइड मैं बैन हूं, वहां मेरे नाम से शो की इजाजत नहीं मिलती है।" सपना चौधरी ने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि एक वक्त ऐसा भी आया, जब उनके घर पर पैसे नहीं थे और वह व उनकी मां प्रार्थना कर रही थीं कि कोई शो मिल जाए।
बगैर सोचे-समझे सपना चौधरी ने किया शो
सपना चौधरी (Sapna Choudhary) ने उन दिनों को याद करते हुए कहा, "देर रात मेरा फोन बजा, उन्होंने पूछा कि मैं उनके लिए शो करूंगी? मैं बिना कुछ पूछे तुरंत हां कह दी। मैंने ये तक नहीं पूछा कि कहां हो रहा है, क्या हो रहा है। शाम हुई, हम वेन्यू पर गए, लेकिन जैसे ही अंदर गए तो हमने देखा कि सामने 25 से 26 टेबल रखी हैं और उनपर सरेआम हथियार रखे हैं। ऐसा लग रहा था जैसे जेल से आए हैं और जश्न कर रहे हैं। पहले मैंने गाना गाया, डुएट गाया। लेकिन परफॉर्मेंस के बीच उनमें से एक आदमी बार-बार मेरे पास आ रहा था और कुछ कह रहा था। मेरी मां ने पूछा कि क्या कह रहा था, लेकिन वहां 50 आदमी थे और शोर इतना था कि मुझे समझ नहीं आया। मेरी मां ने उन लोगों से अनुरोध किया कि हमें जाने दो।"
शख्स ने की सपना चौधरी संग बदसलूकी
सपना चौधरी (Sapna Choudhary) ने बताया कि उन लोगों ने डांस करने के लिए कहा और बोले कि डांस करो और जाओ, क्या हमने तुम्हें पैसे नहीं दिये हैं? सपना चौधरी ने आगे बताया, "मैं स्टेज पर गई और नाचने लगी। अचानक से वही आदमी पीछे से आया और मेरे गाल पर किस करके भाग गया। मैंने डांस करना बंद कर दिया, बैकस्टेज जाकर बैठ गई। मैंने कहा कि अब परफॉर्म नहीं करूंगी। मेरी मां ने भी उन लोगों से बोला कि तुम यहां किसी की बहन या बेटी को बुलाते हो और फिर ऐसा करते हो।" सपना चौधरी ने बताया कि वह और उनकी मां जाने लगे, लेकिन उन्हें डर लग रहा था कि कहीं वे गोली न चला दें। एक्ट्रेस ने बताया कि वह एक भी पल के नहीं नहीं रुकीं और कार में बैठकर राहत की सांस ली।
